सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट पर क्या बोले अभिजीत दीपके?

इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images
राजस्थान के जयपुर ग्रामीण में रामपुरा, कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने गए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता आशुतोष रांका और कार्यकर्ताओं के साथ कुछ ग्रामीणों ने मारपीट की.
इस घटना के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि आशुतोष रांका के साथ बीजेपी के लोगों ने मारपीट की है.
राजस्थान पुलिस को टैग करते हुए उन्होंने एक्स पर लिखा, “ऐसा लगता है कि जब गुंडे सरकारी स्कूलों का दौरा करने वाले सीजेपी वॉलंटियर्स पर हमला करते हैं, तो राजस्थान पुलिस बस मूकदर्शक बनी रहती है. उन्हें भैंसों के बाड़ों में चल रहे स्कूलों से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन सीजेपी वॉलंटियर्स के उन स्कूलों में जाने से उन्हें परेशानी है. आखिर वे किस चीज़ की सुरक्षा करने की कोशिश कर रहे हैं?”
वहीं आशुतोष रांका ने कुछ देर पहले एक्स पर पोस्ट कर गांव वालों को दोष न देने की अपील की.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "मीडिया से अपील है कि आज हुई घटना के लिए गांव वालों को दोष न दें. हिंसा भड़काने के लिए बाहर से लोगों को भेजा गया था. ग्रामीणों ने ही हमसे स्कूल का निरीक्षण करने के लिए आने का अनुरोध किया था. मुझे बताया गया है कि स्थानीय बीजेपी पार्षद को कुछ गुंडों के बीच पैसे बांटते हुए देखा गया था."
















