You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
माखनलाल सरकार कौन हैं जिनके पीएम मोदी ने छुए पैर
- Author, प्रभाकर मणि तिवारी
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, कोलकाता से
- पढ़ने का समय: 4 मिनट
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक शख़्स को पहले गले लगा कर शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया और फिर झुक कर उनके पांव छुए.
वो शख़्स हैं माखनलाल सरकार जिन्हें पश्चिम बंगाल में बीजेपी का सबसे बुज़ुर्ग कार्यकर्ता माना जाता है.
वो साल 1952 में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ऐतिहासिक कश्मीर यात्रा के दौरान उनके साथ रहे. गिरफ़्तारी के बाद वो श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ जेल में रहे.
साल 1980 में बीजेपी की स्थापना के बाद उन्होंने बंगाल में पार्टी और संगठन के विस्तार में काफी अहम भूमिका निभाई थी.
वो संगठन की सिलीगुड़ी ज़िला शाखा के संस्थापक अध्यक्ष रहे हैं.
सिलीगुड़ी में काम करने के दौरान तत्कालीन पश्चिम दिनाजपुर, दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी ज़िले में संगठन के संयोजक के तौर पर काम करते हुए उन्होंने महज एक साल के बीतर दस हजार नए सदस्य बनाए थे.
माखन लाल सरकार उस समय से बंगाल में संगठन का काम कर रहे हैं जब राज्य में संघ या भाजपा का अस्तित्व लगभग नहीं के बराबर था.
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने बीते साल अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद सिलीगुड़ी में माखनलाल के घर जाकर उनको सम्मानित किया था. फिलहाल उनकी उम्र करीब 98 साल है.
सिलीगुड़ी के एक बीजेपी नेता तरुण मंडल कहते हैं, "माखन लाल अस्सी के दशक से ही बंगाल में संगठन के सफ़र के गवाह रहे हैं और इसमें उनकी अहम भूमिका रही है. प्रचार की चकाचौंध से हमेशा दूर रहते हुए वो इलाके में संगठन की जड़ें सींचने और मजबूत करने में जुड़े रहे हैं."
बंगाल चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद वो सुर्खियों में आए थे.
तब पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दावा किया था कि सिलीगुड़ी में उन्होंने गो-हत्या बंद कराई थी.
बंगाल में भाजपा की इस जीत से आप कितना खुश हैं? इस सवाल पर सरकार ने कहा था, "मैं बेहद खुश हूं. मेरे जीवन भर की मेहनत कामयाब हुई है."
उनका कहना था कि सिलीगुड़ी सीट पर उन्होंने ही शंकर घोष की उम्मीदवारी का फैसला किया था.
वो कहते हैं, "अगर मैं ऐसा नहीं करता तो सिलीगुड़ी में भाजपा की जीत संभव नहीं थी."
पीएम मोदी ने भी मुलाक़ात का किया ज़िक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार के गठन पर एक्स पर पोस्ट भी किया है.
इस पोस्ट में पीएम मोदी ने जनसंघ के संस्थापक और माखनलाल सरकार का ज़िक्र किया है.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "आज जब पश्चिम बंगाल में पहली बीजेपी सरकार शपथ ले रही है, तब हम सभी के लिए डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और उनके राष्ट्र और ख़ासकर पश्चिम बंगाल के लिए अमिट योगदान को याद करना स्वाभाविक है. हम उनके सपनों को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे."
"मैंने कोलकाता में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान श्री माखनलाल सरकार से मुलाक़ात की. समर्पित देशभक्त श्री सरकार ने डॉ. मुखर्जी के साथ काम किया था और जम्मू-कश्मीर में उनके साथ उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था."
"उन्होंने पश्चिम बंगाल में हमारी पार्टी के आधार को मज़बूत करने और समाज के हर वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया."
"बीजेपी कार्यकर्ताओं के रूप में हमें गर्व है कि हमारी पार्टी में ऐसे प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं जिन्होंने लोगों के बीच रहकर पार्टी को मज़बूत किया है."
पहली बार प्रदेश में बीजेपी सरकार
शनिवार, नौ मई को शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई नेताओं की मौजूदगी में बांग्ला भाषा में शपथ ली.
उनके साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निशिथ प्रमाणिक ने भी मंत्री पद की शपथ ली. ये राज्य में पहली बीजेपी सरकार है.
शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता अमित शाह की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया.
इसके बाद शुक्रवार शाम उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया. ये राज्य में पहली बीजेपी सरकार होगी.
चार मई को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित