दिल्ली: पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में एफ़आईआर दर्ज कराने पहुँचे राहुल गांधी

इमेज स्रोत, INCIndia
दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के डीसीपी ऑफिस में मौजूद हैं.
उन्होंने अपने साथ जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान ज़ख़्मी हुए छात्र साहिल लोचव को भी लाया है. आरोप है कि साहिल 20 जुलाई को पेलट गन से ज़ख़्मी हुए थे.
राहुल गांधी की मांग है कि साहिल लोचव की ओर से दी गई लिखित पुलिस शिकायत के आधार पर एफ़आईआर दर्ज की जाए. इसी मांग को लेकर वह पुलिस अधिकारियों से बात कर रहे हैं.
राहुल गांधी के साथ कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा भी मौजूद हैं.
राहुल गांधी लगातार इस बात पर ज़ोर दे रहे हैं कि उनकी शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज करे. फिलहाल वह साहिल लोचव और पार्टी सांसद कुमारी सैलजा के साथ डीपीसी ऑफिस में मौजूद हैं.
कांग्रेस पार्टी ने गृह मंत्री अमित शाह पर पैलेट गन चलवाने का आरोप लगाया है.
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "अमित शाह ने देश के बच्चों पर पैलेट गन चलवाई, जिसमें साहिल को पैलेट लगने से आंख में गंभीर चोट आई थी. साहिल और उनकी मां लगातार पुलिस के पास जाकर एफ़आईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे थे, जिसे पुलिस नज़रअंदाज कर रही थी. इसलिए आज नेता विपक्ष राहुल गांधी, साहिल और उसकी मां के साथ पुलिस अधिकारियों से मिले और जांच की जानकारी मांगी."
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि साहिल की कंप्लेन पर इंवेस्टिगेशन नंबर नहीं दिया गया है, जिससे कि एफ़आईआर दर्ज हो सके.



















