लाइव, प्रवेश वर्मा ने वीडियो बना रहे शख़्स को मारा थप्पड़, केजरीवाल बोले - मंत्री को गिरफ़्तार करो

शख्स ने मंत्री प्रवेश वर्मा से माफी मांगने और उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी
  • अमेरिका पहुंचे शी जिनपिंग
  • मोटरसाइकिल चलाती ईरानी महिलाएं
  • चुटकियों में रुबिक क्यूब सॉल्व करने वाली 6 साल की बच्ची
  • 11 सितंबर, 2026 को प्रोटेस्ट करते बैंक कर्मचारी
  • ज़ोहरान ममदानी ट्रंप के सामने उनके मीडिया बैन पर बोले
  • आईआईटी बॉम्बे में एक स्टूडेंट की मौत
  • lowride cars

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. प्रवेश वर्मा ने वीडियो बना रहे शख़्स को मारा थप्पड़, केजरीवाल बोले - मंत्री को गिरफ़्तार करो

    प्रवेश वर्मा
    इमेज कैप्शन, वीडियो में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा एक शख़्स को थप्पड़ मारते हुए दिख रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को गिरफ़्तार करने की मांग की है.

    आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक्स एक वीडियो शेयर किया, जिसमें तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह सड़क की ऊपरी परत को हाथ से उखाड़कर दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को दिखा रहे हैं.

    इसके बाद प्रवेश वर्मा अपनी कार की ओर बढ़ते हैं. इस बीच वीडियो बना रहे एक शख्स को थप्पड़ मार देते हैं.

    इस घटना के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मंत्री को गिरफ़्तार करो, मैं कल यहां जाऊंगा."

    मंत्री ने जिस शख़्स को थप्पड़ मारा, उसने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "मैं विधायक की सोशल मीडिया गतिविधियां संभालता हूं. पीडब्ल्यूडी विभाग ने हमें इस सड़क की हालत देखने के लिए बुलाया था. सर ने उन्हें दिखाया कि सड़क की परत किस तरह टूट रही है. जब हमने यह बात बताई तो मंत्री जी इसे बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने मुझे थप्पड़ मार दिया. उनके साथ मौजूद लोगों ने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी."

    शख़्स ने मंत्री प्रवेश वर्मा से माफी मांगने और उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की है.

  2. प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग पर एक ख़ास पार्टी के लिए काम करने का आरोप लगाया

    प्रियंका गांधी
    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफ़े की मांग की है

    चुनाव आयोग से जुड़े विवाद पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मामला पूरी तरह से गैरक़ानूनी और अनैतिक है.

    प्रियंका गांधी ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, "जिन लोगों पर देश की चुनावी व्यवस्था और संस्थाओं को निष्पक्ष ढंग से चलाने की ज़िम्मेदारी है, उनके किसी राजनीतिक दल के प्रति झुकाव नहीं होना चाहिए."

    उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "चुनाव आयोग के शीर्ष पदों पर बैठे कुछ लोग न केवल राजनीतिक दलों के प्रति झुकाव रखते हैं, बल्कि उनका प्रचार भी कर रहे हैं."

    कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में निष्पक्ष चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं.

    उन्होंने कहा, "यह उन कई मामलों में से एक है, जिनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने गैरक़ानूनी और असंवैधानिक कदम उठाए हैं."

    प्रियंका गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफ़े की मांग की है.

    दरअसल, अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू की कई फ़ैसलों में असहमति रही है.

    जिसके बाद विपक्ष ज्ञानेश कुमार पर मनमाने तरीक़े से फ़ैसले लेने का आरोप लगा रहा है.

  3. दक्षिण अफ़्रीका में एक बार और एक एंटरटेनमेंट सेंटर में सामूहिक शूटिंग, 27 लोगों की मौत, शॉन सेडन

    दक्षिण अफ़्रीका
    इमेज कैप्शन, दक्षिण अफ़्रीका में कुछ दिन पहले ही एक ही घर पर हुए हमले में 11 लोगों की मौत हो गई थी

    दक्षिण अफ़्रीका में कुछ घंटों के अंतराल में हुई दो अलग-अलग सामूहिक शूटिंग की घटनाओं में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. यह देश में बढ़ती बंदूक हिंसा की ताज़ा घटना है.

    पहली घटना शनिवार रात जोहान्सबर्ग के पास एक बार में हुई.

    पुलिस के अनुसार, आठ हथियारबंद हमलावरों ने एक बार पर धावा बोल दिया और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए.

    दूसरी घटना रविवार तड़के केप टाउन के पास एक टाउनशिप में स्थित एक एंटरटेनमेंट सेंटर के बाहर हुई. यहां हुई गोलीबारी में 10 लोगों की जान चली गई और 11 अन्य घायल हो गए.

    मृतकों में से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

    जोहान्सबर्ग की घटना में हमलावरों ने सबसे पहले बार के बाहर मौजूद लोगों पर गोलियां चलाईं और फिर अंदर घुसकर भी फ़ायरिंग की.

    वारदात के बाद हमलावर दो वाहनों को आग लगाकर फरार हो गए. पुलिस ने बताया कि मृतकों में 13 पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं. हालांकि दोनों घटनाओं के पीछे का मक़सद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.

    पुलिस ने रविवार सुबह तक किसी भी मामले में गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की थी.

    इन घटनाओं से कुछ दिन पहले भी डरबन शहर के क्वामाखुथा टाउनशिप में एक घर पर हुए हमले में 11 लोगों की मौत हुई थी.

  4. 28 दिन वाला मोबाइल फ़ोन रिचार्ज 30 दिन का हुआ, राघव चड्ढा ने और क्या बताया

    राघव चड्ढा
    इमेज कैप्शन, मोबाइल रिचार्ज को लेकर राघव चड्ढा ने संसद में सवाल उठाया था

    नए नियमों के तहत प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं को अब अपनी ज़रूरत के मुताबिक, अधिक विकल्प और सुविधाजनक रिचार्ज प्लान मिल सकेंगे.

    बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, "नए प्रावधानों के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों को 30 दिन की वैधता वाले रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे. इससे ग्राहकों को साल में 13 बार की जगह केवल 12 बार रिचार्ज कराना पड़ेगा."

    उन्होंने आगे कहा, "ऐसे उपभोक्ताओं के लिए सिर्फ वॉयस कॉल और एसएमएस वाले प्लान भी उपलब्ध होंगे, जिन्हें मोबाइल डेटा की ज़रूरत नहीं है. यह कदम खास तौर पर बुजुर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और कम बजट वाले ग्राहकों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, जो मुख्य रूप से कॉलिंग और मैसेज की सुविधा का उपयोग करते हैं."

    राघव चड्ढा ने कहा कि ट्राई के इस फैसले का स्वागत किया जा रहा है.

  5. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  6. भारत ने वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी

    भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल
    इमेज कैप्शन, दोनों टीमों के बीच यह मुक़ाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफ़ील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो: शुभमन गिल)

    भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुक़ाबले में भारत ने टॉस जीता है. टीम ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    दोनों टीमों के बीच यह मुक़ाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफ़ील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. दोनों टीमों के बीच दोपहर 2 बजे मुक़ाबला शुरू होगा.

    दोनों टीमों के स्क्वॉड

    भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आक़िब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर

    वेस्टइंडीज: शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, शेरफ़ेन रदरफ़ोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, अमीर जांगू, मैथ्यू फ़ोर्ड, रोस्टन चेज़, गुडाकेश मोती, अल्ज़ारी जोसेफ़, जायडेन सील्स, शमर जोसेफ़, ज्वेल एंड्रयू, विटेल लॉव्स, कीमो पॉल

  7. न्यू जर्सी और बैंकॉक में बाढ़ जैसे हालात, तस्वीरों में दिखी बेहाल ज़िंदगी

    न्यू जर्सी
    इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में आपात स्थिति घोषित की गई है

    अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से में शक्तिशाली तूफ़ान के चलते तटीय इलाक़ों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है.

    तेज़ हवाओं और भारी बारिश के कारण बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है, जबकि ख़राब मौसम के चलते स्टेडियम में होने वाले कई कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं.

    अमेरिकी नेशनल वेदर सर्विस के मुताबिक़, शनिवार को न्यूयॉर्क सिटी और बोस्टन समेत कई इलाक़ों में तेज़ हवाएं और भारी बारिश दर्ज की गई.

    न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में इमरजेंसी घोषित की गई है. दोनों राज्यों के कुछ तटीय इलाक़ों में भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है. वर्जीनिया से लेकर मेन राज्य तक बारिश और तेज़ हवाओं का पूर्वानुमान जताया गया है.

    न्यू जर्सी के सर्फ़ सिटी में 26 सितंबर को बाढ़ से प्रभावित सड़कों पर लोगों के आने-जाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं.

    न्यू जर्सी
    इमेज कैप्शन, न्यू जर्सी में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी, इस दौरान सड़क पर भरे पानी के बीच से गुजरते लोग
    न्यू जर्सी
    इमेज कैप्शन, न्यू जर्सी में सड़क पर पानी भरने के बाद छोटी नाव से रास्ता पार करते लोग

    थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में लगातार हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ की आपात स्थिति घोषित कर दी गई है.

    गुरुवार से अब तक शहर में 300 मिलीमीटर (करीब 12 इंच) से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई है, जिसके कारण कई सड़कें पानी में डूब गई हैं.

    बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन अथॉरिटी ने रविवार को बताया कि बारिश अब थम गई है, लेकिन शहर की नहरों में पानी का स्तर अभी भी काफ़ी ऊंचा है. शहर के गवर्नर ने चेतावनी दी है कि बाढ़ का ख़तरा अभी टला नहीं है.

    प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है. वहीं, नहरों के आसपास रहने वाले लोगों को अपना सामान ऊपरी मंज़िलों पर ले जाने की सलाह दी गई है.

    थाईलैंड में इस मौसम में आमतौर पर गरज के साथ बारिश होती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में हुई अत्यधिक बारिश ने बैंकॉक की ड्रेनेज व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया.

    इसके चलते शहर की पहले से व्यस्त सड़कों पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है.

    बैंकॉक
    इमेज कैप्शन, थाईलैंड के बैंकॉक में सड़कों पर पानी भरने के बाद लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है
    बैंकॉक
    इमेज कैप्शन, बैंकॉक में भारी बारिश के बाद लोगों के घरों के बाहर पार्क की गई गाड़ियां पानी में डूब गईं
    बैंकॉक
    इमेज कैप्शन, बारिश के बाद सड़कों पर भरे पानी भर गया, जिसकी वजह से लोग घरों से बाहर नहीं निकले
  8. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान का ऑफ़र ठुकराया तो क्या बोले अब्बास अराग़ची?

    अब्बास अराग़ची
    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा कि उन्हें अमेरिका की तरफ़ से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान ने कहा है कि बातचीत के ज़रिए ही होर्मुज़ स्ट्रेट को दोबारा खोला जा सकता है.

    यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस ऑफ़र को ठुकरा दिया है, जिसमें एक सप्ताह के भीतर होर्मुज़ खोलने की बात कही गई थी.

    न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बातचीत में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा, "अमेरिका की ओर से ईरान को अब तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है."

    दरअसल ट्रंप ने इससे पहले कहा था कि ईरान ने होर्मुज़ खोलने का प्रस्ताव इसलिए दिया है, क्योंकि वह युद्ध में कमज़ोर स्थिति में है. हालांकि, अराग़ची ने कहा कि ईरान अपने प्रस्ताव में रखी शर्तों से पीछे नहीं हटेगा.

    ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक, इन शर्तों में क्षेत्र के सभी संघर्षों को रोकना शामिल है. इसमें लेबनान में जारी संघर्ष भी शामिल है. इसके अलावा ईरान ने अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने की मांग भी रखी है.

    इस बीच, ईरानी अधिकारियों ने जहाज़ों को चेतावनी दी है कि वे होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने के लिए उन मार्गों का इस्तेमाल न करें, जिन्हें ईरान ने 'अनधिकृत' बताया है.

  9. कॉकरोच जनता पार्टी का दावा- आशुतोष रांका को पुलिस ने हिरासत में लिया

    सीजेपी सह-संयोजक आशुतोष रांका
    इमेज कैप्शन, आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वो पुलिस वैन में बैठे हुए दिख रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया कि पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका को असम पुलिस ने गुवाहाटी सेहिरासत में लिया है.

    दावा है कि आशुतोष रांका को रविवार (27 सितम्बर 2026) को पार्टी की 'रीजनल वॉलंटियर्स मीट' से ठीक पहले उनकी टीम के साथ हिरासत में लिया गया.

    आशुतोष रांका ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वो पुलिस वैन में बैठे हुए दिख रहे हैं.

    उन्होंने मीडिया से कहा, "हिमंत बिस्वा सरमा डरे हुए हैं कि अगर हम असम के स्कूलों की वास्तविक स्थिति दिखा देंगे, तो पूरे देश को उनकी हालत के बारे में पता चल जाएगा."

    रांका ने कहा, "हिमंत बिस्वा सरमा इस बात से भी डरे हुए हैं कि काज़ीरंगा में हमारे लोगों के अधिकार किस तरह छीने जा रहे हैं और ज़मीन, जंगल तथा पानी को किस तरह कॉरपोरेट्स को दिया जा रहा है."

    दूसरी ओर, सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग की है. सीजेपी ने इस्तीफ़ा नहीं देने पर 2 अक्तूबर को देशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है.

  10. चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों पर योगी आदित्यनाथ ने ये कहा

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने देश में सबसे अधिक शासन किया, लेकिन वह लगातार चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा कर रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव आयोग की भूमिका पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है.

    योगी आदित्यनाथ ने सवाल उठाया है कि विपक्षी दल चुनाव हारते हैं तभी ईवीएम या चुनाव आयोग को क्यों ज़िम्मेदार ठहराते हैं.

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "कांग्रेस और विपक्षी दलों का नज़रिया हमेशा से अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए भारत की संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुँचाने, लोकतांत्रिक मूल्यों को कमज़ोर करने की हर उस साज़िश का हिस्सा रहे हैं, जिसके कारण दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को नुकसान पहुँच सके."

    "यह आश्चर्यजनक है कि देश का मुख्य विपक्षी दल और यूपीए गठबंधन से जुड़े अन्य दलों की वर्तमान हरकतें और उनकी बयानबाज़ी अत्यंत ग़ैर-ज़िम्मेदाराना और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुँचाने वाले हैं... एसआईआर को लेकर इन्होंने लगातार भ्रम फैलाया है. ऐसा पहली बार नहीं है, जब एसआईआर हुआ है, इससे पहले भी चुनाव आयोग ये करता रहा है."

    उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने देश में सबसे अधिक शासन किया, लेकिन वह लगातार चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा कर रही है. ये विपक्षी दल चुनाव जीत जाएँ तो इनका पुरुषार्थ है, जबकि जनता इन्हें नकार देती है तो ये चुनाव आयोग और ईवीएम को ज़िम्मेदार ठहराते हैं. इनको खुद इस पर विचार करना चाहिए."

    दरअसल, अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू की कई फ़ैसलों में असहमति रही है.

    जिसके बाद विपक्ष ज्ञानेश कुमार पर मनमाने तरीक़े से फ़ैसले लेने का आरोप लगा रहा है.

    वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग की है. सीजेपी ने इस्तीफ़ा नहीं देने पर 2 अक्तूबर को देशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है.

  11. भारत-वेस्टइंडीज़ के बीच पहला वनडे आज, कोहली पर सबकी निगाहें

    विराट कोहली
    इमेज कैप्शन, मैच के लिए टॉस दोपहर 1:30 बजे होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच तीन मैचों की वनडे सिरीज़ का पहला मुक़ाबला आज (रविवार) तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफ़ील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा.

    आगामी चैंपियंस ट्रॉफ़ी की तैयारियों के लिहाज़ से यह वनडे सिरीज़ भारत और वेस्टइंडीज़, दोनों के लिए अहम मानी जा रही है.

    सिरीज़ में भारतीय टीम की कमान युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल संभाल रहे हैं, जबकि वेस्टइंडीज़ की कप्तानी अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज़ शाई होप के हाथों में है.

    इस मैच से पहले पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली ने कहा है कि अब वो बाहरी उम्मीदों की चिंता किए बग़ैर खुलकर खेलना चाहते हैं. इसलिए सबकी नज़रें उन पर टिकी होंगी.

    मैच का टॉस दोपहर 1:30 बजे होगा, जबकि मुक़ाबला दोपहर 2 बजे से शुरू होगा.

    दोनों टीमों के स्क्वॉड

    भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आक़िब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर

    वेस्टइंडीज़: शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, शेरफ़ेन रदरफ़ोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, अमीर जांगू, मैथ्यू फ़ोर्ड, रोस्टन चेज़, गुडाकेश मोती, अल्ज़ारी जोसेफ़, जायडेन सील्स, शमर जोसेफ़, ज्वेल एंड्रयू, विटेल लॉव्स, कीमो पॉल

  12. असदुद्दीन ओवैसी ने चुनाव आयोग के किस फ़ैसले को गलत ठहराते हुए कहा- मैंने शुरू से इसका विरोध किया

    असदुद्दीन ओवैसी
    इमेज कैप्शन, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वो शुरू से ही एसआईआर का विरोध करते रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर सवाल उठाए हैं. साथ ही उन्होंने कहा है कि एसआईआर ग़लत फ़ैसला था.

    असदुद्दीन ओवैसी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "मैं शुरू से ही एसआईआर का विरोध करता रहा हूं. मेरा मानना है कि एसआईआर को लेकर लिया गया फ़ैसला ग़लत था, लेकिन हम क्या कर सकते थे? सुप्रीम कोर्ट ने इसे सही ठहराया."

    "चुनाव आयोग के फ़ैसले बहुमत के आधार पर होने चाहिए थे. देश को बताइए कि ये फ़ैसले किस बहुमत से लिए गए? आपको आज बताना था कि बहुमत से कितने फ़ैसले लिए गए. आपके दो चुनाव आयुक्तों ने असहमति के नोट दिए थे. अगर फ़ैसले बहुमत से नहीं लिए गए, तो उनकी क़ानूनी मान्यता क्या रह जाती है?"

    उन्होंने कहा, "एसआईआर की वजह से इस देश में ग़रीब सबसे ज़्यादा परेशान हो रहे हैं. दस्तावेज़ ढूंढने के लिए इधर-उधर भागने के कारण उनकी सम्मान को ठेस पहुंच रही है. इससे ग़रीबों पर इतना बड़ा बोझ पड़ रहा है कि मुझे समझ नहीं आता कि इसे कैसे संभाला जाएगा."

    ओवैसी ने कहा, "बीजेपी सरकार को उन लोगों की स्थिति के बारे में बताना चाहिए, जिनके नाम एसआईआर में नहीं आए. अब उन लोगों को देखिए, जिनके नाम छूट गए हैं- उनके बच्चों, बेटों, बेटियों या पोते-पोतियों का क्या होगा? वे अपने नाम कैसे जुड़वाएंगे? अगर उनके दादा-दादी या माता-पिता के नाम ही नहीं हैं, तो वे अपने परिवार का रिश्ता किसके साथ जोड़ेंगे?"

    वहीं, शनिवार को भारतीय चुनाव आयोग की बैठक में एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई फ़ैसले लिए गए.

    आयोग ने निर्देश दिया कि नोटिस पाए मतदाताओं के दस्तावेज़ बीएलओ घर जाकर जुटाएंगे और ईसीआईनेट पर अपलोड करेंगे, जबकि रैन बसेरों, मज़दूरों, ग़रीबों और बेघर लोगों के लिए विशेष सहायता केंद्र बनाए जाएंगे.

  13. रवि किशन से जुड़े वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने क्या कहा

    रवि किशन
    इमेज कैप्शन, वीडियो में एक शख़्स पर फ़ोन पर कथित तौर रवि किशन से बात करता हुआ दिखाई दे रहा है और जलभराव की शिकायत कर रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और अभिनेता रवि किशन से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है.

    वीडियो में एक शख़्स फ़ोन पर कथित तौर पर रवि किशन से बात करता हुआ दिखाई दे रहा है और जलभराव की शिकायत कर रहा है.

    इस पर सामने से जवाब आता है, "सपा जॉइन कर लिए हो क्या?" हालाँकि, बीबीसी हिन्दी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बीजेपी पार्षद ने गोरखपुर के बीजेपी सांसद रवि किशन से इलाक़े में भयंकर जलभराव की शिकायत की. इस पर सांसद जी भड़क गए और बोले: सपा जॉइन कर लिए हो क्या?"

    उन्होंने कहा, "ज़रा सोचिए- जो लोग अपनी ही पार्टी के पार्षद की नहीं सुन रहे, वो आम जनता को क्या समझते होंगे! यही बीजेपी की घटिया मानसिकता है."

    आगे लिखा, "इन्हें जनता की तो रत्ती भर परवाह है नहीं, लेकिन अगर कोई सवाल पूछ ले तो ऐसी ओछी बातों पर उतर आते हैं. शर्म आनी चाहिए."

    इस मामले पर सांसद रवि किशन का बयान सामने नहीं आया है. उनकी प्रतिक्रिया आते ही उसे भी हम यहां शामिल करेंगे.

  14. ईरान पर दबाव बढ़ाने के लिए अमेरिका अपना रहा है ये रणनीति, वित्त मंत्री ने बताया

    स्कॉट बेसेंट
    इमेज कैप्शन, अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि वॉशिंगटन ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए कई देशों के साथ काम कर रहा है.

    उन्होंने कहा कि उनके निर्देश पर कई देशों में प्रतिनिधिमंडल भेजे गए, ताकि ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए उन्हें राज़ी किया जा सके.

    बेसेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरे निर्देश पर टीमों को दुनिया के अलग-अलग देशों में भेजा गया, ताकि वे वहाँ की सरकारों से बात करें और ईरानी शासन के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग करें. इन कोशिशों का असर दिख रहा है."

    "तुर्की और ओमान ने अपने देशों के लिए महान एयर की उड़ानें बंद करने का ऐलान किया. यूएई ने ईरानी एयरलाइनों की सभी उड़ानें रोक दी हैं. वहीं, यूएई और तुर्की के बड़े बैंकों ने ईरान के साथ लेन-देन बंद कर दिया है."

    उन्होंने लिखा, "ईरान के नेतृत्व ने भी युद्ध से अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे असर को माना है. ईरानी मुद्रा रियाल की क़ीमत रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है. मैं ब्रिटेन, तुर्की, ओमान और यूएई की सरकारों का आभार व्यक्त करता हूं. हम साथ मिलकर काम करते रहेंगे, क्योंकि ईरान को अपने आतंकवादी एजेंडे को आगे बढ़ाने से रोकने के लिए अभी और काम करना बाकी है."

    स्कॉट बेसेंट ने द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट भी साझा की. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अधिकारी पिछले दो सप्ताह के दौरान 50 से ज़्यादा देशों के साथ तेहरान पर आर्थिक दबाव और बढ़ाने की योजना को लेकर चर्चा कर चुके हैं.

  15. संयुक्त राष्ट्र महासभा में रूस ने कहा, 'स्थाई सीट के लिए हमारा भारत को समर्थन'

    सर्गेई लावरोव
    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र को संबोधित करते हुए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी को रूस का समर्थन मिला है.

    संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र को संबोधित करते हुए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शनिवार को सुरक्षा परिषद में सुधार की वकालत की. साथ ही पश्चिमी देशों को अतिरिक्त स्थायी सीटें दिए जाने का विरोध किया.

    सर्गेई लावरोव ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के तहत पश्चिमी देशों, ख़ासकर जर्मनी और जापान को कोई अतिरिक्त सीट नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि वे अब सैन्यवाद और बदला लेने की राह पर बढ़ रहे हैं,” लावरोव ने कहा.

    लावरोव ने सुरक्षा परिषद में एशिया, अफ़्रीका और लैटिन अमेरिका के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की ज़रूरत बताई.

    उन्होंने कहा, “हम एशिया, अफ़्रीका और लैटिन अमेरिका के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने के पक्ष में हैं. हम स्थायी सीट के लिए ब्राज़ील और भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करते हैं.”

    रूस का यह रुख़ ऐसे समय सामने आया है, जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार को लेकर सदस्य देशों के बीच लंबे समय से चर्चा जारी है.

    गौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस के दौरान मॉरीशस ने भी सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन किया.

  16. ईरान वॉर के दौरान भारतीय नाविकों पर हुए हमलों को लेकर जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र में क्या कहा?

    एस जयशंकर
    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में संबोधन दिया

    भारत ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में दुनिया के नेताओं से कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच व्यावसायिक जहाज़ों और नाविकों को निशाना बनाना "बिल्कुल अस्वीकार्य" है.

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की आम बहस में कहा, “इस साल हम खाड़ी क्षेत्र में एक संघर्ष देख रहे हैं, जिसने पहले से मुश्किल स्थिति को और गंभीर बना दिया है. हम लगातार जारी हिंसा को लेकर बेहद चिंतित हैं.”

    उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाज़ों और नाविकों को निशाना बनाना 'बिल्कुल अस्वीकार्य' है.

    जयशंकर ने कहा, "भारत सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने, आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और व्यापार की आवाजाही को बिना रुकावट जारी रखने की अपील करता है."

    उन्होंने कहा कि समुद्री क्षेत्र में नई चुनौतियों ने ज़मीन पर पहले से मौजूद समस्याओं को और बढ़ा दिया है.

    जयशंकर ने कहा, “खाड़ी क्षेत्र में और लाल सागर से लेकर काला सागर तक व्यावसायिक जहाज़ों और नाविकों पर हमले हुए हैं. भारतीय नाविकों की भी जान गई है और दूसरे देशों के नाविकों की भी. यह पूरी तरह अस्वीकार्य है.”

    गौरतलब है कि अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के दौरान जहाज़ों पर हुए हमलों में कई भारतीय नाविकों की मौत हुई है.

  17. यूपी में भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत, कई इलाकों में बाढ़ का ख़तरा

    यूपी बाढ़
    इमेज कैप्शन, पिछले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश में सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश हुई

    उत्तर प्रदेश में शनिवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई है.

    राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने समाचार एजेंसी एएनआई से इसकी पुष्टि की.

    उन्होंने कहा, "पिछले 48 घंटों से राज्य के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है. इसका असर खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल से सटे जिलों में ज्यादा है. यह स्थिति चक्रवात असना के प्रभाव के कारण बनी है."

    आयुक्त ने कहा, "अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और अलग-अलग माध्यमों से लोगों को अलर्ट किया गया है. प्रभावित जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री भी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, 17 लोग घायल भी हुए हैं. एजेंसी ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि राज्य के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई और कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ का मध्यम खतरा बना हुआ है.

    पिछले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश में सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश हुई.

    भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं से खड़ी फसलों को नुक़सान पहुंचा और 117 मकान क्षतिग्रस्त हुए. पुलिस के मुताबिक़, अलग-अलग घटनाओं में मिट्टी की दीवार गिरने से पांच लोगों की मौत हुई.

    वहीं, तेज हवाओं और भारी बारिश के दौरान पेड़ उखड़ने से पांच लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हुए. लखीमपुर खीरी, अमेठी, बाराबंकी और गोरखपुर जिलों से लोगों के हताहत होने की ख़बर है.

    बारिश
    इमेज कैप्शन, लखनऊ में बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुई दीवार

    लखनऊ के चैना गांव में मिट्टी के मकान की दीवार गिरने से एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए. उन्हें मलबे से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. कन्नौज में लगातार हो रही बारिश से 20 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए.

    मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार से शनिवार सुबह तक लखनऊ में 125.8 मिलीमीटर बारिश हुई.

    फ़र्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात और हरदोई में सामान्य से 130 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया था. रविवार को भी कई जगहों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.

  18. एस जयशंकर का पाकिस्तान पर तीखा हमला, कहा- "लगातार आतंकवाद फैलाने वाला देश"

    एस जयशंकर
    इमेज कैप्शन, जयशंकर ने पाकिस्तान या प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ का नाम लिए बगैर तीखा हमला बोला

    भारत ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के बयान पर कड़ा जवाब दिया.

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, "लगातार आतंकवाद फैलाने वाला देश आतंकवाद को सामान्य बताने और उसके नतीजों से बचने की कोशिश करता है, तो यह स्वीकार नहीं किया जाएगा."

    दरअसल, एक दिन पहले ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने न्यूयॉर्क में चल रही यूएन जनरल असेंबली में कहा था कि दक्षिण एशिया को 2025 जैसे संघर्ष से दोबारा बचाने के लिए कश्मीर मुद्दे का “न्यायपूर्ण और निष्पक्ष समाधान” ज़रूरी है.

    उन्होंने कहा था कि भारत का सिंधु जल संधि को स्थगित रखना कानूनी आधार नहीं रखता. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भारत पाकिस्तान के हिस्से के सिंधु नदी के पानी को रोकता, बाधित करता या मोड़ता है, तो इसे “युद्ध की कार्रवाई” माना जाएगा.

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान की प्रतिक्रिया का जवाब देते हुए कहा, “कल आतंकवाद को लगातार अंजाम देने वाले एक देश ने इस महासभा के सामने तथ्यों को ग़लत तरीके से पेश किया.”

    जयशंकर ने पाकिस्तान या प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ का नाम नहीं लिया.

    जयशंकर ने कहा, “हमें आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपनी रक्षा करने का अधिकार है और हम इसका इस्तेमाल करेंगे.”

    उन्होंने कहा कि “दोस्ती और सद्भावना आतंकवाद के साथ नहीं चल सकते.”

    उन्होंने कहा, “ऐसी किसी समझ या रिश्ते पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है, जो आतंकवाद के साथ रहते हुए बनाए जाएं. आतंकवाद को अंजाम देने वाले को अपने तौर-तरीके बदलने होंगे.”

    जयशंकर ने दुनिया के नेताओं से कहा कि शांति के लिए लगातार बना हुआ एक बड़ा ख़तरा आतंकवाद है.

    उन्होंने कहा, “अगर किसी देश की तरफ़ से आतंकवाद को समर्थन दिया जाता है और उसका मक़सद सीमा पार तक फैला हुआ है, तो यह सीधे तौर पर वैश्विक व्यवस्था के ख़िलाफ़ है.”

    भारत ने ऐसे काम करने वाली सरकारों को जवाबदेह ठहराने की मांग की. जयशंकर ने कहा, “आतंकवाद के ख़िलाफ़ हमारी ज़ीरो-टॉलरेंस की नीति में कोई ढील नहीं होनी चाहिए. ख़ास तौर पर आतंकवाद के वित्तीय स्रोतों को सामने लाना और उन पर रोक लगाना ज़रूरी है.”

    शहबाज़ शरीफ़ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण के दौरान 2025 में भारत के साथ हुए संघर्ष में “समय पर दख़ल” देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को श्रेय दिया था.