ऋतिक से मुक़ाबला करेंगे टाइगर

प्रकाशित

'हीरोपंती' के बाद अब टाइगर श्रॉफ़ हीरो बन कर आ रहे हैं एक सुपरहीरो अवतार में.

वैसे टाइगर की फ़िल्म 'फ्लाईंग जट्ट' की चर्चा काफ़ी समय से थी और अब फ़िल्म का फ़र्स्ट लुक जारी हो गया है.

बालाजी फ़िल्म्स की मानें तो फ़िल्म में टाइगर के लुक पर काफ़ी मेहनत की गई है और उनके कॉस्टयूम के लिए हॉलीवुड की उसी कंपनी से क़रार किया गया जिसने सुपरमैन रिटर्न्स और स्पाईडरमैन जैसे किरदारों की ड्रेस डिज़ाईनिंग की है.

लेकिन फ़िल्म का पहला लुक जारी होते ही लोगों ने क़यास लगाने शुरू कर दिए हैं कि टाइगर का लुक 'क्रिश' से मिलता जुलता है.

दरअसल फ़्लाईंग जट्ट में टाइगर एक देसी सुपरहीरो का किरदार निभा रहे हैं और उनके कॉस्ट्यूम, हेयरस्टाईल, मास्क से लेकर पूरा लुक बहुत हद तक 'क्रिश' से मिल रहा है.

इस तुलना का एक कारण ये भी है कि कई दिनों से टाइगर, ऋतिक रोशन के साथ साथ ही नज़र आ रहे थे और उन्होनें कहा भी था, "ऋतिक बॉलीवुड के असली सुपरहीरो (क्रिश) हैं और उनसे टिप्स लेने में बुरा भी क्या है?"

फ़िल्म में क्रिश और फ़्लाईंग जट्ट की पॉवर कितनी अलग अलग हैं यह तो प्रोमो के बाद ही पता चलेगा लेकिन ये तय है कि ऋतिक और टाइगर की तुलना होगी ही.

फ़िल्म की ख़ासियत है कि इस फ़िल्म में विलेन की भूमिका कोई देसी विलेन नहीं बल्कि डब्ल्यूडब्ल्यूई के पूर्व रेसलर नाथन जोन्स निभा रहे हैं जो मूल रूप से ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं.

बालाजी की ओर से पहले ही कह दिया गया है कि इस फ़िल्म में दर्शकों को हॉलीवुड जैसा अनुभव होगा क्योंकि इस फ़िल्म के लिए तकनीक भी हॉलीवुड से ली गई है.

फ़िल्म का निर्देशन कर रहे हैं रेमो डिसूज़ा और रेमो की फ़िल्म होने के चलते फ़िल्म में नाच गाना भी जमकर होगा ऐसे में लुक, नृत्य और अभिनय में टाइगर का मुक़ाबला सीधा ऋतिक से होने वाला है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>