पुलिस ने आशुतोष रांका और सीजेपी कार्यकर्ताओं को छोड़ा, रिहाई के बाद क्या कहा

इमेज स्रोत, ANI
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनके कार्यकर्ताओं को असम पुलिस ने रविवार देर रात अपनी हिरासत से रिहा कर दिया है.
रिहाई के बाद आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया साझा की. उन्होंने इसे असम पुलिस की 'ग़ैर-क़ानूनी हिरासत' क़रार दिया.
आशुतोष रांका ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन से उन्हें उसी स्थान पर वापस छोड़ने की मांग की है, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया था.
पुलिस हिरासत से छूटने के बाद आशुतोष रांका ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें वो अपने साथियों के साथ डिनर करते हुए नज़र आ रहे हैं. उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, "हिमंत बिस्वा सरमा, असम के कॉकरोच अभी तो बस शुरुआत कर रहे हैं!"

इमेज स्रोत, X/@AshutoshRanka
सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने भी रांका के छूटने के बाद मज़ाकिया अंदाज़ में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, “अरे यार… मैं तो सच में कल पुलिस स्टेशन पर तुम्हारे लिए स्ट्राइक में शामिल होने का इंतज़ार कर रहा था.”
गौरतलब है कि सीजेपी की टीम गुवाहाटी में वॉलंटियर्स की एक मीटिंग करने वाली थी, दावा है कि तभी उनकी गिरफ़्तारी हुई थी.










