लाइव, ब्रिक्स सम्मेलन से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?

ब्रिक्स समिट 2026 में शामिल होने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह नई दिल्ली पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. ब्रिक्स सम्मेलन से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने क्या कहा?

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स सम्मेलन हो रहा है. सम्मेलन से पहले दुनिया भर के नेताओं का दिल्ली आना शुरू हो गया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन से पहले संदेश जारी किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता ब्रिक्स समिट के लिए जुटेंगे. पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी.''

    उन्होंने संस्कृत के एक श्लोक भी ज़िक्र किया है, जिसका मतलब है-मनुष्य को सदैव सज्जनों के साथ रहना और उनकी संगति करनी चाहिए. सज्जनों के साथ ही विचार-विमर्श और मैत्रीपूर्ण व्यवहार करना चाहिए क्योंकि परस्पर सदभाव, संवाद और मैत्रीपूर्ण संबंध, शांति और सहयोग को सुदृढ़ करते हैं.

    इससे पहले ब्रिक्स समिट 2026 में शामिल होने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह नई दिल्ली पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया.

    उनके स्वागत के लिए पहले ही केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्द्धन सिंह पहले से मौजूद थे.

  2. डीआरसी कांगो के एक स्कूल में आग, 24 बच्चों की मौत, एमिरी माकोमेनो, बीबीसी अफ़्रीका

    डीआर कांगो

    इमेज स्रोत, Reuters

    पूर्वी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो के विद्रोहियों के कब्ज़े वाले बुकावू शहर में दो स्कूलों में लगी आग से बचने की कोशिश के दौरान मची भगदड़ में कम से कम 24 स्कूली बच्चों की मौत हो गई. स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी है.

    बताया गया है कि आग में कुछ वयस्कों की भी मौत हुई है. घनी आबादी वाले कदूतू समुदाय में मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है.

    घायलों और आग से बचने वाले लोगों को नज़दीकी अस्पतालों में ले जाया गया है. घटनास्थल के वीडियो में बच्चों को अस्पताल के फर्श पर दर्द से कराहते हुए देखा जा सकता है.

    आग में करीब 300 घर भी जलकर नष्ट हो गए. आग लगने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है.

    विद्रोहियों की ओर से नियुक्त अधिकारियों ने गुरुवार शाम मृतकों की संख्या 24 बताई. इससे पहले आई ख़बरों की भी उन्होंने पुष्टि की, लेकिन आशंका है कि मृतकों की संख्या इससे ज्यादा हो सकती है.

    सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में छोटे बच्चों को ज़मीन पर बेसुध पड़ा देखा जा सकता है..

    रॉयटर्स के हवाले से एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोपहर तक आग बुझा दी गई थी, लेकिन मलबे और टिन की चादरों से बने ढांचे के बीच अब भी धुआं उठ रहा था.

    दक्षिण किवू प्रांत की राजधानी बुकावू, पहाड़ियों पर बसा और डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो के सबसे घनी आबादी वाले शहरों में से एक है. पिछले साल फ़रवरी में एम23 विद्रोहियों ने इस शहर पर कब्ज़ा कर लिया था.

  3. यूक्रेन का आरोप- पावलोह्राद में रूसी ड्रोन के हमले में पांच लोगों की मौत, 67 घायल

    यूक्रेन पर रूसी हमला

    इमेज स्रोत, State Emergency Service of Ukraine

    यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक़, निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र के पावलोह्राद शहर में एक शॉपिंग मॉल पर रूसी ड्रोन के हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और 67 अन्य घायल हो गए.

    यूक्रेन के गृह मंत्री इवान विहिव्स्की ने कहा कि दिन में हुए इस हमले की चपेट में दुकानें और वाहन आए.

    उन्होंने कहा कि हमला "उस वक़्त हुआ, जब सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे."

    यूक्रेनी मीडिया के मुताबिक़, इस हफ़्ते की शुरुआत में ज़ापोरिज़िया और सूमी शहरों में दो अन्य शॉपिंग मॉल को भी रूसी हवाई हमलों में निशाना बनाया गया था.

    रूस ने बताया कि बुधवार रात रिसॉर्ट शहर सोची में यूक्रेन ने समुद्र से ड्रोन हमला किया, जिसमें 28 लोग घायल हुए. रूस ने यूक्रेनी हमलों में तीन और लोगों के मारे जाने का भी दावा किया है.

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साढ़े चार साल से ज्यादा समय पहले यूक्रेन पर हमला शुरू करने के बाद से रूस और यूक्रेन के बीच पूर्ण युद्ध जारी है.

    रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भेजे दूतों की नई शांति पहल से फिलहाल ठोस नतीजे निकलते नहीं दिख रहे हैं. इन दूतों ने मॉस्को में पुतिन और कीएव में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के साथ बातचीत की थी.

  4. टी-20 महिला एशिया कप: बांग्लादेश को हराकर भारत फ़ाइनल में, हरमनप्रीत ने क्या कहा?

    हरमनप्रीत कौर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टी-20 महिला एशिया कप क्रिकेट के सेमीफ़ाइनल में भारत ने बांग्लादेश को हरा दिया है.

    फ़ाइनल में पहुंची भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपनी टीम की तारीफ़ करते हुए कहा कि जिस तरह चीजें आगे बढ़ रही हैं उससे वो काफ़ी खुश हैं.

    बांग्लादेश को 40 रन से हराने के बाद हरमनप्रीत ने मैच में छोटी साझेदारियों का ख़ास तौर पर ज़िक्र किया.

    भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 149 रन बनाए, जवाब में बांग्लादेश की टीम 7 विकेट पर 109 रन ही बना सकी.

    उन्होंने पारी के दौरान रिचा घोष और दीप्ति शर्मा के योगदान का ज़िक्र करते हुए कहा, "ख़ासकर इस तरह की पिच पर छोटी साझेदारियां मायने रखती हैं. रिचा ने भी अहम शॉट खेले. दीप्ति ने गेंदबाज़ी में शानदार प्रदर्शन किया और हमें कुछ अहम विकेट दिलाए."

    हरमनप्रीत ने कहा, "हमारी बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी जिस तरह चल रही है, उससे भी खुश हूं. अच्छी गेंदों की अपनी अहमियत थी. अगर आप गेंद को अच्छी तरह स्पिन करा रहे थे, तो उस गेंद की भी अपनी अहमियत थी. आज दोनों टीमों के स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाज़ी की. बल्लेबाज़ों के लिए मुश्किल थी और स्पिनरों ने पिच का अच्छी तरह इस्तेमाल किया."

    भारत ने बांग्लादेश को 40 रन से हराकर महिला एशिया कप के फ़ाइनल में जगह बनाई है. यह एशिया कप के इतिहास में भारत का 10वां फ़ाइनल होगा. जब भी महिला एशिया कप हुआ है, भारत हर बार फ़ाइनल में पहुंचा है.

    गुरुवार को हुए मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने बांग्लादेश के सामने 150 रन का लक्ष्य रखा था.

    शेफाली वर्मा ने मिले मौकों का फायदा उठाते हुए 40 गेंदों पर 64 रन बनाए. शेफाली को तीन जीवनदान मिले. 6, 11 और 56 रन के स्कोर पर उनका कैच छोड़ा गया.

  5. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    एफ़िल टावर विवाद: स्वामीनारायण संप्रदाय में महिलाओं से दूरी की क्या दलील है?