लाइव, नेतन्याहू और ट्रंप जल्द करेंगे मुलाक़ात, इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने और क्या बताया
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया है कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द मुलाक़ात करने वाले हैं.
नेतन्याहू और ट्रंप जल्द करेंगे मुलाक़ात, इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने और क्या बताया
इमेज स्रोत, Joe Raedle/Getty Images
इमेज कैप्शन, दोनों नेताओं के बीच फ़ोन पर हुई बातचीत के दौरान मिलने पर सहमति बनी है (फ़ाइल फ़ोटो)
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़,
इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी
कर बताया है कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड
ट्रंप जल्द मुलाक़ात करने वाले हैं.
इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय का
कहना है कि दोनों नेताओं के बीच फ़ोन पर हुई बातचीत के दौरान मिलने पर सहमति बनी
है.
इस फ़ोन कॉल के दौरान बिन्यामिन
नेतन्याहू ने ट्रंप को अमेरिका की स्थापना के 250वें साल की बधाई दी.
बयान के अनुसार, नेतन्याहू ने कहा, "अमेरिका दुनिया में आज़ादी का गारंटर है और इसराइल दोनों देशों के बीच
घनिष्ठ संबंधों को बहुत अहमियत देता है."
केप वर्डे ने दी अर्जेंटीना को कड़ी टक्कर, रोमांचक मुक़ाबले में ऐसे जीती मौजूदा चैंपियन टीम
इमेज स्रोत, CHANDAN KHANNA / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, लियोनल मेसी ने मैच के 29वें मिनट में अर्जेंटीना के लिए गोल मारा
फ़ीफ़ा वर्ल्ड के राउंड ऑफ़ 32 के एक
मुक़ाबले में अर्जेंटीना ने केप वर्डे को 3-2 से हरा दिया है. इस रोमांचक मैच में
केप वर्डे ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को काफ़ी चुनौती दी.
हालांकि, अर्जेंटीना ने आख़िरी पलों में निर्णायक गोल दागकर बढ़त हासिल की और
मैच अपने नाम किया.
अगर केप वर्डे इस मैच को जीतने में
कामयाब होती तो यह फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक
होता.
90 मिनट के बाद स्कोर 1-1 से बराबर था और कमज़ोर मानी जा रही केप वर्डे ने अपने से कहीं ज़्यादा मज़बूत प्रतिद्वंद्वी को अतिरिक्त समय में खेलने पर मजबूर कर दिया.
मैच के 111वें मिनट में केप वर्डे के
डाइनी बोर्गेस के ऑन गोल ने अर्जेंटीना को जिता दिया.
केप वर्डे की टीम पहली बार फ़ीफ़ा
वर्ल्ड कप खेल रही है और यह फ़ीफ़ा रैंकिंग में 64वें स्थान पर है. केप वर्डे ने
दुनिया की दूसरे नंबर की टीम अर्जेंटीना के ख़िलाफ़ मैच में दो बार बराबरी की.
इसके बाद 92वें मिनट में लिसांद्रो
मार्टिनेज़ ने शानदार फ़िनिश के साथ अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई और लगा कि मुक़ाबला
वहीं तय हो गया है.
लेकिन 11 मिनट बाद सिडनी लोपेस
काब्राल ने वर्ल्ड कप के बेहतरीन गोलों में से एक दागा. उन्होंने बॉक्स के बाएं
हिस्से से अंदर की ओर कट किया और गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज़ के ऊपर से शानदार
कर्व शॉट लगाकर गेंद को सीधे गोल के ऊपरी कोने में पहुंचा दिया, जिससे स्कोर 2-2 हो गया.
इस मैच में लियोनेल मेसी ने
टूर्नामेंट में अपना सातवां गोल किया. उन्होंने मैच के 29वें मिनट में अपना जादू
दिखाया और टीम को बढ़त दिलाई.
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने तेहरान में ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अली ख़ामेनेई को दी श्रद्धांजलि
इमेज स्रोत, X/@PmargheritaBJP
इमेज कैप्शन, सैयद अता हसनैन और पबित्र मार्गेरिटा ने भारत की ओर से आधिकारिक तौर पर ईरान गए हुए हैं
ईरान की राजधानी तेहरान में भारत
सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अली ख़ामेनेई को श्रद्धांजलि
दी है.
भारत सरकार के आधिकारिक
प्रतिनिधिमंडल में बिहार के गवर्नर सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्र
मार्गेरिटा शामिल हैं.
बिहार के राज्यपाल के सोशल मीडिया
हैंडल पर सेरेमनी की तस्वीरें साझा की गई हैं और एक बयान जारी किया गया है.
बयान में कहा गया, "विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा के साथ आज
(शुक्रवार) तेहरान में आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में
भारत का प्रतिनिधित्व किया और हालिया संघर्ष में जान गंवाने वाले लोगों के
परिवारों के प्रति भी गहरी संवेदना व्यक्त की."
विदेश राज्य मंत्री पबित्र
मार्गेरिटा ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तस्वीरें साझा की हैं.
उन्होंने कहा, "बिहार के राज्यपाल और मैंने तेहरान में ईरान के
पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में
भारत का प्रतिनिधित्व किया. हमने भारत सरकार और भारत की जनता की ओर से अपनी
श्रद्धांजलि अर्पित की."
ईरान में अली ख़ामेनेई के अंतिम
संस्कार की रस्में शुरू हो गई हैं. इसके लिए कई विदेशी मेहमान तेहरान पहुंचे हैं.
इमेज स्रोत, X/@PmargheritaBJP
इमेज कैप्शन, सैयद अता हसनैन और पबित्र मार्गेरिटा ईरान के नेताओं से मिले
इमेज स्रोत, X/@GovernorBihar
इमेज कैप्शन, सैयद अता हसनैन और पबित्र मार्गेरिटा ने अली ख़ामेनेई को श्रद्धांजलि दी
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर
आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम
ख़बरें पहुंचाऊंगा.