जामिया: छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी, कई छात्र भूख हड़ताल पर

इमेज स्रोत, Getty Images
जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्र संघ की बहाली की मांग को लेकर स्टूडेंट्स अभी भी प्रदर्शन कर रहे हैं.
स्टूडेंट्स की मांग है कि छात्र संघ चुनाव की तारीखों की घोषणा की जाए.
प्रदर्शन के दौरान जिन स्टूडेंट्स पर कार्रवाई की गई है, उसे वापस लिया जाए और यूनिवर्सिटी के चीफ़ प्रॉक्टर और सिक्योरिटी एडवाइज़र अपने पद से इस्तीफ़ा दें.
जामिया प्रशासन ने देर रात छात्रों की मांगों को मानने का दावा करते हुए एक आदेश जारी किया है. आदेश में कहा गया है कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्र संघ का संविधान बनने के 15 दिनों बाद छात्र संघ का चुनाव कराया जाएगा.
देर रात को स्टूडेंट्स प्रदर्शन ख़त्म करने पर सहमत हो गए थे.
बाद में भूख हड़ताल पर बैठे तीन स्टूडेंट्स ने जामिया प्रशासन पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया. एबिन बासिल, रेहान और निदा अभी भी भूख हड़ताल पर बैठे हैं.
बीबीसी संवाददाता शुभ राणा के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के बाहर से कुछ स्टूडेंट्स को हिरासत में भी लिया गया है.
पिछले 15 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे एबिन बासिल ने कहा, "जब तक प्रशासन छात्र संघ चुनाव की तारीख तय नहीं करता, हम अपनी भूख हड़ताल ख़त्म नहीं करेंगे. हम प्रशासन से माफ़ी भी नहीं मांगने वाले हैं."
फिलहाल, कैंपस के अंदर स्टूडेंट्स और बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं.




























