You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ग़ालिबाफ़ ने अमेरिका से समझौते के मामले पर ईरानी संसद में क्या घोषणा की

बीबीसी उर्दू सेवा के मुताबिक़, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि उनके सैनिकों को 'दुश्मन के शब्दों और वादों पर भरोसा नहीं' है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ग़ालिबाफ़ ने अमेरिका से समझौते के मामले पर ईरानी संसद में क्या घोषणा की

    बीबीसी उर्दू सेवा के मुताबिक़, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि उनके सैनिकों को 'दुश्मन के शब्दों और वादों पर भरोसा नहीं' है.

    उन्होंने कहा कि ईरान केवल व्यावहारिक और ठोस परिणामों को महत्व देता है और ईरान तब तक किसी भी समझौते को स्वीकार नहीं करेगा, जब तक कि यह सुनिश्चित न हो जाए कि ईरानी जनता के अधिकार सुरक्षित हैं.

    ईरानी समाचार एजेंसी आईएसएनए के मुताबिक़, ग़ालिबाफ़ रविवार को संसद के वर्चुअल सत्र में अपना संबोधन दे रहे थे.

    ग़ालिबाफ़ ने कहा कि दुश्मन ईरान की एकता को कमज़ोर करके 'अराजकता फैलाना चाहता है और आर्थिक दबाव और मीडिया के ज़रिए सैन्य विफलता का बदला लेने की कोशिश' कर रहा है.

    उन्होंने कहा कि इस संघर्ष में सैन्य, कूटनीतिक, सार्वजनिक और सेवा क्षेत्र सभी महत्वपूर्ण हैं.

    उन्होंने कहा, "युद्ध के मैदान में मौजूद सैनिकों को दुश्मन के शब्दों और वादों पर कोई भरोसा नहीं है. हमारे लिए महत्वपूर्ण वो ठोस उपलब्धियाँ हैं, जिन्हें हमें अपने वादों को पूरा करने के बदले में हासिल करना होगा."

    ग़ालिबाफ़ ने कहा, "हम तब तक किसी भी समझौते को मंज़ूरी नहीं देंगे जब तक यह सुनिश्चित न हो जाए कि हमने ईरानी जनता के अधिकारों को सुरक्षित कर लिया है."

    अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर बातचीत चल रही है. बीते दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया कि दोनों देशों के बीच कुछ मुद्दों पर सहमति बन गई है.

    ट्रंप ने यह भी कहा था कि ईरान को यह समझना होगा कि वह 'कभी भी परमाणु हथियार या बम नहीं हासिल कर सकता.'

  3. नेपाल की सत्ताधारी पार्टी के अध्यक्ष का भारत दौरा, बीजेपी नेताओं से करेंगे मुलाक़ात

    नेपाल की सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने सोमवार, एक जून को भारत दौरे पर आएंगे. यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दी है.

    बीजेपी का कहना है कि लामिछाने का दौरा बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के न्योते पर हो रहा है. लामिछाने के नेतृत्व में उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी आएगा.

    यह प्रतिनिधिमंडल नितिन नबीन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाक़ात करेगा.

    बीजेपी के मुताबिक़, इस दौरे का मक़सद आरएसपी और बीजेपी के बीच पार्टी-स्तरीय संवाद की शुरुआत करना है. साथ ही संगठनात्मक कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जन-केंद्रित राजनीतिक पहुंच जैसे विषयों पर चर्चा करना है.

    रवि लामिछाने का भारत दौरा ऐसे वक़्त पर हो रहा है, जब नेपाल के प्रधानमंत्री और आरएसपी नेता बालेन शाह ने कहा है कि 'केवल भारत ने ही नेपाली क्षेत्रों पर अतिक्रमण नहीं किया है, बल्कि नेपाल ने भी भारतीय क्षेत्रों पर अतिक्रमण किया है.'

    काठमांडू पोस्ट के मुताबिक़, रविवार को नेपाली संसद (प्रतिनिधि सभा) में बोलते हुए बालेन शाह ने यह बयान दिया है.

    उन्होंने भारत के साथ सीमा विवाद पर भी बयान दिया है.

  4. लेबनान ने अस्पताल के नज़दीक इसराइली हमले का किया दावा, 13 कर्मचारी घायल

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि दक्षिणी लेबनान के तायर शहर में एक अस्पताल के पास इसराइली हमले में '13 स्वास्थ्य कर्मचारी घायल' हुए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "इसराइली दुश्मन ने तायर में हीरम अस्पताल के आसपास हवाई हमला किया, जिसमें अस्पताल के 13 कर्मचारी घायल हो गए और अस्पताल को काफ़ी नुक़सान पहुंचा."

    लेबनान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से 'इसराइली हमलों में तेज़ी और विस्तार को रोकने' की अपील की है.

    इससे पहले इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने एलान किया कि उनकी सेना ने दक्षिणी लेबनान के ऐतिहासिक और रणनीतिक ब्यूफ़ोर्ट क़िले पर क़ब्ज़ा कर लिया है.

  5. उत्तर प्रदेश को चार साल बाद मिला स्थायी डीजीपी, राजीव कृष्ण की हुई नियुक्ति, गौरव गुलमोहर, लखनऊ से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    उत्तर प्रदेश में बीते चार सालों से चले आ रहे कार्यवाहक डीजीपी के दौर पर आख़िरकार पूर्णविराम लग गया है.

    अब राज्य सरकार ने 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण को प्रदेश का पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त कर दिया है.

    राजीव कृष्ण इससे पहले कार्यवाहक डीजीपी के तौर पर ज़िम्मेदारी निभा रहे थे. उनकी नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश को क़रीब चार साल बाद स्थायी पुलिस प्रमुख मिल गया है.

    राजीव कृष्ण जून 2025 से मई 2026 तक यानी एक साल तक कार्यवाहक डीजीपी की भूमिका में रहे.

    उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक स्थायी डीजीपी की नियुक्ति न होने को लेकर विपक्ष सरकार पर सवाल उठाता रहा है.

    जून 2025 में राजीव कृष्ण को कार्यवाहक डीजीपी बनाए जाने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज़ कसते हुए कहा था, ''दिल्ली और लखनऊ की लड़ाई में प्रदेश की जनता पिस रही है.''

    उन्होंने एक्स पर लिखा था, ''दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई का ख़ामियाज़ा उत्तर प्रदेश की जनता और बदहाल क़ानून-व्यवस्था क्यों झेले? जब 'डबल इंजन' मिलकर एक अधिकारी नहीं चुन सकते तो भला देश-प्रदेश क्या चलाएंगे.''

    मई 2022 में तत्कालीन डीजीपी मुकुल गोयल को हटाए जाने के बाद से राज्य में किसी पूर्णकालिक डीजीपी की नियुक्ति नहीं हुई थी.

    इस दौरान आईपीएस डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान, डॉ. राजकुमार विश्वकर्मा, विजय कुमार, प्रशांत कुमार और राजीव कृष्ण कार्यवाहक डीजीपी के रूप में ज़िम्मेदारी संभालते रहे.

    संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से भेजे गए पैनल पर विचार के बाद राज्य सरकार ने राजीव कृष्ण के नाम को मंज़ूरी दी.

    राजीव कृष्ण उत्तर प्रदेश पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं.

    माना जा रहा है कि इस नियुक्ति से पुलिस नेतृत्व में स्थिरता आएगी.

  6. आईपीएल फ़ाइनल: पहले बल्लेबाज़ी करते हुए लड़खड़ाई गुजरात टाइटंस की पारी

    आईपीएल 2026 के फ़ाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को पहले बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया.

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे मुक़ाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी की शुरुआत धीमी रही. आठ ओवर के बाद जीटी का स्कोर तीन विकेट गंवाकर 55 रन है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए जीटी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. क्वालिफ़ायर टू में जीटी की जीत के हीरो रहे शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस बार कोई कमाल नहीं दिखा पाए.

    जॉश हेज़लवुड ने तीसरे ओवर में गिल का विकेट लिया, जबकि चौथे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने साई को आउट कर दिया. गिल ने 10 और साई ने 12 रन बनाए.

    जीटी को फ़ाइनल में पहुंचाने में इन दोनों बल्लेबाज़ों की अहम भूमिका रही. गिल और साई के नाम इस सीज़न में 700 से ज़्यादा रन हैं.

    दो विकेट जल्दी गिरने का असर जीटी की शुरुआत पर साफ़ दिखाई दिया. जीटी ने पावरप्ले में दो विकेट गंवाकर 45 रन ही बनाए. सात ओवर पूरे होने पर जीटी का स्कोर 50 के पार पहुंचा.

    8वें ओवर की आख़िरी गेंद पर रसिख सलाम ने निशांत संधू का विकेट भी ले लिया. संधू ने 18 गेंद में 20 रन बनाए.

  7. भारत के सात्विक-चिराग ने पहली बार जीता सिंगापुर ओपन का ख़िताब

    भारत के सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पहली बार सिंगापुर ओपन का ख़िताब जीत लिया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रविवार को सिंगापुर में हुए मेन्स डबल्स के फ़ाइनल मुक़ाबले में एक गेम से पिछड़ने के बाद दोनों ने शानदार वापसी की और मैच अपने नाम किया.

    उन्होंने एक घंटे 13 मिनट तक चले रोमांचक मुक़ाबले में 18-21, 21-17, 21-16 से जीत दर्ज की.

    इसी के साथ दोनों सिंगापुर ओपन में डबल्स टाइटल जीतने वाले पहले भारतीय बने.

    सात्विक और चिराग वर्ल्ड की नंबर वन जोड़ी भी रह चुके हैं. अभी वे चौथे नंबर पर हैं. दोनों एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स के चैंपियन भी रह चुके हैं.

    रविवार को दोनों ने दो साल बाद अपना पहला ख़िताब जीता.

    पीटीआई के मुताबिक़, यह दोनों खिलाड़ियों के करियर का नौवां वर्ल्ड टूर ख़िताब और तीसरा सुपर 750 ख़िताब है.

  8. पश्चिम बंगाल में कल होगा मंत्रिमंडल विस्तार, 35 नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया है कि सोमवार, एक जून को राज्य के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा.

    शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया है कि शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे से होगा, जिसमें 35 नेता मंत्री पद की शपथ लेंगे.

    इससे पहले शुभेंदु अधिकारी ने बीती 9 मई को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उनके साथ पांच नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली थी.

    पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की. राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल 2026 फ़ाइनल: आरसीबी ने जीता टॉस, गुजरात टाइटंस करेगी पहले बल्लेबाज़ी

    आईपीएल 2026 के फ़ाइनल मुक़ाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी है.

    इस सीज़न का यह खिताबी मुक़ाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    दोनों टीमें पहले क्वालिफ़ायर मुक़ाबले में आमने-सामने हुई थीं, जिसमें आरसीबी ने जीत दर्ज कर फ़ाइनल में जगह बनाई.

    वहीं, गुजरात ने दूसरे क्वालिफ़ायर मुक़ाबले में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई.

    दोनों ही टीमें एक-एक बार खिताब जीत चुकी हैं.

    आरसीबी ने पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में खिताब जीता था, जबकि गुजरात टाइटंस ने साल 2022 में यानी आईपीएल में अपने पहले ही सीज़न में खिताब जीता था.

    रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, टिम डेविड, जितेश शर्मा, रोमारिओ शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफ़ी, जॉश हेज़लवुड, रसिख सलाम डार

    गुजरात टाइटंस की टीम: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जॉस बटलर, निशांत संधू, वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद ख़ान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अरशद ख़ान

  10. ग़ाज़ियाबाद: सूर्या चौहान के परिवार को नौकरी और सहायता राशि देगी यूपी सरकार

    उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद के खोड़ा इलाक़े में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य अभियुक्त की रविवार की सुबह एक पुलिस एनकाउंटर में घायल होने के बाद मौत हो गई.

    अब उत्तर प्रदेश सरकार ने सूर्या के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने का एलान किया है. इसके अलावा एक संविदा की नौकरी देने का भी एलान हुआ है.

    उत्तर प्रदेश के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, "उनके परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के द्वारा पांच लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है. स्थानीय स्तर पर ज़िलाधिकारी और हम सब ने मिलकर तय किया है कि उनके परिवार से किसी एक व्यक्ति को तत्काल नगर पालिका में संविदा पर रखा जाएगा."

    उन्होंने सूर्या की हत्या को जघन्य अपराध बताया और कहा, "हम सब लोग उनके परिवार के साथ खड़े हैं. जिसने हत्या की थी उसे दंड भी मिल गया."

    पुलिस के मुताबिक़, बाइक चलाने को लेकर असद और सूर्या में झगड़ा हुआ था, इसके बाद असद ने सूर्या को चाकू मारा था.

    इस घटना के बाद मुख्य अभियुक्त असद फ़रार था. उस पर 50 हज़ार रुपये का ईनाम था.

  11. ऑनमार्क पोर्टल में ख़ामियों से जुड़ी चिंताओं पर सीबीएसई ने क्या कहा

    केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने रविवार को कहा कि उसके सर्विस प्रोवाइडर के ऑनमार्क पोर्टल में चिन्हित कमज़ोरियों को पकड़ लिया गया है.

    बोर्ड ने यह भी कहा कि अन्य संभावित कमज़ोरियों की पहचान और जांच का काम जारी है.

    सीबीएसई ने एक्स पर जारी एक बयान में कहा, "हम अपने सर्विस प्रोवाइडर के ऑनमार्क पोर्टल में मौजूद उन कमज़ोरियों पर लगातार नज़र रखे हुए हैं, जिनकी ओर पब्लिक डोमेन में ध्यान दिलाया जा रहा है."

    बोर्ड ने कहा कि इन प्रणालियों को और सुरक्षित बनाने के लिए पिछले कुछ दिनों में सरकार के विभिन्न विभागों और आईआईटी के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की एक टीम तैनात की गई है.

    कई रिपोर्ट्स के मुताबिक़, हैकर्स ने ऑनमार्क पोर्टल में कमज़ोरियों की पहचान की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने चिंताएं ज़ाहिर की थीं.

    सीबीएसई ने अपने बयान में इन 'एथिकल हैकर्स' का आभार जताया और बताया कि बोर्ड ने इनमें से कुछ लोगों से सीधे संपर्क किया था.

  12. इसराइल ने दक्षिणी लेबनान में ऐतिहासिक और रणनीतिक क़िले पर क़ब्ज़े की घोषणा की

    इसराइल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि उनकी सेना ने दक्षिणी लेबनान में स्थित ऐतिहासिक और रणनीतिक ब्यूफ़ोर्ट क़िले पर क़ब्ज़ा कर लिया है. इस जगह को शाकिफ़ के नाम भी जाना जाता है.

    रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने यह भी कहा कि दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ इसराइली सेना के ज़मीनी अभियान का विस्तार हो रहा है.

    उन्होंने अपने टेलीग्राम चैनल और एक्स हैंडल पर लिखा, "ब्यूफ़ोर्ट की लड़ाई के 44 साल बाद और ऑपरेशन पीस फ़ॉर गैलिली (पहला लेबनान युद्ध 1982) में मारे गए सैनिकों की याद में मनाए जाने वाले दिन, आईडीएफ़ के सैनिक एक बार फिर इस क़िले में लौटे और वहां इसराइली झंडा फहराया."

    इसराइल कात्ज़ ने कहा, "इसराइली सेना ने लेबनान में अपने अभियानों का विस्तार किया है. सेना ने लिटानी नदी को पार किया और ब्यूफ़ोर्ट पर क़ब्ज़ा कर लिया."

    इसराइल रक्षा मंत्री ने गैलिली क्षेत्र को बस्तियों की रक्षा करने और सेनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक बिंदुओं में से एक बताया है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, रविवार सुबह न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी ने इस क़िले की तस्वीरें ली हैं. इन तस्वीरों में क़िले के ऊपर इसराइली सेना का झंडा फहराता हुआ दिखाई दे रहा है.

    हालांकि, आसपास के इलाक़ों में गोलीबारी की आवाज़ भी सुनी जा सकती थी और धुएं का ग़ुबार देखा जा सकता था.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, इस क़िले से दक्षिणी लेबनान का बड़ा हिस्सा दिखाई देता है और इसे सैन्य नज़रिए से बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है.

    इससे पहले इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान पर अपने क़ब्ज़े के दौरान इस क़िले का इस्तेमाल एक अड्डे के रूप में किया था. यह लगभग दो दशकों तक चला और साल 2000 में समाप्त हुआ.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, फ़्रांस में चैंपियंस लीग दंगों के बाद 780 लोग गिरफ़्तार, दर्जनों पुलिसकर्मी घायल

    चैंपियंस लीग फ़ाइनल में आर्सेनल के ख़िलाफ़ पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) की जीत के बाद पूरे फ़्रांस में फ़ुटबॉल प्रशंसकों और पुलिस के बीच हुई झड़पों में कुल 219 लोग घायल हुए हैं.

    गृह मंत्री लॉरां न्युनेज़ ने कहा कि इनमें से आठ लोगों की हालत गंभीर है. राजधानी पेरिस में बस, ट्रेन और रेल सेवाओं को प्रभावित करने वालों को रोकने के लिए हज़ारों पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. इनमें से 57 पुलिसकर्मी घायल हुए.

    न्युनेज़ ने बताया कि हिंसा को लेकर 780 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है, जबकि 450 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है.

    पेरिस की रिंग रोड पर एक शख़्स की हादसे में मौत हो गई. दंगाई रातभर इस रास्ते को ब्लॉक करने की कोशिश कर रहे थे.

    रविवार को होने वाली विक्ट्री परेड के लिए लगभग 6,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. यह परेड प्रतिष्ठित एफ़िल टॉवर के आसपास होनी है.

  14. अभिषेक के बाद अब कल्याण बनर्जी ने लगाया हमले का आरोप, ममता बनर्जी क्या बोलीं

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी पर हमले के आरोप पर प्रतिक्रिया दी है.

    ममता बनर्जी ने कहा, "कल (शनिवार) बीजेपी समर्थकों ने टीएमसी के लोकसभा में फ़्लोर लीडर अभिषेक बनर्जी पर बेरहमी से हमला किया और उनकी लिंचिंग की. इस भयावह घटना के वीडियो सार्वजनिक रूप से मौजूद हैं."

    "आज लोकसभा में हमारे चीफ़ व्हिप कल्याण बनर्जी पर भी बीजेपी का एक सुनियोजित हमला हुआ."

    ममता बनर्जी ने कहा, "बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है."

    शनिवार को टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हमला हुआ. इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    वहीं, रविवार को टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने उन पर हमले का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि उनके सिर पर चोट आई है.

  15. अभिषेक बनर्जी बोले, 'सत्ता अस्थायी होती है, मैं सिर्फ़ जनता के आगे झुकूंगा'

    तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने ख़ुद पर हमले को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा है. उन्होंने यह भी कहा कि वह सिर्फ़ 'जनता के सामने झुकेंगे'.

    उन्होंने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया है.

    अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर राहुल गांधी की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा, "पिछले साल मैं ऑपरेशन सिंदूर के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पांच देशों की यात्रा पर गया था. मैंने अपने देश का पक्ष रखा और आतंकवाद के ख़िलाफ़ एकजुट होकर खड़ा रहा."

    "आज मैं राजनीतिक हिंसा और राज्य प्रायोजित आतंकवाद का शिकार हूं, जिसे उन लोगों ने बढ़ावा दिया है जो ख़ुद को राष्ट्रवाद का संरक्षक बताते हैं."

    उन्होंने कहा, "आज की बीजेपी की हक़ीक़त यही है. अगर आप उनका समर्थन करते हैं, तो आप देशभक्त हैं. अगर आप उनसे सवाल करते हैं, तो आप निशाने पर आ जाते हैं. अगर आप उनके साथ खड़े हैं, तो आपकी सराहना होती है. अगर आप उनके ख़िलाफ़ खड़े होते हैं, तो वे आपको चुप कराने की कोशिश करते हैं."

    अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वह सिद्धांतों से समझौता करने की बजाय लोकतंत्र की रक्षा के लिए 'डर और धमकी का सामना करना' पसंद करेंगे.

    उन्होंने लिखा, "मैं अपने सिद्धांतों से समझौता करके आराम की ज़िंदगी जीने के बजाय लोकतंत्र की रक्षा करते हुए धमकियों का सामना करना ज़्यादा पसंद करूंगा."

    उन्होंने कहा, "सत्ता अस्थायी होती है. जनता की इच्छा स्थायी होती है. मैं सिर्फ़ जनता के सामने झुकूंगा, सत्ता में बैठे लोगों के सामने कभी नहीं."

    टीएमसी महासचिव ने यह भी कहा कि वह उन लोगों के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे जो 'लोकतंत्र को कमज़ोर करना चाहते हैं और देश को बांटना चाहते' हैं.

    अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में भीड़ ने हमला किया था. वह चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए थे. उनके साथ स्थानीय लोगों ने मारपीट की और उनके ऊपर अंडे फेंके.

    पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी को बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. इसके अलावा तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए इलाक़े के वीडियो फ़ुटेज की मदद से इन लोगों को गिरफ़्तार किया है. इस मामले में और भी गिरफ़्तारियां हो सकती हैं.

  16. असम: सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया, 5 जून को होगा मंत्रिमंडल विस्तार

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को बताया कि 5 जून को राज्य के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की.

    इससे पहले हिमंत बिस्वा सरमा के साथ 12 मई को ही चार मंत्रियों ने शपथ ली थी. इनमें बीजेपी के कोटे से दो, असम गण परिषद (एजीपी) से एक और बोडोलैंड पीपुल्स फ़्रंट (बीपीएफ़) से एक मंत्री थे.

    हिमंत बिस्वा सरमा ने 12 मई को दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

    इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य नेता मौजूद रहे थे.

  17. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  18. फ्रांस: फुटबॉल चैंपियंस लीग के जश्न में मची अफ़रा-तफ़री के बाद 400 से ज़्यादा लोग गिरफ़्तार, हैरी सेकुलिच, बीबीसी न्यूज़

    फ्रांस में फुटबॉल फ़ैन्स और पुलिस के बीच हुई झड़पों में 400 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    पुस्कास एरिना में शनिवार को खेले गए चैंपियंस लीग के फ़ाइनल में पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) ने आर्सेनल को हरा दिया था. इसके बाद देर रात को जश्न के दौरान हिंसा भड़क गई.

    दरअसल, फ़ैन्स ने आतिशबाज़ी की, इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने आँसू गैस का इस्तेमाल किया. इसके बाद झड़प शुरू हो गई.

    पुलिस ने बताया कि झड़पों के दौरान छह गाड़ियाँ, दो दुकानें और एक बस शेल्टर को नुक़सान पहुँचाया. अधिकारियों के अनुसार रविवार तड़के तक 416 लोगों को गिरफ़्तार किया गया, जिनमें से 280 लोग पेरिस से थे.

    दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन ने एक्स पर लिखा, "सिर्फ़ फ्रांस में ही किसी फुटबॉल क्लब की जीत दंगे भड़काती है."

    उन्होंने आगे कहा, "सिर्फ़ फ्रांस में ही लोग जीत की रात अपने घरों में बंद रहने को मजबूर होते हैं ताकि हिंसा का सामना न करना पड़े."

    पेरिस में बस, ट्रेन और रेल सेवाओं को बाधित करने वाली अशांति को रोकने के लिए हज़ारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

    गौरतलब है कि पीएसजी ने लगातार दूसरा ख़िताब जीता है. इससे पहले 2025 में भी फ्रांसीसी टीम ने जीत दर्ज की थी, तब भी जीत के बाद हुए जश्न ने हिंसक रूप ले लिया था.

  19. डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'ईरान की सेना के साथ सख़्ती नहीं बरती क्योंकि...'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान की सेना को सख़्ती से निशाना नहीं बनाया.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी न्यूज़ एजेंसी फ़ॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए कहा, "ईरानी सेना को उतना सख़्ती से निशाना नहीं बनाया गया है जितना दूसरे देशों की सेनाओं को बनाया गया है."

    अपने बयान में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "लोग हैरान होंगे यह सुनकर कि हमने ईरानी सेना को क्यों छोड़ा और उनके साथ इतनी नरमी क्यों बरती गई."

    ट्रंप ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि ईरानी सेना वहां की सरकार के बाक़ी विभागों की तुलना में 'कुछ नरम' है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "अगर किसी देश की सारी संस्थाएं और लोग पूरी तरह से तबाह कर दिए जाएं, तो नतीजा यह होता है कि वह देश कई पीढ़ियों तक दोबारा खड़ा नहीं हो पाएगा और संभल नहीं पाएगा."

  20. टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने खु़द पर हमला होने का दावा किया

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि रविवार को उन पर हमला हुआ और उनके सिर पर चोट आई है.

    घटना उस समय हुई जब वह हुगली ज़िले के चंडीतला थाने में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्ञापन सौंपने जा रहे थे.

    समाचार एजेंसी आईएएनएस की ओर से जारी किए गए वीडियो में नज़र आ रहा है कि कल्याण बनर्जी अपने सिर को पकड़े हुए हैं और फिर नीचे गिर जाते हैं.

    कथित हमले के बाद कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ गाली-ग़लौज और हमला किया.

    बाद में सिर पर कपड़ा लगाए दिख रहे कल्याण बनर्जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं अकेले आ रहा था, मेरे साथ कोई नहीं था. बीजेपी के लोगों ने गाली-ग़लौज की और मेरे सिर पर ड्यूक बॉल से हमला किया. मेरे सिर से ख़ून बह रहा है. सांसदों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, अब लोग तय करेंगे कि यह सही है या ग़लत."

    गौरतलब है कि इससे पहले अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को सोनारपुर इलाक़े में हमला हुआ था.