फिलीपींस: फेरी में लगी भीषण आग, 5 की मौत और 87 लोग लापता

इमेज स्रोत, Philippine Coast Guard
फिलीपींस में एक फेरी (नाव) में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 87 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. देश के कोस्ट गार्ड ने हादसे की जानकारी दी है.
यह हादसा फिलीपींस के पालावान प्रांत में कोरोन इलाके के पास समुद्र में हुआ. आग एमवी जून एस्टर नाम की फेरी में लगी.
कोस्ट गार्ड के मुताबिक़, हादसे के बाद 42 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. वहीं, कोस्ट गार्ड कैप्टन नोएमी कायब्याब ने लोकल रेडियो स्टेशन को बताया कि 87 लोग अभी लापता हैं.
कोस्ट गार्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि फेरी में कुल 134 लोग सवार थे. इनमें 117 यात्री और 17 क्रू के सदस्य शामिल थे. बचाए गए लोगों और हताहतों से जुड़ी मौजूदा जानकारी के आधार पर 87 लोगों की तलाश अभी जारी है.
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ये आंकड़े लगातार चल रहे खोज और बचाव अभियान के बीच सामने आए हैं. ऐसे में राहत एवं बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ लापता लोगों की संख्या में बदलाव हो सकता है.







