एलन मस्क दुनिया के पहले ख़रबपति बनने की राह पर, इस कंपनी ने बनाया मालामाल
स्पेसएक्स के शेयर आज यानी शुक्रवार को, अमेरिकी शेयर बाज़ार में लिस्ट हो गए हैं. इसके साथ ही यह इतिहास का सबसे बड़ा इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) बन गया है.
अगर शेयर की कीमत कंपनी के सुझाए गए 135 डॉलर या उससे अधिक पर बनी रहती है, तो संस्थापक एलन मस्क दुनिया के पहले खरबपति बन सकते हैं.
कंपनी ने आईपीओ के ज़रिये 75 अरब डॉलर जुटाए हैं, जो एक नया विश्व रिकॉर्ड है. इससे पहले यह रिकॉर्ड सऊदी अरामको के पास था, जिसने 2019 में 25.6 अरब डॉलर जुटाए थे.
कारोबार शुरू होते ही शेयर का वास्तविक बाज़ार मूल्य तुरंत दिखाई नहीं देगा, क्योंकि शुरुआती कीमत निवेशकों की डिमांड-सप्लाई के आधार पर तय होती है.
मस्क के पास स्पेसएक्स के 80 फ़ीसदी से ज़्यादा शेयर हैं. यह कंपनी रॉकेट और स्पेस इंफ्रास्ट्रक्चर बनाती है, जिनका उपयोग अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा भी करता है.
स्पेसएक्स, मस्क के अन्य उपक्रमों में भी हिस्सेदारी रखती है, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एक्सएआई और इंटरनेट सेवा कंपनी स्टारलिंक शामिल हैं.