अमेरिका: सिएटल में गोलीबारी, कई लोग घायल

अमेरिका के सिएटल में गोलीबारी की एक घटना हुई है और पुलिस मौक़े पर पहुंच गई है.
ये घटना शहर के मशहूर लैंडमार्क स्पेस नीडल के पास स्थित सिएटल सेंटर में हुई.
सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में सिएटल पुलिस ने कहा, "पुलिस गोलीबारी की जांच कर रही है. गोलीबारी में कई लोग घायल हुए हैं. सिएटल सेंटर में गोलियां चली हैं. और जानकारी जल्द साझा की जाएगी. कृपया इलाके से दूर रहें."
सिएटल सेंटर में 'बाइट ऑफ़ सिएटल फूड फेस्टिवल' का आयोजन हो रहा था. हर साल होने वाले इस कार्यक्रम में खाने-पीने के स्टॉल और लाइव म्यूज़िक प्रस्तुतियां होती हैं. इसमें लाखों लोग शामिल होते हैं.
'द सिएटल टाइम्स' के मुताबिक़, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार रविवार शाम 6 बजे (भारतीय समयानुसार सोमवार सुबह 6 बजे) कई गोलियों की आवाज़ें सुनी गईं. एक कार्यक्रम में शामिल व्यक्ति ने घटनास्थल के माहौल को "पूरी तरह अराजक" बताया.
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग घायल हुए हैं या किसी संदिग्ध को गिरफ़्तार किया गया है.
कुछ और चश्मदीदों ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ के एक सहयोगी चैनल को बताया कि उन्होंने घटनास्थल से भागने से पहले कई गोलियों की आवाज़ें सुनीं.
स्थानीय निवासी निक बेट ने कीरो-टीवी को बताया, "पहले मुझे लगा कि आतिशबाज़ी हो रही है, और फिर हर कोई हमारे पास से भागता हुआ निकलने लगा."
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह एक बगीचे से होकर भागी और बचने के लिए झुककर छिप गई.
एक और चश्मदीद लीन कॉल्स ने कहा, "हर कोई भागने लगा, इसलिए हम भी भागे. हमने भीड़ के साथ भागते रहने का फ़ैसला किया... मैं यह देखने के लिए ऊपर स्पेस नीडल की तरफ़ देख रही थी कि हम कहां हैं. यह वाक़ई बहुत डरावना था."
(इस कहानी को लगातार अपडेट किया जा रहा है)





















