अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ी भीड़ क्या बताती है?

अनंत सिंह
इमेज कैप्शन, बिहार में मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को हुई. इस शादी की ख़ासी चर्चा रही
    • Author, सीटू तिवारी
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, बिहार
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 9 मिनट

खेत, सड़क, ओवरब्रिज, नेशनल हाईवे...जिधर देखिए उधर लोगों की भीड़.

महंगी गाड़ियों की कतारें, खेत में शादी में पहने जाने वाले फॉर्मल कोट पैंट को अपने साथ लेकर चलते लोग, बारीश के चलते खेत में दलदली हुई जमीन पर गिरते पड़ते लोग, चना, मसूर, धान, सरसों की फसल को शादी अटेंड करने की जल्दबाजी में रौंदते लोग.

इस भीड़ में अपने धान के गट्ठर को बचाने में लगा तकरीबन 12 साल का बच्चा भी दिखता है.

उस बच्चे से लोग बार बार हट जाने के लिए कह रहे हैं लेकिन वो अपने धान के गट्ठर के सामने सुरक्षा दीवार बन कर खड़ा है. वो कहता है, "हम हटेंगे तो मेरे धान को नुकसान होगा."

कुछ नौजवान लड़के इस भीड़ में बार बार एक साथ चिल्ला रहे हैं, तो कुछ नौजवान अपने माता – पिता के शादी में नहीं जाने की हिदायत को याद कर रहे हैं.

बीच-बीच में अनंत दा (अनंत सिंह) ज़िंदाबाद के नारे भी लग रहे हैं.

इस भीड़ में महिलाएं ना के बराबर दिखती हैं. ये बीती 25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की ओर जाने वाली भीड़ है.

मोकामा बख़्तियारपुर एनएच 31 से बाएं तरफ़ जाने वाला स्टेट हाईवे 431 अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां जाने का रास्ता है.

इस रास्ते पर लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है. लोग गाड़ियों की रोशनी में ही आगे बढ़ रहे हैं.

25 नवंबर को इस सड़क पर कई किलोमीटर लंबा जाम दोपहर से ही लग गया था.

इस जाम में विधायक से लेकर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार तक फंसे रहे.

शादी की चर्चा

स्टेट हाईवे जो अनंत सिंह के गाँव नदवां जाता है
इमेज कैप्शन, स्टेट हाईवे जो अनंत सिंह के गाँव नदवां जाता है

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी तक़रीबन एक महीने के दौरान 'टॉकिंग प्वाइंट' बनी हुई थी.

घुड़दौड़ प्रतियोगिता, उसमें मिलने वाली थार, चार लाख मेहमान से लेकर पाकिस्तान तक न्योता भेजने की बात.

हाल के दशकों में शायद ही किसी शादी की इतनी ज्यादा चर्चा हुई हो. जैसा कि मुजफ़्फ़रपुर से बाइक चलाकर आए अंकित बीबीसी से कहते हैं, " अंबानी से ज्यादा दादा (अनंत सिंह) के यहां की शादी चर्चा में है." अंकित जैसे कई नौजवान बाइक, साइकिल, स्केट्स, पैदल और ट्रेन से लंबी – लंबी यात्रा करके इस शादी को देखने पहुंचे थे.''

इनमें से कई ख़ुद को खुशकिस्मत मानते है क्योंकि उनकी मुलाक़ात अनंत सिंह से हो गई. राजू गुप्ता उनमें से एक हैं जो 150 किलोमीटर साइकिल चलाकर नदवां पहुंचे थे.

वो कहते हैं, " दादा ने मुझसे कहा कि ट्रेन बंद हो गई थी जो तुम्हें साइकिल से आना पड़ा."

शादी में हिस्सा लेने के लिए जा रहे लोग
इमेज कैप्शन, शादी में हिस्सा लेने के लिए जा रहे लोग

लखीसराय से आए रूपेश कुमार तो मांग करते है कि अनंत सिंह का नाम गिनीज बुक में दर्ज होना चाहिए.

वो कहते हैं, " हम सब दादा की मोहब्बत में यहां आए है इसलिए उनका नाम गिनीज बुक में डालना चाहिए."

अनंत सिंह के यहां शादी में आई भीड़ सिर्फ़ बिहार के रोहतास, खगड़िया, भागलपुर, कैमूर, समस्तीपुर, जमुई, सीतामढ़ी तक ही सीमित नहीं थी बल्कि बीबीसी को कई ऐसे लोग मिले जो दूसरे प्रदेशों से अनंत सिंह के यहां हुई शादी के गवाह बनने आए थे.

बनारस से आए कबीरपंथी जानकी दास उनमें से एक हैं.

वो कहते हैं, " अनंत सिंह को नहीं जानते. लेकिन उनके बारे में अख़बार और सोशल मीडिया पर देखा तो चले आए शादी देखने."

शादी का खुला न्योता

अनंत सिंह
इमेज कैप्शन, अनंत सिंह बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को बेटी की शादी का निमंत्रण पत्र देते हुए

अनंत सिंह के यहां शादी में कितने लोग आए, इसका कोई पुख़्ता अनुमान लगाना मुश्किल है. लेकिन शादी में उमड़े लोग लाखों की संख्या में थे.

साल 2005 से अनंत सिंह मोकामा सीट से लगातार विधायक हैं. कभी 30 हजार तो कभी 25 हजार के अंतर से जीतने वाले अनंत सिंह के यहां इतने लोग कैसे आ गए? इस सवाल के कई जवाब है.

सोशल मीडिया के जरिए शादी का बना हाइप, मीडिया की कवरेज, अपने वन लाइनर के लिए मशहुर अनंत सिंह, उन पर बनने वाले मीम, शादी में आने का 'यूनिवर्सल' (भारत से लेकर पाकिस्तान तक) न्योता और अनंत सिंह को लेकर एकतरफ़ा मोहब्बत.

शादी में आने वाले मेहमानों की संख्या पर अनंत सिंह कहते रहे कि 4 लाख से स्टार्टिंग है और ये शादी कोई सिनेमा नहीं है जहां टिकट लगेगा.

उन्होंने कहा, "शादी में जो चाहे आ सकता है. आप भी आइए और अपने दोस्त के दोस्त को भी लाइए."

अनंत सिंह
इमेज कैप्शन, अनंत सिंह पर हत्या, अपहरण, हत्या की कोशिश, धमकी जैसे कई गंभीर मामलों में केस दर्ज़ हैं

शादी में अगर बारात से आए और अनंत सिंह के अपने मेहमानों को छोड़ दें तो आम लोगों के लिए बिहारी शादियों में मिलने वाला आम खाना ही बना था.

शादी का खाना बनवाने वाले संजय कुमार ने बीबीसी को बताया था, " पूरी-कचौड़ी, चावल, दाल, सब्जी और चार तरह की मिठाई लाखों लोगों के लिए तैयार हो रही है. कुल आठ टेंट लगाए गए हैं जहां आम लोगों को खाना मिलेगा."

लेकिन शादी के वायरल हो रहे वीडियो में लोगों की तरफ फेंकी जा रही पत्तलें, खाने के लिए घमासान, गत्ते में खाना लेकर खाते लोग से लेकर खाना नहीं मिलने की शिकायत करते लोग है.

जैसा कि भागलपुर से आए सुरेश कुमार कहते हैं, " हमने सुना था कि 150 तरह के व्यंजन बन रहे हैं. भागलपुर से आए थे लेकिन यहां खाने तक को नहीं मिला."

रॉबिनहुड की छवि

शादी में आए लोग खेत के रास्ते इस तरह भी गए
इमेज कैप्शन, शादी में आए लोग खेत के रास्ते इस तरह भी गए
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव ने चुनी हैं ये ख़ास कहानियाँ

बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़

और जानें

समाप्त

साल 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान अपने चुनावी शपथपत्र में अनंत सिंह ने 28 आपराधिक मुकदमों का जिक्र किया था.

हत्या, अपहरण, हत्या की कोशिश, धमकी जैसे कई गंभीर मामलों में उन पर केस दर्ज़ हैं.

शादी के दौरान भी उनका टेंपरामेंट ख़बरों में रहा. यूट्यूबर्स के साथ साथ एक नेशनल टीवी चैनल के ब्यूरो रिपोर्टर को उन्होंने धक्का दे दिया तो घुड़दौड़ देखने के लिए हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़े लोगों को उन्होंने अमर्यादित शब्द कहे.

लेकिन इसके बावजूद भी अनंत सिंह ने इस कदर भीड़ जुटाई और बेटी की शादी में भी एक तरह का सफल शक्ति प्रदर्शन करने में कामयाब रहे.

मोकामा इलाक़े में 'वर्सियल औंटा' नाम का फेसबुक पेज़ चलाने वाले सुंदरम कुमार बीबीसी से कहते हैं, " अनंत सिंह पर सिर्फ़ उनकी ही जाति वालों का ही नहीं बल्कि पिछड़े समाज से आने वालों का भी भरोसा है. कई बार उनकी छवि रॉबिनहुड की कही जाती है.उनके यहां जाइयेगा तो वो दस-बीस हजार की मदद कर देंगें या करवा देंगे.''

''दूसरा ये भी है कि अनंत सिंह बिहार में पूरे सिस्टम फेल्योर का भी फ़ायदा उठाते है. जैसे किसी सरकार अस्पताल में कोई मरीज जाए तो इलाज नहीं होगा. लेकिन वहीं विधायक जी फ़ोन कर देंगें तो काम हो जाएगा. ये सारी चीजें दिल्ली कोलकाता में रहने वाले के लिए महत्वपूर्ण नहीं है लेकिन टाल के इलाके के लिए महत्वपूर्ण है."

टाल इलाका जिसका जिक्र सुंदरम कुमार कर रहे हैं वो एक तरह का फ्लडप्लेन है. ये वो इलाक़ा है जो स्कूल, स्वास्थ्य से लेकर हर सरकारी मशीनरी के लिहाज से बहुत पिछड़ा हुआ है.

मोकामा जहां से अनंत सिंह विधायक है,वो टाल का ही इलाका है.

कास्ट प्राइड या कुछ और

अनंत सिंह
इमेज कैप्शन, अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार दुलारचंद हत्या मामले में सरेंडर करना है

अनंत सिंह के यहां शादी में जिस तरह से लोग उमड़े, उसको सोशल मीडिया पर बिहार में गरीबी, बेरोजगारी और मानवीय सूचकांकों में राज्य की भयावह स्थिति से जोड़ रहे है.

लेकिन क्या ये मसला सिर्फ गरीबी का है?

बीबीसी न्यूज़ हिन्दी ने कई ऐसे लोगों से बात की जो अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां (जहां शादी हुई) से सैंकड़ों किलोमीटर दूर से ट्रेन, गाड़ी आदि से पैसे खर्च करके आए थे. ऐसे में शादी में उमड़ी भीड़ को किस तरह से देखा जाए?

इस सवाल पर समाजविज्ञानी पुष्पेन्द्र कहते हैं, "इसको ग़रीबी से जोड़कर नहीं देखा जा सकता. हालांकि भीड़ में किस तरह के लोग आए, इसका डेटा अनुपलब्ध होने के चलते पुख़्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता. लेकिन ये समझ में आता है कि आबादी के एक हिस्से में कौतूहल है ऐसी चीजों के लिए."

"साथ ही मेरा मानना है कि आने वालों में अनंत सिंह की जाति की तादाद के लोग ज्यादा होंगे. क्योंकि कास्ट पॉलिटिक्स ने अपनी जाति के बुरे और सफल लोगों को भी कास्ट प्राइड बना दिया है. अनंत सिंह अपनी जाति के कास्ट प्राइड हैं और चूंकि वो जेल भी जा रहे हैं तो उनकी जाति वालों के लिए ये समय भावुक क्षण भी है."

पाटलिपुत्र यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर जय देव भी कहते हैं, " ये विकैरियस आइडेंटिटीफिकेशन का मामला है. यानी ताकतवर लोगों के साथ खुद को जोड़ने का. सिनेमा के पर्दे पर आप देखते ही है कि हीरो जब विलेन को मारता है तो लोग सीटी बजाते हैं.''

''ये ठीक उसी तरह से है कि लोग इस शादी में शामिल होकर अनंत सिंह के बाहुबल के साथ ख़ुद को एसोसिएट करते हैं. इस एसोसिएशन से एक तरह का सेंस ऑफ पॉवर उनमें आता है. इसलिए गरीब और भूखे आदमी से ज्यादा ये ताकत के साथ अपनी आइडेंटिटी का मसला है."

तक़रीबन 100 करोड़ की घोषित संपत्ति वाले अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार दुलारचंद हत्या मामले में सरेंडर करना है.

इस बीच जेडीयू ने उन्हें निष्काषित कर दिया है और उनकी विधायकी खत्म करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को पत्र दिया है. जिस पर विधानसभा सचिवालय ने अनंत सिंह से जवाब मांगा है.

अनंत सिंह की बेटी की शादी में आम लोगों की भीड़ तो उमड़ी लेकिन बिहार की पॉलिटिक्स ज़्यादातर प्रमुख चेहरों ने इस शादी से दूरी बनाए रखी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.