वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हुए कई बड़े रिकॉर्ड, 53 गेंदों में 204 रन बनाकर रचा इतिहास

वैभव सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट

वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है. एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुक़ाबले में यूएई के ख़िलाफ़ उन्होंने सिर्फ़ 53 गेंदों में 204 रन बना दिए. इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए.

वैभव ने 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. प्रशंसक उनकी इस उपलब्धि का जश्न मना ही रहे थे कि सिर्फ़ 52 गेंदों में उन्होंने दोहरा शतक भी जड़ दिया.

उनकी पारी की बदौलत भारत ए ने 250 रन का लक्ष्य सिर्फ़ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया.

वैभव ने जनवरी 2024 में फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. उसी साल उन्होंने सीनियर घरेलू क्रिकेट में सफ़ेद गेंद से खेलना शुरू किया. 2026 में भारत के इंग्लैंड दौरे पर उन्हें पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौक़ा मिला.

महज़ 15 साल की उम्र में वैभव कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं. आइए, जानते हैं उनके नाम दर्ज इन कीर्तिमानों के बारे में.

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक और दोहरा शतक

यूएई के ख़िलाफ़ एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुक़ाबले में वैभव नेअपनी पारी में 28 छक्के और सात चौके लगाए
इमेज कैप्शन, यूएई के ख़िलाफ़ एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुक़ाबले में वैभव नेअपनी पारी में 28 छक्के और सात चौके लगाए

यूएई के ख़िलाफ़ एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुक़ाबले में वैभव 53 गेंदों पर 204 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में 28 छक्के और सात चौके शामिल थे.

भारत ए ने 250 रन का लक्ष्य सिर्फ़ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया. इस प्रदर्शन के साथ वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ अर्धशतक, शतक, 150 और 200 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए.

आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक और शतक

वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में आईपीएल सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड 2025 में बनाया था (फ़ाइल फ़ोटो)
इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में आईपीएल सेंचुरी बनाने का रिकॉर्ड 2025 में बनाया था (फ़ाइल फ़ोटो)

वैभव के नाम आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक और शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है. उन्होंने 14 साल और 32 दिन की उम्र में ये दोनों उपलब्धियां हासिल की थीं.

वैभव सूर्यवंशी ने ये दोनों रिकॉर्ड 28 अप्रैल 2025 को राजस्थान रॉयल्स की तरफ़ से खेलते हुए गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ बनाए थे. उन्होंने इस मैच में 17 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया था और 35 गेंदों में शतक पूरा किया था.

आईपीएल में सबसे तेज़ शतक लगाने की लिस्ट में वो दूसरे नंबर पर हैं. उनसे तेज़ शतक सिर्फ़ एक बल्लेबाज़ ने लगाया है और वो हैं वेस्ट इंडीज़ के क्रिस गेल. गेल ने 30 गेंदों पर आईपीएल की सबसे तेज़ सेंचुरी जड़ी थी.

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक

वैभव ने 2025-26 विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी के अपने पहले मैच में 84 गेंदों पर 190 रन बनाए थे. इस पारी के साथ वह लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज़ बन गए थे. उस समय उनकी उम्र 14 साल और 272 दिन थी.

उन्होंने सिर्फ़ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था. 59 गेंदों में 150 रन भी पूरे कर लिए थे. पुरुषों के लिस्ट ए क्रिकेट में 150 रन तक इतनी तेज़ी से कोई नहीं पहुंचा था.

यह मुक़ाबला रांची में बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच खेला गया था. बिहार ने छह विकेट पर 574 रन बनाए थे.

टी20 क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले सबसे तेज़ बल्लेबाज़

वैभव सूर्यवंशी

15 साल की उम्र में ही वैभव टी20 क्रिकेट में छक्के लगाने के मामले में रिकॉर्ड बना चुके हैं. उन्होंने सिर्फ़ 514 गेंदों और 29 पारियों में 100 छक्के पूरे किए. टी20 क्रिकेट में सबसे तेज़ 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ हैं.

पारियों के लिहाज़ से ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 33 पारियों में यह मुक़ाम हासिल किया था और इसके लिए 813 गेंदें खेली थीं. गेंदों के लिहाज़ से बेल्जियम के साबेर ज़ख़ील दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 699 गेंदों में 100 छक्के पूरे किए थे.

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ अर्धशतक

जून 2026 में श्रीलंका ए के ख़िलाफ़ ट्राई सिरीज़ के फ़ाइनल में वैभव ने सिर्फ़ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था. इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. यह रिकॉर्ड 21 साल से कायम था.

आईपीएल में 1,000 रन बनाने वाले सबसे तेज़ बल्लेबाज़

वैभव सूर्यवंशी
इमेज कैप्शन, वैभव ने अपने आईपीएल करियर के 1000 रन सिर्फ़ 440 गेंदों पर पूरे किए

टी20 क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने के कुछ मैच बाद वैभव ने आईपीएल में भी यह मुक़ाम हासिल किया.

गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ क्वालिफ़ायर-2 में उन्होंने 47 गेंदों पर 96 रन बनाए. इस पारी के दौरान वह आईपीएल में अपने 1,000 रन तक पहुंचे. इसके लिए उन्होंने सिर्फ़ 440 गेंदें खेलीं.

इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था. उन्होंने 545 गेंदों में आईपीएल के 1,000 रन पूरे किए थे.

एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा छक्के

आईपीएल 2026 में वैभव ने एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

उन्होंने इस टूर्नामेंट में 327 गेंदों का सामना करते हुए 72 छक्के लगाए और 776 रन बनाए. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ऑरेंज कैप भी मिली.

गेल ने आईपीएल 2012 में 456 गेंदों का सामना करते हुए 59 छक्के लगाए थे.

पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक

इंग्लैंड में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत वैभव के लिए मुश्किल रही थी. लेकिन ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ उन्होंने वापसी की.

उन्होंने ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया. उस समय उनकी उम्र 15 साल और 118 दिन थी. इसके साथ ही वह पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज़ बन गए.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ बनने वाले सबसे युवा खिलाड़ी

वैभव सूर्यवंशी

ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ टी20 सिरीज़ में भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की थी. इस सिरीज़ में वैभव ने 151 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 196.10 रहा. उन्हें प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ चुना गया.

15 साल और 121 दिन की उम्र में यह पुरस्कार जीतकर वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए.

इससे पहले यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेट में भारत की शेफ़ाली वर्मा के नाम था. उन्होंने 15 साल और 296 दिन की उम्र में यह पुरस्कार जीता था. पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड अफ़ग़ानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज़ के नाम था, जिन्होंने 17 साल और 300 दिन की उम्र में प्लेयर ऑफ़ द सिरीज़ का पुरस्कार हासिल किया था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.