अमेरिकी विदेश मंत्री ने किसे बताया ईरान का 'आर्थिक परमाणु हथियार'
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने होर्मुज़ स्ट्रेट को "आर्थिक परमाणु हथियार" जैसा बताया और कहा कि ईरान इसे दुनिया के खिलाफ इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है.
अमेरिकी टीवी चैनल फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में मार्को रुबियो ने कहा, "ईरान गर्व से कह रहा है कि वह दुनिया की 20 से 25 प्रतिशत एनर्जी को रोक सकता है. सोचिए अगर ईरान को परमाणु हथियार मिल गए, तो वह पूरे क्षेत्र को बंधक बना लेगा."
मार्को रुबियो ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस संघर्ष के बाद पूरी दुनिया ईरान से होने वाले ख़तरे को समझ गई होगी. उनके अनुसार, जो काम ईरान परमाणु हथियारों से करना चाहता है, वही वह अभी तेल के ज़रिए कर रहा है.
मार्को रुबियो ने कहा, "जिन समस्याओं का सामना ईरान संघर्ष से पहले कर रहा था, वे अब भी हैं या और बढ़ गई हैं, लेकिन अब उसके पास पहले से आधे मिसाइल हैं. कोई फ़ैक्ट्री नहीं बची और उसकी नौसेना ख़त्म हो गई है."
इस साल की शुरुआत में ईरान में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों और सरकार की कार्रवाई का ज़िक्र करते हुए रुबियो ने कहा, "हम चाहते थे कि ईरानी जनता की आवाज़ सुनी जाए, न कि सड़कों पर 30 से 40 हज़ार लोगों को मार दिया जाए."
ईरान ने हाल ही में अमेरिका को युद्ध ख़त्म करने का प्रस्ताव भेजा था. लेकिन रॉयटर्स ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप इससे खुश नहीं हुए.