रिटायरमेंट के बाद पीएफ़ का 'मंथली पेंशन' प्लान, क्या है नफ़ा-नुक़सान

इमेज स्रोत, Getty Images
नौकरी के दौरान आपकी सैलरी का एक हिस्सा हर महीने प्रॉविडेंट फंड यानी ईपीएफ़ में जमा होता है. इस पर ब्याज भी मिलता है और रिटायरमेंट तक एक बड़ी रकम तैयार हो जाती है.
क्या रिटायरमेंट के बाद पूरी रकम निकाल लेना बेहतर है या इसे इस खाते में रखकर हर महीने कुछ पैसा निकालना चाहिए?
इसी को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी ईपीएफ़ओ ने एक नई सुविधा को मंजूरी दी है. इसका नाम है सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान यानी एसडब्ल्यूपी .
इस सुविधा के तहत कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपने पीएफ़ की पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में हासिल कर सकेंगे.
तो समझते हैं कि एसडब्ल्यूपी क्या है, यह कैसे काम करता है और ईपीएफ़ओ का नया विकल्प दूसरे निवेश विकल्पों से कितना अलग है.
साथ ही ये भी समझेंगे कि एसडब्ल्यूपी के जरिये निकाली गई रकम पर टैक्स के बारे में क्या कहा गया है. यानी ईपीएफ़ओ का एसडब्ल्यूपी प्लान फ़ायदे का सौदा है या फिर इससे नुक़सान भी हो सकता है.
एसडब्ल्यूपी क्या होता है?

इमेज स्रोत, Getty Images
एसडब्ल्यूपी का पूरा नाम सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान है. इसका मतलब है कि आप अपने निवेश से एक तय अंतराल पर नियमित रूप से पैसा निकालते हैं.
इसे सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी एसआईपी के उलट समझ सकते हैं. एसआईपी म्यूचुअल फंड में निवेश का एक लोकप्रिय जरिया है.
सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान में आप हर महीने निवेश करते हैं, जबकि एसडब्ल्यूपी में आप अपने पहले से किए गए निवेश से हर महीने पैसा निकालते हैं.
मसलन, मान लीजिए किसी व्यक्ति के पास रिटायरमेंट के समय 20 लाख रुपये जमा हैं. वह इस पूरी रकम को एक साथ निकालने के बजाय हर महीने 10 हजार रुपये लेना चाहता है.
ऐसे में वह एसडब्ल्यूपी का विकल्प चुन सकता है.
हर महीने 10 हजार रुपये निकलने के बाद बाकी रकम निवेश में बनी रहती है और उस पर मिलने वाला रिटर्न यानी ब्याज भी जारी रह सकता है.
हालांकि, अगर निकासी की रकम निवेश पर मिलने वाले रिटर्न से ज्यादा है तो धीरे-धीरे मूल रकम भी कम होती जाएगी.
ईपीएफ़ओ का एसडब्ल्यूपी कैसे काम करेगा

इमेज स्रोत, Avishek Das/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के मुताबिक, इसके तहत रिटायर होने वाले कर्मचारी अपने पीएफ़ की जमा रकम को मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में निकाल सकेंगे.
इसकी सबसे अहम बात यह है कि जो रकम कर्मचारी नहीं निकालेंगे, वह उनके ईपीएफ़ खाते में बनी रहेगी और उस पर लागू ब्याज मिलता रहेगा.
यह सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी. यानी कर्मचारी चाहें तो इसका विकल्प चुन सकते हैं और चाहें तो पहले की तरह अपनी पात्रता के अनुसार पूरी रकम निकाल सकते हैं.
मंत्रालय के मुताबिक़, शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र के करीब छह लाख 32 हजार ईपीएफ़ सदस्यों को इसका फ़ायदा मिलने की उम्मीद है.
इन सदस्यों के ईपीएफ़ खातों में पांच लाख रुपये से अधिक जमा हैं.
अगर एसडब्ल्यूपी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है तो नॉमिनी या आश्रित के पास बची हुई रकम निकालने या किस्तों में भुगतान जारी रखने का विकल्प होगा.
साथ ही ईपीएफ़ओ ने न्यूनतम पीएफ़ बैलेंस की शर्त 25 फ़ीसदी से घटाकर 10 फ़ीसदी कर दी है.
वहीं फ़ाइनल निकासी के लिए वेटिंग पीरियड 12 महीने से घटाकर दो महीने किया गया है. यानी किसी कर्मचारी की नौकरी छूटने की स्थिति में वह पीएफ़ की 90 फ़ीसदी रकम 2 महीने के बाद निकाल सकेगा.
हालांकि, इस योजना के विस्तृत नियम, निकासी की सीमा और आवेदन की प्रक्रिया के लिए ईपीएफ़ स्कीम में जरूरी संशोधन और आधिकारिक अधिसूचना का इंतज़ार करना होगा.
टैक्स को लेकर क्या है स्थिति?

इमेज स्रोत, Getty Images
टैक्स को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. नौकरी के दौरान ईपीएफ पर मिलने वाला ब्याज आम तौर पर टैक्स-फ़्री होता है, लेकिन रिटायरमेंट के बाद मिलने वाले ब्याज पर बाकी आमदनी की तरह टैक्स लगता है.
अगर व्यक्ति न्यू टैक्स रिज़ीम चुनता है तो इसके तहत भारत में रहने वाले लोगों की 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता.
जारी सूचना में यह भी कहा गया है कि इससे जुड़े इनकम टैक्स कानून में बदलाव के प्रस्ताव पर वित्त मंत्रालय के साथ बातचीत की जा रही है. हालांकि, इसमें यह नहीं बताया गया है कि बदलाव क्या होगा.
अगर इनकम टैक्स में कोई राहत मिलती है, तो इसे अतिरिक्त फ़ायदा माना जा सकता है.
यह पैसा कितने समय तक चलेगा?

इमेज स्रोत, Getty Images
अगर आप सिर्फ़ ब्याज की रकम निकालते हैं, तो आपके खाते में जमा मूल रकम बरकरार रहती है.
मान लीजिए आपकी पीएफ़ रकम 50 लाख रुपये है तो मौजूदा 8.25 फ़ीसदी ब्याज दर के हिसाब से करीब 4 लाख 10 हज़ार रुपये का ब्याज मिलेगा. यानी हर महीने लगभग 34,000 रुपये.
लेकिन इस आमदनी में बढ़ोतरी नहीं होगी, जबकि महंगाई को देखते हुए समय के साथ खर्च बढ़ते जाएंगे.
इसलिए हर साल निकाली जाने वाली रकम बढ़ाना ज़्यादा व्यावहारिक तरीका हो सकता है.
मान लीजिए, आप पहले साल 50 लाख रुपये की कुल जमा रकम का 5 फ़ीसदी निकालते हैं. यानी साल में 2.5 लाख रुपये या हर महीने करीब 20,800 रुपये.
इसके बाद आप हर साल निकाली जाने वाली रकम में 5 फ़ीसदी की बढ़ोतरी करते हैं, तो इस हिसाब से पैसा 30 साल से अधिक चल सकता है.
लेकिन अगर ब्याज पर 30 फ़ीसदी (टैक्स स्लैब के हिसाब से) टैक्स लगता है और टैक्स की रकम भी इसी फंड से चुकाई जाती है, तो पैसा और पहले खत्म हो जाएगा.
रिटायरमेंट के बाद क्या है बेहतर विकल्प

इमेज स्रोत, Getty Images
अब तक उपलब्ध जानकारी के आधार पर देखें, तो नियमित आमदनी के लिए ईपीएफ का यह एसडब्ल्यूपी (सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान) फिक्स्ड इनकम के दूसरे विकल्पों के मुकाबले एक मज़बूत विकल्प बन सकता है.
इसका संचालन एक सरकारी संस्था करती है और इसका रिटर्न तकरीबन स्थिर रहा है. फिक्स्ड इनकम के उपलब्ध विकल्पों में इसका रिटर्न सबसे ऊंचे रिटर्न में से एक रहा है.
इसके अलावा बैंकों में फिक्स्ड डिपॉजिट भी एक विकल्प है. साथ ही सीनियर सिटीजन्स के लिए भी कुछ स्कीमें मौजूद हैं.
हालाँकि कई एक्सपर्ट का मानना है कि महंगाई और बढ़ते खर्चों का सामना करने के लिए निवेश पोर्टफोलियो का कम से कम कुछ हिस्सा इक्विटी यानी शेयर बाज़ार में भी होना चाहिए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.






























