कराची में रेंजर्स कैंप पर हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए, पाकिस्तानी सेना ने क्या बताया

इमेज स्रोत, Getty Images
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना ने पुष्टि की है कि शनिवार रात कराची में पाकिस्तान रेंजर्स सिंध कैंप पर हुए हमले में तीन सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं.
सेना ने यह भी बताया है कि उसकी जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर भी मारे गए हैं.
पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान एक हमलावर को घायल अवस्था में गिरफ़्तार किया गया है. यह हमलावर एक अफ़ग़ान नागरिक है.
शनिवार रात कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाक़े में रेंजर्स कार्यालय के पास धमाका और गोलीबारी हुई थी.
यह घटना गुलिस्तान-ए-जौहर के ब्लॉक पांच में स्थित रेंजर्स भवन के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बीबीसी को बताया कि पहले एक धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई.
चरमपंथी संगठन जमात-उल-अहरार से जुड़े एक समूह ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

















