विश्व कप: जो अपने दम पर पलट सकते हैं मैच

प्रकाशित

विश्व कप 2015 में खेल रही टीमों में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अगर चल जाएं तो अपने दम पर किसी भी मैच का नक़्शा बदलने का माद्दा रखते हैं.

नज़र डालते हैं ऐसे ही कुछ खिलाड़ियों पर.

विराट कोहली (भारत)

विराट कोहली

भारत के 26 वर्षीय खिलाड़ी विराट कोहली ने बीते कुछ सालों में ज़बर्दस्त फ़ॉर्म दिखाया है और कई दफ़ा मैच विनिंग पारियां खेली हैं.

कोहली ने 150 वनडे में 51.50 के औसत से 6232 रन बनाए हैं.

कोहली का स्ट्राइक रेट भी 90.17 है यानी लंबी पारी खेलने के साथ-साथ वो आक्रामक खिलाड़ी भी हैं.

कोहली की खेल शैली विपक्षी गेंदबाज़ों पर पूरी तरह हावी होने की है और यही उन्हें विरोधियों के लिए ख़तरनाक बनाता है.

रोहित शर्मा (भारत)

रोहित शर्मा

27 वर्षीय रोहित शर्मा को हमेशा से ऐसा खिलाड़ी माना जाता रहा है, जिसका रिकॉर्ड उसके टैलेंट से कहीं कम है.

रोहित की प्रतिभा का अंदाज़ा इससे हो जाता है कि एकदिवसीय मैचों में दो दोहरे शतक बनाने वाले वह एकमात्र बल्लेबाज़ हैं.

वह ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के ख़िलाफ़ दोहरे शतक बना चुके हैं.

रोहित 127 मैचों में 38.90 के औसत से 3890 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 81.55 है.

रोहित ग़ज़ब के स्ट्रोक प्लेयर हैं और उनके पास शॉट्स की विविधता है.

क्रिस गेल (वेस्टइंडीज़)

क्रिस गेल

विपक्षी गेंदबाज़ों के मन में ख़ौफ़ पैदा करने के मामले में क्रिस गेल का नाम कई लोग अव्वल नंबर पर लेते हैं.

अपने दम पर उन्होंने वेस्टइंडीज़ की टीम को कई मैच जिताए हैं.

गेल की प्रतिभा को बयां करने के लिए उनका रिकॉर्ड ही काफ़ी है.

263 मैचों में 36.85 के औसत से वो 8881 रन बना चुके हैं.

84.22 के स्ट्राइक रेट वाले गेल कुल 21 शतक भी जमा चुके हैं.

एबी डि विलियर्स (दक्षिण अफ़्रीका)

एबी डिविलियर्स

31 साल के दक्षिण अफ़्रीकी कप्तान एबी डि विलियर्स के नाम वनडे में सबसे तेज़ शतक बनाने का रिकॉर्ड है.

पिछले महीने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ उन्होंने महज़ 31 गेंदों पर शतक बना डाला था.

79 मैचों में उन्होंने 52.16 के औसत से 7677 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट है 97.16.

ये रिकॉर्ड ही विपक्षी खेमे में खलबली मचाने के लिए काफ़ी है.

ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया)

ग्लेन मैक्सवेल

ऑस्ट्रेलिया का यह युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर तेज़ी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उभरा.

मैक्सवेल की सबसे बड़ी ख़ूबी है उनका आक्रामक अंदाज़.

41 मैचों में उन्होंने 1043 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 115.76 है.

कोरी एंडरसन (न्यूज़ीलैंड)

कोरी एंडरसन

एबी डि विलियर्स से पहले एकदिवसीय मैचों में सबसे तेज़ शतक बनाने का रिकॉर्ड इस 24 वर्षीय न्यूज़ीलैंड के खिलाड़ी के नाम पर था.

उन्होंने पिछले साल वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ 36 गेंदों पर शतक बनाया था.

एंडरसन ने वनडे में 36.15 के औसत से कुल 687 रन बनाए और 131 उनका उच्चतम स्कोर है.

उनका स्ट्राइक रेट है 129.37.

कुमार संगकारा (श्रीलंका)

कुमार संगकारा

इस विश्व कप में भी श्रीलंकाई बल्लेबाज़ी का दारोमदार 37 वर्षीय अनुभवी कुमार संगकारा के कंधों पर होगा.

हर तरह के विकेट पर अपनी बल्लेबाज़ी का लोहा मनवा चुके कुमार संगकारा ने 397 वनडे मैचों में लगभग 41 के औसत से 13693 रन बनाए.

संगकारा ने कुल 21 शतक जमाए हैं और बढ़ती उम्र उनकी बल्लेबाज़ी पर असर नहीं डाल पाई है.

हाशिम अमला (दक्षिण अफ़्रीका)

हाशिम अमला

दक्षिण अफ़्रीका के उपकप्तान हाशिम अमला कुल 107 मैच खेल चुके हैं. उनका औसत 56.41 है और स्ट्राइक रेट 89.61.

यानी विकेट पर टिके रहने के साथ-साथ वह बहुत तेज़ी से रन भी बना सकते हैं.

अमला के नाम कुल 19 वनडे शतक भी हैं. वो टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक भी जमा चुके हैं.

मिस्बाह उल हक़ (पाकिस्तान)

मिस्बाह उल हक़

पाकिस्तान के कप्तान मिस्बाह उल हक़ भी अकेले दम पर अपनी टीम को मैच जिताने का माद्दा रखते हैं.

एडिलेड में भारत के ख़िलाफ़ मैच में अपने लंबे शॉट्स से एकबारगी उन्होंने भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की सांसें रोक दी थीं.

कुल 155 मैचों में 42.99 के औसत से उन्होंने 6479 रन बनाए हैं.

शाहिद अफ़रीदी (पाकिस्तान)

शाहिद अफ़रीदी

पाकिस्तान की मौजूदा टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं शाहिद अफ़रीदी.

हालांकि ताउम्र उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव रहा है लेकिन अपनी तूफ़ानी बल्लेबाज़ी और लेगब्रेक गेंदबाज़ी से वो कभी भी मैच का रुख़ अपनी टीम की तरफ़ मोड़ सकते हैं.

साल 1996 में उन्होंने श्रीलंका के ख़िलाफ़ 37 गेंदों पर शतक बनाया था, जो लंबे समय तक रिकॉर्ड रहा.

391 मैचों में उन्होंने 7948 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट है 116.79 है. अफ़रीदी ने कुल 393 विकेट लिए हैं जो उनकी ऑलराउंड प्रतिभा को दिखाता है.

<bold>(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>