You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
महुआ मोइत्रा ने फ़्लाइट के दौरान लगाया 'बदसलूकी' का आरोप, क्या है पूरा मामला?
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के बाद कई नेता उनके समर्थन में सामने आए हैं.
गुरुवार को महुआ मोइत्रा ने ये वीडियो शेयर करके आरोप लगाए कि उनके साथ 'बदसलूकी' की गई और इंडिगो फ़्लाइट में उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया.
महुआ मित्रा ने एक प्लेन के अंदर का जो वीडियो शेयर किया है, जिसमें कुछ लोग 'टीएमसी चोर है' और 'जय श्रीराम' के नारे लगाते सुनाई पड़ रहे हैं.
उन्होंने घटना का ज़िक्र करते हुए इसे 'बीजेपी की मानसिकता' से जोड़ा.
हालाँकि जिन लोगों ने ये नारे लगाए अब तक उनकी पहचान सामने नहीं आई है और इनके भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से जुड़े होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है.
वहीं इंडिगो ने भी इस मामले में या यात्रियों की पहचान से जुड़ा कोई बयान अब तक नहीं दिया है.
इसके बाद कई नेता और लोग महुआ मोइत्रा के समर्थन में सामने आए हैं.
दूसरी ओर सोशल मीडिया के एक वर्ग ने महुआ मोइत्रा पर दोहरे मापदंड अपनाने का भी आरोप लगाया.
क्या है मामला?
महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट किया, "अलर्ट! मैं आज संसद की रक्षा संबंधी स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए आधिकारिक काम से दिल्ली गई थी. मैं 6E 719 की सीट 1F पर थी. 4-6 लोग एक ग्रुप में विमान में चढ़े, मुझे घूरते रहे और फिर विमान के पीछे चले गए. जब फ़्लाइट लैंड हुई तो दरवाज़े खुलने से पहले उन्होंने यह किया और उसका वीडियो भी बनाया. यह कोई आम नागरिकों का ग़ुस्सा नहीं है. यह उत्पीड़न है और विमान में मेरी सुरक्षा का उल्लंघन है. इन बदतमीज़ लोगों को विमान के अंदर इस तरह की हरकत करके बच निकलने नहीं दिया जा सकता. इंडिगो अपने क्रू की रिपोर्ट देखें, इन लोगों की पहचान सार्वजनिक करें और इन्हें नो-फ़्लाई लिस्ट में डालें."
उन्होंने इसके बाद एक और पोस्ट में कहा, "यह बीजेपी की संस्कृति है. इसमें किसी को हैरानी क्यों हो रही है? मैंने इसे नज़रअंदाज़ किया और एयरपोर्ट से अपनी मीटिंग में चली गई. फिर लोगों ने मुझे वह वीडियो भेजा, जिसे संघी वायरल कर रहे थे. तभी मैंने इस मुद्दे को उठाया. इंडिगो ने मुझसे कहा है कि उन्हें औपचारिक शिकायत चाहिए, जो मैं भेज रही हूँ."
फिर महुआ मोइत्रा ने दावा किया कि उन्होंने इंडिगो के पास मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कर दी है. उन्होंने इसे एक्स पर भी शेयर किया.
प्रतिक्रिया
महुआ मोइत्रा की इन पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखी जा रही हैं.
तृणमूल कांग्रेस की एक और नेता सयानी घोष ने इस घटना को 'बीजेपी की मानसिकता' से जोड़ा और लिखा, "महिला सांसद महुआ मोइत्रा के साथ इस तरह की हूटिंग और बदसलूकी पूरी तरह अस्वीकार्य है. दुख की बात यह है कि सहयात्री और फ़्लाइट अटेंडेंट्स चुप रहे. शायद दखल देने से डर गए. एक ही साँस में आप जय श्री राम के नारे लगाते हैं और महिलाओं का अपमान भी करते हैं. चुनाव लड़े जाते हैं, जीते और हारे जाते हैं, लेकिन सम्मान, गरिमा और सबसे बढ़कर सुरक्षा का अहसास इस देश की हर महिला का अधिकार है. यह नया भारत है. अगर ये अंधभक्त इस देश की एक निर्वाचित महिला प्रतिनिधि के साथ सार्वजनिक जगह पर खुलेआम दुर्व्यवहार कर सकते हैं, तो सोचिए बंगाल की माँ-बहनों के लिए आगे क्या इंतज़ार कर रहा है."
वहीं टीएमसी के एक और नेता संकेत गोखले ने लिखा, "एक मौजूदा महिला सांसद को फ़्लाइट में निशाना बनाया जाता है और उनके साथ बदसलूकी की जाती है, जबकि इंडिगो का स्टाफ़ ख़ामोश खड़ा तमाशा देखता रहता है."
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया, "देश में ये कैसी गुंडागर्दी चल रही है? महिला सांसद महुआ मोइत्रा के साथ विमान में हुई बदसलूकी यह साबित करती है कि बीजेपी का अहंकार चरम पर पहुँच चुका है."
क्या इंडिगो ने कुछ कहा?
इंडिगो ने अब तक इस मामले में शामिल यात्रियों की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
वैसे एयरलाइन आमतौर पर एक तय प्रक्रिया का पालन करती है, जिसके तहत पहले आंतरिक जाँच की जाती है और उसके बाद संबंधित लोगों के नाम नो-फ़्लाई सूची में शामिल करने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भेजे जाते हैं.
इस घटना पर अब तक भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के किसी नेता की प्रतिक्रिया नहीं आई है.
लेकिन कुछ लोग घटना के बाद महुआ मोइत्रा पर 'दोहरा मानदंड' अपनाने का आरोप लगा रहे हैं.
लोग एक पुरानी घटना का ज़िक्र कर रहे हैं.
जनवरी 2020 में इंडिगो की एक फ्लाइट में स्टैंड अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने पत्रकार अर्नब गोस्वामी से भिड़कर उनकी पत्रकारिता के तौर-तरीक़ों पर सवाल उठाए थे.
इस घटना का एक वीडियो भी कामरा ने सोशल मीडिया पर साझा किया था. जिसके बाद इंडिगो फ़्लाइट ने उन्हें छह महीने के लिए बैन कर दिया था.
महुआ मोइत्रा ने तब कामरा का सपोर्ट करते हुए इंडिगो के इस क़दम पर सवाल उठाए थे.
लोग इसी बात का ज़िक्र करके महुआ मोइत्रा पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.