पाकिस्तानी सेना ने कहा, 'जंग में भारत ने हमारी ताक़त का 10-15 फ़ीसदी ही देखा'
पाकिस्तान सेना के मीडिया और जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) के डीजी अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा है कि पिछले साल हुई 'लड़ाई में भारत ने जो देखा वह हमारी कुल ताकत का 10 से 15 फ़ीसदी था.'
बीबीसी उर्दू के मुताबिक, डीजी आईएसपीआर अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा है, "हम तब भी तैयार थे और अब भी तैयार हैं. अगर किसी को कोई संदेह है, तो जान लें कि हमने अपनी शक्ति का एक उदाहरण प्रस्तुत किया है. इस बार 14 अगस्त को एक भव्य परेड होगी, जिसमें हम जनता को अपनी शक्ति का एक छोटा सा नमूना दिखाएंगे."
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने कहा, "भारत को हमारा संदेश साफ है, आप जो चाहें करें, चाहे वह पारंपरिक हो या अपरंपरागत, हम यहां खड़े हैं और पूरी ताक़त से जवाब देंगे."
उनके अनुसार, "यह युद्ध ज़मीन पर, हवा में, समुद्र में, साइबरस्पेस में और दिमागों में है. हम पहले भी तैयार थे और अब भी तैयार हैं. पाकिस्तान पर कोई भी आंच नहीं आ सकता. हम हर कीमत पर पाकिस्तान की रक्षा करेंगे."
'ऑपरेशन सिंदूर' पर क्या बोला भारत?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी गुरुवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बात की.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "आज हम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली सालगिरह मना रहे हैं. पूरी दुनिया ने पहलगाम आतंकी हमले को उसके असली रूप में देखा. सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए हमने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया. दुनिया जानती है कि पाकिस्तान लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद को अपनी सरकारी नीति के एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करता रहा है.”
उन्होंने कहा, "भारत में हमें आतंकवाद के ख़िलाफ़ अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है. हम आतंकवाद के ख़िलाफ़ वैश्विक लड़ाई को मज़बूत करने के लिए लगातार काम करते रहेंगे."