अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तानी हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 28 नागरिकों की मौत - संयुक्त राष्ट्र, बीबीसी पश्तो और बीबीसी उर्दू

इमेज स्रोत, Reuters
संयुक्त राष्ट्र के अफ़ग़ानिस्तान मिशन ने कहा है कि पाकिस्तान ने रविवार को सीमा से लगे अफ़ग़ान प्रांतों में हवाई हमले किए और सैनिक भेजकर ज़मीनी अभियान चलाया. इसमें कम से कम 28 आम नागरिकों की मौत हुई है.
यूएनएएमए के मुताबिक़, इन हमलों में 49 लोग घायल हुए हैं. मृतकों और घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.
अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा कि हमले में आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाया गया और इसे 'कायरतापूर्ण कार्रवाई' और 'अत्याचार' क़रार दिया.
वहीं, पाकिस्तान ने कहा कि उसने अफ़ग़ानिस्तान के पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों में चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया.
दोनों पड़ोसी देशों ने पिछले साल अक्तूबर में कई हफ़्तों तक चली झड़पों के बाद युद्धविराम पर सहमति जताई थी, लेकिन यह समझौता बाद में टूट गया.










