तमिलनाडु: विधानसभा में बहुमत परीक्षण आज, सीएम विजय को किनका समर्थन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) चीफ़ सी जोसेफ़ विजय आज विधानसभा में बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे.
दरअसल, 234 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए विजय को 118 विधायकों के समर्थन की ज़रूरत है.
टीवीके के अपने 108 विधायक हैं, जबकि उन्हें कांग्रेस, वीसीके, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वाम दलों का समर्थन हासिल है. इनके विधायकों की कुल संख्या 13 है.
वहीं, मंगलवार को ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (एआईएडीएमके) के एक गुट ने विजय को समर्थन देने की बात कही थी.
चेन्नई के एमआरसी नगर में एआईएडीएमके नेता सीवी शनमुगम ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बताया था कि बैठक में प्रस्ताव पास किया गया और मुख्यमंत्री विजय की सरकार को समर्थन देने का फ़ैसला लिया गया.
हालांकि, इस बीच एआईएडीएमके ने पार्टी के सभी 47 विधायकों के लिए व्हिप जारी किया है.