लाइव, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के प्रस्ताव को ठुकराया, क्या कहा?

अराग़ची के अनुसार, अगर अमेरिका इस योजना की शर्तों को मान ले और उन पर अमल करे, तो सात दिनों के बाद होर्मुज़ स्ट्रेट फिर से खोल दिया जाएगा.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी
  • अमेरिका पहुंचे शी जिनपिंग
  • मोटरसाइकिल चलाती ईरानी महिलाएं
  • चुटकियों में रुबिक क्यूब सॉल्व करने वाली 6 साल की बच्ची
  • 11 सितंबर, 2026 को प्रोटेस्ट करते बैंक कर्मचारी
  • ज़ोहरान ममदानी ट्रंप के सामने उनके मीडिया बैन पर बोले
  • आईआईटी बॉम्बे में एक स्टूडेंट की मौत
  • lowride cars

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के प्रस्ताव को ठुकराया, क्या कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, शनिवार को व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बात की

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने ईरान की उस पेशकश को ठुकरा दिया है, जिसमें सात दिनों के भीतर होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने और मध्य पूर्व में लड़ाई रोकने की बात कही गई थी.

    संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने एक सात दिन की योजना पेश की थी. इस योजना में होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने और अमेरिका के साथ बातचीत फिर से शुरू करने का प्रस्ताव था.

    शुक्रवार को न्यूयॉर्क में पत्रकारों से बात करते हुए अब्बास अराग़ची ने कहा कि यह योजना पहले हुए "इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन" का ही आगे का हिस्सा है.

    अराग़ची के अनुसार, अगर अमेरिका इस योजना की शर्तों को मान ले और उन पर अमल करे, तो सात दिनों के बाद होर्मुज़ स्ट्रेट फिर से खोल दिया जाएगा.

    उन्होंने बताया कि इस योजना के ज़्यादातर बिंदु वही हैं, जो जून में ईरान और अमेरिका के बीच बनी 14 सूत्रीय समझ में शामिल थे.

    लेकिन शनिवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मैंने उनका प्रस्ताव ख़ारिज कर दिया है. मैंने उनकी डील ठुकरा दी है."

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, ट्रंप ने कहा, "वे तुरंत होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के लिए समझौता करना चाहते हैं, क्योंकि वे बुरी तरह हार रहे हैं."

    ट्रंप ने आगे कहा, "वे समझौता करना चाहते हैं और मुझे लगता है कि यह ठीक है. मैं भी समझौता करना चाहता हूं. लेकिन वे चाहते हैं कि होर्मुज़ स्ट्रेट तुरंत खुल जाए, क्योंकि वहां से उन्हें पैसा मिलता है. उनकी ज़्यादातर कमाई इसी रास्ते से होती है."

    उन्होंने कहा कि ईरान के पास पैसे नहीं आ रहे हैं, इसलिए वह जल्द से जल्द इस मुद्दे पर समझौता करना चाहता है.

  3. ज्ञानेश कुमार पर राहुल गांधी बोले- पहले बीजेपी के लिए भर्ती करते थे, अब चुनाव के 'अंपायर'

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने केरल के पूर्व मुख्य सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जिजी थॉमसन के हालिया दावों का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनकी निंदा की है.

    राहुल गांधी ने केरल के पूर्व मुख्य सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जिजी थॉमसन के हालिया दावों का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए.

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "पहले ज्ञानेश कुमार का इस्तेमाल बीजेपी के लिए लोगों की भर्ती करने में किया गया. फिर मोदी और शाह ने उन्हें अंपायर बना दिया और भारत के चुनावों में मैच फिक्सिंग की ज़िम्मेदारी सौंप दी."

    दरअसल, केरल के पूर्व मुख्य सचिव और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जिजी थॉमसन ने दावा किया है कि ज्ञानेश कुमार ने उन्हें बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने की सलाह दी थी.

    जिजी थॉमसन ने ऑनमनोरमा को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि यह बातचीत साल 2016 में हुई थी, जब दोनों ही सरकारी सेवा में थे.

    उनके अनुसार, यह मुलाक़ात दिल्ली जाने वाली एक उड़ान के दौरान हुई थी. उस समय वह केरल के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे.

    थॉमसन ने कहा कि ज्ञानेश कुमार से उनकी अच्छी मित्रता थी. बातचीत के दौरान ज्ञानेश कुमार ने उनसे पूछा कि रिटायरमेंट के बाद उनकी क्या योजना है.

    इस पर उन्होंने जवाब दिया कि उन्होंने कोई विशेष योजना नहीं बनाई है.

    थॉमसन के अनुसार, इसके बाद ज्ञानेश कुमार ने उन्हें सुझाव दिया कि वह वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव बीजेपी उम्मीदवार के रूप में लड़ें.

    जिजी थॉमसन ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार ने उनसे कहा था कि चुनाव जीतकर वे सांसद बन सकते हैं और आगे चलकर केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री बनने का अवसर भी मिल सकता है.

    हालांकि, थॉमसन ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया और चुनावी राजनीति में जाने से इनकार कर दिया था.

  4. छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से कई इलाक़ों में बाढ़, राजधानी रायपुर से कई जगहों का संपर्क टूटा, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    रायपुर
    इमेज कैप्शन, राजधानी रायपुर को दुर्ग ज़िले से जोड़ने वाले महादेव घाट पुल पर भी पानी भरा हुआ है

    छत्तीसगढ़ के ज़्यादातर इलाक़ों में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है. राज्य के कई इलाक़ों का संपर्क राजधानी से टूट गया है.

    वहीं बड़ी संख्या में लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है. राज्य से गुज़रने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, वहीं कुछ ट्रेनों का रूट बदला गया है. कई बांधों में पानी भरने के बाद उनके गेट खोल दिए गए हैं, जिससे नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है.

    राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि लगातार बारिश से बस्तर संभाग सहित अन्य क्षेत्रों में बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति बनी हुई है. सभी कलेक्टरों को राहत एवं बचाव कार्य पूरी तत्परता से चलाने और ज़रूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं.

    लगातार हो रही बारिश से दक्षिण छत्तीसगढ़ सबसे अधिक प्रभावित हुआ है. बस्तर में कम से कम 400 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है.

    रायपुर को जगदलपुर से जोड़ने वाला काकड़ी घाट पुल डूबने से राजमार्ग बंद हो गया है. इसी तरह बीजापुर, सुकमा में भी अधिकांश सड़कें पानी में डूबी हुई हैं. सुरक्षाबलों के कई कैंपों में भी पानी भरने की ख़बर है.

    धमतरी ज़िले से तीन लोगों के डूबने की ख़बर है, जिसमें से 15 वर्षीय एक बच्चे का शव बरामद किया गया है. वहीं अन्य लोगों की तलाश चल रही है.

    इसी तरह बिलासपुर की अरपा नदी में दो बच्चों के डूबने की पुष्टि हुई है. राजधानी रायपुर में भी एक नाले में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई.

    राजधानी रायपुर में भी निचले इलाक़ों में पानी भरने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को सामुदायिक भवनों और सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है.

    मौसम विभाग के अनुसार राज्य में औसतन 1128 मिमी बारिश होती है. लेकिन अभी तक राज्य में 1190 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 6 फ़ीसदी अधिक है.

  5. ओपनएआई ने माना उसके एआई बॉट्स ने कई सरकारी वेबसाइटों तक पहुंचने की कोशिश की

    सैम अल्टमैन
    इमेज कैप्शन, ओपनएआई के अनुसार, उसके एआई एजेंट्स ने सरकारों, विश्वविद्यालयों, सार्वजनिक एजेंसियों और अन्य संस्थानों की वेबसाइटों से जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया (फ़ाइल फ़ोटो- सैम ऑल्टमैन)

    आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी ओपनएआई ने माना है कि उसके एआई एजेंट्स (बॉट्स) ने दुनियाभर की कई संस्थाओं की वेबसाइटों से जानकारी जुटाने की कोशिश की.

    कंपनी ने बताया कि इस बारे में उसने कई संस्थानों को चेतावनी भी दी है.

    ओपनएआई के अनुसार, उसके एआई एजेंट्स ने सरकारों, विश्वविद्यालयों, सार्वजनिक एजेंसियों और अन्य संस्थानों की वेबसाइटों से जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया.

    इनमें अमेरिका का सिक्योरिटीज़ एंड एक्सचेंज कमीशन (एसईसी), सेंसस ब्यूरो और शिक्षा विभाग भी शामिल हैं.

    यह मामला उस घटना के कुछ दिनों बाद सामने आया है, जब ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा था कि ओपनएआई के एआई एजेंट्स ने सरकार की स्वास्थ्य योजना से जुड़ी गैर-सार्वजनिक फ़ाइलों तक पहुंच बनाई थी.

    पिछले कुछ समय से एआई तकनीक के नियंत्रण से बाहर होने और उसके संभावित ख़तरों को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ी हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों से एआई सुरक्षा और निगरानी पर नए सवाल खड़े होते हैं.

    ओपनएआई ने बताया कि उसके कुछ एआई एजेंट्स सार्वजनिक जानकारी के विश्वसनीय स्रोत खोजने के लिए काम कर रहे थे. हालांकि, कुछ मामलों में बॉट्स ने वेबसाइटों की सुरक्षा व्यवस्था को पार करने की कोशिश भी की.

    कंपनी के मुताबिक, सेंसस ब्यूरो से जानकारी हासिल करने के दौरान एआई एजेंट्स ने ऐसे टूल्स का इस्तेमाल किया, जो आमतौर पर सॉफ्टवेयर डेवलपर्स के लिए बनाए गए हैं.

    हालांकि, ओपनएआई ने स्पष्ट किया कि उसके बॉट्स द्वारा एक्सेस किया गया सरकारी डेटा सार्वजनिक रूप से उपलब्ध था और किसी गोपनीय सरकारी जानकारी तक पहुंच नहीं बनाई गई.

  6. नगालैंड में ज़हरीली शराब पीने से दो ज़िलों में 19 लोगों की मौत, 15 गिरफ़्तार, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    मिलावटी शराब
    इमेज कैप्शन, पुलिस का कहना है कि छापेमारी में 3 हज़ार से ज़्यादा शराब की बोतलें ज़ब्त की गई हैं

    नगालैंड में कथित तौर पर ज़हरीली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है. पुलिस के पास मौजूद जानकारी के मुताबिक़, अब तक ये सभी मौतें मोकोकचुंग और ट्यूएनसांग ज़िले में हुई हैं.

    अब तक मोकोकचुंग ज़िले में 8 लोगों की मौत हुई है जबकि ट्यूएनसांग ज़िले में मरने वालों की संख्या 11 बताई गई है.

    ज़हरीली शराब पीने से जुड़ी इस घटना की जानकारी देते हुए मोकोकचुंग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केज़ो ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "पहली दफा 24 सितंबर को हमें मोंगकॉन लाबा सब-डिविज़न में मिलावटी शराब पीने से चार लोगों की मौत की जानकारी मिली."

    "इसके बाद पुलिस ने इलाक़े में फौरन छापेमारी और जांच शुरू की.अब तक 7 लोगों को मिलावटी शराब के साथ गिरफ़्तार किया गया है."

    पुलिस अधीक्षक ने कहा, "हमें संदेह है कि ये लोग वही शराब बेच रहे थे जिसे मरने वालों ने पिया था. फिलहाल लोगों को सावधानी बरतने और शराब के सेवन से बचने की अपील की गई है."

    ट्यूएनसांग ज़िले में शराब पीने से जुड़ी मौतों के बारे में जानकारी देते हए ज़िला पुलिस ने एक बयान में बताया, "11 सितंबर तक ज़िले में ज़हरीली शराब के कारण कुल 9 लोगों की मौत हो चुकी थी."

    "दरअसल 12 सितंबर को ट्यूएनसांग पुलिस को सिविल अस्पताल में लोगों की मौत से जुड़े एक पैटर्न की जानकारी मिली थी. अधिकतर मामलों में मारे गए व्यक्ति ने शराब का सेवन किया था. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और कई जगह छापेमारी कर 470 से ज़्यादा ज़हरीली शराब की बोतलें ज़ब्त की हैं."

    इस बीच ट्यूएनसांग में दो और लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है.

    पुलिस का कहना है कि दोनों ज़िलों में जारी छापेमारी में 3 हज़ार से ज़्यादा शराब की बोतलें ज़ब्त की हैं और 15 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी शराब न पिएं जिस पर कोई पहचान या लेबल न लगा हो. इसके साथ ही अगर शराब पीने के बाद चक्कर आता है या धुंधला दिखने लगे, सांस लेने में तकलीफ़ हो तो तुरंत अस्पताल जाएं.

    नगालैंड में शराब पर 1990 से प्रतिबंध है. सरकार ने इन मौतों की जांच करने और संदिग्ध अवैध शराब के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस आई. बुंगलांग चांग की अगुवाई में एक एसआईटी बनाई है.

    दीमापुर स्थित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी ने ट्यूएनसांग पुलिस द्वारा भेजे गए संदिग्ध शराब के नमूनों में मेथनॉल का पता लगाया है. हालांकि सैंपल को विस्तृत मात्रात्मक विश्लेषण के लिए गुवाहाटी के सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है.

  7. ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्तों की अहम बैठक, एसआईआर से जुड़े लिए ये अहम फ़ैसले

    चुनाव आयोग की बैठक
    इमेज कैप्शन, बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी शामिल हुए

    भारतीय चुनाव आयोग की शनिवार को हुई बैठक में मतदाता सूची से जुड़े विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए.

    इस बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी शामिल हुए.

    जारी प्रेस रिलीज़ में चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं को नामांकन में विसंगति या अन्य कारणों से नोटिस जारी किया गया है, उनके घर पर ही बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) जाकर दस्तावेज़ इकट्ठा करेंगे और उन्हें ईसीआईनेट पोर्टल पर अपलोड करेंगे. ऐसे मामलों में सामान्य तौर पर मतदाताओं को ईआरओ कार्यालय में सुनवाई के लिए नहीं बुलाया जाएगा.

    आयोग ने ज़िला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) को निर्देश दिया है कि वे रैन बसेरों में रहने वाले लोगों, मज़दूरों, ग़रीबों और बेघर नागरिकों के लिए विशेष शिविर और सहायता केंद्र स्थापित करें ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ा जा सके.

    बैठक में यह भी बताया गया कि दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के अनुरोध पर दावे और आपत्तियां दाखिल करने की आखिरी तारीख बढ़ाकर 30 अक्तूबर 2026 कर दी गई है, जबकि इनके निस्तारण की समयसीमा 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाई गई है.

    वहीं महाराष्ट्र में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की समयसीमा 12 अक्तूबर और निस्तारण की समयसीमा 10 नवंबर 2026 तक कर दी गई है.

    चुनाव आयोग ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया बिहार और पश्चिम बंगाल सहित 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पूरी हो चुकी है. जिन लोगों का नाम किसी कारणवश छूट गया है या जो पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं, वे संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के पास आवेदन देकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं. इसके लिए राज्यों में विशेष नामांकन अभियान भी चलाया जाएगा.

    आयोग ने यह भी निर्णय लिया कि सभी आयोग बैठकों का एजेंडा पहले से जारी किया जाएगा तथा बैठक के मिनट्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे. साथ ही अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एपीएआर) समय पर पूरी करने और विदेशी दौरों के लिए आयोग की मंज़ूरी अनिवार्य करने का फैसला भी लिया गया.

    दरअसल, अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू की कई फ़ैसलों में असहमति रही है.

    जिसके बाद विपक्ष ज्ञानेश कुमार पर मनमाने तरीक़े से फ़ैसले लेने का आरोप लगा रहा है.

    वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग की है. इसके लिए सीजेपी ने उन्हें 48 घंटे का समय दिया था. सीजेपी ने इस्तीफ़ा नहीं देने पर 2 अक्तूबर को देशव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान के डेरा इस्माइल ख़ान में धमाका, 11 लोगों की मौत और 30 घायल

    पाकिस्तान
    इमेज कैप्शन, धमाका किस तरह का था और इसके कारणों के बारे में अधिक जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है.

    पाकिस्तान के डेरा इस्माइल ख़ान के दराज़िंदा क्षेत्र में आयोजित एक अमन मेले के पास हुए ज़ोरदार धमाके में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए हैं.

    रेस्क्यू 1122 के अनुसार, धमाके की सूचना मिलते ही दराज़िंदा स्टेशन की राहत एवं बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया.

    बाद में ज़िला आपातकालीन अधिकारी मोहम्मद आरिफ़ ख़ान के निर्देश पर डेरा इस्माइल ख़ान से चार अतिरिक्त एंबुलेंस और अतिरिक्त स्टाफ भी मौके पर भेजा गया.

    बीबीसी न्यूज़ उर्दू के मुताबिक़, रेस्क्यू अधिकारियों का कहना है कि अब तक हादसे में घायल 30 लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया जा चुका है, जबकि 11 शव भी घटनास्थल से बरामद किए गए हैं.

    रेस्क्यू 1122 के मुताबिक, बचाव दल अभी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और घायलों को निकालने और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का काम जारी है.

    अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है. वहीं, धमाका किस तरह का था और इसके कारणों के बारे में अधिक जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है.

  9. हुगली में टीएमसी विधायक कुणाल घोष की कार पर अंडे फेंके जाने पर बोलीं ममता बनर्जी

    कुणाल घोष की गाड़ी पर हमला
    इमेज कैप्शन, श्रीरामपुर जाते समय कुणाल घोष की कार को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया

    पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले में शनिवार को टीएमसी विधायक कुणाल घोष की कार पर पत्थर और अंडे फेंके गए. यह घटना उस समय हुई जब वह पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी की एक बैठक में शामिल होने के लिए श्रीरामपुर जा रहे थे.

    पार्टी नेताओं के अनुसार, उत्तरपाड़ा इलाक़े में कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाकर कुणाल घोष के वाहन को घेर लिया और उनके ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार पर अंडे और पत्थर भी फेंके.

    हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

    इस घटना के बाद, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मीडिया को संबोधित करते हुए इसकी आलोचना की.

    पार्टी विधायक कुणाल घोष पर हुए हमले को लेकर उन्होंने कहा, "मैं एक बार फिर अनुरोध करती हूं. कृपया सहयोग करें. बंगाल में अशांति पैदा मत कीजिए. अदालत के आदेश के अनुसार आज हम श्रीरामपुर में एक सभा कर रहे हैं. लेकिन हमारे लोगों को बेरहमी से पीटा जा रहा है और रास्तों में रोका जा रहा है."

    "उन्हें कार्यक्रम स्थल तक जाने नहीं दिया जा रहा है. भाजपा के गुंडे और असामाजिक तत्व हमारे लोगों पर हमला कर रहे हैं. कई लोगों पर हमला हुआ है, उन्हें घेर लिया गया है."

    उन्होंने कहा, "मैं अब तुरंत मौके पर जा रही हूं. वहां जाकर देखती हूं कि क्या स्थिति है. हमारे लोगों को घेरा जा रहा है. उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई है और हमारे विधायक कुणाल घोष, जो एक सक्रिय विधायक हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं."

  10. एशियन गेम्स 2026: भारत ने ईरान को कबड्डी में हराकर जीता गोल्ड मेडल

    एशियन गेम्स 2026
    इमेज कैप्शन, एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड जीतने के बाद जश्न मनाती भारतीय कबड्डी टीम

    जापान के आइची नागोया में एशियन गेम्स 2026 के सातवें दिन भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ़ाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया.

    इसके साथ ही भारत ने एशियाई खेलों में पुरुष कबड्डी का नौवां ख़िताब जीत लिया.

    भारत ने अब तक खेले गए 10 एशियन गेम्स कबड्डी टूर्नामेंटों में से 9 बार गोल्ड मेडल जीता है. केवल जकार्ता 2018 में भारतीय टीम ख़िताब से चूक गई थी, जब ईरान चैंपियन बना था.

    फ़ाइनल मुक़ाबले की शुरुआत बेहद रोमांचक रही. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार टैकल किए और मुक़ाबला बराबरी का रहा. एक समय ईरान ने भारत को सिर्फ दो खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया था और स्कोर 9-7 से अपने पक्ष में कर लिया था.

    ऐसे मुश्किल समय में जयदीप दहिया ने ईरान के स्टार खिलाड़ी मोहम्मदरेजा शादलोई चियानेह को सुपर टैकल कर भारत की उम्मीदें कायम रखीं. इसके बाद भारतीय टीम ने मुकाबले में बढ़त बनाए रखी, हालांकि ईरान लगातार दबाव बनाए हुए था.

    मैच के बीच में ईरान के अमीरमोहम्मद जफ़र दानेश ने दो अंकों की रेड लगाकर मुक़ाबले का पहला ऑलआउट कराया. इसके बावजूद दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर जारी रही और स्कोर बराबरी पर बना रहा.

    इसके बाद अर्जुन देशवाल ने शानदार रेड कर महत्वपूर्ण अंक हासिल किए. वहीं, शादलोई पर भारत के साहसी डैश टैकल ने टीम को 16-14 की बढ़त दिला दी.

    भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा और आखिर 40-34 से जीत दर्ज कर एक बार फिर एशियाई कबड्डी पर अपना वर्चस्व साबित किया.

    इसी के साथ भारत एशियन गेम्स 2026 के पदक तालिका में 11वें स्थान पर पहुंच चुका है. भारत ने अभी तक चार गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज़ मेडल जीता है.

  11. उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट, गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा रोकी गई, आसिफ़ अली, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    नाभिडांग, पिथौरागढ़
    इमेज कैप्शन, देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट, जबकि उत्तरकाशी, टिहरी और हरिद्वार में येलो अलर्ट है (फ़ोटो- नाभिडांग, पिथौरागढ़)

    उत्तराखंड में भारी बारिश के अलर्ट के बीच गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है. उत्तरकाशी ज़िला प्रशासन ने हीना और दोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स पर यात्रियों को आगे जाने से रोकने के निर्देश दिए हैं.

    ज़िला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) के मुताबिक, ज़िले की सभी तहसीलों को अलर्ट मोड पर रखा है और मौसम की लगातार निगरानी की जा रही है.

    मौसम विज्ञान विभाग ने 26 सितंबर को उत्तराखंड के पांच ज़िलों, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. यहां भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है.

    देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट, जबकि उत्तरकाशी, टिहरी और हरिद्वार में येलो अलर्ट है.

    पिथौरागढ़ में खराब मौसम को देखते हुए 26 सितंबर को आदि कैलाश यात्रा के लिए इनर लाईन परमिट जारी नहीं किए गए.

    एसडीएम धारचूला की ओर से यात्रा पर गए लोगों को गुंजी में रुकने की सलाह दी गई है. धारचूला और ऊंचाई वाले इलाक़ों में बारिश के साथ मौसम खराब है. धारचूला, आदि कैलाश और मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी भी हुई है.

    चमोली ज़िले के हेमकुंड साहिब के साथ ही ऊँचाई वाले दूसरे इलाक़ों में बर्फबारी हुई है. निचले इलाक़ों में बारिश हो रही है जिसके कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ी है.

    खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में शनिवार को स्कूल भी बंद रहे.

    मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने और झोंकों की रफ़्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी भी दी है.

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 26 और 27 सितंबर के लिए जारी मौसम चेतावनी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं.

  12. पटना में स्टूडेंट्स ने सीजेआई सूर्यकांत से पुलिस कार्रवाई पर पूछा सीधा सवाल

    सीजेआई सूर्यकांत
    इमेज कैप्शन, कार्यक्रम के दौरान स्टूडेंट्स ने बढ़ती हुई ट्यूशन फ़ीस और पहली पीढ़ी के वकीलों को पेशे में आने के दौरान होने वाली मुश्किलों को भी सीजेआई सूर्यकांत के सामने रखा (फ़ाइल फ़ोटो)

    पटना के चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (सीएनएलयू) में भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने क़ानून के स्टूडेंट्स के साथ खुला संवाद किया.

    इस दौरान स्टूडेंट्स ने न्यायपालिका, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और वकालत से जुड़े कई मुद्दों पर सीधे सवाल पूछे.

    लाइव लॉ के मुताबिक, स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स के प्रति पुलिस के रवैये पर सवाल पूछा, जिसके जवाब में सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना स्टूडेंट्स का अधिकार है और न्यायपालिका इस अधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.

    कॉलेजियम बैठकों में होने वाले मतभेदों को सार्वजनिक न किए जाने के बारे में पूछे गए सवाल पर सीजेआई ने कहा कि अगर ऐसी जानकारियां सार्वजनिक की जाएं तो संबंधित व्यक्ति की स्थिति कठिन हो सकती है, इसलिए कुछ मामलों में गोपनीयता बनाए रखना ज़रूरी होता है.

    कार्यक्रम के दौरान स्टूडेंट्स ने बढ़ती हुई ट्यूशन फ़ीस और पहली पीढ़ी के वकीलों को पेशे में आने के दौरान होने वाली मुश्किलों को भी सामने रखा. सीजेआई ने इन चिंताओं को गंभीरता से सुना और उनसे जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए.

    इस अवसर पर पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के. रामेश्वर राव और सीएनएलयू के कुलपति प्रोफेसर फ़ैज़ान मुस्तफ़ा भी उपस्थित रहे.

  13. डोनाल्ड ट्रंप ने ख़ारिज किया ईरान का सीज़फ़ायर ऑफ़र, रिपोर्ट में किया गया दावा

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, रिपोर्ट में दावा है कि डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान पर फिर हमले शुरू करना चाहते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी अख़बार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से सीज़फ़ायर ऑफ़र को ख़ारिज कर दिया है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, ट्रंप चाहते हैं कि अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान के ख़िलाफ़ हवाई हमले फिर से शुरू किए जाएं.

    रिपोर्ट ऐसे समय में सामने आई है, जब ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका के सामने तनाव कम करने और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को दोबारा खोलने के लिए एक प्रस्ताव भेजा था.

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत की थी. इस दौरान उन्होंने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने की प्रक्रिया तभी शुरू होगी, जब अमेरिका समझौते में तय ज़रूरी शर्तों को पूरा करेगा.

    गौरतलब है कि इसी हफ़्ते डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को तबाह करने की धमकी भी दी थी. हालांकि, बाद में उन्होंने कहा था कि अमेरिकी प्रतिनिधियों की ईरान के साथ अच्छी बातचीत हुई है.

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  15. पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी ने क्या कहा

    मनमोहन सिंह
    इमेज कैप्शन, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई दिग्गज नेताओं ने उन्हें याद किया है.

    कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की.

    इसके बाद मनमोहन सिंह के आवास पर एक प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया. इसमें मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर, उनके परिवार के कई अन्य सदस्य और राहुल गांधी शामिल हुए.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.

    पीएम मोदी ने लिखा, "हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि, उन्होंने सार्वजनिक जीवन में कई साल बिताए और पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ देश की सेवा की."

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, "हम भारत के राष्ट्र-निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के असाधारण योगदान को गहरे सम्मान के साथ याद करते हैं. एक दूरदर्शी राजनेता के तौर पर, उनके ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों ने भारत की विकास की दिशा बदल दी, नए अवसर पैदा किए और लाखों लोगों को ग़रीबी से बाहर निकालने में मदद की."

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन. अपनी विनम्रता, ईमानदारी और दूरदर्शिता से उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक न्याय को नई दिशा दी. भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक निर्णय और अमूल्य योगदान हमारा सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे."

    गौरतलब है कि मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे. उनका 26 दिसंबर 2024 को निधन हुआ.

  16. पाकिस्तान: बलूचिस्तान में कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप पर हमला, 12 मज़दूर अगवा

    बलूचिस्तान
    इमेज कैप्शन, इस हमले में एक निजी सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के डुकी ज़िले में हथियारबंद हमलावरों ने एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप पर हमला कर दिया.

    हमले में एक निजी सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ है. हमलावर 12 मज़दूरों को अगवा कर अपने साथ ले गए.

    डुकी पुलिस प्रमुख मंसूर अहमद बुज़दार के मुताबिक़, घटना सोमवार रात क़रीब 10:30 बजे पाल्डी इलाक़े में हुई. उन्होंने बताया कि 30 से अधिक हथियारबंद लोगों ने सड़क निर्माण कंपनी की साइट को निशाना बनाया.

    पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान हमलावरों ने कंपनी के चार वाहनों में आग लगा दी और 12 मज़दूरों का अपहरण कर लिया. अग़वा किए गए मज़दूरों में 10 पंजाब प्रांत के रहने वाले हैं.

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फ्रंटियर कॉर्प्स की बड़ी टुकड़ी मौके पर पहुँची. अधिकारियों के मुताबिक़, हमलावरों की तलाश और अग़वा किए गए मज़दूरों की सुरक्षित बरामदगी के लिए इलाक़े में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

    मंसूर अहमद बुज़दार ने बताया कि कंपनी एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही थी. उनके अनुसार, कंपनी की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतज़ाम नहीं किए गए थे.

    गौरतलब है कि डुकी ज़िला बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से क़रीब 315 किलोमीटर दूर है. ज़िले के कुछ इलाक़ों में लंबे समय से छिटपुट हिंसक घटनाएँ होती रही हैं.

  17. विराट कोहली ने अपनी परफ़ॉर्मेंस और शुभमन गिल की कप्तानी पर क्या कहा

    विराट कोहली
    इमेज कैप्शन, क्रिकेटर विराट कोहली ने कहा कि वो अब बाहरी उम्मीदों की चिंता किए बग़ैर खुलकर खेलना चाहते हैं.

    भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली ने कहा है कि अब वो बाहरी उम्मीदों की चिंता किए बग़ैर खुलकर खेलना चाहते हैं.

    कोहली ने कहा कि लंबे समय तक उनकी भूमिका टीम में चीज़ों को स्थिर बनाए रखने की रही, लेकिन अब उन्होंने ख़ुद से अधिक आक्रामक और खुलकर खेलने का वादा किया है.

    वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ रविवार को होने वाले भारत के पहले वनडे से पहले कोहली ने जियोस्टार से बातचीत की.

    उन्होंने कहा, "जो सबसे अहम बदलाव आया है, वह यह है कि मैंने ख़ुद से वादा किया है कि मैं और अधिक खुलकर खेलूंगा. लोगों की मुझसे क्या उम्मीदें हैं, मैं उनकी चिंता नहीं करूंगा. लंबे समय से मेरी भूमिका यही रही है कि मैं चीज़ों को स्थिर बनाए रखूं."

    कोहली ने कहा, "मुझे पता है कि मैं अच्छा प्रदर्शन कर सकता हूं. मैं जानता हूं कि मैं शॉट लगा सकता हूं. लेकिन परिस्थितियां अनुकूल न हों और आप किसी मुश्किल पिच पर खेल रहे हों, तो फिर आप ऐसी स्थिति में आ जाते हैं, जहां आप सोचते हैं कि मैं शॉट तो लगा सकता हूं, लेकिन मुझे एक ख़ास भूमिका निभानी होगी."

    कोहली ने मौजूदा भारतीय कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी की भी तारीफ़ की. उन्होंने कहा कि गिल अभी कप्तानी के गुर सीख रहे हैं, लेकिन भारतीय टीम का लंबे समय तक नेतृत्व करने के लिए उनके पास सही सोच और ज़रूरी इच्छाशक्ति है.

    गौरतलब है कि भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच 3 मैचों की वनडे (ओडीआई) सिरीज़ का आग़ाज़ कल यानी 27 सितम्बर 2026 से होने जा रहा है.

  18. पंजाब: बीजेपी छोड़ने के सवाल पर क्या बोले पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह

    अमरिंदर सिंह
    इमेज कैप्शन, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी बनाई थी, बाद में उसका बीजेपी में विलय कर दिया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता अमरिंदर सिंह ने कहा है कि पार्टी फ़ैसले करते वक़्त उनकी राय नहीं लेती है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वो पार्टी नहीं छोड़ रहे, बस अपना विचार रख रहे हैं.

    अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार रात को मीडिया से बात करते हुए कहा, "मुझे पंजाब की सियासत में 60 साल हो गए. जबकि कुछ लोग जो हमारे यहां पार्टी संभालते हैं, उन्हें एक साल भी नहीं हुआ. मैं अकेला नहीं हूं, मेरे और भी साथी हैं... हम एक पार्टी में आए हैं, लेकिन हमसे पूछा नहीं जाता."

    उन्होंने कहा, "पार्टी बदलती रहती है, मैं कांग्रेस में भी रहा हूं और अकाली दल में भी. लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि मैं अब अपनी पार्टी छोड़कर कहीं और चला जाऊं. लेकिन उनको मेरे विचारों और फ़ीलिंग्स से अवगत कराना मेरी ड्यूटी है."

    गौरतलब है कि अमरिंदर सिंह कांग्रेस की सरकार में दो बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे हैं. 2021 में कांग्रेस ने उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था.

    इसके बाद अमरिंदर ने अपनी पार्टी बनाई, फिर उसका बीजेपी में विलय कर दिया.

  19. एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड, अब पुरुष टीम पर टिकी हैं नज़रें

    भारत की महिला कबड्डी टीम
    इमेज कैप्शन, एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है

    जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है. एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का तीसरा स्वर्ण पदक है.

    कप्तान पुष्पा राणा की अगुवाई में भारतीय टीम ने रोमांचक फ़ाइनल मुक़ाबले में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता है.

    टोकाई सिटीज़न जिम्नेज़ियम में खेले गए फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी. ईरान की टीम ने मुक़ाबले में वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया और भारत ने तीन अंकों के अंतर से मुक़ाबला अपने नाम कर लिया.

    महिला कबड्डी को 2010 में पहली बार एशियन गेम्स में शामिल किया गया था. इसके बाद से यह भारतीय महिला टीम का कबड्डी में कुल चौथा गोल्ड मेडल है.

    अब पुरुष टीम पर टिकी हैं नज़रें

    महिला टीम की जीत के बाद अब भारतीय पुरुष कबड्डी टीम पर नज़रें टिकी हैं.

    शुक्रवार को खेले गए सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में कप्तान सुनील कुमार की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने थाईलैंड को 66-28 के बड़े अंतर से हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.

    भारतीय पुरुष टीम का फ़ाइनल मुक़ाबला शनिवार, 26 सितंबर को भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे खेला जाएगा. फ़ाइनल में भारत का सामना ईरान से होगा.

  20. कल खुले रहेंगे बैंक, इसके बाद तीन दिन की हड़ताल- ये है वजह

    बैंक हड़ताल
    इमेज कैप्शन, विभिन्न मांगों को लेकर बुलाई गई इस हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर गहरा असर पड़ने की आशंका है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत में बैंकों के सबसे बड़े संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का एलान किया है.

    विभिन्न मांगों को लेकर बुलाई गई इस हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर गहरा असर पड़ने की आशंका है. इसी असुविधा से बचने के लिए रविवार (27 सितंबर) को बैंकों में सामान्य कार्यदिवस की तरह कामकाज होगा.

    वित्त मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा, “यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक देशभर में तीन दिन की बैंक हड़ताल का एलान किया है. इससे पहले 26 और 27 सितंबर को वीकेंड पर छुट्टियां हैं. इसे देखते हुए सरकार ने लोगों की बैंकिंग ज़रूरतों को पूरा करने के लिए पहले से ज़रूरी कदम उठाए हैं.”

    मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "लोगों की बैंकिंग ज़रूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, इसके लिए सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक 27 सितंबर, 2026 यानी रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे."

    हड़ताल के मद्देनज़र, बैंकों ने लोगों को टेक्स्ट मैसेज के ज़रिए सूचित किया है कि हड़ताल के दौरान 24*7 डिजिटल चैनल्स- जैसे मोबाइल बैंकिंग, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई का इस्तेमाल कर सकते हैं.

    यूनियनों की मुख्य मांग है कि एक हफ़्ते में पांच दिन वर्किंग डे होने चाहिए.

    दूसरी मांगों में पेंशन में सुधार और बढ़ोतरी, सभी पेंशन पाने वालों के लिए महंगाई भत्ते की एक जैसी व्यवस्था और नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) के तहत आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) में जाने का विकल्प देना शामिल है.