राहुल गांधी ने बीजेपी का धन्यवाद करते हुए कहा- बस सात दिन यही जोश बनाए रखें

इमेज स्रोत, Elke Scholiers/Getty Images
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक नवंबर को प्रस्तावित रैली में शामिल होने की अपील की है.
दरअसल, एक नवंबर को दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में चुनाव आयोग की कथित अनियमितताओं को लेकर इंडिया गठबंधन के दलों की महारैली है.
इसको लेकर राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "हमारा वोट चुराया जा रहा है और ये हम किसी हाल में चुपचाप नहीं सहेंगे. मतदाता सूचियों से नाम काटे गए. नियम-क़ानून तोड़े गए. और सवाल पूछने वालों पर लाठियां चलीं."
"छात्र, किसान, मज़दूर, महिलाएं, नौजवान और व्यापारी - जिस-जिस को लोकतंत्र की फ़िक्र है, वो एक नवंबर की रैली में ज़रूर आएं. वोट आपका है. लड़ाई भी आपकी है."
राहुल ने लिखा, "बीजेपी और उसके साथियों का दिल से धन्यवाद, जो इस कार्यक्रम का इतना ज़ोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंचा रहे हैं. बस अगले सात दिन भी यही जोश और लगन बनाए रखिए!"
दूसरी ओर, चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने राहुल गांधी से 10 नवंबर के बाद इस रैली को आयोजित करने की अपील की है.
व्यापार संगठन ने आशंका जताई है कि रैली के चलते दिवाली के व्यस्त खरीदारी सीज़न में दिल्ली के कारोबार को हज़ारों करोड़ रुपये का नुक़सान हो सकता है.















