You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, लेबनान: सीज़फ़ायर के बीच इसराइली हमलों में 14 लोगों की मौत

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि रविवार को इसराइली हमलों में 14 लोगों की मौत हुई, जिनमें दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं. जबकि 37 लोग घायल हुए हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. लेबनान: सीज़फ़ायर के बीच इसराइली हमलों में 14 लोगों की मौत

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि रविवार को इसराइली हमलों में 14 लोगों की मौत हुई, जिनमें दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं. जबकि 37 लोग घायल हुए हैं.

    यह हमला ऐसे समय में हुआ, जब दोनों देशों के बीच पिछले सप्ताह गुरुवार को ही युद्धविराम तीन हफ़्तों के लिए बढ़ाया गया था.

    समझौते के तहत इसराइल को यह अधिकार है कि वह किसी भी समय अपनी सुरक्षा के लिए ज़रूरी क़दम उठा सकता है.

    हमले से पहले इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) के प्रवक्ता ने पहले दक्षिणी लेबनान के कई गांवों को चेतावनी दी. उन्होंने लिखा था कि लोगों को तुरंत छोड़ना चाहिए, वहां रहना उनकी जान के लिए ख़तरा होगा.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि आईडीएफ़ एक्टिव है और ताक़त के साथ काम कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि हिज़्बुल्लाह की कार्रवाई युद्धविराम को तोड़ रही है.

  2. इस देश के रक्षा मंत्री की आत्मघाती धमाके में मौत, राष्ट्रपति सुरक्षित जगह ले जाए गए

    पश्चिमी अफ़्रीका के देश माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की एक आत्मघाती ट्रक धमाके में मौत हो गई.

    माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा के परिवार ने बताया कि उनकी मौत राजधानी बमाको के पास उनके घर पर हुए आत्मघाती ट्रक धमाके में हुई.

    वहां के सरकारी टीवी ने कुछ घंटे बाद पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि कैमारा पहले घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई.

    रिपोर्टों के मुताबिक़ माली के राष्ट्रपति असीमी गोइता को सुरक्षित जगह ले जाया गया क्योंकि उनके घर को भी निशाना बनाया गया था.

    माली के चरमपंथी संगठन आज़ावाद लिबरेशन फ्रंट ने कहा कि माली की सेना में रखे गए रूसी भाड़े के सैनिकों ने दो दिन की लड़ाई के बाद किदाल से हटने पर सहमति जताई है. फ्रंट ने दावा किया कि अब शहर उनके नियंत्रण में है.

    माली इस समय बड़े पैमाने पर हिंसा और अस्थिरता से गुज़र रहा है. राजधानी बमाको और कई शहरों में चरमपंथी समूहों ने हमले किए हैं.

  3. ट्रंप की डिनर पार्टी में हुई फ़ायरिंग पर क्या बोले बराक ओबामा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी के दौरान हुई फ़ायरिंग पर पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की प्रतिक्रिया आई है.

    बराक ओबामा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी. लेकिन हम सबकी ज़िम्मेदारी बनती है कि हम यह सुनिश्चित करें कि हिंसा का लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है"

    उन्होंने लिखा, "यह हमें यह भी याद दिलाता है कि यूएस सीक्रेट सर्विस एजेंट हर दिन कितनी बहादुरी दिखाते हैं. मैं उनका आभारी हूं. हमले में घायल हुए एजेंट का भी मैं शुक्रगुज़ार हूं."

    बता दें कि डिनर कार्यक्रम में फ़ायरिंग के बाद संदिग्ध शख़्स को हिरासत में ले लिया गया था.

    इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से जानकारी साझा की थी. उन्होंने हमलावर को 'बीमार' बताया.

    गौरतलब है कि वॉशिंगटन हिल्टन में होने वाले इस कार्यक्रम में हर साल राष्ट्रपति, कई कैबिनेट मंत्री और प्रशासन के बड़े अधिकारी आते हैं. इसके अलावा सैकड़ों पत्रकार भी मौजूद रहते हैं.

  4. रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगे ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची, क्या है मक़सद

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची रूस यात्रा पर जा रहे हैं. यहां पर वो राजधानी मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात करेंगे.

    यह जानकारी ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज़ एजेंसी ने रूस में ईरान के राजदूत काज़ेम जलाली के हवाले से दी है.

    काज़ेम जलाली ने आगे कहा कि यह मुलाक़ात आज यानी सोमवार को होगी. उन्होंने बताया कि अराग़ची रूसी अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे, जिसमें ताज़ा हालात, युद्धविराम और उससे जुड़ी घटनाओं पर चर्चा होगी.

    रूस के विदेश मंत्रालय ने भी रविवार को पुष्टि की कि अराग़ची बातचीत के लिए मॉस्को आएंगे.

    गौरतलब है कि इससे पहले अब्बास अराग़ची पाकिस्तान और ओमान गए थे, जहां पर मध्य पूर्व के ताज़ा हालात को लेकर चर्चा हुई थी.

  5. ट्रंप ने हमलावर के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में पत्रकार से कहा, 'तुम्हें शर्म आनी चाहिए'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान महिला पत्रकार नोरा ओ'डोनल को 'शर्मनाक' कहा.

    दरअसल, सीबीएस न्यूज़ के 60 मिनट्स नामक प्रोग्राम में ट्रंप का इंटरव्यू पत्रकार नोरा ले रही थीं. तभी उन्होंने व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर में गोली चलाने वाले संदिग्ध शख़्स के मैनिफ़ेस्टो (मक़सद) का ज़िक्र किया. हमलावर ने ट्रंप के एपस्टीन से जुड़े होने का ज़िक्र किया था जिसे पत्रकार ने ट्रंप के सामने पढ़कर सुनाया.

    इस पर ट्रंप ने कहा, "मुझे पता था तुम ये पढ़ोगी, क्योंकि तुम लोग बहुत ख़राब हो. हां, उसने लिखा था. लेकिन मैं न तो बलात्कारी हूं और न ही मैंने किसी का बलात्कार किया."

    ट्रंप ने आगे कहा, "तुमने किसी बीमार आदमी की बकवास पढ़ी? मुझे उन चीज़ों से जोड़ा गया जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं. मुझे पूरी तरह से बरी कर दिया गया था."

    ट्रंप ने फिर कहा, "मैंने मैनिफ़ेस्टो पढ़ा. वो बीमार आदमी है. लेकिन तुम्हें शर्म आनी चाहिए कि तुमने वो पढ़ा, क्योंकि मैं वैसा नहीं हूं."

    नोरा ने साफ़ किया कि वो शब्द उनके नहीं हैं. लेकिन ट्रंप ने कहा कि उन्हें टीवी पर ये नहीं पढ़ना चाहिए था.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.