पेरिस हमला: अब्देसलाम करेगा अभियोजक पर मुक़दमा

प्रकाशित

पेरिस हमलों के संदिग्ध हमलावर सालाह अब्देसलाम के वकील स्वेन मेरी का कहना है कि वो फ्रांस के एक अभियोजक पर गोपनीयता भंग करने का मुक़दमा करेगा.

इस अभियोजक ने पत्रकारों को बताया था कि अब्देसलाम ने कबूल किया था कि वो 13 नवंबर को ख़ुद को बम से उड़ाना चाहता था, लेकिन फिर उसका मन बदल गया.

ख़ुद को इस्लामिक स्टेट कहने वाले चरमपंथी संगठन ने पेरिस हमलों की जिम्मेदारी ली थी. इस हमले में 130 लोग मारे गए थे और बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए थे.

शनिवार को फ्रांस की राजधानी में एक संवाददाता सम्मेलन में पेरिस की अभियोजक ने अब्देसलाम की कथित योजना की बात की थी.

अभियोजक फ्रांस्वा मोलिंस ने बेल्जियम पुलिस के सामने अब्देसलाम के बयान का हवाला देते हुए कहा था, "वह स्टेड डे फ्रांस पर ख़ुद को विस्फोट से उड़ाना चाहता था और फिर उसका मन बदल गया."

पेरिस हमलावर का वकील

वकील ने कहा कि लोगों को 26 वर्षीय फ्रांसीसी नागरिक अब्देसलाम के शुरुआती बयान का इस्तेमाल सतर्कता से करना चाहिए.

मेरी ने कहा कि वो मोलिंस के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई करेंगी क्योंकि मोलिंस ने जांच की गोपनीयता भंग की है.

मेरी ने बेल्जियम के सरकारी प्रसारक आरटीबीएफ़ से कहा कि संवाददाता सम्मेलन में मोलिंस की टिप्पणी "एक उल्लंघन है....मैं इसे चुनौती दिए बिना नहीं रह सकती."

नवंबर में पेरिस हमलों के बाद अब्देसलाम फ़रार था और शुक्रवार को उसे बेल्जियम के ब्रसेल्स शहर से एक कार्रवाई के बाद गिरफ़्तार किया गया था.

अब्देसलाम के वकील का कहना है कि वो बेल्जियम की पुलिस के साथ सहयोग कर रहा हैं.

बेल्जियम ने अब्देसलाम पर आतंकवाद से जुड़े आरोप लगाए हैं. लेकिन वो ख़ुद को फ्रांस प्रत्यर्पित किए जाने का विरोध कर रहा है.

गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान अब्देसलाम के पैर में गोली लगी थी.

पुलिस को उम्मीद है कि उनकी गिरफ़्तारी से आईएस की योजनाओं और उसे मिलने वाली आर्थिक मदद के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)