लाइव, ब्रिटेन के डिप्टी पीएम ने जेडी वेंस से क्यों कहा, 'आपने ग़लत टिप्पणी की'

डेविड लैमी ने बीबीसी के 'संडे विद लॉरा कुएन्सबर्ग' प्रोग्राम में ये बातें कहीं

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • nepal sherpa
  • romania drone blast
  • सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका
  • अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफ़े की मांग की
  • ट्रंप
  • ट्रंप
  • दमकल विभाग के कर्मचारी
  • pat cumins
  • बांग्लादेश में एक टका लेकर पढ़ात हैं रहमान

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, सुमंत सिंह

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ब्रिटेन के डिप्टी पीएम ने जेडी वेंस से क्यों कहा, 'आपने ग़लत टिप्पणी की'

    डेविड लैमी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी ने बताया है कि उन्होंने वेंस को उनके कमेंट्स पर बातचीत करने के लिए फ़ोन किया था(फ़ाइल फ़ोटो)

    ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी ने कहा है कि उन्होंने अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस को फ़ोन कर बताया कि ब्रिटिश छात्र हेनरी नोवाक की हत्या को लेकर की गई उनकी टिप्पणी ‘ग़लत’ थी.

    वेंस ने पिछले साल मारे गए 18 वर्षीय ब्रिटिश छात्र हेनरी नोवाक की हत्या के लिए प्रवासियों के बड़े पैमाने पर आने को ज़िम्मेदार ठहराया था और कहा था कि "इसका एकमात्र जवाब वाजिब ग़स्सा है."

    लैमी ने बीबीसी से कहा कि उन्होंने शनिवार को वेंस से बात की और उन्हें बताया कि यह हत्या माइग्रेशन से नहीं जुड़ी है.

    हत्या के अभियुक्त विक्रम दिगवा ने झूठा दावा किया था कि उनके साथ नस्लीय दुर्व्यवहार किया गया था और उन्होंने आत्मरक्षा में नोवाक की हत्या की थी.

    बीते साल दिसंबर के साउथैम्प्टन में हुई इस घटना में नोवाक की जान चली गई थी.

    दिगवा ब्रिटिश नागरिक हैं और ब्रिटेन में ही पैदा हुए थे. उन्हें नोवाक की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई गई.

    दिगवा ने अदालत में दावा किया था कि वह अपने सिख धर्म से जुड़े धार्मिक कारणों से अपने साथ धारदार हथियार रखते थे.

    पुलिस के बॉडीकैम फुटेज में देखा गया कि अधिकारी घायल हुए नोवाक को हथकड़ी लगा रहे थे. दिगवा ने झूठा आरोप लगाया था कि वह खुद नस्लीय हमले का शिकार हुए हैं.

    इस हत्या ने ब्रिटेन में पुलिसिंग और चाकू से जुड़े कानूनों पर ज़बरदस्त बहस छेड़ दी और साउथैम्प्टन में हिंसक विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए.

    लैमी ने बीबीसी के 'संडे विद लॉरा कुएन्सबर्ग' प्रोग्राम में ये बातें कहीं.

    उन्होंने बताया कि उन्होंने वेंस को उनके कमेंट्स पर बातचीत करने के लिए फ़ोन किया था. लैमी ने कहा, "मैंने उन्हें कहा कि वो ग़लत थे."

  3. फ़ीफ़ा विश्व कप 2026: अमेरिकी वीज़ा विवाद के बीच मेक्सिको पहुंची ईरान की टीम

    ईरानी टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेज़बानी में आयोजित होने वाला 2026 फ़ीफ़ा विश्व कप 11 जून से शुरू होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़ीफ़ा विश्व कप 2026 के लिए ईरानी टीम, अमेरिकी वीज़ा विवाद के बीच मेक्सिको पहुंच गई है.

    ईरान के तीनों ग्रुप मैच अमेरिका में होने हैं, लेकिन खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ़ को कहा गया है कि उन्हें मैच के दिन ही अमेरिका आना होगा और मुक़ाबले के बाद वापस लौटना होगा.

    ईरान का कहना है कि 15 अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ़ को पूरी तरह वीज़ा देने से इनकार कर दिया गया है. एक ईरानी अधिकारी ने इसे खेलों में राजनीतिक हस्तक्षेप का सबसे ख़राब उदाहरण बताया है.

    अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेज़बानी में आयोजित होने वाला 2026 फ़ीफ़ा विश्व कप 11 जून से शुरू होगा. ईरान ने मार्च 2025 में अपने क्वालिफ़िकेशन ग्रुप में पहला स्थान हासिल कर टूर्नामेंट के लिए जगह बनाई थी.

    यह उस समय की बात है जब अमेरिका और इसराइल के ईरान पर हमले शुरू होने से लगभग एक वर्ष पहले उसने क्वालिफाई किया था.

    यह विश्व कप का पहला संस्करण होगा, जिसमें किसी मेज़बान देश को ऐसे देश की टीम की मेज़बानी करनी पड़ रही है, जिसके साथ उसका युद्ध चल रहा है.

    ईरानी टीम स्थानीय समयानुसार रविवार तड़के मेक्सिको के तिजुआना पहुंची.

    अमेरिकी अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि सभी खिलाड़ियों और “अहम सहयोगी स्टाफ़” को वीज़ा जारी कर दिया गया है. ईरान का पहला मुक़ाबला 15 जून को लॉस एंजेलिस में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेला जाएगा.

    हालांकि, ईरान से जुड़े सरकारी मीडिया के अनुसार, जिन 15 अधिकारियों को अमेरिका में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली है, उनमें फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष, उनके उपाध्यक्ष और मीडिया निदेशक भी शामिल हैं.

  4. अशोक गहलोत बोले, 'मैंने कांग्रेस अध्यक्ष बनने से कभी मना नहीं किया, मेरे ख़िलाफ़ साज़िश हुई'

    अशोक गहलोत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अशोक गहलोत ने कहा है, "मैं देश का एक बेहद संतुष्ट राजनेता हूं. अब मैं किसी पद के पीछे नहीं भाग रहा हूं"

    राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि वो कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहते थे, उनके ख़िलाफ़ साज़िश हुई है.

    उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं उस समय विधायक दल का नेता था. सोनिया गांधी ने बिना मांगे तीन बार मुझे मुख्यमंत्री का पद दिया. सोनिया गांधी अगर मुझे कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनातीं तो मैं मना करूंगा? मैं अनपढ़ नहीं हूं, मैं कभी मना नहीं करता. मुझे लगता है कि बड़ी साज़िश हुई. हिन्दुस्तान में लोग समझते हैं कि अशोक गहलोत जो हैं उन्हें मुख्यमंत्री रहना था, कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनना था, इसलिए विद्रोह हुआ."

    उन्होंने आगे कहा, "चाहे कोई मेरा करीबी ही क्यों न हो उसके दिमाग़ में भी यही बात है कि अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री रहना था इसलिए विद्रोह करवा दिया. अब मैं उनको कैसे समझाऊं, मैं आज समझा रहा हूं आपको. अगर अब भी कुछ भला हो जाए तो भला करना मेरा."

    "आज मेरे पास सब कुछ है, मैं देश का एक बेहद संतुष्ट राजनेता हूं. अब मैं किसी पद के पीछे नहीं भाग रहा हूं."

    उन्होंने कहा, "मैं विद्रोह नहीं चाहता था लेकिन उसके बाद भी ऐसी स्थिति बन गई तो मैं माफ़ी चाहता हूं."

    कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि सितंबर 2022 में राजस्थान कांग्रेस में हुई राजनीतिक घटनाएं पार्टी आलाकमान के ख़िलाफ़ कोई बग़ावत नहीं थीं, बल्कि सचिन पायलट के मुख्यमंत्री बनने की संभावना को लेकर पार्टी के भीतर का मतभेद था.

    राजस्थान के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर ने अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "वो (अशोक गहलोत) सिर्फ़ सुर्खियों में बने रहने के लिए बयान देते रहते हैं. एक तरफ़ तो वो लगातार सचिन पायलट के ख़िलाफ़ बयान देते हैं. कभी-कभी वो अपनी दोस्ती साबित करने की कोशिश भी करते हैं, लेकिन फ़ोटो खिंचवाने का मतलब यह नहीं है कि वो दिल से एक हैं. जब भी कोई मुद्दा उठता है और सचिन अपनी बात रखने की कोशिश करते हैं, तो वो तुरंत कोई नई बात छेड़ देते हैं या पुरानी बातें याद दिलाने लगते हैं."

    "वो उन्हें एक बिगड़े हुए बच्चे की तरह दिखाने की कोशिश करते हैं. वो हमारे मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के ख़िलाफ़ बेबुनियाद बातें करते हैं. अगर अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहते हैं, तो कांग्रेस नेतृत्व ही इस पर फ़ैसला करेगा."

  5. 'इंडिया' गठबंधन की होने वाली बैठक पर क्या सोचती है आम आदमी पार्टी

    राज्यसभा सांसद संजय सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा है कि उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    विपक्षी 'इंडिया’ गठबंधन की सोमवार को बैठक होने जा रही है. इस बैठक में आम आदमी पार्टी शामिल नहीं होगी.

    जब आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह से इस बैठक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा नहीं है. तो इस पर प्रतिक्रिया देना सही नहीं है. बैठक में वो क्या रणनीति बनाते हैं, कैसे वो आगे बढ़ते हैं, ये वो बताएंगे."

    वहीं आप की नेता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, "कांग्रेस जो भी अलायंस करता है उसका एक मक़सद ख़ुद को मज़बूत करना है. उसका मक़सद देश को मज़बूत करना नहीं है. कल भी हमने देखा कि वो किस तरह युवाओं के ख़िलाफ़ खड़े हो गए."

    उन्होंने आगे कहा, "जो पार्टी देश के युवाओं के ख़िलाफ़ खड़ी हो, उसके साथ कोई कैसे खड़ा हो सकता है. हम लोग देश के युवाओं के साथ हैं. आपने देखा, तमिलनाडु में जो विधानसभा चुनाव हुए, एक दिन भी नहीं लगे अपने सहयोगी की पीठ में छूरा घोपने में."

    प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि कांग्रेस बीजेपी को चुनौती देने में कामयाब नहीं हुई है और कांग्रेस से गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं है.

  6. विनेश फोगाट महंगाई, एसआईआर और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित नाराज़गी पर बोलीं

    विनेश फोगाट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रेसलर और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा है कि "गैस की क़ीमतें तीसरी बार बढ़ाई गई हैं और इनके और बढ़ने की संभावना है" (फ़ाइल फ़ोटो)

    रेसलर और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र जुलाना में महंगाई, गैस की बढ़ती क़ीमतों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित नाराज़गी पर बात की.

    हाल ही में नई दिल्ली में एशियाई खेलों के लिए कुश्ती चयन ट्रायल में फोगाट ने हिस्सा लिया था जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.

    जुलाना में उन्होंने कहा, "अगर राजनीति हमारे खेल को बर्बाद करने का ख़तरा पैदा करती है, तो हमें राजनीतिक क्षेत्र पर भी ध्यान देना होगा ताकि मैं अपने स्तर पर युवाओं के लिए कुछ कर सकूं."

    घरेलू गैस सिलेंडर की क़ीमतों में बढ़ोतरी पर उन्होंने कहा, "गैस की क़ीमतें तीसरी बार बढ़ाई गई हैं और इनके और बढ़ने की संभावना है. राहुल गांधी पूरे देश के सामने यह बात रख रहे हैं. यह सभी को साफ़ दिख रहा है. महंगाई तो अभी शुरू हुई है. आने वाले समय में यह और बढ़ेगी. मुझे भी कभी-कभी गैस सिलेंडर लेने में मुश्किल होती है."

    एसआईआर पर उन्होंने कहा, "हरियाणा में एसआईआर शुरू हो रहा है, इसमें फ़र्ज़ी वोटर्स को शामिल नहीं किया जाना चाहिए और असली वोटर्स को वोटिंग लिस्ट से बाहर नहीं करना चाहिए."

    अपने विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नाराज़गी की ख़बरों पर उन्होंने कहा, "ऐसी कोई नाराज़गी नहीं है. यह एक परिवार है, अगर हमारे अपने परिवार में कोई नाराज़गी है, तो हम उसे आपस में ही सुलझा लेंगे. मैं सभी को साथ लेकर चल रही हूं और जानकारी दे रही हूं कि कांग्रेस पार्टी का जोश ऊंचा है."

    उन्होंने कहा कि पार्टी का रुख़ साफ़ है, लोगों को पार्टी से जोड़ना है, न कि किसी एक व्यक्ति से.

  7. भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के कप्तान बनने पर क्या बोले श्रेयस अय्यर

    श्रेयस अय्यर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कप्तान बनने के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा, "कप्तान की ज़िम्मेदारी निभाना एक बड़ी चुनौती है"

    बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर को भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है.

    कप्तान बनने के बाद रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि कप्तान की ज़िम्मेदारी निभाना एक बड़ी चुनौती है.

    उन्होंने कहा, "इस ज़िम्मेदारी के बाद मुझे अपनी पर्सनैलिटी बदलने की ज़रूरत नहीं है. मुझे पहले जैसा ही रहने की ज़रूरत है."

    श्रेयस अय्यर ने कहा, "सच कहूं तो मुझे चुनौतियां पसंद हैं. ख़ासकर मुंबई में बड़ा होने के कारण, जहां क्रिकेट बहुत बड़ी चीज़ है और यहां कंपटीशन बहुत ज़्यादा है. सभी बच्चे मुंबई की ओर से क्रिकेट खेलना चाहते हैं. बड़ा होते हुए मैंने कई चुनौतियों का सामना किया है. मेरी सोच हमेशा जीतने वाली रही है."

    भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए टी-20 टीम का एलान किया. बोर्ड ने श्रेयस अय्यर को भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया है.

  8. उत्तरकाशी: दयारा बुग्याल ट्रैक पर लापता युवती की तलाश जारी, हेलीकॉप्टर की भी ली जा रही मदद, आसिफ़ अली, बीबीसी हिन्दी के लिए

    उत्तरकाशी

    इमेज स्रोत, Photo: Asif Ali

    इमेज कैप्शन, 31 मई को युवती के भाई की शिकायत पर मामले में एफ़आईआर दर्ज की गई

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में दयारा बुग्याल ट्रैक के दौरान लापता हुईं 24 वर्षीय बबीता पांडे का एक हफ़्ते बाद भी पता नहीं चला है. युवती नैनीताल की रहने वाली हैं और अपने दो दोस्तों के साथ ट्रैकिंग पर गई थीं.

    उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, बबीता 29 मई की रात गोई बेस कैंप में अपने साथियों हरमनपाल सिंह और हरमनप्रीत सिंह के साथ रुकी थीं. दोनों युवकों का दावा है कि रात में वह टेंट से बाहर निकलीं और फिर वापस नहीं लौटीं.

    31 मई को युवती के भाई की शिकायत पर मामले में एफ़आईआर दर्ज की गई. पुलिस ने दोनों साथियों से पूछताछ की है. हालांकि, पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार नहीं किया है.

    लापता युवती की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, एनआईएम, राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीमें दयारा बुग्याल सहित आसपास के जंगलों, गहरी खाइयों, चट्टानों के बीच सभी संभावित स्थानों पर खोज अभियान चला रही हैं.

    उत्तरकाशी पुलिस के अनुसार, रविवार को उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी के हेलीकॉप्टर की मदद से पूरे दयारा ट्रैक क्षेत्र और आसपास के इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया गया.

    पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, कमलेश उपाध्याय अभियान की लगातार समीक्षा कर रही हैं. पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी, जनक सिंह पंवार मौके पर कैंप कर खोज एवं बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं.

    इस बीच, ट्रैकिंग परमिट में कथित अनियमितताओं को लेकर संबंधित एजेंसी भी जांच के दायरे में है. परमिट दस्तावेज़ों में गड़बड़ी के आधार पर आगे की जांच पुलिस करेगी.

  9. टेस्ट मैच: दूसरे दिन का खेल ख़त्म, अफ़ग़ानिस्तान ने पांच विकेट के नुक़सान पर 113 रन बनाए

    रिषभ पंत और रहमनुल्लाह गुरबाज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस टेस्ट मैच में भारत मज़बूत स्थिति में नज़र आ रहा है

    भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है. भारतीय टीम ने रविवार को 564 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी थी.

    इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने पांच विकेट के नुक़सान पर 113 रन बनाए हैं.

    भारत की ओर से मानव सुथार ने तीन विकेट और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए.

    इस टेस्ट मैच में भारत मज़बूत स्थिति में नज़र आ रहा है.

    यह टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है.

  10. मालवीय नगर हादसा: केशव नेगी की गिरफ़्तारी पर पुष्कर सिंह धामी ने की दिल्ली सीएम से बात

    पुष्कर सिंह धामी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेखा गुप्ता से बातचीत की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के मालवीय नगर इलाक़े में एक होटल में आग लगने के मामले में पुलिस ने दूसरे अभियुक्त केशव नेगी को गिरफ़्तार किया है. केशव नेगी नामक अभियुक्त उत्तराखंड के रहने वाले थे.

    उनकी गिरफ़्तारी को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात की है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के केशव नेगी की गिरफ्तारी के बारे में आज दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात हुई.”

    उन्होंने आगे लिखा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी. पूरा विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाएंगी.”

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि उन्होंने केशव नेगी की बेटी कनिष्का से भी बात की है और सभी तरह की मदद देना का आश्वासन दिया है.

  11. पश्चिम बंगाल में मदरसों के सर्वे पर बोलीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल, 'ये बेहद ज़रूरी है'

    अग्निमित्रा पॉल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल की महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल में राज्य सरकार ने मदरसों के सर्वे का आदेश दिया है.

    इस पर पश्चिम बंगाल की महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि ये बहुत ज़रूरी है.

    उन्होंने मीडिया से कहा, "यह बहुत आवश्यक और बेहद ज़रूरी है क्योंकि पिछले 34 सालों में हमने देखा है कि किस तरह रोहिंग्या और अवैध घुसपैठियों को प्रोत्साहित किया गया और पश्चिम बंगाल लाया गया."

    उन्होंने आगे कहा, "हमने शाद अली जैसे आतंकियों को देखा है, जो एक अवैध मदरसे में रहते थे और वहीं शरण लेते थे. उसने तीन बार मतदान भी किया था. हमने उसका वोटर कार्ड देखा था."

    मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने आगे कहा, "हम नहीं चाहते कि पश्चिम बंगाल इन अवैध मदरसों के माध्यम से आतंकियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बने. हम चाहते हैं कि हमारे मुस्लिम बच्चे भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास की इस यात्रा का हिस्सा बनें."

    उन्होंने कहा कि वो वैध मदरसों में भी आधुनिक शिक्षा दिए जाने के पक्ष में हैं.

  12. कांग्रेस ने बताया 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में 23 राजनीतिक दल होंगे शामिल

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश ने कहा कि भारत की तरह ‘इंडिया’ गठबंधन अपनी विविधता के साथ एकजुट होकर खड़ा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    विपक्षी इंडिया गठबंधन की बैठक सोमवार को दिल्ली में होने वाली है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि 23 राजनीतिक दल इस बैठक में शामिल होंगे.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "23 राजनीतिक दलों ने सोमवार, 8 जून 2026 को दोपहर 12 बजे नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली ‘इंडिया’ जनबंधन की बैठक में भाग लेने की पुष्टि की है. कुछ दलों ने अपने-अपने कारणों से इस विशेष बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है."

    उन्होंने आगे लिखा, "हालांकि बैठक में शामिल नहीं होने वाले दलों ने मोदी सरकार की उन नीतियों और कार्रवाइयों का कड़ा विरोध ज़ाहिर किया है, जो लाखों भारतीयों से उनका वोट देने का अधिकार छीन रही हैं, रोज़ संविधान पर हमला कर रही हैं. जांच एजेंसियों के ज़रिए विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही हैं, करोड़ों भारतीयों की रोज़ी-रोटी को गंभीर नुक़सान पहुंचा रही हैं."

    जयराम रमेश ने कहा कि भारत की तरह ‘इंडिया’ गठबंधन अपनी विविधता के साथ एकजुट होकर खड़ा है.

  13. भारत और इंडोनेशिया के विदेश मंत्रियों की मुलाक़ात, एस. जयशंकर ने कही ये बात

    एस. जयशंकर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो ने भारत-इंडोनेशिया संबंधों पर चर्चा की (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो 8वीं भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग बैठक में भाग लेने के लिए भारत पहुंचे हैं.

    इस दौरान दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो ने भारत-इंडोनेशिया संबंधों पर चर्चा की.

    विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा, “नई दिल्ली में आठवीं भारत-इंडोनेशिया संयुक्त आयोग बैठक के लिए आपका और आपके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए मुझे बहुत ख़ुशी हो रही है.”

    “हमें पिछले महीने ही ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान मिलने का अवसर मिला था, और मैं फिर से भारत आने के लिए समय निकालने पर आपकी सराहना करता हूं.”

    उन्होंने आगे कहा, “हमारी संयुक्त आयोग बैठक चार सालों के बाद हो रही है और मेरा मानना है कि यह स्वीकार करना अहम है कि इन चार सालों में हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों में वास्तव में अच्छी प्रगति की है.”

    एस. जयशंकर ने कहा, “हमने साल 2025 में अपने द्विपक्षीय संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होने का उत्सव मनाया. पिछले वर्ष हमें राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में स्वागत करने का सम्मान प्राप्त हुआ था.”

    इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर बताया था, “दोनों मंत्री अपने देशों के बीच मज़बूत व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग को और अधिक गहरा एवं सुदृढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे.”

  14. कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके अब क्या बोले

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभिजीत ने रविवार को इंस्टाग्राम लाइव के ज़रिए लोगों से जुड़ने की भी बात कही है

    कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 'एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया' है.

    उन्होंने रविवार को एक बार फिर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग की है.

    अभिजीत दीपके ने एक्स पर लिखा, "धर्मेंद्र प्रधान ने एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय किया है. अगर अगले सात दिनों के भीतर उन्हें पद से नहीं हटाया गया या वह इस्तीफ़ा नहीं देते हैं, तो हमें ज़मीन पर अपना प्रदर्शन जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ेगा."

    इसके अलावा उन्होंने रविवार को बाद में इंस्टाग्राम लाइव के ज़रिए लोगों से जुड़ने की भी बात कही.

    संबंधित ख़बरें:

  15. अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. वैभव सूर्यवंशी बोले, 'मुझे सिर्फ़ क्रिकेट नहीं खेलना, 10-20 साल डॉमिनेट करना है'

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वैभव से अपने सपने और भविष्य क्रिकेट को लेकर उनके आगे की योजनाओं के बारे में भी बताया

    राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने फ़्रेंचाइज़ी को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि उनका सपना क्रिकेट के तीनों फ़ॉर्मेट में खेलना है.

    उन्होंने यह भी कहा कि वह 'सिर्फ़ खेलने के लिए क्रिकेट नहीं खेलना चाहते, वह 10-20 साल क्रिकेट में डोमिनेट करना' चाहते हैं.

    आईपीएल फ़्रेंचाइज़ राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को वैभव सूर्यवंशी का एक इंटरव्यू शेयर किया. इसमें वैभव ने भविष्य में क्रिकेट खेलने और अपने सपनों के बारे में बात की.

    उन्होंने दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली के बारे में भी बात की.

    इंटरव्यू के दौरान वैभव से टेस्ट क्रिकेट खेलने से जुड़ा सवाल किया गया.

    उनसे पूछा गया, 'जिस तरीक़े से (सुनील) गावस्कर ने जब आपको बोला तो आपने दो बातें कहीं. उसके बारे में आप बताइए. आपने गावस्कर को आगे के गोल के बारे में रेड बॉल क्रिकेट पर बताया, उसके बारे में बताइए.'

    इस पर वैभव ने जवाब दिया, "बहुत लोग ये सोचते हैं और उन्होंने भी बात की कि आगे रेड बॉल खेलना है कि नहीं खेलना. तो मैंने बस उसी का जवाब दिया कि मैं रेड बॉल से काफ़ी प्रैक्टिस कर चुका हूं और करता हूं. और अपने राज्य के लिए भी मैं काफ़ी रेड बॉल खेला हूं. मुझे रेड बॉल खेलना है क्योंकि मैं रेड बॉल की प्रैक्टिस करता हूं."

    उन्होंने कहा, "ये फ़ॉर्मेट (टी20) में मैं इसलिए ऐसे बैटिंग करता हूं क्योंकि इस फ़ॉर्मेट की यही मांग है. रेड बॉल में जो नीड होगी मैं उस तरीक़े से अपनी बैटिंग में बदलाव करूंगा. वनडे में जो नीड होगी उस तरीक़े से बदलूंगा. मेरा सपना तो तीनों फ़ॉर्मेट खेलने का है."

    वैभव से अपने सपने और भविष्य क्रिकेट को लेकर उनके आगे की योजनाओं के बारे में भी पूछा गया.

    उनसे सवाल किया गया, "आपने जब स्टार्ट किया, बहुत सारे प्लान बनाए, सपने देखे और फिर एक-एक करके एचीवमेंट हासिल की. आगे क्या सोच रहे हैं?"

    इस पर उन्होंने कहा, "मैंने सोचा है कि मैं अब जब क्रिकेट खेलूं, अगले 20 साल तक, या जितने दिन भी खेलूं, देश के लिए, किसी फ़्रेंचाइज़ी के लिए या किसी टीम के लिए खेलूं, इस तरीक़े से खेलूं कि जब लोग देखें और मैच के बारे में सोचें तो ऐसा बोलें कि एक प्लेयर जब भी खेलता था तो अकेला ही मैच ख़त्म कर देता था."

    वैभव ने कहा, "वो डॉमिनेंस दिखना चाहिए, क्योंकि उसी चीज़ के लिए मैं मेहनत कर रहा हूं. सिर्फ़ ऐसा नहीं कि खेला और खेल ख़त्म. ऐसा खेलना है कि सिर्फ़ खेलना नहीं है, 10 साल, 20 साल तक डॉमिनेट करना है और अच्छा क्रिकेट खेलना है."

    वैभव ने विराट कोहली के साथ हुई उनकी बातचीत की भी चर्चा की.

    उन्होंने कहा, "जब उन्होंने (विराट कोहली) कंधे पर हाथ डाला, जब मुझसे बात कर रहे थे तो मुझे लग रहा था जैसे सपना हो. जिस तरीक़े से उन्होंने बात की, लगा ही नहीं कि वो विराट कोहली हैं. एक बड़े भाई की तरह उन्होंने मुझे समझाया, बताया कि मैं क्या अच्छा कर रहा हूं, क्या अच्छा करना चाहिए और किस चीज़ पर फ़ोकस करना चाहिए."

    शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए टी-20 टीम का एलान हुआ है.

    आईपीएल के 19वें सीज़न में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी-20 टीम में जगह मिली है.

  17. अमेरिकी सेना ने ईरान के दो ड्रोन गिराने का किया दावा

    ड्रोन

    इमेज स्रोत, Gailan Haji / Middle East Images / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेना का कहना है कि ये ड्रोन 'होर्मुज़ स्ट्रेट में यातायात के लिए ख़तरा' थे (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा है कि मध्य-पूर्व में तैनात अमेरिकी सुरक्षा बलों ने रविवार को दो ईरानी ड्रोन गिराए हैं.

    सेंटकॉम ने एक्स पर लिखा, "आज, मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी बलों ने ईरान के एकतरफ़ा हमला करने वाले दो ड्रोन गिराए. ये ड्रोन होर्मुज़ स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए ख़तरा बन रहे थे."

    अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम लागू है. दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाती हैं.

    इससे पहले शनिवार को बहरीन और कुवैत पर ईरान की ओर से हमलों की ख़बरें आई थीं.

    ईरान का कहना था कि ये हमले ईरानी रडार ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के जवाब में किए गए थे.

  18. कोलकाता मेयर के इस्तीफ़े और पार्षदों की गिरफ़्तारी के बीच ममता बनर्जी ने बुलाई बैठक, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    ममता बनर्जी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कोलकाता नगर निगम से मेयर फिरहाद हकीम के इस्तीफ़े के बाद बने हालात में आगे की रणनीति तय करने के लिए ममता बनर्जी ने रविवार शाम को अपने आवास पर तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों की बैठक बुलाई है.

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सूत्रों ने इसकी जानकारी दी.

    टीएमसी के एक नेता ने बताया कि इस बैठक में मेयर पद के अगले उम्मीदवार का चयन किया जा सकता है. फ़िलहाल निगम में पार्टी के 136 पार्षद हैं. लेकिन राजनीतिक हलकों में इस बैठक में तमाम पार्षदों के शामिल होने पर आशंका जताई जा रही है.

    हाल में पार्टी के 58 विधायकों ने बगावत कर दी है. हकीम ने बीते शुक्रवार को इस्तीफ़ा दिया था. फ़िलहाल पार्टी ने यह तय नहीं किया है कि वो मेयर पद के लिए किसी को चुनेगी या नहीं. इससे बैठक के एजेंडे पर कयास लगाए जा रहे हैं.

    हकीम के इस्तीफ़े के बाद नगर निगम बोर्ड के भंग होने का ख़तरा भी पैदा हो गया है.

    इसकी वजह राज्य सरकार की ओर से भेजा गया वह नोटिस है जिसमें कहा गया है कि मेयर के इस्तीफ़े के बाद नगर निगम बोर्ड को भंग क्यों न कर दिया जाए. निगम से तीन दिनों के भीतर इसका जवाब मांगा गया है.

    ममता बनर्जी को सोमवार को इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए रविवार रात को ही दिल्ली जाना है. उससे पहले नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक में भावी रणनीति तय करने की योजना बनाई गई है.

    तृणमूल कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि फिरहाद का उत्तराधिकारी बनने वाले नेता को काम करने के लिए मुश्किल से छह महीने का समय मिलेगा. दिसंबर में निगम के चुनाव होने हैं.

    दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों की गिरफ़्तारी का सिलसिला तेज़ हो रहा है.

    शनिवार को पार्षद सौरव घोष के गिरफ़्तार होने के साथ ही यह संख्या बढ़कर सात हो गई है. इससे पहले बुधवार को पार्षद बाप्पादित्य दासगुप्ता को भी गिरफ़्तार कर लिया गया था.

    इसके अलावा रविवार को सुबह ही जोड़ासांको के तृणमूल पार्षद जसीमुद्दीन के आवास पर भी पुलिस और केंद्रीय बल के जवान पहुंचे हैं. उनकी गिरफ़्तारी की भी आशंका जताई जा रही है.

  19. पाकिस्तान के गृह मंत्री पहुंचे तेहरान, कहा- सुप्रीम लीडर के लिए विशेष संदेश देने आया हूं ईरान

    मोहसिन नक़वी और इस्कंदर मोमेनी

    इमेज स्रोत, IRNA

    इमेज कैप्शन, बीते कुछ हफ़्तों में मोहसिन नक़वी का यह तीसरा ईरान दौरा है

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की राजधानी तेहरान पहुंच गए हैं.

    तेहरान पहुंचने के बाद मोहसिन नक़वी ने कहा है कि वे अपने देश के नेताओं की ओर से ईरान के सुप्रीम लीडर को एक विशेष पत्र सौंपने के लिए ईरान पहुंचे हैं.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरानी समाचार एजेंसी तसनीम ने नक़वी की मीडिया से बातचीत का एक अंश जारी किया है.

    मोहसिन नक़वी ने कहा, "मैं यहां फ़ील्ड मार्शल (आसिम मुनीर) की ओर से आयतुल्ला मोजतबा ख़ामेनेई को एक विशेष पत्र और प्रधानमंत्री (शहबाज़ शरीफ़) का संदेश देने आया हूं."

    उनका कहना है कि वह मोजतबा ख़ामेनेई के लिए जो पत्र और संदेश लेकर आए हैं, वह 'वर्तमान स्थिति' के बारे में है.

    बीते कुछ हफ़्तों में नक़वी का यह तीसरा ईरान दौरा है. उन्होंने शनिवार रात को अपने ईरानी समकक्ष इस्कंदर मोमेनी से मुलाक़ात की.

    ईरान-अमेरिका वार्ता में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका में है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, मोहसिन नक़वी ने मई महीने में एक हफ़्ते के भीतर दो बार ईरान का दौरा किया था और इन यात्राओं के दौरान उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति, संसद के स्पीकर, विदेश मंत्री और गृह मंत्री से मुलाक़ात की थी.

    इस बीच लेबनानी सेना के कमांडर रुडोल्फ़ हेकल पाकिस्तान दौरे पर हैं. लेबनानी सेना ने कहा कि यह यात्रा फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के न्यौते पर हो रही है.

    हालांकि, यह यात्रा किस मुद्दे पर हो रही है, इसकी जानकारी लेबनानी सेना ने नहीं दी है.

  20. कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद क्या कहा

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीजेपी ने शनिवार को जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए प्रदर्शन किया

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शनिवार को हुए अपने प्रदर्शन को लेकर रविवार को एक बयान जारी किया है.

    सीजेपी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की मांग दुहराते हुए कहा, "हमारी शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने के लिए धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए शांतिपूर्ण तरीक़े से कॉकरोचों ने अपनी ताक़त दिखाई."

    "अगर हमारे भविष्य को ख़तरे में डालने वालों को जवाबदेह नहीं ठहराया गया, तो आगे क्या होने वाला है, यह उसका सिर्फ़ एक ट्रेलर था."

    सीजेपी ने शनिवार को जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए प्रदर्शन किया.

    इस प्रदर्शन का नेतृत्व सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया. दीपके शनिवार को ही अमेरिका से भारत लौटे थे.