फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: जर्मनी के बाद नीदरलैंड्स भी पेनल्टी शूटआउट में हारा, मोरक्को अंतिम 16 में पहुंचा

इमेज स्रोत, Carl Recine/Getty Images
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के अंतिम 32 के एक मुक़ाबले में मोरक्को ने नीदरलैंड्स को पेनल्टी शूटआउट में हरा दिया है. दोनों के बीच मैच 1-1 से बराबर रहा था, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट हुआ.
मोरक्को ने मैच के अधिकांश हिस्से में अपना दबदबा बनाए रखा, लेकिन नीदरलैंड्स के बार्ट फेरब्रुगेन की शानदार गोलकीपिंग ने उसे बढ़त लेने से रोके रखा.
नीदरलैंड्स के कोडी गाक्पो ने गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन इंजरी टाइम में मोरक्को के ईसा डिओप के गोल ने मुक़ाबले को अतिरिक्त समय में पहुंचा दिया.
नीदरलैंड्स ने पेनल्टी शूटआउट में तीन मौके गंवाए, जिसके बाद इस्माइल साइबारी ने निर्णायक गोल कर मोरक्को को 3-2 की जीत दिलाई.
अब मोरक्को का सामना 4 जुलाई को ह्यूस्टन में अंतिम-16 के मुक़ाबले में कनाडा से होगा.
इससे पहले अंतिम 32 के एक अन्य मुक़ाबले में पराग्वे ने जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में हराया. चार बार की चैंपियन जर्मनी अब इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई है.













