15 ओवरों में 5 विकेट दूर थी जीत, फिर भी न्यूज़ीलैंड को क्यों नहीं हरा पाया भारत

कप्तान शुभमन गिल ने 15 ओवर्स बाकी रहते ड्रॉ पर सहमति जताने के अपने फ़ैसले का बचाव किया
इमेज कैप्शन, कप्तान शुभमन गिल ने 15 ओवर्स बाकी रहते ड्रॉ पर सहमति जताने के अपने फ़ैसले का बचाव किया
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 8 मिनट

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिज़र्व में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ हो गया है. पहली पारी में 352 रन की बढ़त लेने के बावजूद भारत टेस्ट नहीं जीत सका. सोशल मीडिया पर इसको लेकर काफ़ी चर्चा हो रही है.

लोग टीम सिलेक्शन से लेकर भारतीय गेंदबाज़ों की नाकामी को ड्रॉ के लिए ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं.

टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को जब प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया था तब भी सुनील गावस्कर, हर्षा भोगले, वसीम जाफ़र समेत कई एक्सपर्ट्स ने सवाल उठाए थे.

अब लोग सिराज की कमी के साथ-साथ एक विशेषज्ञ स्पिनर की टीम में गैर मौजूदगी को लेकर भी टीम मैनेजमेंट, कप्तान और कोच गौतम गंभीर के फ़ैसलों पर प्रश्न उठा रहे हैं.

कई लोग इस बात पर भी हैरानी जता रहे हैं कि न्यूज़ीलैंड के 5 विकेट ही बचे थे फिर भी मैच के 15 ओवर्स बाक़ी रहने पर भी भारत ड्रॉ के लिए क्यों सहमत हो गया.

मैच में क्या हुआ था?

न्यूज़ीलैंड के डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स मैच ख़त्म होने के बाद मैदान से बाहर जाते हुए
इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स मैच ख़त्म होने के बाद मैदान से बाहर जाते हुए

न्यूज़ीलैंड पहली पारी में 368 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी. हालांकि एक समय में उसके 70 रन पर 5 विकेट गिर चुके थे. लेकिन हेनरी निकोल्स और ग्लेन फ़िलिप्स के शतकों के सहारे टीम ने अपना स्कोर 350 के पार कर लिया.

तब भी एक्सपर्ट्स और क्रिकेट प्रेमियों ने भारत की 'गेंदबाज़ी में पैनेपन की कमी' को न्यूज़ीलैंड के फ़ाइट बैक के लिए ज़िम्मेदार ठहराया था.

अपनी पहली पारी में भारतीय टीम ने ज़बरदस्त बैटिंग की. के एल राहुल और ऋषभ पंत ने बेहतरीन शतक लगाए और कप्तान शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरैल के अर्धशतकों के सहारे टीम ने 9 विकेट पर 720 रन का स्कोर खड़ा करने के बाद पारी घोषित कर दी.

352 रन से पीछे रहने के बाद न्यूज़ीलैंड ने दूसरी पारी में 120 ओवर खेले और 5 विकेट पर 239 रन बनाकर मैच ड्रॉ कर लिया.

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने आख़िरी दिन 15 ओवर बाक़ी रहते ही न्यूज़ीलैंड के कप्तान डैरिल मिचेल से हाथ मिलाकर मैच ख़त्म करने पर सहमति जता दी.

भारत के इस फ़ैसले पर भी सवाल उठ रहे हैं

गिल ने क्या कहा

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि अगले टेस्ट के लिए तेज़ गेंदबाज़ों को आराम मिलना ज़रूरी था
इमेज कैप्शन, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि अगले टेस्ट के लिए तेज़ गेंदबाज़ों को आराम मिलना ज़रूरी था

15 ओवर्स बाकी रहते हुए भी भारत के मैच ड्रॉ कराने पर सहमति जताने के फ़ैसले का बचाव करते हुए कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि भारतीय तेज़ गेंदबाज़ काफ़ी थक चुके थे और अगले टेस्ट से पहले आराम के लिए भी ज़्यादा समय नहीं था.

गिल ने कहा, "अगर पिच पर थोड़ी और मदद होती तो शायद हम जीत के लिए कोशिश कर सकते थे. लेकिन तेज़ गेंदबाज़ थक चुके थे. मैच में सभी ने क़रीब 50 ओवर गेंदबाज़ी की थी."

उन्होंने कहा, "अगला मैच सिर्फ़ तीन दिन दूर है और कल हमें सफ़र भी करना है. इसलिए हम अपने सभी गेंदबाज़ों को तरोताज़ा रखना चाहते थे. मुझे नहीं लगा कि पांच-दस ओवर और गेंदबाज़ी करने से कोई ख़ास फ़र्क़ पड़ता."

शॉर्ट वीडियो देखिए
वीडियो कैप्शन, अंडर-19 एशिया कप में भारत की जीत के चार स्टार
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

गिल ने यह भी कहा कि उन्हें पिच पर दस विकेट लेना मुश्किल लग रहा था. उनके मुताबिक़, भारतीय टीम को कुछ मौक़े मिले थे, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सकी.

गिल ने मैच में इस्तेमाल की गई गेंद की क्वालिटी पर भी सवाल उठाए.

उन्होंने कहा, "गेंद निश्चित तौर पर बहुत अहम भूमिका निभाती है. हमारी पहली गेंद भी करीब 25-30 ओवर के बाद बहुत नरम हो गई थी. मुझे लगता है कि दूसरी टीम ने भी इसकी शिकायत की थी. हमने इंग्लैंड में भी ऐसा देखा था. वहां शुरुआती तीन-चार मैचों में गेंद बहुत जल्दी नरम हो रही थी.

मुझे नहीं पता कि गेंदों की गुणवत्ता में गिरावट आई है या इसकी कोई और वजह है. लेकिन ऐसी परिस्थितियों में, जब पिच से भी गेंदबाज़ों को मदद नहीं मिल रही हो और ऊपर से गेंद भी नरम हो जाए, तो उनके लिए विकेट लेना बहुत मुश्किल हो जाता है."

कमेंटेटर हर्षा भोगले ने गिल की बात का समर्थन करते हुए एक्स पर लिखा, "शुभमन गिल ने गेंदों की गुणवत्ता को लेकर बिल्कुल सही बात कही है. गेंद 25-30 ओवर में ही नरम नहीं पड़ जानी चाहिए. यह ऐसा मुद्दा है जिस पर आईसीसी को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए. वेलिंगटन में मैच के आख़िरी दिन गेंदबाज़ों के लिए बिल्कुल कुछ नहीं था. पिच बेजान थी, गेंद नरम हो चुकी थी और उसमें कोई सीम मूवमेंट नहीं था. क्रिकेट के लिए यह अच्छी बात नहीं है. "

सिराज को टीम में ना लेने के फ़ैसले का बचाव

मोहम्मद सिराज को प्लेइंग 11 में ना लेने के फ़ैसले पर कई विशेषज्ञों ने हैरानी जताई थी
इमेज कैप्शन, मोहम्मद सिराज को प्लेइंग 11 में ना लेने के फ़ैसले पर कई विशेषज्ञों ने हैरानी जताई थी

मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करने का फ़ैसला भी इस मैच की चर्चा का एक बड़ा विषय रहा.

टीम की प्लेइंग इलेवन सामने आने के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने सिराज को बाहर रखने के फ़ैसले पर हैरानी जताई थी. पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने भी सिराज के अनुभव और विदेशी परिस्थितियों में गेंदबाज़ी करने की क्षमता का हवाला देते हुए उनके बाहर होने पर सवाल उठाए थे.

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस फ़ैसले को "वेरी हार्श" बताया था. वहीं, कमेंटेटर हर्षा भोगले ने सिराज को बाहर रखने पर "हैरानी" होने की बात कही थी.

शॉर्ट वीडियो देखिए
वीडियो कैप्शन, अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की जीत

मैच के बाद गिल ने सिराज को बाहर रखने के फ़ैसले का बचाव किया.

उन्होंने कहा, "सिराज एक बेहतरीन खिलाड़ी और गेंदबाज़ हैं. उन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. इन सबसे पहले, वह मेरे अच्छे दोस्त हैं. उन्हें टीम से बाहर रखने का फ़ैसला मेरे लिए भी बहुत मुश्किल था. लेकिन आपको यह देखना होता है कि कौन से गेंदबाज़ अच्छी फ़ॉर्म में हैं. "

गिल ने आगे कहा, "मैच से पहले मेरी उनसे इस बारे में बात हुई थी. मैंने उन्हें बताया था कि वह इस मैच में नहीं खेलेंगे. वह इस फ़ैसले के पीछे की वजह समझ गए थे और यह भी कि किसी दूसरे खिलाड़ी को क्यों चुना गया"

जब उनसे पूछा गया कि क्या सिराज और रवींद्र जडेजा के खेलने से मैच का नतीजा बदल सकता था, तो गिल ने जवाब दिया, "मुझे नहीं लगता."

गांगुली ने टीम चयन पर उठाए सवाल

सौरव गांगुली ने टीम सिलेक्शन पर सवाल उठाए हैं
इमेज कैप्शन, सौरव गांगुली ने भी टीम सिलेक्शन पर सवाल उठाए हैं

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने मैच ड्रॉ होने के बाद भारतीय टीम के चयन पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने ख़ास तौर पर एक विशेषज्ञ स्पिनर को टीम में शामिल नहीं करने पर हैरानी जताई.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "भारत ने इस सिरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया है. पहले व्हाइट बॉल क्रिकेट में और अब रेड बॉल क्रिकेट में भी. बल्लेबाज़ों ने जिस तरह से अपनी ज़िम्मेदारी निभाई, वह काबिल-ए-तारीफ़ है. लेकिन उन्हें यह समझना होगा कि विदेशी ज़मीन पर टेस्ट मैच जीतने के लिए एक अच्छे स्पेशलिस्ट स्पिनर का होना ज़रूरी है. खासकर ऐसी पिचों पर, जो समय के साथ सपाट होती जाती हैं. टेस्ट क्रिकेट में आपको एक स्पेशलिस्ट स्पिनर खिलाना ही चाहिए. वॉशिंगटन सुंदर ऑलराउंडर के तौर पर खेल सकते हैं."

उन्होंने सवाल किया कि कुलदीप यादव या मानव सुथार को टीम में क्यों नहीं रखा गया.

भारतीय गेंदबाज़ों का प्रदर्शन: कहां हुई मुश्किल?

जस्प्रीत बुमराह ने पहली पारी में चार विकेट लिए
इमेज कैप्शन, जस्प्रीत बुमराह ने पहली पारी में चार विकेट लिए

भारत की तरफ़ से जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में चार विकेट लिए. आकाश दीप ने तीन और अंशुल कंबोज ने दो विकेट हासिल किए. प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला.

दूसरी पारी में न्यूज़ीलैंड ने शुरुआती दो विकेट गंवाने के बाद संभलकर बल्लेबाज़ी की. डेवोन कॉनवे ने 65 और रचिन रवींद्र ने 37 रन बनाए. वॉशिंगटन सुंदर ने कॉनवे को आउट किया, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने रवींद्र को पवेलियन भेजा.

इसके बाद डैरिल मिचेल और ग्लेन फ़िलिप्स ने भारतीय गेंदबाज़ों को विकेट के लिए तरसाया. दोनों ने छठे विकेट के लिए 63 रन की नाबाद साझेदारी की. मिचेल ने 186 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए, जबकि फ़िलिप्स ने 126 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाए.

दूसरी पारी में प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए. वॉशिंगटन सुंदर, अंशुल कंबोज और जसप्रीत बुमराह को एक-एक विकेट मिला. आकाश दीप कोई विकेट नहीं ले सके.

यानी दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाज़ों ने 120 ओवर गेंदबाज़ी की, लेकिन न्यूज़ीलैंड के सिर्फ़ पांच विकेट ले पाए. इसमें आख़िरी दिन मिचेल और फ़िलिप्स की रक्षात्मक बल्लेबाज़ी की बड़ी भूमिका रही.

इस प्रदर्शन के बाद सिराज को टीम में शामिल नहीं करने का सवाल फिर उठ रहा है. सिराज लंबे स्पेल करने और लगातार दबाव बनाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ में 23 विकेट लिए थे.

स्पिन गेंदबाज़ी को लेकर भी सवाल हैं. भारत ने इस टेस्ट में वॉशिंगटन सुंदर को एकमात्र स्पिनर के तौर पर खिलाया था. रवींद्र जडेजा प्लेइंग इलेवन में नहीं थे. कुलदीप यादव और मानव सुथार भी टीम में नहीं थे.

वॉशिंगटन ने दूसरी पारी में 35 ओवर गेंदबाज़ी की और एक विकेट लिया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.