You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, राहुल गांधी: मणिपुर असहनीय पीड़ा से गुज़र रहा है

मणिपुर में फिर से हुई हिंसा की ख़बरों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और सौरभ यादव

  1. राहुल गांधी: मणिपुर असहनीय पीड़ा से गुज़र रहा है

    मणिपुर में फिर से हुई हिंसा की ख़बरों पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मणिपुर सालों से जल रहा है और आज फिर नफ़रत और हिंसा की आग में 20 घर राख हो गए. दो सरकारों और राष्ट्रपति शासन के बावजूद संघर्ष गहराता ही जा रहा है.”

    उन्होंने कहा, “हज़ारों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, अनगिनत परिवार उजड़ गए हैं. मणिपुर जिस असहनीय पीड़ा से गुज़र रहा है, उसकी कल्पना भी मुश्किल है. यह मोदी सरकार की उस विभाजनकारी विचारधारा का नतीजा है, जो लोगों को धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र और पहचान के नाम पर बाँटती है.”

    राहुल गांधी ने कहा, “आज मणिपुर ही नहीं, पूरा देश प्रधानमंत्री से संवेदना के दो शब्द की भी उम्मीद छोड़ चुका है, कार्रवाई की बात तो दूर गई. मणिपुर बेहतर का हक़दार है - और इसके लिए भारत जोड़ना ही एकमात्र रास्ता है.”

  2. टीएमसी के बाग़ी विधायकों के गुट ने चुनाव आयोग से की मुलाकात

    तृणमूल कांग्रेस के बाग़ी विधायकों गुट ने आज दिल्ली में चुनाव आयोग से मुलाकात की है. बाग़ी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने इसकी जानकारी दी है.

    मीडिया से बात करते हुए ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, "हमने 23 जून को एक पत्र भेजकर चुनाव आयोग की फुल बेंच से मिलने की मांग की थी. हम चुनाव आयोग का धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने हमसे मुलाकात की."

    उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग से लंबी बातचीत हुई है. आयोग ने हमारी बातों को सुना है. आयोग ने कहा है कि वह सारी जांच करने के बाद हमें अपना जवाब देंगे."

    इससे पहले 23 जून को टीएमसी विधायकों के गुट ने मूल टीएमसी अलग होग नया गुट बनाया था.

    बाग़ी विधायकों ने बैठक कर पार्टी संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पार्टी अध्यक्ष पद से हटा दिया था. उन्होंने अरूप राय को पार्टी का नया अध्यक्ष और ऋतब्रत बनर्जी को महासचिव चुना था.

    ये भी पढ़ें:

  3. बेंगलुरु में खदान हादसा, आठ मज़दूरों की मौत

    बेंगलुरु दक्षिण तालुक में गुरुवार को एक पत्थर खदान में ग्रेनाइट की विशाल चट्टान ढहने से आठ मज़दूरों की मौत हो गई.

    पुलिस ने बताया कि यह हादसा गुरुवार तड़के बेंगलुरु शहरी और बेंगलुरु दक्षिण जिले की सीमा से सटे मडापट्टना इलाके में हुआ.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मरने वाले सभी लोग दिहाड़ी मजदूर थे और एक स्टोन क्रशर इकाई में काम कर रहे थे.

    पुलिस के मुताबिक़, चट्टानें गिरने से वे उनके नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताया है, '' कर्नाटक के बेंगलुरु शहरी जिले में पत्थर की खदान में हुए हादसे में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.''

  4. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उन पर दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    सरला भट्ट: वो कश्मीरी पंडित नर्स जिनकी 36 साल पहले हुई थी हत्या, अब चार्जशीट दाख़िल होने पर क्या कह रहा परिवार

    राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: सबसे ज़्यादा सवाल किस पर हैं, आरएसएस, वीएचपी या मुख्यमंत्री योगी पर?

  5. पाकिस्तान और सऊदी अरब ने इस अहम समझौते पर किए दस्तख़त, क्या है मक़सद

    पाकिस्तान और सऊदी अरब ने सुरक्षा से जुड़े एक एमओयू पर दस्तख़त किए हैं.

    एमओयू पर सऊदी अरब के गृह मंत्री अब्दुलअज़ीज़ बिन सऊद बिन नायेफ़ ने और पाकिस्तान की ओर से गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने दस्तख़त किए.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ सऊदी अरब के आंतरिक मंत्री अब्दुलअज़ीज़ बिन सऊद बिन नायेफ़ की ओर जारी एक बयान में कहा गया है, ''हमने दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया और सुरक्षा क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए.''

    उन्होंने कहा कि यह कदम रणनीतिक साझेदारी की मजबूती और सऊदी अरब और इस्लामी गणराज्य पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों की व्यापकता को दर्शाता है.

    इस यात्रा के दौरान,पाकिस्तानी गृह मंत्री ने रियाद क्षेत्र में स्थित एकीकृत सुरक्षा अभियान केंद्र का दौरा किया.

  6. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय समेत चार लोगों के ख़िलाफ़ अब इन लोगों ने की शिकायत

    अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में फैज़ाबाद बार एसोसिएशन के सदस्यों ने गुरुवार को एफ़आईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस में शिकायत दी.

    ये शिकायत राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा और गोपाल राव के ख़िलाफ़ दर्ज कराई गई है.

    चंपत राय और अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है, लेकिन उसे स्वीकार करने के लिए दो-तिहाई बहुमत चाहिए.

    राम जन्मभूमि थाने के बाहर फ़ैज़ाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र ने कहा, "पुलिस ने हमारी शिकायत ले ली है और कहा है कि एफ़आईआर दर्ज की जाएगी. हमारी शिकायत में चार लोगों के नाम हैं, जिनमें चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव शामिल हैं. फिलहाल केवल शिकायत दर्ज हुई है, एफ़आईआर अभी दर्ज नहीं की गई है.''

    राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

  7. जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची भारत पहुंचीं, किन सेक्टर्स में होगी डील

    पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत दौरे पर बुधवार को दिल्ली पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का स्वागत करते हुए दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया.

    पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जापान के संयुक्त प्रयास इंडो-पैसिफिक क्षेत्र सहित दुनिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देंगे.

    प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची बुधवार शाम तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचीं.

    प्रधानमंत्री मोदी ने उनका स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''भारत में आपका बहुत-बहुत स्वागत है, प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची. हमें आपके पहले भारत दौरे पर आपकी मेजबानी करके बहुत खुशी हो रही है और मैं गुरुवार को हमारी बड़ी बातचीत का इंतजार कर रहा हूं. जिससे भारत और जापान की स्पेशल स्ट्रैटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप और गहरी होगी.”

    वहीं ताकाइची ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर लिखा, “मैं भारत की राजधानी दिल्ली पहुंच गई हूं. जापान के प्रधानमंत्री के तौर पर यह लगभग तीन साल में मेरा पहला भारत दौरा होगा और व्‍यक्‍त‍िगत तौर पर भी.''

    भारत और जापान की बातचीत का सबसे बड़ा फोकस सेमीकंडक्टर, एआई और इंडो-पैसिफ़िक को लेकर होने वाले समझौतों पर होगा.

  8. ट्रंप के ख़िलाफ़ यौन उत्पीड़न का मामला, लेखिका ने मांगा हर्जाना, मेडलिन हेलपर्ट

    सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद अदालत पहुंचीं लेखिका ई. जीन कैरोल ने अनुरोध किया है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जूरी की ओर से तय किए गए 50 लाख डॉलर के हर्जाने का भुगतान करने का आदेश दे.

    तीन साल पहले एक दीवानी (सिविल) मामले में जूरी ने ट्रंप को कैरोल का यौन उत्पीड़न करने और बाद में उनकी मानहानि करने के लिए जिम्मेदार ठहराया था.

    लेखिका का ये अनुरोध अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की ओर से ट्रंप की उस याचिका को खारिज किए जाने के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने मामले की दोबारा सुनवाई की मांग की थी.

    मई 2023 में न्यूयॉर्क की एक जूरी ने कैरोल के पक्ष में 50 लाख डॉलर हर्जाना देने का फैसला सुनाया था.

    कैरोल का आरोप था कि ट्रंप ने 1990 के दशक में उनका यौन उत्पीड़न किया था और बाद में सोशल मीडिया पर इस घटना को "झूठा और मनगढ़ंत" बताया था.

    ट्रंप ने इन आरोपों से इनकार किया है. 82 वर्षीय कैरोल पहले एक पत्रिका में स्तंभकार रह चुकी हैं.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि 1990 के दशक के मध्य में ट्रंप ने मैनहैटन स्थित बर्गडॉर्फ गुडमैन डिपार्टमेंट स्टोर के ट्रायल रूम में उनका यौन उत्पीड़न किया था.

    उनका यह भी आरोप है कि 2022 में ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए ट्रंप ने उनके आरोपों को झूठा बताकर उनकी मानहानि की.

  9. रूस का यूक्रेन पर फिर बड़ा हमला, राजधानी कीएव में दस लोगों की मौत, सराह रैन्सफोर्ड, कीएव और हैरी सेकुलिच

    रूसी सेना ने बुधवार रात यूक्रेन की राजधानी कीएव पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया,जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई.

    अधिकारियों के मुताबिक़, "इस हमले में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं. हमले के बाद शहर के कई इलाकों को खाली कराया गया. विस्फोटों से राजधानी की कई इमारतें हिल गईं.''

    यह हमला यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की उस चेतावनी के कुछ ही घंटों बाद हुआ, जिसमें उन्होंने कहा था कि रूस "बड़े पैमाने पर" हमला करने की तैयारी कर रहा है.

    कीएव सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने बताया कि हताहतों की संख्या काफी अधिक है और उनमें बच्चे भी शामिल हैं.

    उन्होंने कहा, "दुश्मन एक बार फिर जानबूझकर रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है और आम नागरिकों की हत्या कर रहा है."

    वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि यह हमला हाल के यूक्रेनी हमलों के जवाब में ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किया गया.

  10. मोहन भागवत बोले- 'विभाजन के बाद भारत आने वाले लोग शरणार्थी नहीं 'संघर्ष के योद्धा'

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि 1947 के विभाजन के बाद भारत आने वाले लोग शरणार्थी नहीं थे, बल्कि "संघर्ष के योद्धा" थे.

    उन्होंने कहा ऐसे लोगों ने 'मातृभूमि' और 'धर्म' के प्रति प्रेम के कारण अपार कष्ट और पीड़ा सहते हुए भारत आने का फ़ैसला किया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ भागवत ने कहा, ''इन लोगों ने नवगठित पाकिस्तान में अपनी कई पीढ़ियों की कमाई हुई संपत्ति, ज़मीन-जायदाद और कारोबार छोड़ दिए और भारत आना स्वीकार किया.''

    भागवत ने बुधवार को नागपुर में सिंधी समाज की ओर से संचालित सिंधु एजुकेशन सोसाइटी के 75वें स्थापना दिवस समारोह में ये बातें कहीं.

    भागवत ने कहा, ''विभाजन के बाद लोगों ने पूरी चेतना के साथ भारत आने का निर्णय लिया क्योंकि वे भारतभूमि में रहना चाहते थे,जहां वे बिना किसी भय के अपने धर्म का पालन कर सकें.''

    उन्होंने कहा, "वे विस्थापित ज़रूर थे, लेकिन शरणार्थी नहीं थे. उस समय उनके लिए 'शरणार्थी' शब्द का इस्तेमाल करना ग़लत था. वे मातृभूमि और अपने धर्म के प्रति प्रेम से संघर्ष करने वाले योद्धा थे.''

    उन्होंने कहा, "भारत को एकजुट रखने की लड़ाई हम सब हार गए. यह केवल उनकी ग़लती नहीं थी."

    भागवत ने कहा, "उन्होंने न तो करियर चुना और न ही संपत्ति. उन्होंने अपने देश और अपने धर्म को चुना."

  11. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: इंग्लैंड ने डीआर कांगो और बेल्जियम ने सेनेगल को हराकर अंतिम 16 में ली एंट्री

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में बुधवार को खेले गए एक मैच में हैरी केन के दो शानदार गोल की बदौलत इंग्लैंड ने डीआर कांगो को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में एंट्री कर ली.

    कप्तान हैरी केन ने दूसरे हाफ में 11 मिनट के भीतर दो गोल दागकर इंग्लैंड की विश्व कप जीत की उम्मीदों को नई जान दे दी. उनके दम पर इंग्लैंड ने बुधवार रात अटलांटा में खेले गए राउंड ऑफ 32 मुकाबले में डीआर कांगो को 2-1 से हराकर शानदार वापसी की.

    अब इंग्लैंड का सामना रविवार को मेक्सिको सिटी के एज़्टेका स्टेडियम में को-होस्ट मेक्सिको से अंतिम-16 में होगा. डीआर कांगो ने मैच के सातवें मिनट में बढ़त बना ली थी.

    कप्तान चांसेल मबेम्बा के लंबे पास पर बॉक्स में बिना किसी निगरानी के मौजूद ब्रायन सिपेंगा ने शानदार फिनिश करते हुए गोल कर दिया था. मैच का रुख 75वें मिनट में बदला.

    इंग्लैंड के लगातार दबाव का असर थक चुकी कांगो की रक्षा पंक्ति पर दिखने लगा था.

    वहीं एक दूसरे मैच में बेल्जियम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए सेनेगल को 3-2 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली.

    मैच के आख़िरी क्षणों में यूरी टिलेमांस ने विजयी गोल दागकर अपनी टीम को 3-2 की जीत दिलाई और विश्व कप के अंतिम-16 में पहुंचा दिया.

    सेनेगल 2002 में अपने पहले विश्व कप में पदार्पण के बाद पहली बार नॉकआउट मुकाबला जीतने की ओर बढ़ता दिख रहा था.लेकिन उसकी ये उम्मीद पूरी नहीं हुई.

  12. सरकार ने व्हाट्सऐप के 'यूज़रनेम' फ़ीचर को लेकर मेटा से मांगा जवाब

    भारत में व्हाट्सऐप पर 'यूज़रनेम' फ़ीचर शुरू करने को लेकर सरकार ने मेटा को नोटिस जारी किया है.

    मेटा व्हाट्सऐप की मालिकाना कंपनी है. सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि सरकार ने मेटा को निर्देश दिया है कि वह 'यूज़रनेम' फ़ीचर के बारे में तीन दिन के भीतर विस्तार से स्पष्टीकरण दे.

    सरकार ने मेटा को यह भी निर्देश दिया है कि इस मामले पर परामर्श प्रक्रिया पूरी होने तक 'यूज़रनेम' फ़ीचर भारत में लागू न किया जाए.

    इस सप्ताह की शुरुआत में व्हाट्सऐप ने घोषणा की थी कि वह सिलसिलेवार तरीके से ऐसा फ़ीचर शुरू करेगा,जिसके तहत यूजर अपनी पसंद का यूज़रनेम चुन सकेंगे.

    साथ ही किसी नए व्यक्ति से पहली बार संपर्क करते वक़्त अपना मोबाइल नंबर छिपा सकेंगे.

    यूज़रनेम एक वैकल्पिक और विशिष्ट पहचान (यूनिक आइडेंटिफायर) होगा, जिसे यूजर अपने व्हाट्सऐप अकाउंट के लिए चुन सकेंगे.

    दूसरे लोग इसी यूज़रनेम के जरिए उन्हें मैसेज भेज सकेंगे या कॉल कर सकेंगे,जबकि उनका मोबाइल नंबर प्राइवेट रहेगा.

  13. ईरान ने कहा, 'आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के ख़ून का बदला ज़रूर लेंगे'

    ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने एक बयान में घोषणा की है कि वह आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के 'खून का बदला' लेगी.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरानी मीडिया ने सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहम्मद बाकर ज़ोलक़द्र की ओर से दस्तख़त किया हुआ एक संदेश प्रकाशित किया है.

    इसमें कहा गया है कि आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के 'ख़ून का बदला' उनके हत्यारों से निश्चित तौर पर लिया जाएगा.

    मोहम्मद बाक़र का यह संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी किया गया है. ईरान के सर्वोच्च नेता ख़ामेनई की हत्या 28 फ़रवरी 2026 को हुई थी.

    इसी दिन ईरान पर अमेरिकी और इसराइल ने पहला हमला किया था. इस हमले में कई अन्य अहम ईरानी अधिकारियों के साथ-साथ उनके परिवार के कुछ सदस्य भी मारे गए थे.

    बीबीसी की फ़ारसी के मुताबिक़ अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह 4 से 8 जुलाई तक तेहरान, क़ोम और मशहद में आयोजित किए जाएंगे.

    जबकि शोक सभाएं इराक़ के शहरों बग़दाद,काज़मिन,कर्बला और नजफ़ में भी आयोजित की जाएंगी.

  14. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत के नतीज़ों के बारे में अब ये कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही बातचीत में हुई प्रगति 'सकारात्मक' है.

    ये भी दावा है कि क़तर में हाल ही में हुई बैठकें भी अच्छी रही हैं. बुधवार को नॉर्थ डकोटा के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को घटाने की दिशा की प्रक्रिया सही दिशा में आगे बढ़ रही है.

    एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बहुत अच्छी बैठकें हुईं, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा, "हम देखेंगे कि आगे क्या होता है."

    राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर दबाव भी डाला है, लेकिन इसके बावजूद बातचीत की प्रक्रिया जारी है.

    ईरान लगातार इस बात पर ज़ोर देता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है.

    ईरान और अमेरिका के बीच क़तर की राजधानी दोहा में अप्रत्यक्ष तकनीकी वार्ता चल रही है, जिसमें क़तर और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं.

  15. भारत-इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 मैच बारिश से धुला, श्रेयस और अभिषेक की तूफ़ानी पारियां

    भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ का पहला मैच बारिश की वजह से बिना किसी रिज़ल्ट के ख़त्म हो गया.

    चेस्टर ले स्ट्रीट में खेले गए पहले मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फ़ैसला किया और 20 ओवर में 7 विकेट के नुक़सान पर 189 रन बनाए.

    लेकिन बारिश की वजह से इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो पाई और मैच बिना किसी परिणाम के ख़त्म हो गया.

    भारत की तरफ़ से अभिषेक शर्मा ने सिर्फ़ 24 गेंदों पर तूफ़ानी 59 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल थे.

    वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और 6 चौके शामिल थे. पारी के आख़िरी लम्हों में शिवम दुबे ने सिर्फ़ 21 गेंदों पर 42 रन बनाकर भारत का स्कोर 189 तक पहुंचाने में मदद की.

    आयरलैंड के ख़िलाफ़ भारत दो मैचों की टी-20 सिरीज़ 0-2 से हार गया था. दोनों मैचों में वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली थी.

    इसके बाद इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले गए इस मैच में भी वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली.

  16. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिली टीम में जगह, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भारत का पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    वेनेज़ुएला भूकंप: मलबे में फँसे लोगों की तलाश के बीच जब छा गई दर्दनाक ख़ामोशी

    वैभव सूर्यवंशी के बारे में श्रेयस अय्यर ने जो कहा उसे सुनकर फ़ैंस बोले, 'इतना घमंड ठीक नहीं कप्तान साहब'

    '35 करोड़ की पेशकश की गई': क्या तमिलनाडु में विजय के विधायक को ख़रीदने की कोशिश हुई?