प्रदूषण के बीच घर की हवा साफ़ करने में कितने असरदार हैं इनडोर प्लांट्स?

इमेज स्रोत, Getty Images
- Author, अरमान आलम
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 6 मिनट
एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म एक्यूआई. इन के मुताबिक 20 नवंबर को दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 92 भारत में हैं.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, 2021 में घरेलू वायु प्रदूषण के कारण दुनिया भर में लगभग 29 लाख लोगों की असमय मौत हुई. इनमें पाँच साल से कम उम्र के तीन लाख से अधिक बच्चे शामिल थे.
दो फ़रवरी 2026 को भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने लोकसभा में बताया कि नेशनल सेंटर फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल (NCDC) देश में बाहरी वायु प्रदूषण से होने वाली असमय मौतों का अनुमानित आँकड़ा नहीं रखता.
हालांकि, नेशनल सेंटर फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल (एनसीडीसी) की सितंबर 2022 की एक हेल्थ एडवाइज़री में इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के हवाले से बताया गया था कि भारत में साल 2019 में 17 लाख लोगों की मौत के लिए वायु प्रदूषण को ज़िम्मेदार ठहराया जा सकता है.
इनमें फेफड़ों की बीमारी,हृदय रोग, स्ट्रोक, श्वसन संक्रमण जैसी बीमारियां शामिल थीं.

इमेज स्रोत, Getty Images
हर साल सर्दी शुरू होने से पहले उत्तर भारत की हवा काफ़ी ख़राब होने लगती है. ऐसे में लोग घर के भीतर की हवा को साफ़ रखने के लिए अलग-अलग उपाय करने लगते हैं.
बाज़ार में कई किस्म के मास्क और एयर प्यूरिफ़ायर्स की मांग बढ़ने लगती है.
कई बार विशेषज्ञ कुछ इनडोर प्लांट्स के अहमियत को भी रेखांकित करते हैं. लेकिन क्या ये घर की हवा साफ रखने में प्रभावी होते हैं.
इसके अलावा घर के भीतर की हवा साफ रखने में एयर प्यूरीफ़ायर्स कितने कारगर होते हैं.
इन सवालों पर हमने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के स्कूल ऑफ़ एनवायरनमेंटल साइंसेज़ के प्रोफ़ेसर उमेश चंद्र कुलश्रेष्ठ और प्रोफ़ेसर अरुण कुमार श्रीवास्तव के साथ ही आईआईटी दिल्ली के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में पर्यावरण इंजीनियरिंग के प्रोफ़ेसर एमेरिटस मुकेश खरे से बात की.
सबसे पहले जानते हैं कि घर के अंदर प्रदूषण कैसे होता है?
कैसे होता है घर के अंदर प्रदूषण?
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
दरअसल हम अपने दिन का ज़्यादातर हिस्सा घर या ऑफ़िस में बिताते हैं. कई वजहों से इन जगहों पर भी प्रदूषण मौजूद रहता है.
प्रोफ़ेसर अरुण कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि पहले घरों की दीवारों पर चूने से पुताई की जाती थी, लेकिन अब प्लास्टिक पेंट, डिस्टेंपर और चमकदार पेंट का इस्तेमाल बढ़ गया है. इन पेंट्स में चमक और अन्य गुण देने के लिए कई तरह के केमिकल्स मिलाए जाते हैं.
भारत जैसे गर्म देश में ऊँचे तापमान के कारण इनमें मौजूद कुछ केमिकल वाष्प बनकर हवा में मिल सकते हैं और घर के भीतर प्रदूषण बढ़ा सकते हैं.
प्रोफ़ेसर मुकेश खरे कहते हैं, "आधुनिक फ़र्नीचर, फ़्लोरिंग और इंटीरियर में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी इनडोर एयर पॉल्यूशन की वजह बन सकती है. इन्हें बनाने और जोड़ने में इस्तेमाल होने वाले ग्लू से वाष्पशील कार्बनिक यौगिक (वोलेटाइल ऑर्गेनिक कंपाउंड) निकलते हैं. इनमें से कुछ यौगिक कैंसरकारी हो सकते हैं."
इसके अलावा, गाड़ियों का धुआँ, सड़क की धूल और बाहर के दूसरे प्रदूषक दरवाज़ों, खिड़कियों और इमारतों की दरारों से घर के भीतर पहुँच जाते हैं.
वह आगे कहते हैं, "घर में कुत्ते और बिल्ली जैसे पालतू जानवरों के बाल और त्वचा के छोटे कण झड़ते रहते हैं. ये कण हवा में फैल सकते हैं और एलर्जी पैदा कर सकते हैं. इन पर वायरस और बैक्टीरिया भी मौजूद हो सकते हैं."
प्रोफ़ेसर उमेश चंद्र कुलश्रेष्ठ कहते हैं कि अगरबत्ती, धूप, कपूर जलाना और मच्छर भगाने वाली कॉइल का इस्तेमाल भी घर के अंदर के वातावरण को प्रदूषित करता है.
घर की हवा साफ़ रखने में इनडोर प्लांट्स और एयर प्यूरिफ़ायर्स कितने कारगर?

इमेज स्रोत, Getty Images
प्रोफ़ेसर खरे ने बताया कि एयर प्यूरिफ़ायर्स और इनडोर प्लांट्स के काम करने का तरीक़ा बिल्कुल अलग होता है.
एयर प्यूरिफ़ायर्स हवा में मौजूद पार्टिकुलेट मैटर यानी पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे छोटे कणों को फ़िल्टर करते हैं. लेकिन गैसीय प्रदूषकों को हटाने में उनकी क्षमता सीमित होती है.
उनके मुताबिक, एयर प्यूरिफ़ायर एक अस्थायी उपाय है. इसलिए इसे इनडोर एयर पॉल्यूशन का स्थायी समाधान नहीं माना जा सकता.
हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि कुछ पौधे ऐसे होते हैं, जो वाष्पशील कार्बनिक यौगिक (VOCs) जैसी नुक़सानदेह गैसों को अवशोषित कर लेते हैं. ऐसे पौधों को घर के भीतर लगाया जा सकता है.
कौन-से इनडोर प्लांट्स लगाएं?
वायु प्रदूषण और इनडोर एयर क्वालिटी पर शोध करने वाले जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफ़ेसर उमेश चंद्र कुलश्रेष्ठ ने घर के भीतर लगाए जा सकने वाले कई पौधों के उदाहरण दिए हैं. ये पौधे वातावरण में मौजूद कुछ जहरीले और दूषित गैसों को अवशोषित करने में मदद करते हैं.
ये पौधे उन कमरों में अपेक्षाकृत बेहतर तरीके से काम कर सकते हैं, जहां बाहरी हवा का आना-जाना बहुत कम होता है. ऐसा इसलिए है क्योंकि खिड़कियां खुली होने पर बाहर की हवा के साथ प्रदूषक कण और गैसें भी कमरे के भीतर प्रवेश कर सकती हैं.
इनडोर पौधे हवा को किस हद तक साफ करने में सक्षम हैं, इस सवाल पर उन्होंने बताया, "ये पौधे कुछ मात्रा में वाष्पशील कार्बनिक यौगिक भी उत्सर्जित करते हैं. ऐसा नहीं है कि आपने आज पौधा लगाया और वह उसी समय से हवा को साफ करना शुरू कर देगा. हम यह नहीं कह सकते कि ये पौधे हवा को सौ फीसदी साफ कर देते हैं, लेकिन हवा की गुणवत्ता बेहतर बनाने में इनका कुछ योगदान जरूर हो सकता है."
इन पौधों की अलग-अलग विशेषताएँ हैं. इनमें से कुछ पौधे कम रोशनी में आसानी से लंबे समय तक ज़िंदा रह सकते हैं, तो कुछ पौधों को बहुत कम पानी की ज़रूरत होती है.

इमेज स्रोत, Getty Images
स्नेक प्लांट: यह बेंजीन, फ़ॉर्मेल्डिहाइड और जाइलीन जैसे प्रदूषकों को फ़िल्टर करने में मदद करता है. यह रात में भी ऑक्सीजन छोड़ता है और कम रोशनी में आसानी से उग सकता है. इसे कम पानी की ज़रूरत होती है.
अरेका पाम: यह फ़ॉर्मेल्डिहाइड और टोल्यूनि जैसे प्रदूषकों को कम करने में मदद करता है. साथ ही, यह प्राकृतिक ह्यूमिडिफ़ायर की तरह हवा में नमी बनाए रखने में सहायक है.
पीस लिली: यह अमोनिया, बेंजीन, फ़ॉर्मेल्डिहाइड और ट्राइक्लोरोएथिलीन जैसे प्रदूषकों को अवशोषित करने में मदद करता है. हालाँकि, इसे खाने पर यह पालतू जानवरों के लिए ज़हरीला हो सकता है.
स्पाइडर प्लांट: यह आसानी से पनपने वाला पौधा है. यह फ़ॉर्मेल्डिहाइड, कार्बन मोनोऑक्साइड और जाइलीन जैसे प्रदूषकों को कम करने में मदद करता है.
मनी प्लांट: यह तेज़ी से बढ़ने वाली बेल है. यह अलग-अलग रोशनी वाली जगहों पर पनप सकता है और फ़ॉर्मेल्डिहाइड, बेंजीन तथा जाइलीन जैसे प्रदूषकों को कम करने में मदद करता है.
कैसे करें इन पौधों की देखभाल?
1. मिट्टी की नमी के अनुसार हर 2-3 सप्ताह में पानी दें.
2. पौधों को कम से लेकर तेज़ अप्रत्यक्ष रोशनी वाली जगह पर रखें.
3. हर दो सप्ताह में गीले कपड़े से पत्तियों को साफ़ करें.
4. गमलों में ज़रूरत से ज़्यादा पानी जमा न होने दें.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

























