ब्रैडमैन यहाँ अब भी प्रैक्टिस करते हैं

डोनाल्ड ब्रैडमैन, ऑस्ट्रेलिया, क्रिकेट
    • Author, नितिन श्रीवास्तव
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, एडिलेड से
  • प्रकाशित

दुनिया के महानतम बल्लेबाज़ कहे जाने वाले सर डॉन ब्रैडमैन के शहर एडिलेड जाकर उन्हें क़रीब से न देखना किसी क्रिकेट फ़ैन के लिए 'पाप' ही समझा जाएगा.

सर डॉन तो 2001 में दुनिया को अलविदा कह गए थे. लेकिन उनकी इच्छा के मुताबिक़ उनके पसंदीदा एडिलेड मैदान में 2008 में एक संग्रहालय बनाया गया.

भीतर पैर रखते ही ये संग्रहालय आपको इतिहास में खींच ले जाता है क्योंकि यहां सिर्फ़ वह सामान है जिसे ब्रैडमैन 1927 से 1977 तक इस्तेमाल करते थे.

संग्रहालय में दाखिल होते ही बाईं तरफ़ उनका पसंदीदा सोफ़ा और लकड़ी का बड़ा सा रेडियो मिला जिससे वे खबरें और कमेंट्री दोनों सुनते थे.

बगल के चौखाने में एल्यूमीनियम का बड़ा ड्रम रखा है, जिसके सामने एक स्टम्प और रबड़ की गेंद टंगी है.

इसके सामने एक एलसीडी वीडियो चल रहा है जिसमें खुद डॉन ब्रैडमैन इस स्टम्प और गेंद से प्रैक्टिस कर रहे हैं.

पास ही में शीशे के रैक में उनका वो ब्लेज़र टंगा है, जिसे उन्होंने बहुचर्चित 'बॉडीलाइन' एशेज़ सिरीज़ के दौरान पहना था.

बड़ी-बड़ी तस्वीरों में डॉन के शानदार जीवन का सफ़र साफ़ देखा जा सकता है.

किसी तस्वीर में वे इंग्लैंड के राजकुमार के साथ टहल रहे हैं और किसी में गैरी सोबर्स और इयन चैपल जैसे खिलाड़ी अपनी ठुड्डियों पर हाथ रखे उन्हें ध्यानपूर्वक सुन रहे हैं.

ख़ुद डॉन ब्रैडमैन ने इन तमाम चीज़ों को सहेजकर दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की स्टेट लाइब्रेरी में रखवाया था.

उनकी जीती हुई लगभग सभी बड़ी ट्रॉफियां भी इस संग्रहालय का हिस्सा हैं जिन्हें रोज़ चमकाया जाता है.

मेरी नज़रें एक शेल्फ़ पर क़रीब पांच मिनट तक गड़ी रहीं.

यहां खुद डॉन ब्रैडमैन के वो बैट रखे थे जिन्हें लेकर उन्होंने क्रिकेट में हर वो रिकॉर्ड बनाया, जो उस दौर में बन सकता था.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें<link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi " platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>