मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना के बाद दी चेतावनी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार धार्मिक नारों की आड़ में 'गुंडागर्दी' के ख़िलाफ़ 'ज़ीरो टॉलरेंस' नीति अपनाएगी.
अधिकारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुक़सान पहुंचाने वालों के ख़िलाफ़ राज्य सरकार सख़्त क़ानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी.
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी कोलकाता के पार्क सर्कस इलाक़े में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना के एक दिन बाद आई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कथित अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे बुलडोज़र अभियान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया था. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में पत्थरबाज़ी की घटना को 'सुनियोजित' बताया. उन्होंने कहा इस घटना से पहले 'उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट किया था'.
उन्होंने कहा, "पुलिस कर्मी घायल होंगे और पुलिस (गृह) मंत्री एसी रूम में बैठकर देखते रहेंगे, ऐसे दिन भूल जाइए. अब बंगाल में गुंडागर्दी ख़त्म, ज़ीरो टॉलरेंस. उपद्रवियों को ये संदेश चला जाना चाहिए कि यह सरकार कार्रवाई करेगी."
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "पत्थरबाज़ी करना और धार्मिक नारों के साथ गुंडागर्दी करना, ये बंगाल में नहीं होगा."
संबंधित ख़बर: पश्चिम बंगाल: कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी