राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़
वैभव सूर्यवंशी ने फ़्रेंचाइज़ी को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि उनका सपना क्रिकेट के तीनों
फ़ॉर्मेट में खेलना है.
उन्होंने यह भी कहा कि वह 'सिर्फ़ खेलने के लिए क्रिकेट नहीं खेलना चाहते,
वह 10-20 साल क्रिकेट में डोमिनेट करना' चाहते हैं.
आईपीएल फ़्रेंचाइज़ राजस्थान रॉयल्स
ने रविवार को वैभव सूर्यवंशी का एक इंटरव्यू शेयर किया. इसमें वैभव ने भविष्य में
क्रिकेट खेलने और अपने सपनों के बारे में बात की.
उन्होंने दिग्गज क्रिकेटर विराट
कोहली के बारे में भी बात की.
इंटरव्यू के दौरान वैभव से टेस्ट
क्रिकेट खेलने से जुड़ा सवाल किया गया.
उनसे पूछा गया, 'जिस तरीक़े से (सुनील) गावस्कर ने जब आपको बोला तो आपने दो बातें
कहीं. उसके बारे में आप बताइए. आपने गावस्कर को आगे के गोल के बारे में रेड बॉल
क्रिकेट पर बताया, उसके बारे में बताइए.'
इस पर वैभव ने जवाब दिया,
"बहुत लोग ये सोचते हैं और उन्होंने
भी बात की कि आगे रेड बॉल खेलना है कि नहीं खेलना. तो मैंने बस उसी का जवाब दिया
कि मैं रेड बॉल से काफ़ी प्रैक्टिस कर चुका हूं और करता हूं. और अपने राज्य के लिए
भी मैं काफ़ी रेड बॉल खेला हूं. मुझे रेड बॉल खेलना है क्योंकि मैं रेड बॉल की
प्रैक्टिस करता हूं."
उन्होंने कहा, "ये फ़ॉर्मेट (टी20) में मैं इसलिए ऐसे बैटिंग
करता हूं क्योंकि इस फ़ॉर्मेट की यही मांग है. रेड बॉल में जो नीड होगी मैं उस
तरीक़े से अपनी बैटिंग में बदलाव करूंगा. वनडे में जो नीड होगी उस तरीक़े से
बदलूंगा. मेरा सपना तो तीनों फ़ॉर्मेट खेलने का है."
वैभव से अपने सपने और भविष्य क्रिकेट
को लेकर उनके आगे की योजनाओं के बारे में भी पूछा गया.
उनसे सवाल किया गया, "आपने जब स्टार्ट किया, बहुत सारे प्लान बनाए, सपने
देखे और फिर एक-एक करके एचीवमेंट हासिल की. आगे क्या सोच रहे हैं?"
इस पर उन्होंने कहा, "मैंने सोचा है कि मैं अब जब क्रिकेट खेलूं,
अगले 20 साल तक, या जितने दिन भी खेलूं, देश के
लिए, किसी फ़्रेंचाइज़ी के लिए या किसी
टीम के लिए खेलूं, इस तरीक़े से खेलूं कि जब लोग देखें
और मैच के बारे में सोचें तो ऐसा बोलें कि एक प्लेयर जब भी खेलता था तो अकेला ही
मैच ख़त्म कर देता था."
वैभव ने कहा, "वो डॉमिनेंस दिखना चाहिए, क्योंकि उसी चीज़ के लिए
मैं मेहनत कर रहा हूं. सिर्फ़ ऐसा नहीं कि खेला और खेल ख़त्म. ऐसा खेलना है कि
सिर्फ़ खेलना नहीं है, 10 साल, 20 साल तक डॉमिनेट करना है और अच्छा क्रिकेट खेलना है."
वैभव ने विराट कोहली के साथ हुई उनकी
बातचीत की भी चर्चा की.
उन्होंने कहा, "जब उन्होंने (विराट कोहली) कंधे पर हाथ डाला,
जब मुझसे बात कर रहे थे तो मुझे लग रहा था जैसे
सपना हो. जिस तरीक़े से उन्होंने बात की, लगा ही
नहीं कि वो विराट कोहली हैं. एक बड़े भाई की तरह उन्होंने मुझे समझाया,
बताया कि मैं क्या अच्छा कर रहा हूं, क्या अच्छा करना चाहिए और किस चीज़ पर फ़ोकस करना
चाहिए."
शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए टी-20 टीम का एलान हुआ है.
आईपीएल के 19वें सीज़न में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी-20 टीम में जगह मिली है.