You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
गिल का ये अहमदाबाद कनेक्शन क्या विराट की टीम की मुश्किलें बढ़ा देगा
गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल 2026 की ट्रॉफ़ी के लिए रविवार (31 मई 2026) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भिड़ेंगे.
ये पहला मौका है जब शुभमन गिल के नेतृत्व में गुजरात टाइटंस फ़ाइनल में खेलेगी. गुजरात टाइटंस का ये होम ग्राउंड हैं इसलिए टीम और उसके कप्तान गिल दोनों पर उम्मीदों का बड़ा दबाव होगा.
दूसरी ओर, रॉयल चैलैंजर्स बेंगलुरु के हौसले बुलंद है क्योंकि वो हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में हुए पहले प्ले ऑफ़ मुक़ाबले में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हरा कर सीधे फ़ाइनल में पहुंची थी.
इसके अलावा आरसीबी लगातार दूसरी बार फ़ाइनल में पहुँची है.
लेकिन गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर जिस अंदाज़ में फ़ाइनल में जगह बनाई है और कप्तान शुभमन गिल का अहमदाबाद में रिकार्ड आरसीबी के लिए चुनौती साबित हो सकता है.
ईएसपीएनक्रिकइन्फ़ो के मुताबिक़ गिल ने अब तक टी 20 मैचों में 6134 रन बनाए हैं. इनमें से 1500 रन उन्होंने अहमदाबाद के इसी मैदान पर बनाए हैं.
ये रन उन्होंने 53.57 के औसत और 165.56 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. जबकि उनके अब तक का करियर का औसत 37.86 और स्ट्राइक रेट 141.33 है.
वैसे भी न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ शुभमन गिल ने जिस अंदाज़ में सेंचुरी बनाई उसने आरसीबी को चौकन्ना तो कर ही दिया होगा.
गुजरात टाइटंस की ताक़त और शुभमन गिल से उम्मीदें
फ़ाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में शुभमन गिल ने कहा, "सच कहूं तो मैं उम्मीदों के बोझ को ज्यादा हावी नहीं होने देता. यहां ख़ेलने का फ़ायदा यह है कि हमें विकेट और मैदान की अच्छी जानकारी है. हमें पता है कि यहां जीतने के लिए किस तरह की क्रिकेट खेलनी होगी."
गुजरात टाइटंस की ओर से शुभमन गिल के अलावा बल्लेबाज़ के तौर पर साई सुदर्शन पर मैच जिताने का काफ़ी दारोमदार होगा वहीं जोस बटलर तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आ सकते हैं.
राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर राशिद खान मिडिल और लोअर ऑर्डर को मजबूत करेंगे.
गेंदबाज़ी में काफी दारोमदार कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद ख़ान पर होगा.
आरसीबी के लिए विराट कोहली की अहमियत
दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कमान भले ही रजत पाटीदार के हाथों में है, लेकिन आरसीबी की इस टीम का सबसे बड़ा स्टार क्रिकेटर विराट कोहली ही हैं.
पिछले साल पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ उनकी शानदार पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह दाएं हाथ का बल्लेबाज़ बड़े मैचों का खिलाड़ी है.
दबाव वाले हालात को सहजता से संभालने का उनका अनुभव उन्हें आरसीबी के लिए अपरिहार्य बना देता है.
कोहली ने आरसीबी के लिए सभी आईपीएल फाइनल खेले हैं.
इसके साथ ही आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी से किसी भी वक़्त बाजी पलट सकते हैं.
धर्मशाला में गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ उन्होंने सिर्फ़ 33 गेंदों में 93 रन बना डाले थे.
आरसीबी के तेज़ गेंदबाज़ भुवनेश्वर कुमार इस आईपीएल में जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं. भुवनेश्वर पर्पल कैप की दौड़ में रबाडा से दो विकेट ही पीछे हैं.
आरसीबी के लिए तीसरे नंबर पर भरोसेमंद बैटर देवदत्त पडिक्कल हैं. मिडिल और लोअर ऑर्डर में टीम के पास क्रुणाल पांड्या, टिम डेविड, जितेश शर्मा जैसे अच्छे बल्लेबाज़ हैं.
आईपीएल में विराट कोहली और शुभमन गिल
आईपीएल फ़ाइनल में 34 से कुछ अधिक के औसत वाले कोहली पर हमेशा अहम मौकों पर नाकाम रहने का आरोप लगता रहा है, लेकिन पिछले साल पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ उनकी शानदार पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह दाएं हाथ का बल्लेबाज बड़े मैचों का खिलाड़ी है .
दबाव वाली स्थितियों को सहजता से संभालने में उनका अनुभव फ्रेंचाइजी के लिए बेशकीमती साबित हुआ है.
शुभमन को बड़े मंच पर खेलना पसंद है और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में ही सफलता का स्वाद चख लिया था.
उन्होंने अपना पहला फ़ाइनल 2021 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेला, जबकि अगला फ़ाइनल उन्होंने 2022 और 2023 में गुजरात टाइटन्स की जर्सी में खेला.
शुभमन ने अपने करियर की शुरुआत में ही यह साबित कर दिया कि उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में क्यों गिना जाता है.
साल 2009 में फ़ाइनल में कोहली ने डेक्कन चार्जर्स के ख़िलाफ़ 7 रन बनाए थे और उनकी टीम आरसीबी 6 रन से मैच हार गई थी.
2011 में चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ खिताबी मुक़ाबले में विराट के बल्ले से 35 रन निकले और आरसीबी 58 रन से मैच गंवा बैठी.
2016 में सनराइजर्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ फ़ाइनल मैच में कोहली ने हाफ़ सेंचुरी (54 रन) जड़ी, लेकिन टीम को ट्रॉफी दिलाने के लिए ये पारी नाकाफी रही और आरसीबी 8 रन से मैच हार गई. साल 2025 में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ फ़ाइनल मुक़ाबले में विराट ने 35 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली और इस बार उनकी टीम को पहली बार आईपीएल ट्रॉफी उठाने का मौका मिला.
दूसरी तरफ़ शुभमन गिल ने कोलकाता नाइटराइडर्स की तरफ से पहला आईपीएल फ़ाइनल खेला था और साल था 2021. उस मैच में गिल के बल्ले से 51 रन निकले थे, लेकिन उनकी टीम सीएसके के ख़िलाफ़ 27 रन से मैच और ट्रॉफी गंवा बैठी थी.
2022 और 2023 में गिल गुजरात टाइटंस की जर्सी में फ़ाइल मुक़ाबले में उतरे थे. 2022 में राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ गिल ने 45 रनों की नाबाद पारी खेली और इस बार उनकी टीम को पहली बार आईपीएल ट्रॉफी हासिल हुई थी.
साल 2023 में एक बार फिर गुजरात टाइटंस ने फ़ाइनल में जगह बनाई और सामने थी चेन्नई सुपर किंग्स. इस मुक़ाबले में गिल ने 20 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली थी, लेकिन टीम को रनर अप के रूप में ही संतोष करना पड़ा.
आरसीबी इतिहास रचने के क़रीब
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी इतिहास रचने के क़रीब है. अगर वह फ़ाइनल में गुजरात टाइटंस को हरा देती है, तो वह चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बाद आईपीएल ख़िताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली तीसरी टीम बन जाएगी.
वहीं दूसरी ओर, पिछले पांच वर्षों में तीसरी बार फ़ाइनल खेल रही गुजरात टाइटंस के पास टूर्नामेंट की चौथी सबसे सफल फ्रेंचाइजी बनने का मौका होगा.
क्रिकबज़ ने लिखा, ''डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने पूरे सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है, जबकि गुजरात टाइटंस का सफ़र उतना आसान नहीं रहा. टीम ने शुरुआत छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ की थी.''
''लेकिन इसके बाद उसने अगले 10 मैचों में सात जीत दर्ज कर शीर्ष-2 में जगह बनाई. यही बढ़त उनके काम आई, जिससे क्वालिफायर-1 में हार के बावजूद टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही.''
फ़ाइनल में गुजरात के सामने सबसे बड़ी चुनौती नई गेंद से भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड का सामना करने की होगी. अगर शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी शुरुआती दबाव झेल लेते हैं तो उनके लिए बाद में बल्लेबाज़ी आसान हो जाएगा. राजस्थान के ख़िलाफ़ वो ऐसा कर चुके हैं.''
आरसीबी को फ़ाइनल से पहले तीन दिन का रेस्ट मिला है.
टीम का खेल बड़े स्कोर बनाने और बड़े लक्ष्य हासिल करने के इर्द-गिर्द रहा है.
कई विशेषज्ञों का मानना है कि यह टूर्नामेंट की सबसे मजबूत बल्लेबाज़ी यूनिट है.
आरसीबी ने इस सीजन नौ बार 200 से अधिक रन बनाए हैं और दो बार 200 प्लस के लक्ष्य का सफल पीछा भी किया है.
दिलचस्प बात यह है कि टीम के सिर्फ विराट कोहली ही टूर्नामेंट में रन बनाने वाले शीर्ष-10 बल्लेबाज़ों में शामिल हैं.
यह मुक़ाबला ऐसे मैदान पर खेला जा रहा है, जहां दोनों टीमों की सुनहरी यादें जुड़ी हुई हैं.
गुजरात टाइटंस ने 2022 में यहां अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था, जबकि आरसीबी ने पिछले साल इसी मैदान पर अपना लंबे समय का ख़िताबी इंतज़ार ख़त्म किया था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित