लाइव, चिराग पासवान ने कहा- चुनावी प्रक्रिया पर संदेह बढ़ना ठीक नहीं, आयोग अपना पक्ष रखे

चिराग पासवान ने कहा, "राहुल गांधी या किसी विपक्ष को जवाब देने के लिए नहीं बल्कि जनता के मन में किसी प्रकार का कोई संदेह न आए, यह सुनिश्चित करने की ज़िम्मेदारी चुनाव आयोग की है."

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी
  • अमेरिका पहुंचे शी जिनपिंग
  • मोटरसाइकिल चलाती ईरानी महिलाएं
  • चुटकियों में रुबिक क्यूब सॉल्व करने वाली 6 साल की बच्ची
  • 11 सितंबर, 2026 को प्रोटेस्ट करते बैंक कर्मचारी
  • ज़ोहरान ममदानी ट्रंप के सामने उनके मीडिया बैन पर बोले
  • आईआईटी बॉम्बे में एक स्टूडेंट की मौत
  • lowride cars

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. चिराग पासवान ने कहा- चुनावी प्रक्रिया पर संदेह बढ़ना ठीक नहीं, आयोग अपना पक्ष रखे

    चिराग पासवान केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एलजेपी (रामविलास) एनडीए की साझेदार है और चिराग पासवान केंद्र सरकार में मंत्री भी हैं

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा है कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है ऐसे में अगर आयोग के ऊपर सवाल खड़े हो रहे हैं तो ये ज़िम्मेदारी भी उसकी और ख़ास तौर पर सीईसी की है कि वो अपनी बातों को मज़बूती से रखे.

    उन्होंने आगे कहा, "विपक्ष क्या बोलता या नहीं बोलता है उससे मुझे बहुत ज़्यादा फ़र्क़ नहीं पड़ता है. आप (विपक्ष) अगर आरोप नहीं लगाएंगे तो आप अपनी राजनीति को साधेंगे कैसे."

    चिराग पासवान ने कहा, "राहुल गांधी या किसी विपक्ष को जवाब देने के लिए नहीं बल्कि जनता के मन में किसी प्रकार का कोई संदेह न आए, यह सुनिश्चित करने की ज़िम्मेदारी चुनाव आयोग की है."

    इससे पहले अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक रिपोर्ट के बाद विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं.

    इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, संधू और जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार रिकॉर्ड पर औपचारिक आपत्ति दर्ज की है.

    विपक्ष का कहना है कि ज्ञानेश कुमार मनमाने तरीक़े से फ़ैसले ले रहे हैं और सत्ताधारी बीजेपी का कहना है कि असहमति 'वाइब्रेंट लोकतंत्र' में बहुत ही आम बात है.

  2. जमुई यौन हिंसा: तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सज़ा देने की मांग की

    तेजस्वी यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर जमुई यौन हिंसा की शिकार नाबालिग लड़की के परिवार की पहचान सार्वजनिक करने का आरोप लगाया

    बिहार के जमुई में यौन हिंसा का शिकार हुई लड़की के परिवार के साथ फ़ोटो लगाने पर राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने निशाना साधा है.

    तेजस्वी यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "नासमझ, अनाड़ी, कानून विरोधी बिहार के मुख्यमंत्री ख़ुद पॉक्सो एक्ट की धज्जियाँ उड़ा रहे है. जमुई कांड की नाबालिग पीड़िता की परिजनों संग अपने सोशल मीडिया हैंडल से तस्वीर जारी कर पीड़िता की पहचान उजागर कर रहे है."

    उन्होंने लिखा, "पॉक्सो एक्ट के तहत पीड़ित बच्चे या नाबालिग की पहचान को गुप्त रखना कानूनन अनिवार्य है और इसे सार्वजनिक करना गंभीर अपराध है."

    तेजस्वी यादव ने मांग की, "बिहार के मुख्यमंत्री को इस जुर्म के लिए कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए नहीं तो फिर पॉक्सो एक्ट को मानेगा कौन? ऐसे लोग कानून के रक्षक नहीं भक्षक है."

  3. सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दिया ये 'अल्टीमेटम'

    ज्ञानेश कुमार अपने कई फ़ैसलों की वजह से विपक्षी दलों के निशाने पर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, @ECISVEEP X/ANI Photo

    इमेज कैप्शन, ज्ञानेश कुमार अपने कई फ़ैसलों की वजह से विपक्षी दलों के निशाने पर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि अगर कल यानी शनिवार तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफ़ा नहीं दिया तो सीजेपी 2 अक्तूबर से पूरे देश में प्रदर्शन शुरू करेगी.

    दीपके ने लिखा, "इस गांधी जयंती पर लोकतंत्र का बचाने का संकल्प लें."

    इससे पहले अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक रिपोर्ट के बाद विपक्षी दलों के साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमलावर है.

    इंडियन एक्सप्रेस की जर्नलिस्ट रितिका चोपड़ा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के कई फ़ैसलों पर आपत्ति दर्ज की.

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल ख़ासा चर्चित और विवादों में रहा है. अपने कई फ़ैसलों को लेकर वो विपक्ष के निशाने पर रहे हैं..

  4. एशियन गेम्स: भारत ने जीता 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम का गोल्ड

    एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अब तक दो गोल्ड मेडल जीत लिए हैं

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अब तक दो गोल्ड मेडल जीत लिए हैं

    जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भारत की और से कमलजीत और सुरुचि सिंह ने मिक्स्ड टीम के 10 मीटर एयर पिस्टल में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    इसके साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को 3-1 से हराया. यह महिला हॉकी टीम की लगातार चौथी जीत है.

    फ़िलहाल भारत एशियन गेम्स 2026 की पदक तालिका में 19 पदकों के साथ 12वें पायदान पर है. इसमें 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं.

    चीन इस पदक तालिका में 85 गोल्ड मेडल के साथ पहले पायदान पर है.

    चीन ने कुल 135 पदक जीते हैं, जिनमें 30 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज़ भी शामिल हैं.

    वहीं जापान ने 97 मेडल जीते हैं. इनमें 22 गोल्ड, 36 सिल्वर और 39 ब्रान्ज़ शामिल हैं.

  5. सिक्किम में भारी बारिश से भूस्खलन, मुख्यमंत्री तामंग ने कहा- हालात गंभीर

    सिक्किम के रिंबी गांव में भूस्खलन से भारी तबाही हुई है

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सिक्किम के रिंबी गांव में भूस्खलन से भारी तबाही हुई है

    उत्तर-पूर्वी राज्य सिक्किम में हुई भारी बारिश से ग्यालशिंग ज़िले के रिंबी गांव में भूस्खलन हुआ है.

    यहां कई घर, सरकारी क्वार्टर और अन्य संपत्तियां बह गए हैं.

    सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामंग ने फ़ेसबुक पर लिखा, "बीती रात हुए भीषण भूस्खलन के बाद रिंबी, ग्यालशिंग जिले की स्थिति से बेहद दुखी और चिंतित हूं. स्थिति गंभीर बनी हुई है और लोगों की सुरक्षा और हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है."

    "सरकार इस मुश्किल समय में रिंबी के लोगों के साथ मज़बूती से खड़ी है. संबंधित अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने, स्थिति पर क़रीबी नज़र रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं."

    उन्होंने अपील की, "आइए सतर्क रहें और इस मूसलाधार बारिश के दौरान सुरक्षित रहें.अधिकारियों की ओर से जारी सलाह का पालन करें और एक-दूसरे को हर संभव मदद दें."

    मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामंग ने रिंबी की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा और भलाई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सिक्किम के ग्यालशिंग ज़िले में बड़े भूस्खलन से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए.

    अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में सरकारी आवास समेत कई घर पूरी तरह नष्ट हो गए या उन्हें काफी नुकसान पहुंचा. हालांकि, घटना में किसी की जान नहीं गई.

    समाजार एजेंसी एएनआई के एक वीडियो में सिक्किम में हुए इस नुक़सान को दिखाया गया है.

  6. संयुक्त राष्ट्र महासभा: नेतन्याहू के भाषण का कई देशों के प्रतिनिधियों ने किया बायकॉट

    नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, @Palestine_UN

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र महासभा में इसराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू का भाषण शुरू होने के पहले ही कई देशों के प्रतिनिधि सभागार से बाहर निकलने लगे

    संयुक्त राष्ट्र महासभा में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू का भाषण शुरू होते ही कई देशों के प्रतिनिधि सभागार से बाहर निकल गए.

    नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस घटना के बाद अपने संबोधन की शुरुआत तीखी टिप्पणी के साथ की.

    उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में ही कहा, "अगर कोई और नैतिक रूप से कायर व्यक्ति अभी तक इस सभागार से बाहर नहीं गया है, तो कृपया अब बाहर चले जाएं."

    नेतन्याहू ने दावा किया, "जो देश निजी तौर इसराइल का बचाव करते हैं, उन्हीं देशों के प्रतिनिधि संयुक्त राष्ट्र के सभागार से बाहर निकल गए."

    उन्होंने इसे "हैरान करने वाला पाखंड (माइंड ब्लोइंग हिप्पोक्रेसी)" बताया.

  7. अभिजीत दीपके ने विपक्षी दलों से कहा, 'धांधली वाले चुनावों में हिस्सा लेना बंद करें'

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके ने कहा है कि विपक्ष की भागीदारी ही धांधली वाले चुनावों को वैधता देती है

    कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया एक्स पर विपक्षी दलों पर निशाना साधा है.

    दीपके ने लिखा, "विपक्ष के लिए- हां, चुनावों में धांधली हो रही है. लेकिन जब आप धांधली वाले चुनावों में लगातार हिस्सा लेते रहते हैं, तो आप इन चुनावों को वैधता देते हैं और यह भ्रम बनाए रखने में मदद करते हैं कि ये चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हैं."

    उन्होंने कहा, "हो सकता है कि आप चुनाव लड़ते रहते हैं क्योंकि आपको डर है कि अगर आपने ऐसा नहीं किया, तो आपका अस्तित्व ख़त्म हो जाएगा. लेकिन जब वोट चोरी हो रहे हों, आपके विधायक और सांसद पाला बदल रहे हों और आपकी पार्टियों में फूट डाली जा रही हो, तब आप किस तरह के अस्तित्व को बचाने की कोशिश कर रहे हैं?"

    अभिजीत दीपके ने एक लंबी पोस्ट में लिखा, "यह राजनीतिक अस्तित्व बचाना नहीं है. आप बस ऐसी व्यवस्था में ख़ुद को बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं. आप केवल उन्हीं राज्यों में चुनावी धांधली की बात नहीं कर सकते, जो आपके लिए महत्वपूर्ण हैं और बाक़ी जगहों पर चुप रह सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "आप यह नहीं कहते रह सकते कि खेल में धांधली है और फिर भी उसमें खेलते रह सकते हैं. आपकी भागीदारी ही इन धांधली वाले चुनावों को वैधता देती है. अपने राजनीतिक अस्तित्व के बारे में सोचने से पहले देश और उसके लोकतंत्र के बारे में सोचिए. अपना रुख स्पष्ट कीजिए और धांधली वाले चुनावों में हिस्सा लेना बंद कीजिए."

  8. संयुक्त राष्ट्र महासभा में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत को कहा शुक्रिया

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नेपाल के प्रधानमंत्री ने बाढ़ राहत में मदद के लिए दुनियाभर के देशों, एजेंसियों और संयुक्त राष्ट्र के प्रति आभार जताया

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत और चीन का शुक्रिया अदा किया किया. उन्होंने बीते दिनों नेपाल में आई बाढ़ के दौरान मदद के लिए दोनों देशों के प्रति ख़ास आभार जताया."

    संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा, "हमारा प्रस्ताव है कि नेपाल, भारत और चीन के नेतृत्व में 'हिमालयी जलवायु तंत्र' स्थापित किया जाए."

    उन्होंने कहा, "इस तंत्र के ज़रिए हम सैटेलाइट डेटा और अपनी विशेषज्ञता साझा करें. हम ख़तरनाक ग्लेशियल झीलों की निगरानी करें और संयुक्त रूप से शुरुआती चेतावनी की व्यवस्था को मजबूत करें."

    बालेन शाह ने कहा, "जब कोई आपदा आए तो हम सीमाओं के पार राहत और सहायता के लिए तालमेल स्थापित करें."

    उन्होंने सुझाव दिया कि हिमालय अलग-अलग स्तर पर बिखरी हुई सूचनाओं के बजाय अंतरराष्ट्रीय सहयोग की प्रयोगशाला बने."

    नेपाल में पिछले महीने आई बाढ़में क़रीब 1500 लोगों की मौत हो गई, जबकि क़रीब छह हज़ार लोग लापता हैं.

  9. इसराइल के ख़िलाफ़ जनमत को प्रभावित करने के नेतन्याहू के आरोपों को क़तर ने किया ख़ारिज

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, @ANI

    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

    इसराइल के ख़िलाफ़ जनमत को प्रभावित करने के नेतन्याहू के आरोपों को क़तर ने ख़ारिज किया है.

    क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने माजेद अल-अंसारी ने एक्स पर लिखा, "हम संयुक्त राष्ट्र महासभा में संबोधन के दौरान इसराइल के प्रधानमंत्री बिंयामिन नेतन्याहू की ओर से लगाए गए उस आरोप को पूरी तरह ख़ारिज करते हैं, जिसमें उन्होंने कहा कि क़तर, इसराइल के ख़िलाफ़ जनमत को प्रभावित करने का अभियान चला रहा है."

    "क़तर के ख़िलाफ़ जारी यह बयानबाजी क़ब्ज़े वाले फ़लस्तीनी क्षेत्रों में उनकी सरकार की ओर से किए गए अत्याचारों और उनके गंभीर मानवीय परिणामों से ध्यान भटकाने की कोशिश के अलावा कुछ नहीं है."

    माजेद अल-अंसारी ने लिखा, "अगर नेतन्याहू और इसराइल के अन्य कट्टरपंथी नेता, जिन्हें तेजी से खाली सभागारों को संबोधित करना पड़ रहा है, वो चाहते हैं कि दुनिया इसराइल को अलग नज़रिए से देखे, तो उन्हें सबसे पहले अपनी नीतियों में बदलाव करना चाहिए, अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन रोकने चाहिए और उसका सम्मान करना चाहिए."

    उन्होंने आगे लिखा, "उन्हें उन लोगों के प्रति जवाबदेही तय करनी चाहिए, जिन्होंने उन्हें चुना है, न कि इसराइल की बिगड़ती वैश्विक छवि के लिए किसी को बलि का बकरा तलाशना चाहिए."

  10. पाकिस्तान और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री ने न्यूयॉर्क में की मुलाक़ात

    शहबाज़ और तारिक़

    इमेज स्रोत, @CMShehbaz

    इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के दौरान दोनों नेताओं की मुलाक़ात हुई है

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के दौरान हुई इस मुलाक़ात में कई मुद्दों पर चर्चा की.

    शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "प्रधानमंत्री रहमान और मैंने व्यापार, निवेश, संपर्क, शिक्षा, पर्यटन और दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में पाकिस्तान-बांग्लादेश द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई."

    उन्होंने आगे लिखा, "साथ ही, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों के साथ-साथ बहुपक्षीय मंचों पर भी दोनों देशों के बीच क़रीबी तालमेल बनाए रखने पर सहमति बनी."