राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच बातचीत, एआई और सुरक्षा पर होगी चर्चा

व्हाइट हाउस में स्वागत समारोह के दौरान शी जिनपिंग ने भी दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.

लाइव कवरेज

संदीप राय,अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  2. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच बातचीत, एआई और सुरक्षा पर होगी चर्चा

    शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का व्हाइट हाउस में स्वागत किया. दोनों नेताओं के बीच अमेरिका और चीन के संबंधों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत होनी है.

    ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों ने अपने सामने मौजूद मुद्दों पर “बहुत बड़ी प्रगति” की है. उन्होंने बताया कि बैठक में सुरक्षा, तकनीक और “सुपर इंटेलिजेंस”, यानी एआई, पर चर्चा होगी.

    व्हाइट हाउस में स्वागत समारोह के दौरान शी जिनपिंग ने भी दोनों देशों के बीच लगातार बातचीत की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.

    उन्होंने कहा कि बातचीत से दोनों देश एक-दूसरे को बेहतर समझ सकते हैं और आपसी भरोसा बढ़ा सकते हैं. शी ने यह उम्मीद भी जताई कि अमेरिका में चीनी कंपनियों के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा.

    एआई के नियमों को लेकर ट्रंप ने बैठक से पहले अपनी स्थिति दोहराई.

    उन्होंने कहा कि वह एआई पर ज़्यादा नए नियम नहीं चाहते और इसे मौजूदा स्थिति में ही रखना चाहते हैं. ट्रंप के अनुसार, चीन भी इस मुद्दे पर यही सोचता है.

    हालांकि, दोनों नेताओं के बीच माहौल दोस्ताना दिखा, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार बातचीत में कई मुद्दों पर मतभेद हो सकते हैं. अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक, सुरक्षा और वैश्विक प्रभाव जैसे मुद्दे पहले से ही महत्वपूर्ण विषय रहे हैं.

    बीबीसी की चीन संवाददाता लॉरा बिकर के अनुसार, शी जिनपिंग इस बार 2017 में ट्रंप से पहली मुलाक़ात की तुलना में अधिक मज़बूत स्थिति में हैं.

    दोनों नेताओं की बैठक के बाद एक राजकीय डिनर भी आयोजित किया जाएगा. इसमें तकनीक और एआई क्षेत्र के कई बड़े कारोबारी और अधिकारी शामिल होंगे.

  3. अभिनेता मुश्ताक़ ख़ान का हुआ निधन, आशिक़ी और वेलकम जैसी फ़िल्मों ने दी थी ख़ास पहचान

    मुश्ताक़ ख़ान

    इमेज स्रोत, STR/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश के बालाघाट ज़िले में जन्मे मुश्ताक़ ख़ान ने फिल्मों के साथ-साथ टेलीविज़न में भी काम किया

    हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक़ ख़ान का निधन हो गया है.

    फे़डरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी और ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने इंडियन एक्सप्रेस की स्क्रीन मैगज़ीन को निधन की पुष्टि की है.

    सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने 'स्क्रीन' को बताया कि मुश्ताक़ ख़ान को पांच साल पहले लंग कैंसर हुआ था और वे ठीक भी हो गए थे, लेकिन दो हफ़्ते पहले बीमारी फिर से लौट आई और उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    मध्य प्रदेश के बालाघाट ज़िले में जन्मे मुश्ताक ख़ान ने फिल्मों के साथ-साथ टेलीविज़न में भी काम किया. उन्होंने हास्य और सहायक अभिनेता की भूमिकाओं के ज़रिए दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई.

    साल 2007 में रिलीज हुई फ़िल्म ‘वेलकम’ में एक विकलांग हॉकी खिलाड़ी के उनके किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था.

    इसके अलावा उन्होंने 'आशिक़ी' (1990), 'हम हैं राही प्यार के' (1993), 'हेरा फेरी' (2000), 'जोड़ी नंबर 1' (2001), जैसी कई फिल्मों में काम किया.

    मुश्ताक़ ख़ान ने अपने लंबे अभिनय करियर में कई यादगार सहायक किरदार निभाए.

    उनके सहज अंदाज़ और कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें हिंदी फिल्म दर्शकों के बीच अलग पहचान दिलाई.

  4. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग व्हाइट हाउस पहुंचे, ट्रंप ने किया स्वागत

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग गुरुवार को व्हाइट हाउस पहुंचे. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

    दोनों नेताओं ने हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का अभिवादन किया.

    स्वागत कार्यक्रम के बाद ट्रंप और शी व्हाइट हाउस के भीतर द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.

    दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत में व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(एआई), ताइवान और दूसरे अहम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

    ट्रंप ने क्या कहा-

    इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन ने दोनों देशों के सामने मौजूद प्रमुख मुद्दों पर मिलकर "ज़बर्दस्त प्रगति" की है.

    व्हाइट हाउस में स्वागत समारोह के दौरान ट्रंप ने कहा कि दोनों देश एक अधिक संतुलित व्यापारिक संबंध बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बातचीत में अमेरिकी किसानों और पशुपालकों के लिए नए बाज़ार अवसरों पर भी चर्चा हो रही है.

    ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और सुपर इंटेलिजेंस (एआई) जैसे अहम विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा.

    उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में आज लिए जाने वाले फैसले आने वाले दशकों तक शांति और समृद्धि को बढ़ावा दे सकते हैं.

  5. एशियन गेम्स के पांचवें दिन भारत को मिले दो मेडल, मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में जीता सिल्वर

    सीमा कुमारी

    इमेज स्रोत, SAI

    इमेज कैप्शन, महिला दस हज़ार मीटर फाइनल में सीमा कुमारी आखिरी क्षणों तक पदक की दौड़ में बनी रहीं

    जापान के आइची नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 के पांचवें दिन गुरुवार को भारत ने एथलेटिक्स में दो पदक अपने नाम किए.

    दिन का पहला पदक सीमा कुमारी ने महिला 10 हज़ार मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर दिलाया.

    इसके कुछ ही मिनट बाद भारत की मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले टीम ने सिल्वर मेडल हासिल की.

    एम.आर. पूवम्मा, विशाल थेन्नारासु, विध्या रामराज और मनु टीएस की चौकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया.

    वहीं, महिला ट्रिपल जंप में भारत की आशा इलांगो बेहद करीबी मुक़ाबले में पदक जीतने से चूक गईं और चौथे स्थान पर रहीं. भारत की एक अन्य एथलीट निहारिका वशिष्ठ 10वें स्थान पर रहीं.

    महिला दस हज़ार मीटर फाइनल में सीमा कुमारी आखिरी क्षणों तक पदक की दौड़ में बनी रहीं. गोल्ड मेडल के लिए बहरीन की विनफ्रेड यावी और जापान की नोजोमी तनाका के बीच रोमांचक मुक़ाबला देखने को मिला.

    इस बीच सीमा ने अंतिम चरण में बाकी धावकों से बढ़त बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया और भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया.

  6. झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत

    दीपिका पांडेय सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह अपनी बेटी त्रिशा सिंह के निधन के बाद शोक व्यक्त करती हुईं

    झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार लोगों की गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई.

    यह हादसा जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव रोड पर हुआ, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई.

    पुलिस के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी भी शामिल हैं.

    पीटीआई के मुताबिक, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में कम से कम चार लोगों की जान गई है और मामले की जांच की जा रही है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

    इस दुखद घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर बेहद पीड़ादायक और हृदय विदारक है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है. इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं दीपिका जी और अन्य शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है."

  7. नेपाल में भारी बारिश और तेज़ हवाओं के बीच सरकार ने उठाए ये एहतियाती क़दम

    तेज़ बारिश

    इमेज स्रोत, Narayan Maharjan/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल के मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाक़ों में ट्रेकिंग कर रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर लौटने की अपील की है (सांकेतिक तस्वीर)

    नेपाल में भारी बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी के बाद सरकार ने कई एहतियाती कदम उठाए हैं.

    नेपाल के विभिन्न हिस्सों में यात्रा पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, रात के समय सार्वजनिक परिवहन सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं और कई क्षेत्रों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं.

    नेपाल के मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाक़ों में ट्रेकिंग कर रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर लौटने की अपील की है.

    साथ ही, ट्रेकिंग की योजना बना रहे पर्यटकों को फिलहाल अपनी यात्रा स्थगित करने की सलाह दी गई है. अधिकारियों ने भूस्खलन की आशंका को लेकर भी चेतावनी जारी की है.

    यह अलर्ट ऐसे समय में जारी किया गया है, जब एक महीने पहले नेपाल-चीन सीमा पर ग्लेशियर की बर्फ टूटने से आई भीषण फ्लैश फ्लड ने कई गांवों और कस्बों को तबाह कर दिया था.

    उस आपदा में चौदह सौ से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि करीब छह हज़ार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.

  8. एफ़एसएसएआई की एनालॉग पनीर पर सख्ती, कंपनियों को प्रोडक्ट के नाम से हटाना होगा 'पनीर' शब्द

    एनालॉग पनीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बिना दूध के बने उत्पादों को "पनीर" नहीं कहा जाएगा

    एफ़एसएसएआई ने देशभर में एनालॉग पनीर पर सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है.

    खाद्य नियामक एफ़एसएसएआई ने गुरुवार को एक अधिसूचना जारी कर प्रस्ताव दिया है कि दूध के बिना बने उत्पादों को "पनीर" के नाम से बेचने या प्रचारित करने की अनुमति नहीं होगी.

    एफ़एसएसएआई का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को उत्पाद की वास्तविक प्रकृति और संरचना के बारे में गुमराह होने से रोका जा सकेगा.

    मसौदे के अनुसार, "एनालॉग इन डेरी कॉन्टेक्स्ट" श्रेणी में रजिस्टर्ड उत्पादों को भी अपने नाम, लेबल और मार्केटिंग से "पनीर" शब्द हटाना होगा.

    एनालॉग पनीर क्या है?

    पारंपरिक पनीर दूध से बनाया जाता है. कुछ खट्टी चीज़ों की मदद से दूध को जमाया जाता है और इससे पनीर तैयार होता है.

    एनालॉग पनीर इसका एक सस्ता विकल्प है. इसमें दूध की जगह दूसरे पदार्थ इस्तेमाल किए जाते हैं.

    मसलन, दूध से मिलने वाले फैट की जगह वनस्पति तेल या वनस्पति फैट और दूध से मिलने वाले प्रोटीन की जगह सोया या मटर से मिलने वाले प्रोटीन का इस्तेमाल किया जाता है.

    कई बार एनालॉग पनीर बनाने में स्टार्च और दूसरी चीज़ें जिनमें केमिकल्स भी शामिल हैं, मिलाई जाती हैं.

  9. पाकिस्तानी हमले के बाद अफ़ग़ान तालिबान बोला- कड़ा जवाब दिया जाएगा

    तालिबान सैनिक

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, गुरुवार को अफ़गानिस्तान के खोस्त प्रांत के गुरबुज़ ज़िले में पाकिस्तानी हवाई हमले के बाद, एक क्षतिग्रस्त घर के पास तैनात तालिबान का सुरक्षाकर्मी

    पाकिस्तान ने गुरुवार को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ कार्रवाई करते हुए कंधार, पक्तिया और खोस्त प्रांतों में हवाई हमले किए.

    पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया है कि वायुसेना ने अफ़ग़ानिस्तान के उन 10 ठिकानों पर हमला किया जहां से ड्रोन स्टोर किए गए थे और लॉन्च किए गए थे.

    अफ़ग़ान तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फ़ितरत ने बयान जारी कर बताया कि इन हमलों की वजह से चार अफ़ग़ान नागरिकों की मौत हो गई.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "अफ़ग़ानिस्तान का इस्लामिक अमीरात इन अंधाधुंध और कायरतापूर्ण हमलों की कड़ी निंदा करता है. ये सभी नियमों और सिद्धांतों का खुला उल्लंघन और एक आक्रामक और आपराधिक कार्रवाई है."

    उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान का इस्लामिक अमीरात अपने लोगों को भरोसा दिलाता है कि पाकिस्तानी सैन्य शासन की इन कार्रवाइयों और हमलों का उचित और कड़ा जवाब दिया जाएगा.

    दरअसल, पाकिस्तान ने बुधवार को दावा किया था कि अफ़ग़ानिस्तान से उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाले 'आठ ड्रोन्स को मार गिराया' था. हालांकि ऐसे किसी हमले से अफ़ग़ानिस्तान ने इनकार किया था.

  10. सुप्रीम कोर्ट ने नोएडा डीएम मेधा रूपम को दी राहत, उनके ख़िलाफ़ की गईं टिप्पणियों पर रोक

    मेधा रूपम

    इमेज स्रोत, medharoopam

    इमेज कैप्शन, मेधा रूपम और उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) की ज़िलाधिकारी मेधा रूपम की याचिका पर दिए गए अपने अंतरिम आदेश को संशोधित करते हुए स्थिति स्पष्ट कर दी है.

    लाइव लॉ के मुताबिक, अब रोक केवल इलाहाबाद हाईकोर्ट की उन टिप्पणियों और निर्देशों पर है, जो मेधा रूपम के ख़िलाफ़ दिए गए थे.

    सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि हाईकोर्ट के उस फैसले पर रोक नहीं लगाई गई है, जिसमें छात्रा आकृति चौधरी की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत हुई हिरासत को रद्द किया गया था.

    लाइव लॉ के मुताबिक, पहले अपलोड किए गए आदेश में कहा गया था कि मामले की सुनवाई होने तक हाईकोर्ट के फैसले पर रोक रहेगी, खासकर उसके पैराग्राफ 27 से 33 पर. बाद में आदेश को संशोधित कर स्पष्ट किया गया कि रोक केवल पैराग्राफ 27 से 33, उनमें दिए गए खर्च के आदेश और मेधा रूपम के ख़िलाफ़ की गई कड़ी टिप्पणियों पर लागू होगी.

    मेधा रूपम और उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी. जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एन.के. सिंह की पीठ ने मामले की सुनवाई की.

    हाईकोर्ट के पैराग्राफ 27 से 33 में ज़िलाधिकारी के ख़िलाफ़ टिप्पणियां और छात्रा को 5 लाख रुपये मुआवज़ा देने का निर्देश शामिल था. यह राशि मेधा रूपम के वेतन से वसूलने का निर्देश दिया गया था.

  11. सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की, क्या कहा

    सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ तीखा बयान देते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है.

    गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभिजीत दीपके ने ज्ञानेश कुमार को देश के लिए “सबसे बड़ा खतरा” बताते हुए उन पर लोकतंत्र को नुक़सान पहुंचाने का आरोप लगाया.

    दीपके ने कहा कि लोकतंत्र का मतलब है कि जनता अपने प्रतिनिधियों और सरकार को चुनती है.

    उन्होंने कहा, "ज्ञानेश कुमार के मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद सरकार यह तय कर रही है कि कौन वोट दे सकेगा और कौन नहीं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसे लोकतंत्र कहा जा सकता है."

    सीजेपी के संस्थापक ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है और इससे लोकतंत्र की मूल भावना बदल गई है.

    दीपके ने ज्ञानेश कुमार को इस्तीफे के लिए 48 घंटे का समय दिया है. उन्होंने कहा कि अगर 48 घंटे में इस्तीफ़ा नहीं दिया गया तो सीजेपी देशभर में आंदोलन शुरू करेगी और जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक पीछे नहीं हटेगी.

    वहीं, प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सीजेपी के सौरव दास ने ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा और उनके ख़िलाफ़ क्रिमिनल प्रोसीडिंग्स की मांग की है. साथ ही उन्होंने आने वाले चुनाव होल्ड करने, एसआईआर को फ्रीज़ करने और जनवरी 2025 के वोटर रोल करने की मांग की.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सौरव दास ने साल 2023 में चुनाव आयुक्त चुनने के लिए बनाए गए क़ानून को वापस लेने की मांग की.

  12. भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराया, एशियाई खेलों में लगातार तीसरी जीत

    हॉकी इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय हॉकी खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई खेल 2026 में लगातार तीसरी जीत दर्ज की है. भारत ने पूल ए के मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराया.

    हॉकी इंडिया के अनुसार,भारत ने मैच के पहले हाफ़ में 5-0 की बढ़त बना ली थी. टीम ने दूसरे हाफ़ में तीन और गोल किए, जबकि दक्षिण कोरिया दो गोल कर सका.

    यह एशियाई खेलों के इतिहास में दक्षिण कोरिया के ख़िलाफ़ भारत की सबसे बड़ी जीत भी है.

    भारत का अगला मुकाबला 26 सितंबर को जापान से होगा.

    एशियाई खेलों में भारत की यह लगातार तीसरी जीत है.

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  14. प्रियंका गांधी की ज्ञानेश कुमार पर 'देशद्रोह' के लिए आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने चुनाव आयुक्त को क़ानूनी सुरक्षा मिलने पर सवाल उठाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    केरल में वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने चीफ़ इलेक्शन कमिश्नर (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह के लिए आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गुरुवार को वायनाड के दौरे पर पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "जो कोई भी हमारे चुनावों की प्रक्रिया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ करता है और देश के ख़िलाफ़ देशद्रोह कर रहा है. मुझे नहीं लगता कि इस पद पर बैठे किसी भी व्यक्ति को उस तरह की कानूनी सुरक्षा मिलनी चाहिए, जैसी मुख्य चुनाव आयुक्त को मिलती है."

    उन्होंने कहा, "मतदाता सूची में छेड़छाड़ करना, 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाना यह लोकतंत्र, संविधान और देश के ख़िलाफ़ आपराधिक कृत्य है. चूंकि आपराधिक कृत्य एक ख़ास क़ानून के तहत आते हैं और ऐसे कृत्य करने वाले लोगों पर आम तौर पर मुकदमा चलाया जाता है, इसलिए मुझे समझ नहीं आता कि चुनाव आयुक्त को इससे किसी तरह की क़ानूनी सुरक्षा क्यों मिलनी चाहिए."

    प्रियंका गांधी ने कहा, "उनके ख़िलाफ़ किसी अन्य अपराधी की तरह आपराधिक मुकदमा चलना चाहिए और उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए."

    इस बीच चुनाव आयोग को लेकर उठे सवाल पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार शाम चार बजे नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस करेंगे.

  15. नोएडा डीएम मेधा रूपम के ख़िलाफ़ इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट का स्टे

    अदालत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने नोएडा में मज़दूरों के प्रदर्शन के दौरान ज़िला प्रशासन के रवैये की सख़्त आलोचना की थी

    दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) की ज़िलाधिकारी मेधा रूपम के ख़िलाफ़ इलाहाबाद हाई कोर्ट के दंडात्मक आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है.

    बीते अप्रैल में नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के मामले में स्टूडेंट आकृति चौधरी को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत में रखने के लिए हाई कोर्ट ने डीएम को अपनी जेब से 5 लाख रुपये का मुआवज़ा देने का निर्देश दिया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के उस फैसले के अमल पर भी रोक लगा दी, जिसमें छात्रा की हिरासत को रद्द कर दिया गया था.

    लाइव लॉ के मुताबिक़ जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एनके सिंह की बेंच ने डीएम और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दायर दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अंतरिम रोक का आदेश दिया.

    सुनवाई के दौरान बेंच ने डीएम की ओर से पेश भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी की दलीलें सुनीं.

    सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के पैराग्राफ 27 से 33 पर रोक लगा दी. इन पैराग्राफ़ में हाई कोर्ट ने डीएम के ख़िलाफ़ कड़ी टिप्पणियां की थीं और चेतावनी दी थी कि लापरवाह नौकरशाही का लगातार 'तानाशाही' रवैया उत्तर प्रदेश को 'ऑरवेलियन डिस्टोपिया' में बदल सकता है.

    इन्हीं पैराग्राफ़ में डीएम को 5 लाख रुपये का मुआवज़ा अपनी जेब से देने का निर्देश भी शामिल था.

  16. अफ़ग़ानिस्तान के 10 ड्रोन ठिकानों पर पाकिस्तान ने किया हमला

    अफ़ग़ानिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कंधार के पास हुए हमले के बाद आग का गुबार उठता दिखाई दिया है

    पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया है कि वायुसेना ने अफ़ग़ानिस्तान के उन 10 ठिकानों पर हमला किया जहां से ड्रोन स्टोर किए गए थे और लॉन्च किए गए थे.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान ने उन जगहों का कोई ब्योरा नहीं दिया जहां हमले हुए.

    इससे पहले पाकिस्तान ने बुधवार को दावा किया था कि अफ़ग़ानिस्तान से उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाले 'आठ ड्रोन्स को मार गिराया' था.

    तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सिद्दीकुल्लाह नुसरत ने बुधवार को बीबीसी को बताया कि 'पाकिस्तान पर अफ़ग़ानिस्तान की ओर से कोई हमला नहीं किया गया.'

    उन्होंने कहा, "अफ़ग़ान वायु सेना ने अभी तक कोई ड्रोन हमला नहीं किया है, और जवाबी कार्रवाई का समय और स्वरूप अफगान वायु सेना द्वारा ही निर्धारित किया जाएगा."

    उधर, अफ़ग़ानिस्तान के टोलो न्यूज़ ने खोस्त के गवर्नर के प्रवक्ता मुस्तग़फ़र गुरबुज़ के हवाले से बताया, "पाकिस्तान के हमले सुबह करीब 3.30 बजे हुए और गुरबुज़ ज़िले के कैंप गुल्लन इलाके के साथ-साथ इस्माइल खेल और मंदोजी ज़िलों के कुछ इलाकों को निशाना बनाया गया."

    उनके अनुसार, हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ.

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार ने ये नहीं बताया कि हमले वाली जगहें कौन सी हैं.

    हालांकि गेटी इमेजेज़ ने एएफ़पी समाचार एजेंसी की ओर से कुछ तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें कंधार में हवाई हमले के बाद आग की लपटें और धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है.

  17. बिहारः जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की के साथ अभद्रता, चार गिरफ़्तार

    बिहार पुलिस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, समस्तीपुर से लोकसभा सांसद शाम्भवी चौधरी ने लड़की की पहचान ज़ाहिर न करने की लोगों से अपील की है (प्रतीकात्मक फ़ोटो)

    बिहार में जमुई के बाद, समस्तीपुर में भी एक लड़की के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, समस्तीपुर के एसपी ने बताया कि जगतसिंहपुर बांध इलाक़े में दिन-दहाड़े एक लड़की को परेशान करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके आधार पर चार आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है और एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    समस्तीपुर पुलिस ने बयान जारी किया है, “उक्त मामले में कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस ने चारों अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.”

    बयान के अनुसार, "लड़की की पहचान नहीं हो पाई है लेकिन पुलिस अधिकारियों के बयान के आधार पर ही भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत कर्पूरीग्राम थाना में गुरुवार को मामला दर्ज किया गया है."

    समस्तीपुर से लोकसभा सांसद शाम्भवी चौधरी ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, “हमें कल देर रात इस घटना की जानकारी मिली. इसके बाद से ही हम लगातार पुलिस अधीक्षक एवं प्रशासन के संपर्क में हैं और मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए बात की. वीडियो के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.”

    “हमारी बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. दोषियों के ख़िलाफ़ क़ानून के तहत सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित हो, इसके लिए हम प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं.”

    साथ ही उन्होंने घटना से संबंधित वीडियो को बच्ची के चेहरे या पहचान के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने की अपील की है.

  18. जज ने ट्रंप के व्हाइट हाउस मीडिया बैन पर लगाई रोक तुरंत हटाने को कहा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Spencer Platt/Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले सप्ताह तीन समाचार संगठनों पर व्हाइट हाउस की रिपोर्टिंग से बैन कर दिया था

    अमेरिका में एक जज ने व्हाइट हाउस को तीन समाचार संगठनों पर लगाई गई रोक को तुरंत हटाने का आदेश दिया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह इन समाचार संगठनों को व्हाइट हाउस में प्रवेश से रोक दिया था.

    डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ कोलंबिया की एक अदालत ने इस प्रतिबंध के ख़िलाफ़ अस्थायी रोक का आदेश जारी किया है. इसके तहत सीएनएन, एमएस नॉउ और पॉलिटिको की व्हाइट हाउस तक पहुंच 14 दिनों के लिए बहाल करनी होगी.

    इन तीनों मीडिया संस्थानों ने प्रतिबंध को असंवैधानिक बताते हुए अदालत में क़ानूनी चुनौती दी थी.

    ट्रंप प्रशासन ने अदालत में इस कदम का बचाव करते हुए इन मीडिया संस्थानों पर ग़लत जानकारी प्रकाशित करने और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा करने का आरोप लगाया.

    अदालत ने इस दलील को ख़ारिज़ कर दिया.

  19. अमेरिका में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भव्य स्वागत, देखें तस्वीरें

    ट्रंप और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन

    डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी यात्रा पर पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भव्य स्वागत किया.

    ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में शी जिनपिंग का रेड कार्पेट और सैन्य विमानों के फ्लाईपास्ट के साथ स्वागत किया गया.

    स्वागत समारोह के दौरान 100 फुट लंबा रेड कार्पेट बिछाया गया था और शी के आगमन के मौके पर दो बी-1 बॉम्बर विमानों ने ऊपर से उड़ान भरी.

    शी जिनपिंग और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सुपरसोनिक विमान अमेरिकी सैन्य हथियारों का अहम हिस्सा हैं और इनके गुजरने पर बेहद तेज़ आवाज़ होती है.

    शी जिनपिंग और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग के स्वागत के लिए रनवे पर रेड कार्पेट बिछाया गया था

    बीबीसी संवाददाता बर्न्ड डेबुसमैन ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में मौजूद थे. उन्होंने शी के अमेरिका पहुंचने पर हुए भव्य स्वागत और समारोह के बारे में जानकारी दी.

    अमेरिकी की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया के साथ रष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया के साथ रष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी की अगवानी करने पहुंचे

    शी के तीन दिवसीय दौरे का कार्यक्रम

    चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा तीन दिनों तक चलेगी और व्हाइट हाउस उनके स्वागत की भव्य तैयारियां कर रहा है.

    शी जिनपिंग अपने तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका पहुंचे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग अपने तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका पहुंचे

    यात्रा का कार्यक्रम इस तरह होगा-

    बुधवार

    शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन मैरीलैंड स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनका स्वागत किया.

    गुरुवार

    • ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस में शी जिनपिंग और पेंग लियुआन की मेजबानी करेंगे.
    • स्वागत समारोह के बाद व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में सैन्य निरीक्षण होगा.
    • ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी.
    • अमेरिकी और चीनी अधिकारियों के साथ टेक्नोलॉजी क्षेत्र के नेता राजकीय रात्रिभोज में शामिल होंगे. ट्रंप और शी दोनों भाषण देंगे.

    शुक्रवार

    • शी जिनपिंग और पेंग लियुआन व्हाइट हाउस में ट्रंप और मेलानिया ट्रंप के साथ निजी चाय बैठक में शामिल होंगे.
    • दोनों दंपती नेशनल आर्काइव्स का दौरा करेंगे, जहां अमेरिका के स्वतंत्रता की घोषणा और संविधान जैसे संस्थापक दस्तावेज सुरक्षित रखे गए हैं.
    • इसके बाद शी जिनपिंग और पेंग लियुआन ज्वाइंट बेस एंड्रयूज से रवाना होंगे.
    तोपों की बैटरी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग के स्वागत के समय एयर बेस पर अत्याधुनिक फ़ाइटर जेट और अन्य हथियार भी रखे गए थे
    शी जिनपिंग का स्वागत

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति के स्वागत के लिए 100 फ़ुट का रेड कार्पेट बिछाया गया
    चीन के राष्ट्रपति का स्वागत

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति के स्वागत के लिए वाहनों का एक लंबा काफ़िला भी बेस पर मौजूद था
    चीन के राष्ट्रपति का स्वागत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्वागत में तोपों की सलामी, अमेरिका और चीन के झंडे वाली तीन तीन कलर टीमें, अमेरिकी वायु सेना के बैंड भी थे. इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए.
  20. एआई एजेंट ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार के पोर्टल में लगाई सेंध, पीएम ने क्या कहा

    ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इसे 'अस्वीकार्य' बताया है.

    ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा है कि ओपन एआई के एक आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस एजेंट ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की एक वेबसाइट में 'घुसपैठ' की.

    एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया की सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा योजना मेडिकेयर से जुड़े 'गैर-संवेदनशील' डेटा वाले एक स्टैटिस्टिक्स पोर्टल को हैक किया.

    अल्बनीज के मुताबिक़, यह सेंध जून में लगी थी, लेकिन ओपन एआई को इसकी जानकारी अगस्त में हुई और उसने 10 सितंबर तक सरकार को इसकी सूचना नहीं दी.

    ओपन एआई का कहना है कि ऐसा नहीं माना जा रहा है कि किसी मरीज के रिकॉर्ड तक पहुंच बनाई गई थी.

    अल्बनीज ने कहा कि उन्होंने इस घटना को लेकर ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन के साथ 'बेहद स्पष्ट बातचीत' की.

    ऑस्ट्रेलिया की साइबर सुरक्षा एजेंसी इस सेंध की जांच कर रही है. अल्बनीज ने इसे 'अस्वीकार्य' बताया है.