जयपुर ग्रामीण में स्कूल निरीक्षण करने पहुंचे आशुतोष रांका समेत सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
आज जयपुर ग्रामीण के एक सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता आशुतोष रांका और कार्यकर्ताओं का ग्रामीणों ने विरोध किया. आरोप है कि ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें गांव से बाहर जाने के लिए मजबूर किया.
वीडियो में दिख रहा है कि ग्रामीण ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए सीजेपी कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर जाने के लिए बोल रहे हैं.
सीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी ग्रामीणों ने मारपीट की.
सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि गांव में बीजेपी के बुलाए हुए लोग विरोध करने के लिए पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि वे इस तरह के विरोध से डरने वाले नहीं हैं.

इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
आशुतोष रांका ने एक्स पर लिखा, "रामपुरा, कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल पिछले कई सालों से भैंसों के तबेले में चल रहा है. मैं अभी वही पहुंच रहा हूं. लेकिन हमारी टीम के कुछ साथी जो वहां पहुंचे हुए थे, उनके साथ भाजपा के गुंडे फिर मारपीट पर उतर आए. भाजपा को हमारे बच्चे भैंसों के तबेले में पढ़ते रहे, यह मंज़ूर है, लेकिन इन स्कूलों को अगर हम ठीक करवाने की कोशिश करें यह मंज़ूर नहीं है. इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है?"
सीजेपी कार्यकर्ता रेखा शर्मा ने बताया, “हम लोग जब स्कूल का विजिट करने के लिए गांव की ओर बढ़ रहे थे, तो पूरे के पूरे गांव वाले खड़े थे. इसमें बागड़ा समाज के लोग, बीजेपी के कार्यकर्ता और गुंडे भी थे. जैसे ही हम गांव में दाखिल हुए, उन्होंने हम पर हमला शुरू कर दिया. आशुतोष रांका समेत दूसरे साथियों पर भी हमला किया. मेरे साथ भी धक्का-मुक्की की गई. बुज़ुर्ग लोगों से ऐसी उम्मीद नहीं थी कि वे हमारे साथ बदतमीज़ी करेंगे.”
एक अन्य कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि गांव वालों ने उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और उन्हें ‘पाकिस्तानी’ कहकर बुलाया.
वहीं, सीजेपी का विरोध कर रहे एक ग्रामीण ने दावा किया कि स्कूल की मरम्मत के लिए 12 लाख रुपये पास हो चुके हैं और यह काम बीजेपी करा देगी.
उन्होंने कहा कि वे बीजेपी के लिए काम करते रहेंगे और हमेशा बीजेपी के साथ रहेंगे.














