भारत ने दक्षिण अफ्रीका को रौंदा

शिखर धवन
प्रकाशित

भारत ने आखिरकार विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका से नहीं जीत पाने के कुचक्र को तोड़ा और मेलबर्न में मिले मौके पर जीत का चौका जड़ दिया.

पूल बी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 130 रनों की करारी शिकस्त दी.

विश्व कप में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है. इससे पहले भारत ने एडिलेड में पाकिस्तान को मात दी थी.

भारतीय टीम

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने शिखर धवन (137) और आजिंक्य रहाणे (79) की धमाकेदार पारियों की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 307 रन बनाए थे.

ऐतिहासिक जीत

रहाणे

मेलबर्न में इससे पहले कोई भी टीम 300 से अधिक का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई थी, वह रिकॉर्ड रविवार को भी कायम रहा और दक्षिण अफ्रीकी टीम 40.2 ओवरों में 177 रन पर सिमट गई.

ये जीत इस मायने में भी ख़ास रही की विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के साथ पिछली तीन मुलाक़ातों में भारत जीत दर्ज नहीं कर सका था.

विश्व कप में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका

एबी डीविलियर्स

इस जीत के हीरो रहे शिखर धवन और उन्हें मैन ऑफ़ द मैच के खिताब से नवाजा गया.

दक्षिण अफ्रीकी पारी में टर्निंग प्वाइंट रहा कप्तान एबी डीविलियर्स का आउट होना.

अमला

अमला (22) और कॉक (7) के पैवेलियन लौटने के बाद प्लेसिस (55) और डीविलियर्स (30) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन इनके आउट होने के बाद मानो दक्षिण अफ्रीका ने हार मान ली.

भारत की ओर से आर अश्विन ने तीन विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया.

भारतीय पारी

रोहित शर्मा
इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा को डीविलियर्स ने अपने सटीक थ्रो से रन आउट किया

रोहित शर्मा और शिखर धवन ने भारतीय पारी की शुरुआत की. लेकिन रोहित बदकिस्मत रहे और शिखर की कॉल पर एक मुश्किल रन चुराने के फेर में रन आउट हो गए. रोहित अपना खाता भी नहीं खोल सके थे.

इसके बाद धवन और कोहली (46) ने दूसरे विकेट के लिए 127 रन की अहम साझेदारी की. कोहली को प्लेसिस ने इमरान ताहिर की गेंद पर लपका.

आर अश्विन
इमेज कैप्शन, आर अश्विन ने भारत के लिए तीन विकेट झटके

धोनी ने आजिंक्य रहाणे को प्रमोट कर चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी के लिए भेजा.

कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए रहाणे ने अफ्रीकी गेंदबाज़ों की जमकर धुनाई की और 60 गेंदों पर 7 चौकों और तीन छक्को की मदद से 79 रन बनाए.

आख़िरी ओवरों में सिर्फ़ कप्तान धोनी (18) ही कुछ रनों का योगदान कर सके.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi " platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi " platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>