लाइव, अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत और पाकिस्तान के बीच 'संभावित संघर्ष' को लेकर क्या कहा

रुबियो ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच के विवाद समेत अगर दुनिया भर में संभावित संघर्षों से निपटने के लिए एक प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था होती तो यह 'बेहद अच्छा' होता.

लाइव कवरेज

संदीप राय

  1. दिल्ली से बिहार जा रही स्लीपर बस में जेवर के पास लगी आग, 9 यात्रियों की मौत

    महिला यात्री

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, महिला यात्री रिंकू राजपूत ने बताया कि बस में धुआं भर गया था

    ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक यात्री बस में आग लग गई, जिसमें एक महिला समेत 9 लोगों की मौत हो गई.

    समाचार एजेंसी एएनआई और पीटीआई ने जेवर पुलिस के हवाले से बताया कि गुरुवार तड़के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई.

    पुलिस के मुताबिक, घटना जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर के माइलस्टोन के पास हुई. बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और रात के दौरान उसमें आग लग गई.

    यात्री बस में आग

    इमेज स्रोत, ANI

    हादसे में बच गई एक महिला यात्री रिंकी राजपूत ने एएनआई से कहा, "मैं सो रही थी, तभी किसी ने दरवा़ा जोर से खटखटाया. जब मेरी आंख खुली तो वहां पहले से ही काफ़ी भीड़ थी. मैंने अपना कोई सामान नहीं उठाया, यहां तक कि जूते भी नहीं पहने."

    "मैंने बस अपना फ़ोन उठाया और बाहर निकल गई. इतनी भीड़ थी कि लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे. मुझे भी धक्के लगे और आखिरकार किसी ने मुझे बाहर खींच लिया. इसके बाद मुझे कुछ और याद नहीं है."

    उनके अनुसार, "बस पूरी तरह धुएं से भर गई थी. वहां अफरा-तफरी मची हुई थी और बाहर निकलना बेहद मुश्किल था. इतना धुआं था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. अंदर लोग दम घुटने से परेशान थे. बहुत कम लोग बाहर निकल पाए, सिर्फ वही लोग जो धक्का-मुक्की के बीच किसी तरह रास्ता बना सके."

    महिला ने बताया, "कई लोगों की जान चली गई. मेरे पीछे काफी लोग थे, जो शायद बाहर नहीं निकल पाए, क्योंकि मैं खुद काफ़ी देर बाद बाहर निकल पाई."

  2. अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत और पाकिस्तान के बीच 'संभावित संघर्ष' को लेकर क्या कहा

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र पर निशाना साधते हुए कहा कि वो संभावनाओं के मुताबिक़ काम नहीं कर रहा

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच के विवाद समेत अगर दुनिया भर में संभावित संघर्षों से निपटने के लिए एक प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था होती तो यह 'बेहद अच्छा' होता.

    रुबियो ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, "हम अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की उपयोगिता देखते हैं. मेरा मानना है कि राष्ट्रपति ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र में काफ़ी संभावनाएं हैं, लेकिन वह उन संभावनाओं के मुताबिक़ काम नहीं कर रहा है..."

    उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि कई नेताओं ने इस तथ्य की ओर इशारा किया कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था विफल हो रही है और ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि यह अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़ गई है. यह कई ऐसे मामलों में शामिल हो गई है, जिनमें इसे शामिल नहीं होना चाहिए और यह दुनिया के लगभग किसी भी बड़े संघर्ष को हल करने में सक्षम नहीं है."

    अमेरिका विदेश मंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस बात पर 'एकमत और सहमति' है कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था टूट चुकी है.

    उन्होंने कहा, "लेकिन यह इसलिए टूटी है क्योंकि उसने खुद को ही कमजोर कर लिया है. इसे उसके उचित फोकस और उचित भूमिका में वापस लाने की ज़रूरत है. यह बहुत अच्छा होता अगर हमारे पास एक प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था होती, जो उदाहरण के लिए थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हुए युद्ध या भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित संघर्ष से निपट सकती."

    "फ़िलहाल ऐसा लगता है कि हमारे पास ऐसी प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था नहीं है, जो इसका समाधान कर सके."

    रुबियो ने कहा कि ऐसी व्यवस्था के अभाव में राष्ट्र अपने राष्ट्रीय हितों के अनुसार काम करेंगे.

  3. रोशिबिना देवी ने एशियाई खेलों में लगातार तीन मेडल जीत कर रचा इतिहास

    रोशिबिना देवी नाओरेम

    इमेज स्रोत, Andy Cheung/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मणिपुर की रोशिबना देवी ने एशियाई खेलों में वुशु स्पर्धा में लगातार तीसरा मेडल जीता है

    जापान के नागोया में हो रहे एशियन गेम्स में गुरुवार को भारतीय वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिला 60 किग्रा भार वर्ग की वुशु स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, आइची प्रीफ़ेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में 20वें एशियाई गेम्स आइची-नागोया के चौथे दिन, रोशिबिना देवी ने इंडोनेशिया की कुसुमानिंगत्यास थानिया को हराया था.

    फ़ाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के हाथों 0-2 से हार का सामना करना पड़ा.

    फ़ाइनल मुकाबले में झांग ने दबदबा बनाए रखा. उन्होंने दोनों राउंड 5-0 से जीते और कुल 10-0 के स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम किया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रोशिबिना देवी एशियाई खेलों में वुशु में लगातार तीन मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला वुशु खिलाड़ी बन गई हैं.

    रोशिबिना का यह एशियाई खेलों में तीसरा पदक है. उन्होंने 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में सिल्वर और 2018 के जकार्ता-पालेमबांग एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज़ पदक जीता था.

    रोशिबिना देवी नाओरेम मणिपुर की रहने वाली हैं और 2023 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था.

  4. यूएसएस अब्राहम लिंकन के आठ नाविकों ने सुसाइड की कोशिश की थी- पेंटागन

    यूएसएस अब्राहम लिंकन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, युद्धपोत अब्राहम लिंकन को लगभग 10 महीने पहले मध्य पूर्व में तैनात किया गया था

    अमेरिकी विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन और उसके स्ट्राइक ग्रुप के कम से कम आठ नाविकों ने आत्महत्या की कोशिश की थी.

    इस बात की पुष्टि बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस को मिले अमेरिकी नौसेना के एग्ज़ीक्यूटिव सेक्रेटरी हांग काओ के एक पत्र से हुई है.

    सीएनएन ने सबसे पहले इस चिट्ठी की ख़बर दी थी.

    इस युद्धपोत को लगभग 10 महीने पहले मध्य पूर्व में तैनात किया गया था और वो रिकॉर्ड समय तक तैनाती में रहा.

    सीबीएस न्यूज ने इस मामले पर टिप्पणी के लिए अमेरिकी नौसेना से संपर्क किया है.

    लिंकन जहाज़ और उसके चालक दल के लगभग 5,000 सदस्यों की तैनाती उस समय जांच के दायरे में आ गई जब पिछले महीने नाविकों के परिजनों और कांग्रेस के कई सदस्यों ने युद्धपोत पर रहने की स्थिति और उसके कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में चिंता ज़ाहिर की थी.

    ईरान-अमेरिका जंग शुरू होने के बाद, लिंकन और उसके स्ट्राइक ग्रुपों को मध्य पूर्व में तैनात किया गया था.

    यह युद्धपोत अब उस इलाक़े से निकल चुका है और सैन डियागो स्थित अपने अड्डे पर लौट रहा है.

    विमानवाहक पोत के स्ट्राइक ग्रुप में विमानवाहक पोत का एयर फ़ोर्स विंग, स्ट्राइक ग्रुप हेडक्वार्टर, विध्वंसक स्क्वाड्रन, एस्कॉर्ट विध्वंसक और विमानवाहक पोत पर तैनात सभी विमानन स्क्वॉड्रन शामिल हैं.

    यह चिट्ठी न्यूयॉर्क की डेमोक्रेटिक सीनेटर क्रिस्टन गिलिब्रैंड के जहाज़ पर मौजूद स्थितियों के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में भेजी गई थी.

    (आत्महत्या एक गंभीर मानसिक और सामाजिक समस्या है। यदि आप भी तनाव में हैं, तो आप भारत सरकार की जीवन आस्था हेल्पलाइन 18002333330 से सहायता ले सकते हैं। आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए।)

  5. अमेरिका में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अभूतपूर्व स्वागत, ट्रंप खुद पहुंचे एयरपोर्ट

    शी जिनपिंग और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तीन दिन की यात्रा पर अमेरिका पहुँचे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में शी जिनपिंग का विशेष स्वागत किया.

    चीन के राष्ट्रपति अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर वॉशिंगटन पहुँचे हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ज्वाइंट बेस एंड्रयूज के रनवे पर शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत करने पहुंचे. इस दौरान रेड कार्पेट बिछाया गया था.

    1962 के बाद यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस एयरबेस पर किसी विदेशी नेता का व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया है. बीबीसी के व्हाइट हाउस संवाददाता के मुताबिक, यह भव्य स्वागत इस यात्रा को ट्रंप द्वारा दिए जा रहे महत्व को दर्शाता है.

    विमान से उतरने के बाद शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप ने हाथ मिलाया. इस दौरान दोनों नेताओं की पत्नियां भी उनके साथ थीं.

    चीन के राष्ट्रपति के पहुंचने के मौके पर दो बी-1 बमवर्षक विमानों ने ऊपर से उड़ान भरी. अमेरिकी वायुसेना के बैंड ने अमेरिका और चीन दोनों के राष्ट्रगान बजाए और दोनों देशों के झंडे लहराए गए.

    इसके बाद ट्रंप और शी जिनपिंग को अलग-अलग वॉशिंगटन डीसी के लिए रवाना होते देखा गया.

    बाद में अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि अमेरिका और चीन नवंबर में खत्म होने वाले व्यापार युद्धविराम को 10 जनवरी तक बढ़ाने पर सहमत हुए हैं.

  6. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहांक्लिक करें.