पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक के दिल्ली दौरे पर वहां के मीडिया में कैसी है चर्चा

पाकिस्तान के केंद्रीय मंत्री मुसादिक मलिक
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के केंद्रीय मंत्री मुसादिक मलिक दिल्ली में एससीओ के सिविलाइजेशनल डायलॉग फ़ोरम में शामिल हुए
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 9 मिनट

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले 'डायलॉग ऑफ़ सिविलाइजेशंस' में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हुए हैं.

'डायलॉग ऑफ़ सिविलाइजेशंस' 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में हो रहा है.

पाकिस्तान सरकार के किसी मंत्री का यह तीन साल बाद भारत दौरा है. इससे पहले साल 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने भारत आए थे.

उनकी यात्रा को लेकर भारत की विपक्षी पार्टी कांग्रेस के विरोध, मलिक की घूमने की योजनाओं और एससीओ में दिए गए उनके भाषण की पाकिस्तान में काफ़ी चर्चा है.

एससीओ की बैठक में पाकिस्तान के किसी मंत्री का आना जहां एक बार फिर से दोनों देशों के संबंधों में सुधार के रूप में देखा जा रहा है वहीं यह दौरा भी विवादों से अलग नहीं रहा.

दरअसल, 22 अप्रैल 2022 को पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफ़ी बढ़ गया था. भारत ने इस हमले के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया जिसके बाद दोनों देशों के बीच संक्षिप्त सैन्य संघर्ष शुरू हो गया था.

भारत बार-बार पाकिस्तान पर चरमपंथी गतिविधियों और भारत विरोधी संगठनों को समर्थन देने और उनकी मदद का आरोप लगाता है. हालांकि पाकिस्तान इससे लगातार इनकार करता रहा है.

मुसादिक मलिक जब भारत आए तो उन्हें भी इन सवालों का सामना करना पड़ा और उन्होंने कहा कि उनका भी देश 'दशहतगर्दी से पीड़ित' रहा है.

लेकिन सबसे अधिक चर्चा मुसादिक मलिक के भाषण की हो रही है और इसे पाकिस्तान की मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है.

ग़ालिब और हुमायूं का ज़िक्र

मुसादिक मलिक
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

पाकिस्तान के प्रमुख अख़बार डॉन ने मुसादिक मलिक की ओर से दिल्ली में ग़ालिब का ज़िक्र करने को ख़ास जगह दी.

अख़बार ने लिखा, मलिक ने कहा कि वह शुरू में अपना भाषण अंग्रेज़ी में देना चाहते थे, "लेकिन मिर्ज़ा ग़ालिब और सूफ़ी संत निज़ामुद्दीन के मक़बरे से कुछ कोस दूर अंग्रेज़ी में बोलना उन्हें अजीब लगा."

दरअसल मलिक ने अपने भाषण की शुरुआत में इसका ज़िक्र किया था.

उन्होंने कहा, "ग़ालिब के दादा समरकंद से आए थे. ग़ालिब ख़ुद को महान फ़ारसी कवि मानते थे, लेकिन आज पूरी दुनिया में उर्दू की वजह से जाने जाते हैं."

डॉन ने मुसादिक मलिक के उस वीडियो को शेयर किया है जिसमें वह कह रहे हैं, "दिल्ली ने कहा कि 'हैं और भी दुनिया में सुखनवर बहुत अच्छे, कहते हैं कि ग़ालिब का अंदाज़े बयां और.' यही स्प्रिट है लेकिन मैं आपके सामने आया हूं. यहां आवाज़ें बहुत से हैं. बहुत से बोलने वाले हैं. आज हम सब यहां अपनी-अपनी आवाज़ लेकर आए हैं."

दिल्ली के पुराने क़िले में एससीओ की मीटिंग का आयोजन किया गया था. इस क़िले का जिक्र करते हुए मलिक ने इसे अपने आप में इतिहास का पूरा दस्तावेज बताया.

उन्होंने कहा कि 'मध्य एशिया से आए मुगल सम्राट हुमायूं ने इसकी नींव रखी थी.'

उन्होंने किले के ऐतिहासिक महत्व पर भी बात की. उन्होंने बताया कि हुमायूं और उनके प्रतिद्वंद्वी शेरशाह सूरी, दोनों एक-दूसरे के विरोधी होने के बावजूद इस क़िले के इतिहास का हिस्सा बने.

पाकिस्तान के दूसरे क्षेत्रों के साथ ऐतिहासिक संबंधों पर बात करते हुए मलिक ने कहा कि देश के ऐतिहासिक संबंध उत्तर में बुखारा और समरकंद तक फैले हुए हैं, जबकि इसके सांस्कृतिक संबंध पश्चिम में फारस और अरब तक पहुंचते हैं.

डॉन ने मुसादिक मलिक की ओर से नेपाल की बाढ़ और पर्यावरण से जुड़े अन्य मुद्दों का ज़िक्र किए जाने को प्रमुखता से जगह दी.

मुसादिक मलिक ने शनिवार को जलवायु परिवर्तन को सभ्यता और ऐतिहासिक विरासत के लिए बड़ा ख़तरा बताया.

'चरमपंथ से पाकिस्तान भी पीड़ित'

मुसादिक मलिक
इमेज कैप्शन, मुसादिक मलिक से दिल्ली में चरमपंथ को लेकर सवाल किए गए

हालांकि मलिक के इस दौरे को पाकिस्तान में कुछ लोगों ने आशंका की नज़र से देखा.

पाकिस्तान के प्रमुख अख़बार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने एक ऑपिनियन प्रकाशित किया जिसमें पत्रकार फ़हद हुसैन ने लिखा, "भारतीयों के पास कोई मौक़ा ही नहीं था. उन्हें लगा था कि मलिक उनके शहर में बुरी तरह घिर जाएंगे. लेकिन इसके उलट, वह वहां के लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गए."

उन्होंने लिखा है, "डॉक्टर मुसादिक की यात्रा ने भारतीय मीडिया में हलचल मचा दी है. टीवी एंकर और रिपोर्टर बौखलाए हुए हैं. यह संतोष देने वाला भी है. डॉक्टर मुसादिक ने भारत में और भारतीयों के साथ ठीक वही किया है, जिसकी ज़रूरत थी. उन्होंने बेवजह की उकसाने वाली बातों के बावजूद बेहद शालीनता बनाए रखी."

शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुसादिक मलिक से पूछा गया कि "पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों के ख़िलाफ़" कार्रवाई क्यों नहीं की जाती?

इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह एक बहुपक्षीय मंच पर आए हैं और चाहते हैं कि इस मंच पर होने वाली बातचीत अच्छे और व्यवस्थित तरीक़े से आगे बढ़े.

पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "जब भी आतंकवाद पर बात होगी, तो उसमें पारदर्शिता लानी होगी. दोनों तरफ़ से सबूत सामने रखने होंगे. आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को भी बहुत दुख और तकलीफ़ें झेलनी पड़ी हैं."

फहद हुसैन के मुताबिक़ पाकिस्तान के वे लोग, जो उम्मीद लगाए बैठे हैं कि दोनों पड़ोसी देशों के रिश्ते सामान्य हो सकते हैं और होने भी चाहिए, उनके लिए यह यात्रा इस बात की याद दिलाती है कि उनका सपना कितना हास्यास्पद है. भारत बदल चुका है, लेकिन बेहतर दिशा में नहीं."

उर्दू न्यूज़ ने भी चरमपंथ पर मलिक के बयान को प्रमुखता से प्रकाशित किया.

ख़बर के अनुसार, "मलिक ने कहा है कि आतंकवाद के मुद्दे पर एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय पारदर्शी नज़रिया अपनाने और सबूतों के आधार पर आगे बढ़ने की ज़रूरत है. पिछले डेढ़ से दो साल में पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाओं में हज़ारों लोगों की जान गई है और हमें हर दिन जनाज़े उठाने पड़ते हैं."

"उन्होंने कहा कि आतंकवाद से प्रभावित देश अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए जो ज़रूरी समझेंगे, वह करेंगे. लेकिन क्षेत्र की सुरक्षा के लिए इस मुद्दे पर गंभीरता और गरिमा के साथ चर्चा करना बेहद ज़रूरी है."

'हम आपको मोहनजोदड़ो और हड़प्पा ले जाएंगे'

मोहनजोदड़ो
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के सिंध में स्थित मोहनजोदड़ो यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में 1980 में शामिल हुआ. सिंधु घाटी सभ्यता की यह धरोहर 2600 ईसा पूर्व मानी जाती है

मुसादिक मलिक ने अपने मुख्य संबोधन के दौरान प्रतिनिधियों को पाकिस्तान आने का न्योता दिया.

उनके एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में भाषण का वीडियो साझा करते हुए लिखा गया, "आप हमारे देश आइए. हम आपको मोहनजोदड़ो और हड़प्पा ले जाएंगे और सभ्यता की जन्मस्थली दिखाएंगे."

फ़ोरम से इतर डॉ. मलिक ने दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने क़िले में भारत के संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ अनौपचारिक मुलाक़ात भी की. इस दौरान दोनों मंत्रियों के बीच काफ़ी देर तक बातचीत हुई.

जियो न्यूज़ ने मुसादिक मलिक के भाषण के उस हिस्से को जगह दी है जिसमें जलवायु परिवर्तन को सभ्यता के लिए ख़तरा बताया गया है.

ख़बर के अनुसार, "भारत और पाकिस्तान के बीच सभ्यतागत संबंधों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि संवाद अलग-अलग पहचान रखने वाले पक्षों के बीच होता है. एकरूपता के लिए संवाद की ज़रूरत नहीं होती. एकरूपता में सिर्फ़ एकालाप होता है. संवाद विविधता के बारे में है."

"मेरा मानना है कि भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच अगर आप पुरातात्विक खुदाई वाली जगहों पर जाएंगे, तो आपको वहां सबसे आगे संवाद की झलक मिलेगी. मेरे विचार से यह बहुत स्वागत योग्य संवाद है."

"दिल्ली में हुई बैठक के दौरान जलवायु परिवर्तन मंत्री ने एससीओ के मंच के तहत और ज़्यादा बातचीत की ज़रूरत पर ज़ोर दिया."

"हम अलग-अलग सभ्यताओं और संस्कृतियों के बीच संवाद कर रहे हैं. मेरा मानना है कि इस तरह के और भी आयोजन होने चाहिए. सभ्यताओं के बीच संवाद उस समय विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जब पूरा क्षेत्र बदलाव के दौर से गुज़र रहा है और भू-राजनीतिक परिस्थितियां तेज़ी से बदल रही हैं. यह एक बहुत स्वागत योग्य पहल है."

मलिक के दौरे के विरोध पर क्या छपा

शिकागो में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पाकिस्तान पर चरमपंथ को बढ़ावा देने के आरोप लगाए थे
इमेज कैप्शन, शिकागो में एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी पाकिस्तान पर चरमपंथ को बढ़ावा देने के आरोप लगाए थे

जियो न्यूज़ ने मलिक के दिल्ली दौरे लेकर ख़बर छापी है.

जियो न्यूज़ ने मलिक के उस बयान का ज़िक्र किया है जिसमें उन्होंने कहा कि 'पाकिस्तान क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के सभी प्रयासों का समर्थन करेगा. और इस्लामाबाद ने क्षेत्र में स्थिरता लाने में अपनी भूमिका निभाने की हर संभव कोशिश की है.

जियो न्यूज़ लिखता है कि उन्होंने कहा, "जो भी शांति और सुरक्षा को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा, हम उसके साथ खड़े रहेंगे."

जियो न्यूज़ ने अपनी कवरेज में मलिक के भारत पहुंचने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत और प्रमोद तिवारी के साथ ही समाजवादी पार्टी के फखरुल हसन चांद और एनसीपी (शरद पवार गुट) के क्लाइड क्रास्टो के सवाल खड़े किए जाने को भी जगह दी.

कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा था, "सवाल यह है कि पाकिस्तान पर आतंकवाद को समर्थन देने के आरोप हैं, फिर भी मोदी सरकार उसके प्रतिनिधियों का स्वागत कर रही है. आपका काम भारत-विरोधी पाकिस्तान के बिना क्यों नहीं हो सकता?"

द न्यूज़ पाकिस्तान ने लिखा है कि मुसादिक मलिक ने शनिवार को कहा कि इस क्षेत्र में अस्थिरता के कई केंद्र हैं और उम्मीद जताई कि देशों के एक साथ बैठने से हालात बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

अख़बार लिखता है, "एससीओ के मंच से इतर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमें एक-दूसरे पर आरोप लगाने के बजाय समस्याओं को सुलझाने पर ध्यान देना चाहिए. पाकिस्तान क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने की हर कोशिश का समर्थन करेगा."

अपने संबोधन से पहले मलिक ने एससीओ मंच से इतर ईरान और ताजिकिस्तान के अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं.

उन्होंने जलवायु संस्कृति में सहयोग और रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए वर्चुअल ग्रीन यूनिवर्सिटी की स्थापना समेत कई प्रस्ताव भी रखे.

भारतीय समाचार एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक़, मुसादिक मलिक की पत्नी ने नई दिल्ली के दिल्ली हाट का दौरा किया और वहां खरीदारी की.

उन्होंने दिल्ली हाट के खुले शिल्प बाजार और फूड प्लाजा को देखा.

दिल्ली हाट एक सांस्कृतिक केंद्र है, जो पारंपरिक भारतीय हस्तशिल्प, क्षेत्रीय कलाकृतियों, कपड़ों और खानपान के लिए जाना जाता है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.