प्रवेश वर्मा ने वीडियो बना रहे शख़्स को मारा थप्पड़, केजरीवाल बोले - मंत्री को गिरफ़्तार करो

इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को गिरफ़्तार करने की मांग की है.
आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक्स एक वीडियो शेयर किया, जिसमें तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह सड़क की ऊपरी परत को हाथ से उखाड़कर दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को दिखा रहे हैं.
इसके बाद प्रवेश वर्मा अपनी कार की ओर बढ़ते हैं. इस बीच वीडियो बना रहे एक शख्स को थप्पड़ मार देते हैं.
इस घटना के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मंत्री को गिरफ़्तार करो, मैं कल यहां जाऊंगा."
मंत्री ने जिस शख़्स को थप्पड़ मारा, उसने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "मैं विधायक की सोशल मीडिया गतिविधियां संभालता हूं. पीडब्ल्यूडी विभाग ने हमें इस सड़क की हालत देखने के लिए बुलाया था. सर ने उन्हें दिखाया कि सड़क की परत किस तरह टूट रही है. जब हमने यह बात बताई तो मंत्री जी इसे बर्दाश्त नहीं कर पाए और उन्होंने मुझे थप्पड़ मार दिया. उनके साथ मौजूद लोगों ने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी."
शख़्स ने मंत्री प्रवेश वर्मा से माफी मांगने और उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की है.






























