भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच न्यू
चंडीगढ़ मैदान में इकलौता टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मैच में भारत के लिए
डेब्यू करने वाले मानव सुथार की काफ़ी चर्चा है.
वजह है, गेंदबाज़ी में उनका प्रदर्शन.
मानव सुथार ने अफ़ग़ानिस्तान के
ख़िलाफ़ पहली पारी में छह विकेट चटकाए हैं. उन्होंने किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए
22 ओवरों में महज़ 33 रन दिए.
भारतीय टीम इस मैच में मज़बूत स्थिति
में है. पहले बल्लेबाज़ी में दम दिखाने के बाद भारतीय गेंदबाज़ों ने भी ज़बरदस्त
प्रदर्शन किया है.
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी टीम इंडिया ने आठ विकेट पर 564 रन बनाकर पहली पारी घोषित की. इसके बाद
बल्लेबाज़ी करने उतरी मेहमान टीम 152 रन
पर ऑलआउट हो गई.
भारत के पास 412 रन की बढ़त है.
मानव सुथार के बारे में जानिए
ऑलराउंडर मानव सुथार घरेलू क्रिकेट
में राजस्थान की ओर से खेलते हैं.
ईएसपीएन के मुताबिक़, उन्होंने लिस्ट ए करियर में 25 मैचों में 34
विकेट चटकाए हैं और उनके नाम 350 रन भी हैं. वहीं टी20 के 29 मैचों में उनके नाम
28 विकेट हैं.
आईपीएल में मानव गुजरात टाइटंस की ओर
से खेलते हैं. उन्होंने गुजरात के लिए पांच मैचों में चार विकेट लिए हैं.
इसके अलावा मानव सुथार इंडिया-ए और
भारतीय अंडर-19 टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं.
अपने डेब्यू पर मानव ने कहा,
"जब मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था,
तब मेरा सबसे बड़ा सपना भारत के लिए टेस्ट
क्रिकेट खेलना था. आज वह सपना सच हो गया. अपनी टेस्ट कैप हासिल करना एक ऐसा एहसास
है, जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर
सकता."