लाइव, अभिषेक के बाद अब कल्याण बनर्जी ने लगाया हमले का आरोप, ममता बनर्जी क्या बोलीं

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी पर हमले के आरोप पर प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. अभिषेक के बाद अब कल्याण बनर्जी ने लगाया हमले का आरोप, ममता बनर्जी क्या बोलीं

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि 'बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है' (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने टीएमसी नेता कल्याण बनर्जी पर हमले के आरोप पर प्रतिक्रिया दी है.

    ममता बनर्जी ने कहा, "कल (शनिवार) बीजेपी समर्थकों ने टीएमसी के लोकसभा में फ़्लोर लीडर अभिषेक बनर्जी पर बेरहमी से हमला किया और उनकी लिंचिंग की. इस भयावह घटना के वीडियो सार्वजनिक रूप से मौजूद हैं."

    "आज लोकसभा में हमारे चीफ़ व्हिप कल्याण बनर्जी पर भी बीजेपी का एक सुनियोजित हमला हुआ."

    ममता बनर्जी ने कहा, "बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है."

    शनिवार को टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में हमला हुआ. इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    वहीं, रविवार को टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने उन पर हमले का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि उनके सिर पर चोट आई है.

  2. अभिषेक बनर्जी बोले, 'सत्ता अस्थायी होती है, मैं सिर्फ़ जनता के आगे झुकूंगा'

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में हमला हुआ था

    तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने ख़ुद पर हमले को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा है. उन्होंने यह भी कहा कि वह सिर्फ़ 'जनता के सामने झुकेंगे'.

    उन्होंने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया है.

    अभिषेक बनर्जी ने एक्स पर राहुल गांधी की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा, "पिछले साल मैं ऑपरेशन सिंदूर के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पांच देशों की यात्रा पर गया था. मैंने अपने देश का पक्ष रखा और आतंकवाद के ख़िलाफ़ एकजुट होकर खड़ा रहा."

    "आज मैं राजनीतिक हिंसा और राज्य प्रायोजित आतंकवाद का शिकार हूं, जिसे उन लोगों ने बढ़ावा दिया है जो ख़ुद को राष्ट्रवाद का संरक्षक बताते हैं."

    उन्होंने कहा, "आज की बीजेपी की हक़ीक़त यही है. अगर आप उनका समर्थन करते हैं, तो आप देशभक्त हैं. अगर आप उनसे सवाल करते हैं, तो आप निशाने पर आ जाते हैं. अगर आप उनके साथ खड़े हैं, तो आपकी सराहना होती है. अगर आप उनके ख़िलाफ़ खड़े होते हैं, तो वे आपको चुप कराने की कोशिश करते हैं."

    अभिषेक बनर्जी ने कहा कि वह सिद्धांतों से समझौता करने की बजाय लोकतंत्र की रक्षा के लिए 'डर और धमकी का सामना करना' पसंद करेंगे.

    उन्होंने लिखा, "मैं अपने सिद्धांतों से समझौता करके आराम की ज़िंदगी जीने के बजाय लोकतंत्र की रक्षा करते हुए धमकियों का सामना करना ज़्यादा पसंद करूंगा."

    उन्होंने कहा, "सत्ता अस्थायी होती है. जनता की इच्छा स्थायी होती है. मैं सिर्फ़ जनता के सामने झुकूंगा, सत्ता में बैठे लोगों के सामने कभी नहीं."

    टीएमसी महासचिव ने यह भी कहा कि वह उन लोगों के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे जो 'लोकतंत्र को कमज़ोर करना चाहते हैं और देश को बांटना चाहते' हैं.

    अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में भीड़ ने हमला किया था. वह चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए थे. उनके साथ स्थानीय लोगों ने मारपीट की और उनके ऊपर अंडे फेंके.

    पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी को बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. इसके अलावा तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए इलाक़े के वीडियो फ़ुटेज की मदद से इन लोगों को गिरफ़्तार किया है. इस मामले में और भी गिरफ़्तारियां हो सकती हैं.

  3. असम: सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया, 5 जून को होगा मंत्रिमंडल विस्तार

    हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, Biju BORO / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इससे पहले हिमंत बिस्वा सरमा के साथ 12 मई को ही चार मंत्रियों ने शपथ ली थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को बताया कि 5 जून को राज्य के मंत्रिमंडल का विस्तार होगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की.

    इससे पहले हिमंत बिस्वा सरमा के साथ 12 मई को ही चार मंत्रियों ने शपथ ली थी. इनमें बीजेपी के कोटे से दो, असम गण परिषद (एजीपी) से एक और बोडोलैंड पीपुल्स फ़्रंट (बीपीएफ़) से एक मंत्री थे.

    हिमंत बिस्वा सरमा ने 12 मई को दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

    इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य नेता मौजूद रहे थे.

  4. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  5. फ्रांस: फुटबॉल चैंपियंस लीग के जश्न में मची अफ़रा-तफ़री के बाद 400 से ज़्यादा लोग गिरफ़्तार, हैरी सेकुलिच, बीबीसी न्यूज़

    झड़प

    इमेज स्रोत, Jerome Gilles/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुस्कास एरिना में देर रात को जश्न के दौरान हिंसा भड़क गई

    फ्रांस में फुटबॉल फ़ैन्स और पुलिस के बीच हुई झड़पों में 400 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    पुस्कास एरिना में शनिवार को खेले गए चैंपियंस लीग के फ़ाइनल में पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) ने आर्सेनल को हरा दिया था. इसके बाद देर रात को जश्न के दौरान हिंसा भड़क गई.

    दरअसल, फ़ैन्स ने आतिशबाज़ी की, इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने आँसू गैस का इस्तेमाल किया. इसके बाद झड़प शुरू हो गई.

    पुलिस ने बताया कि झड़पों के दौरान छह गाड़ियाँ, दो दुकानें और एक बस शेल्टर को नुक़सान पहुँचाया. अधिकारियों के अनुसार रविवार तड़के तक 416 लोगों को गिरफ़्तार किया गया, जिनमें से 280 लोग पेरिस से थे.

    दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन ने एक्स पर लिखा, "सिर्फ़ फ्रांस में ही किसी फुटबॉल क्लब की जीत दंगे भड़काती है."

    उन्होंने आगे कहा, "सिर्फ़ फ्रांस में ही लोग जीत की रात अपने घरों में बंद रहने को मजबूर होते हैं ताकि हिंसा का सामना न करना पड़े."

    पेरिस में बस, ट्रेन और रेल सेवाओं को बाधित करने वाली अशांति को रोकने के लिए हज़ारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.

    गौरतलब है कि पीएसजी ने लगातार दूसरा ख़िताब जीता है. इससे पहले 2025 में भी फ्रांसीसी टीम ने जीत दर्ज की थी, तब भी जीत के बाद हुए जश्न ने हिंसक रूप ले लिया था.

  6. डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'ईरान की सेना के साथ सख़्ती नहीं बरती क्योंकि...'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Tom Williams/CQ-Roll Call, Inc via Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान की सेना को सख़्ती से निशाना नहीं बनाया.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी न्यूज़ एजेंसी फ़ॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए कहा, "ईरानी सेना को उतना सख़्ती से निशाना नहीं बनाया गया है जितना दूसरे देशों की सेनाओं को बनाया गया है."

    अपने बयान में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "लोग हैरान होंगे यह सुनकर कि हमने ईरानी सेना को क्यों छोड़ा और उनके साथ इतनी नरमी क्यों बरती गई."

    ट्रंप ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि ईरानी सेना वहां की सरकार के बाक़ी विभागों की तुलना में 'कुछ नरम' है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "अगर किसी देश की सारी संस्थाएं और लोग पूरी तरह से तबाह कर दिए जाएं, तो नतीजा यह होता है कि वह देश कई पीढ़ियों तक दोबारा खड़ा नहीं हो पाएगा और संभल नहीं पाएगा."

  7. टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने खु़द पर हमला होने का दावा किया

    कल्याण बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि उनके सिर पर चोट आई है

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया है कि रविवार को उन पर हमला हुआ और उनके सिर पर चोट आई है.

    घटना उस समय हुई जब वह हुगली ज़िले के चंडीतला थाने में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्ञापन सौंपने जा रहे थे.

    समाचार एजेंसी आईएएनएस की ओर से जारी किए गए वीडियो में नज़र आ रहा है कि कल्याण बनर्जी अपने सिर को पकड़े हुए हैं और फिर नीचे गिर जाते हैं.

    कथित हमले के बाद कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ गाली-ग़लौज और हमला किया.

    बाद में सिर पर कपड़ा लगाए दिख रहे कल्याण बनर्जी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं अकेले आ रहा था, मेरे साथ कोई नहीं था. बीजेपी के लोगों ने गाली-ग़लौज की और मेरे सिर पर ड्यूक बॉल से हमला किया. मेरे सिर से ख़ून बह रहा है. सांसदों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, अब लोग तय करेंगे कि यह सही है या ग़लत."

    गौरतलब है कि इससे पहले अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को सोनारपुर इलाक़े में हमला हुआ था.

  8. अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में पांच लोग गिरफ़्तार, पुलिस ने और क्या बताया, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद और पार्टी के महासचिव अभिषेक बनर्जी

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद और पार्टी के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    इसके अलावा तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को इसकी जानकारी दी.

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए इलाके के वीडियो फ़ुटेज की मदद से इन लोगों को गिरफ़्तार किया है. इस मामले में गिरफ़्तारियों की संख्या और बढ़ सकती है.

    यह ख़बर लिखे जाने तक अभिषेक बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले में थाने में कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है.

    पुलिस ने बताया कि गिरफ़्तार लोगों के ख़िलाफ़ हमला करने, अवैध रूप से भीड़ जुटाने, रास्ता रोकने और गाली-गलौज़ करने जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया गया है. इनको आज एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा.

    दरअसल, अभिषेक बनर्जी शनिवार को दक्षिण 24-परगना जिले के सोनारपुर में चुनाव बाद की हिंसा में मारे गए एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता के घर गए थे. इस दौरान उन पर यहां हमला हुआ था.

    सोनारपुर से अभिषेक को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था. लेकिन पार्टी का आरोप था कि वहां उनका इलाज नही किया गया. इसके बाद उनको एक अन्य निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकीय जांच के बाद अभिषेक देर रात घर लौट आए.

    तृणमूल कांग्रेस कल से ही इस घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ़्तारी की मांग कर रही थी.

  9. भारत के नए सीडीएस बने जनरल सुब्रमणि, पदभार संभाला

    जनरल सुब्रमणि

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने जनरल अनिल चौहान की जगह ली है

    देश के नए चीफ़ ऑफ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने रविवार को पदभार संभाल लिया.

    जनरल सुब्रमणि देश के तीसरे सीडीएस हैं. उन्होंने जनरल अनिल चौहान की जगह ली है, जो शनिवार को ही रिटायर हुए हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जनरल सुब्रमणि ने नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल सेक्रेटेरिएट में मिलिट्री एडवाइजर के तौर पर काम किया.

    वो पिछले साल 31 जुलाई को आर्मी के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ के पद से रिटायर हुए थे.

    उन्होंने 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक आर्मी के वाइस चीफ ऑफ स्टाफ के तौर पर काम किया. मार्च 2023 से जून 2024 तक सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रहे.

  10. ग़ाज़ियाबाद: छात्र सूर्या की हत्या के अभियुक्त को एनकाउंटर में मारे जाने का दावा

    पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल

    इमेज स्रोत, X/@ghaziabadpolice

    इमेज कैप्शन, पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि अभियुक्त पहले गोलीबारी में घायल हुआ, फिर उसकी मौत हो गई

    उत्तर प्रदेश पुलिस ने ग़ाज़ियाबाद के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के अभियुक्त असद के एनकाउंटर में मारे जाने का दावा किया है.

    पुलिस के मुताबिक असद रविवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया था, बाद में उसकी मौत हो गई.

    ग़ाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने एनकाउंटर की पुष्टि की है.

    पीटीआई के मुताबिक़, खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी के रहने वाले सूर्या चौहान को 28 मई को एक विवाद के दौरान चाकू मारा गया था. पहले उसे एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में नोएडा के एक निजी अस्पताल में रेफ़र किया गया, जहां उसकी मौत हो गई.

    सूर्या के परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया था. घटना के तुरंत बाद तीन अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य अभियुक्त असद फ़रार था. उसकी गिरफ़्तारी की जानकारी देने पर 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी.

    पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बयान में कहा कि खोड़ा इलाके में पुलिस टीम के साथ हुई गोलीबारी में असद घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई.

    इससे पहले पुलिस ने कहा था कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अभियुक्त और मृत लड़का दोस्त थे. मोटरसाइकिल चलाने को लेकर विवाद हुआ था, इस दौरान सूर्या को चाकू मार दिया गया.

  11. आईआरजीसी का दावा- ईरानी समुद्री सीमा में घुसे अमेरिकी ड्रोन को गिराया

    आईआरजीसी

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईआरजीसी ने दावा किया कि ड्रोन को आधुनिक मिसाइलों से गिराया गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उन्होंने आज यानी रविवार सुबह एक अमेरिकी एमक्यू-1 ड्रोन को गिरा दिया है.

    रिवोल्यूशनरी गार्ड के बयान में कहा गया कि यह ड्रोन "ईरानी समुद्री सीमा में घुसकर कार्रवाई करना चाहता था, जिसे तुरंत डिटेक्ट कर लिया गया और आईआरजीसी की आधुनिक मिसाइलों से निशाना बनाकर गिरा दिया गया."

    ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ आईआरजीसी की एयर डिफ़ेंस ने चेतावनी दी है, "ईरान की समुद्री सीमा पूरी तरह से नियंत्रण में है और किसी भी हमले का सख़्त जवाब दिया जाएगा."

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने आईआरजीसी के इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  12. आईपीएल 2026: आरसीबी और गुजरात टाइटंस के फ़ाइनल मुक़ाबले से पहले विजय माल्या ने क्या कहा

    विजय माल्या

    इमेज स्रोत, TOLGA AKMEN/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, आरसीबी के पूर्व मालिक विजय माल्या ने कहा कि हमारे बेंगलुरु के शेरों ने आईपीएल के फ़ाइनल तक पहुंचने के लिए खूब मेहनत की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) बनाम गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का फ़ाइनल मैच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.

    आरसीबी क्वालिफ़ायर-1 जीतकर लगातार दूसरी बार फ़ाइनल में पहुंची है. जबकि गुजरात टाइटंस ने क्वालिफ़ायर-2 जीतकर फ़ाइनल में एंट्री पाई है.

    फ़ाइनल मुक़ाबले से पहले आरसीबी के पूर्व मालिक विजय माल्या ने टीम का हौसला बढ़ाते हुए कहा है कि हमारे बेंगलुरु के शेरों ने आईपीएल के फ़ाइनल तक पहुंचने के लिए खूब मेहनत की है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर रविवार को लिखा, "आरसीबी- हमारी बड़े शेरों की टीम, यह तुम्हारा आख़िरी क़दम है उस जीत की तरफ़, जिसे तुम पहले ही हासिल कर चुके हो."

    "हमारे बेंगलुरु के शेरों ने आईपीएल के फ़ाइनल तक पहुंचने के लिए खूब मेहनत की है. अब एक और ज़ोरदार 'प्ले बोल्ड' दहाड़ से ट्रॉफ़ी जीत लो. शुभकामनाएं, ईश्वर तुम पर आशीर्वाद बनाए रखे. पहले से भी ज़्यादा ज़ोर से दहाड़ो, बेंगलुरु के शेरों की तरह."

    गौरतलब है कि इस सीज़न में दोनों टीमें अब तक 3 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिसमें आरसीबी ने 2 और गुजरात ने 1 मैच जीता है.

  13. अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर बोलीं ममता- 'हेलमेट नहीं पहना होता तो मौत हो सकती थी'

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि पुलिस को इस दौरे की पहले से जानकारी थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि सही वक़्त पर अभिषेक को हेलमेट नहीं पहनाया जाता तो उनकी मौत भी हो सकती थी.

    उन्होंने दावा किया कि पत्थरबाज़ी और मारपीट की वजह से अभिषेक के सीने और पसलियों के हिस्से में चोट लगी.

    ममता बनर्जी ने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि पुलिस को इस दौरे की पहले से जानकारी थी.

    उन्होंने कहा, "पुलिस को अभिषेक के दौरे की पहले से जानकारी थी. इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल बने हुए हैं."

    उन्होंने आरोप लगाया कि हिंसा फैलाने के लिए बाहरी लोगों को लाया गया था. उन्होंने कहा, "राजनीतिक विरोध का मतलब हिंसा नहीं होना चाहिए. लोकतंत्र में जनता का समर्थन और बहस ही रास्ता होना चाहिए, डर या दबाव नहीं."

    गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को सोनारपुर इलाक़े में हमला हुआ. वो यहाँ चुनाव बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे, तभी उन पर हमला हुआ.

    अभिषेक बनर्जी ने इस घटना के लिए बीजेपी को ज़िम्मेदार ठहराया है, जबकि राज्य में बीजेपी के नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि 'पश्चिम बंगाल की जनता में टीएमसी को लेकर आक्रोश है.'

  14. भारत ने पेट्रोल-डीज़ल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटाई, अब इतना लगेगा शुल्क

    पेट्रोल

    इमेज स्रोत, Nasir Kachroo/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेट्रोल पर निर्यात शुल्क 1.5 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है

    भारत सरकार ने शनिवार को कहा कि 1 जून से पेट्रोल, डीज़ल और एविएशन टरबाइन फ़्यूल (एटीएफ़) पर निर्यात शुल्क (एक्सपोर्ट ड्यूटी) घटाया जाएगा.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, पेट्रोल पर निर्यात शुल्क 1.5 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है, जबकि डीज़ल पर यह 13.5 रुपये प्रति लीटर होगा. एटीएफ़ पर निर्यात शुल्क 9.5 रुपये प्रति लीटर रखा गया है.

    दरें हर पखवाड़े (दो हफ़्ते की अवधि) बदली जा रही हैं. ये बदलाव कच्चे तेल, पेट्रोल, डीज़ल और एटीएफ की दुनिया भर की औसत कीमतों पर तय किए जाते हैं.

    आमतौर पर सरकार हर पखवाड़े अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल कीमतों की समीक्षा करती है और उसी हिसाब से पेट्रोल, डीज़ल और एटीएफ पर लगने वाला निर्यात शुल्क तय होता है.

    हालांकि, आम लोगों को मिलने वाले पेट्रोल और डीज़ल पर वही पुराना टैक्स लगेगा, इसमें न तो कुछ नया जोड़ा गया है और न ही घटाया गया है.

    गौरतलब है कि निर्यात शुल्क इनडायरेक्ट टैक्स है जो किसी भी देश की सरकार अपने देश से बाहर (अन्य देशों में) भेजे जाने वाले सामानों पर लगाती है.

  15. दिल्ली: साकेत में इमारत ढही, अब तक मलबे से इतने लोगों को बचाया गया

    मलबा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दमकल अधिकारियों ने बताया कि यह इमारत पास बने टिन शेड कैंटीन पर जा गिरी, जहां छात्र खाना खा रहे थे

    दक्षिणी दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास शनिवार शाम एक इमारत गिर गई. अधिकारियों ने बताया कि अब तक कम से कम 12 लोगों को बचाया गया है.

    रेस्क्यू किए गए लोगों में से दो गंभीर रूप से घायल हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "कुल 12 लोगों को बचा लिया गया है, इनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं. ऐसा नहीं लगता कि कोई और व्यक्ति फंसा हुआ है, लेकिन तलाशी अभियान अभी भी जारी है. इस घटना के संबंध में मामला दर्ज किया जाएगा."

    इमारत शनिवार शाम करीब 7.45 बजे गिरी थी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मलबे में दबे लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं और पूरे इलाक़े में धूल का घना ग़ुबार फैल गया था.

    इस इमारत में कोचिंग संस्थान, कैफ़े और दफ़्तर चल रहे थे. बताया जा रहा है कि हादसे के समय तीसरी मंज़िल पर निर्माण कार्य भी चल रहा था. दिल्ली फ़ायर सर्विस (डीएफएस) के अधिकारियों ने कहा कि शुरुआत में स्थानीय पुलिस और पीसीआर टीमों ने तीन लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद दमकलकर्मी और एनडीआरएफ की टीम भी अभियान में शामिल हो गई.

    दमकल अधिकारियों ने बताया कि यह इमारत पास बने टिन शेड कैंटीन पर जा गिरी, जहां छात्र खाना खा रहे थे. बताया जा रहा है कि वहां मौजूद कई छात्र मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे.

    अधिकारियों ने कहा कि जांच में इमारत की कंडीशन, निर्माण की अनुमति और उन संभावित लापरवाहियों की पड़ताल की जाएगी, जिनकी वजह से यह हादसा हुआ है.

  16. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.