ज़ीशान अली: कौन हैं पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट, जो चीन की मदद से जाएंगे अंतरिक्ष?

इमेज स्रोत, x.com/CNSpaceStation
चीन ने शेनझोउ-24 मानव अंतरिक्ष मिशन के दल की आधिकारिक घोषणा कर दी है. इस दल में पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली भी शामिल हैं.
इस मिशन के लिए पाकिस्तान ने मोहम्मद ज़ीशान अली और ख़ुर्रम दाऊद का चयन किया था. दोनों ने चीन में अपनी ट्रेनिंग पूरी की है.
अब मोहम्मद ज़ीशान अली को मिशन के लिए अंतिम रूप से चुना गया है.
वह पेलोड विशेषज्ञ के रूप में चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन जाएंगे, जबकि ख़ुर्रम दाऊद बैकअप अंतरिक्ष यात्री की भूमिका निभाएंगे.
मोहम्मद ज़ीशान अली चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री होंगे. यह चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत चीनी और विदेशी अंतरिक्ष यात्रियों की पहली संयुक्त अंतरिक्ष उड़ान भी होगी.
ज़ीशान अली चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर कई दिन बिताएंगे. इस दौरान वह वैज्ञानिक प्रयोगों और शोध गतिविधियों में हिस्सा लेंगे. मिशन पूरा होने के बाद वह शेनझोउ-23 मिशन के दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पृथ्वी पर लौटेंगे.
मोहम्मद ज़ीशान अली का कहना है कि इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बनना उनके लिए सिर्फ निजी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का मौक़ा भी है.
उन्होंने कहा, ''मैं पाकिस्तानी लोगों के सपनों को अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा रहा हूं.''
ज़ीशान अली की ट्रेनिंग

इमेज स्रोत, Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
इस साल चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत पाकिस्तानी उम्मीदवार के रूप में चुने जाने के बाद मोहम्मद ज़ीशान अली ने चीन में कई महीनों तक विशेष ट्रेनिंग ली.
इस प्रशिक्षण में चीनी भाषा सीखना, अंतरिक्ष यान के सिस्टम को समझना, ज़ीरो ग्रेविटी में अभ्यास करना और कठिन शारीरिक प्रशिक्षण शामिल था.
चीन के आधिकारिक अख़बार शंघाई डेली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनका एक बयान साझा किया.
इसमें ज़ीशान अली ने कहा, ''एक पाकिस्तानी के रूप में मैं अपने साथ पाकिस्तानी लोगों के सपने लेकर जा रहा हूं.''
उन्होंने आगे कहा, "चीन और पाकिस्तान के लोगों को हमसे बहुत उम्मीदें हैं. अंतरिक्ष में मिलकर काम करते हुए हम इंसानियत के भविष्य के लिए साझा प्रयास कर रहे हैं."
शंघाई डेली के मुताबिक़, मोहम्मद ज़ीशान अली शेनझोउ-24 मिशन के दौरान पाकिस्तान की ओर से चुने गए चार वैज्ञानिक प्रयोग और परीक्षण करेंगे.
'सीएन स्पेस' नाम के एक्स हैंडल पर साझा किए गए एक इंटरव्यू में ज़ीशान अली ने अपने प्रशिक्षण के अनुभव बताए. उन्होंने कहा कि लड़ाकू विमान के पायलट होने के बावजूद उन्हें कठिन शारीरिक और तकनीकी प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा.
उन्होंने कहा, ''मैंने सेंट्रीफ्यूज प्रशिक्षण, बचाव और जीवन रक्षा का प्रशिक्षण और इमरजेंसी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया. लेकिन सबसे बड़ी चुनौती चीनी भाषा सीखना था.''
उनके मुताबिक़, अंतरिक्ष यान के सभी स्विच, सॉफ्टवेयर, प्रोग्राम और आवाज़ के जरिए दी जाने वाली घोषणाएं चीनी भाषा में हैं. इसलिए उन्हें रोज़मर्रा की चीनी भाषा के साथ-साथ तकनीकी शब्दावली भी सीखनी पड़ी.
अपने चीनी साथी अंतरिक्ष यात्रियों के बारे में बात करते हुए ज़ीशान अली ने कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें ऐसे सहयोगी मिले हैं, जो उनकी राय का सम्मान करते हैं और मिलकर किसी भी स्थिति का समाधान खोजते हैं.
उन्होंने कहा कि दल के सदस्यों के बीच सहयोग, आपसी समझ और दोस्ती पाकिस्तान और चीन के रिश्तों को दिखाती है.
पाकिस्तान के कौन से वैज्ञानिक प्रयोग होंगे शामिल?

इमेज स्रोत, x.com/CNSpaceStation
मोहम्मद ज़ीशान अली का काम सिर्फ अंतरिक्ष की यात्रा करना नहीं होगा. उन्हें वहां पाकिस्तान की ओर से चुने गए वैज्ञानिक प्रयोग भी करने होंगे.
पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी 'सुपारको' को देश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से 300 से ज़्यादा प्रस्ताव मिले थे. इनमें से चार प्रयोगों को चीनी विशेषज्ञों ने इस मिशन के लिए चुना.
ये प्रयोग मुख्य रूप से बायो टेक्नोलॉजी से जुड़े हैं. इनका मक़सद खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और भविष्य में अंतरिक्ष की खोज से जुड़े क्षेत्रों में नई जानकारी हासिल करना है.
इन प्रयोगों की तैयारी के साथ ही मिशन के प्रक्षेपण से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं.
इस मिशन में पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के शामिल होने को देखते हुए चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े विभागों ने चीनी और अंग्रेजी भाषा में संचालन संबंधी निर्देश तैयार किए हैं.
इसके अलावा, ज़ीशान अली की खान-पान संबंधी ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए हलाल अंतरिक्ष भोजन की व्यवस्था भी की गई है.
परीक्षण और प्रक्षेपण से जुड़ी सभी जरूरी शर्तें पूरी करने के लिए तापमान और नमी पर लगातार नजर रखने वाली एक स्मार्ट प्रणाली का भी इस्तेमाल किया गया.
चीन के शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान और लॉन्ग मार्च 2एफ रॉकेट को 17 नवंबर को प्रक्षेपण स्थल पर पहुंचाया गया.
अंतरिक्ष यान को बुधवार को बीजिंग के समय के मुताबिक़ सुबह 8:18 बजे उत्तर-पश्चिम चीन के जियुकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से लॉन्च किया जाएगा.
शेनझोउ-24 मिशन की कमान चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो संभालेंगे. उनके साथ वू यी और पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली भी होंगे.
पाकिस्तान और चीन के बीच अंतरिक्ष सहयोग

इमेज स्रोत, CCTV
यह मिशन पाकिस्तान और चीन के बीच कई साल से चल रहे अंतरिक्ष सहयोग का हिस्सा है. इस सहयोग के तहत चीन ने पाकिस्तान के उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजा है.
इसके अलावा, 2028 के आसपास चीन के चांग'ई-8 चंद्र मिशन के ज़रिए पाकिस्तान में बना एक रोवर चंद्रमा पर भेजने की योजना भी है.
चीन ने साल 2022 में अपने तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण पूरा कर लिया था. अब वह अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम में दूसरे देशों के साथ साझेदारी बढ़ाना चाहता है.
चीन का लक्ष्य साल 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर उतारना भी है.
पाकिस्तान के पास इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने के लिए अपना मानव अंतरिक्ष यान या रॉकेट नहीं है. इसलिए इस मिशन के सभी अहम चरणों के लिए उसे चीन पर निर्भर रहना होगा.
पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री चीनी अंतरिक्ष यान से रवाना होंगे, चीन में प्रशिक्षण लेंगे और चीनी विशेषज्ञों की निगरानी में अंतरिक्ष स्टेशन पर काम करेंगे.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष स्टेशन पर क़रीब एक सप्ताह बिताएंगे. यह अवधि चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के आमतौर पर वहां बिताए जाने वाले छह महीने के समय से काफ़ी कम है.
ज़ीशान अली मई में अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे चीनी दल के दो सदस्यों के साथ पृथ्वी पर लौटेंगे. इस दल का तीसरा सदस्य मानव शरीर पर लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने के असर का अध्ययन करने के लिए क़रीब एक साल तक स्टेशन पर रहेगा.
रॉयटर्स के मुताबिक़, अब तक दुनिया के क़रीब 50 देशों के नागरिक अंतरिक्ष की यात्रा कर चुके हैं. हालांकि, अपने बनाए अंतरिक्ष यानों के जरिए इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने की क्षमता सिर्फ रूस, अमेरिका और चीन के पास है.
ऐसे में चीन की ओर से पाकिस्तान को अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर अंतरिक्ष यात्री भेजने का मौका देना एक अहम घटनाक्रम है.
ज़ीशान अली और ख़ुर्रम दाऊद को लेकर क्या बोले पाकिस्तान के मंत्री?

इमेज स्रोत, SUPARCO
पाकिस्तान के योजना मंत्री अहसान इक़बाल ने शेनझोउ-24 मिशन के लिए चुने जाने पर मोहम्मद ज़ीशान अली को बधाई दी है.
उन्होंने कहा कि ज़ीशान अली चीन के मानव अंतरिक्ष मिशन के दल में शामिल होने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्री हैं. वह चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री भी होंगे.
अहसान इक़बाल ने ख़ुर्रम दाऊद की भी सराहना की. ख़ुर्रम उन दो पाकिस्तानी उम्मीदवारों में शामिल थे, जिन्होंने प्रशिक्षण के अंतिम चरण तक जगह बनाई थी.
मंत्री के मुताबिक़, दोनों उम्मीदवारों को पाकिस्तान के बेहतरीन पायलटों और वैज्ञानिकों में से चुना गया था.
उन्होंने कहा कि दोनों ने सेंट्रीफ्यूज और सिम्युलेटर प्रशिक्षण, आपातकालीन स्थिति से निपटने के अभ्यास और नई भाषा सीखने समेत कई कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए. इस दौरान दोनों ने अपनी असाधारण क्षमताएं भी दिखाईं.
अहसान इक़बाल ने कहा कि भले ही मोहम्मद ज़ीशान अली को अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुना गया है, लेकिन ख़ुर्रम दाऊद ने भी अपने प्रदर्शन से पाकिस्तान का नाम रोशन किया है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.































