पीटरसन ने टीम पर भड़ास निकाली

केविन पीटर्सन
प्रकाशित

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के माहौल को बेहद 'नकारात्मक' बताया है.

उन्होंने साथी खिलाड़ी मैट प्रायर को ड्रेसिंग रूम का 'माहौल ख़राब करने वाला' और पूर्व कोच एंडी फ़्लावर को 'डर-डरकर फ़ैसले लेने वाला' बताया.

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड द्वारा अनुबंध ख़त्म किए जाने के बाद से पहली बार उन्होंने अपनी राय दी है. अख़बार डेली टेलीग्राफ़ से बात करते हुए पीटरसन ने कहा, "मुझे बेवजह बाहर किया गया और शैतान बनाकर पेश किया गया."

गुरुवार को पीटरसन की नई किताब आने वाली है उससे ठीक पहले उन्होंने ये बातें कहीं हैं.

34 साल के पीटरसन ने 104 टेस्ट मैचों में 47 की औसत से 8,181 रन बनाए. उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में कप्तानी भी की.

इंग्लैंड के खिलाड़ियों और कोच पर पीटरसन की राय

केविन पीटर्सन
इमेज कैप्शन, केविन पीटर्सन ने कहा कि उन्हें बेवजह टीम से बाहर किया गया.

पूर्व कोच एंडी फ़्लावर: उन्होंने एक टीम नहीं बल्कि एक सत्ता बनाई. मैंने उनकी कोचिंग के दौरान ये बात उनसे कई बार कही.

पूर्व उपकप्तान और विकेटकीपर मैट प्रायर: वो बहुत भयानक हैं. मैट, पीठ पर छुरा भोंकने वाले और माहौल को ख़राब करने वाले शख़्स हैं.

जिमी एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड: इन तेज़ गेंदबाजों को बहुत शक्तियां दी गई थीं. ये लोग ड्रेसिंग रूम तक चलाते थे.

पीटरसन के नाम से एक नकली ट्विटर अकाउंट की ख़बरों पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मुझे एक वरिष्ठ खिलाड़ी ने बताया कि ये अकाउंट ड्रेसिंग रूम से चलाया जा रहा है. मैं ये जानकर पूरी तरह से टूट गया. मानसिक तौर पर मैं बिलकुल ख़त्म हो गया."

'माफ़ी मांगने को मजबूर'

केविन पीटर्सन

मूलत: दक्षिण अफ़्रीका के केविन पीटरसन का क्रिकेट करियर इसी साल फ़रवरी में ख़त्म हो गया.

ऑस्ट्रेलिया के हाथों ऐशेज़ में इंग्लैंड की 0-5 से हार के बाद इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने उनका अनुबंध ख़त्म कर दिया था.

पीटरसन ने पूर्व कोच फ्लावर और कुछ सीनियर खिलाड़ियों पर ड्रेसिंग रूम में 'बुलीइंग कल्चर' को हवा देने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि मैदान में फ़ील्डिंग के दौरान कैच छोड़ने या कमज़ोर फ़ील्डिंग होने पर खिलाड़ियों को माफ़ी मांगने के लिए मजबूर किया जाता था.

(बीबीसी हिंदी के <link type="page"><caption> एंड्रॉएड ऐप</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं)