लाइव, विपक्ष के प्रदर्शन पर क्या बोले दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा

दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि जंतर-मंतर क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है और बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, मार्च या धरने की इजाज़त नहीं है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • राहुल गांधी
  • वो दुकानदार जो सालों से दिल्ली में होनें वाले प्रोटेस्ट के हैं गवाह
  • विपक्षी दलों के नेताओं को चुनाव आयोग तक पहुंचने से पहले रोका
  • जब खाने की तलाश में रिहायशी इलाके में आया हाथी
  • ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर सड़कों पर विपक्ष
  • प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
  • रात में थाने के बाहर बैठे पत्रकार

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, अरशद मिसाल

  1. सीमापुरी हादसा: मलबे में छह से सात लोगों के दबे होने की आशंका, स्थानीय विधायक ने क्या कहा

    सीमापुरी मकान हादसा
    इमेज कैप्शन, शाहदरा के डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि पांच से छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

    दिल्ली के सीमापुरी इलाक़े में बुधवार को एक बहुमंज़िला इमारत गिर गई. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है. स्थानीय विधायक ने बताया कि अभी भी मलबे में छह से सात लोगों के दबे होने की आशंका है.

    इस हादसे पर बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बात करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक वीर सिंह धींगान ने बताया कि उन्हें साढ़े तीन बजे के करीब सीमापुरी से फोन आया था कि एक इमारत ढह गई है. उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल किया और डीसीपी को भी इसकी जानकारी दी.

    विधायक के मुताबिक, अब तक करीब छह से सात लोगों को मलबे से ज़िंदा निकाला जा चुका है और राहत-बचाव का काम अभी जारी है. फ़िलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है.

    उन्होंने बताया कि यह करीब पांच से छह मंज़िला इमारत थी, जो लगभग 25 गज के प्लॉट पर बनी थी और करीब एक-दो साल पुरानी बताई जा रही है. उनके मुताबिक, इमारत में एक मुस्लिम परिवार रहता था.

    शाहदरा डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि पांच से छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि फिलहाल बचावकार्य जारी है.

    हालांकि, मलबे से निकाले गए छह से सात लोग उसी परिवार के हैं या अलग-अलग परिवार के हैं, इसकी अभी जानकारी नहीं है.

    वीर सिंह धींगान ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों की मंज़ूरी के बिना ऐसी इमारत का निर्माण नहीं हो सकता.उन्होंने कहा कि इलाक़े की सभी इमारतों का सर्वे किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.

  2. विपक्ष के प्रदर्शन पर क्या बोले दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा

    सचिन शर्मा
    इमेज कैप्शन, डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि जंतर-मंतर क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है (फ़ाइल फ़ोटो)

    जंतर-मंतर पर प्रस्तावित इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

    दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि जंतर-मंतर क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है और बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, मार्च या धरने की इजाज़त नहीं है.

    डीसीपी शर्मा ने कहा, "सांसदों और बड़ी संख्या में उनके समर्थकों के तीन बसों में जंतर-मंतर पहुंचने की सूचना मिली है. चूंकि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं है, इसलिए वहां विरोध मार्च या प्रदर्शन नहीं किया जा सकता."

    हालांकि, उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि आने वाले सभी लोग सांसद हैं, इसलिए पुलिस उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करेगी और सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि पुलिस सांसदों से अनुरोध करेगी कि वे स्वयं वहां से चले जाएं और क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.

    दरअसल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर जंतर-मंतर जाकर प्रदर्शन करना चाहते हैं.

  3. कार्टून: महंगाई पर हमला

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, रिज़र्व बैंक द्वारा रेपो रेट बढ़ाए जाने पर आज का कार्टून
  4. सीमापुरी में एक बहुमंज़िला इमारत गिरी, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइज़री

    सीमापुरी

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि सीमापुरी में एक बहुमंजिला इमारत ढह गई है और मौके पर राहत एवं बचाव दल काम कर रहे हैं.

    पुलिस के अनुसार, सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित है. लोगों से अपील की गई है कि वे संभव हो तो इस इलाके में आने से बचें.

    पीटीआई के मुताबिक, एक अधिकारी ने जानकारी दी कि इमारत का अगला हिस्सा ढह जाने के बाद कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है.

    दिल्ली अग्निशमन सेवा को दोपहर करीब 3:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया. अधिकारी ने कहा कि मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है.

    ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सड़क की हर खाली लेन एम्बुलेंस और राहत वाहनों को तेजी से पहुंचने में मदद करती है.

    लोगों से घटना स्थल के पास रुकने, वाहन खड़ा करने या भीड़ लगाने से बचने और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

  5. राहुल गांधी विपक्षी सांसदों के साथ जंतर-मंतर जा रहे हैं

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने बुधवार को जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन करने की बात कही

    मुख्य चुनाव आयुक्त(सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विपक्ष के नेताओं के साथ जंतर-मंतर के लिए रवाना हो चुके हैं.

    बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोपहर विपक्षी नेताओं को एक निजी रेस्तरां में लंच के लिए आमंत्रित किया था.

    इसके बाद राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन करने की बात कही.

    इंडिया गठबंधन के सांसदों के मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है.

    वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "इंडिया गठबंधन के सभी साथी आज जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करेंगे. जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे."

  6. राहुल गांधी ने आज जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन करने की बात कही

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं, उन्हें इस्तीफ़ा देना ही होगा

    बुधवार को लंच के बाद राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफ़ा देना ही पड़ेगा.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार दोपहर विपक्षी नेताओं को एक निजी रेस्तरां में लंच के लिए आमंत्रित किया था.

    राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं.

    उन्होंने कहा, "पीएम मोदी, अमित शाह और मोहन भागवत ने देश से लोकतंत्र खत्म कर दिया है. मैंने कल भी कहा था कि जिन्होंने यह काम किया है, वे देशद्रोही हैं. उन्हें इस्तीफ़ा देना पड़ेगा."

    दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी परिसर में जाने को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की है. एफआईआर के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक मेडल की तरह है.

    उन्होंने कहा कि हमारी सोच है कि देश के वैध प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर पर आज हम लोग जाएं, वहां बैठें और देश को बचाएं.

    वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "इंडिया गठबंधन के सभी साथी आज जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करेंगे. जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे."

    उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जो भी कर रहा है, उसके पीछे नरेंद्र मोदी हैं.

    उन्होंने कहा, "मतलब मोदी जी खुद लोकतंत्र को ख़त्म करने की कोशिश कर रहे हैं. इसलिए हम सभी पार्टी के लोग मिलकर देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि उनका अधिकार छीना जा रहा है."

  7. विराट कोहली के प्रवक्ता ने कहा, 'आस्था और श्रद्धा की वजह से आश्रम गए, पैसे लेने की बात ग़लत'

    साल 2025 में भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के आश्रम गए थे (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, साल 2025 में भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के आश्रम गए थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    क्रिकेटर विराट कोहली के एक प्रवक्ता ने बुधवार को उन आरोपों को ख़ारिज कर दिया कि भारतीय बल्लेबाज़ को आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज के आश्रम की पहली यात्रा के लिए पैसे दिए गए थे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कोहली के प्रवक्ता ने इन आरोपों को "पूरी तरह ग़लत और निराधार" बताया.

    कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के भक्त हैं और वृंदावन स्थित उनके आश्रम में कई बार जा चुके हैं.

    हालांकि, फलाहारी महाराज ने हाल ही में आरोप लगाया कि कोहली को 2023 में आश्रम की पहली यात्रा के लिए 5 करोड़ रुपये मिले थे.

    कोहली के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से विराट कोहली के संबंध में किए गए दावे पूरी तरह झूठे, निराधार और तथ्यों के विपरीत हैं."

    प्रवक्ता ने कहा कि कोहली की आश्रम यात्राएं "महाराज जी के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा" से प्रेरित थीं.

  8. शतक के साथ श्रेयस अय्यर टी20 रैंकिंग में इस स्थान पर पहुंचे, वैभव को मिला ये स्थान

    श्रेयस अय्यर
    इमेज कैप्शन, भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और युवा बैटर वैभव सूर्यवंशी

    भारत के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने आईसीसी की ताज़ा टी20 बैटिंग रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाते हुए अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 7वीं रैंकिंग हासिल कर ली है.

    वहीं, वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं.

    अय्यर ने मंगलवार को लखनऊ में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पहले टी20 मैच में सिर्फ 43 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए थे. उनकी इस पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल थे.

    उनकी अच्छी बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत ने आठ विकेट से मैच जीत लिया.

    इस प्रदर्शन के बाद अय्यर को टी20 रैंकिंग में 18 स्थान का फ़ायदा मिला है.

    भारतीय बल्लेबाजों में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा पहले दो स्थानों पर बने हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा 10वें नंबर पर हैं. इस तरह भारत के चार बल्लेबाज़ टी20 रैंकिंग के टॉप-10 में शामिल हैं.

    युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी आठ स्थान की छलांग लगाकर 46वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

  9. राजपाल यादव ने सुप्रीम कोर्ट से कहा, '17 करोड़ रुपये डूब गए, जहां चाहें भेज दें, मैं तैयार हूं'

    राजपाल यादव
    इमेज कैप्शन, राजपाल यादव ने कोर्ट से कहा, 'दो-ढाई सौ फ़िल्में की हैं. पिछले 13 साल में दो-ढाई सौ करोड़ रुपये का नुक़सान भी कर चुका हूं'

    अभिनेता राजपाल यादव ने बुधवार को अपने चेक बाउंस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट में पेश होकर ख़ुद अपनी बात रखी.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, "इस दौरान चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत के साथ उनकी लंबी बातचीत हुई. यादव ने अपनी फ़िल्म 'अता पता लापता' से हुए आर्थिक नुक़सान, अपने करियर और क़रीब 16 साल से चले आ रहे विवाद के बारे में बात की."

    सुनवाई के दौरान सीजेआई ने उनसे पूछा कि 'कुछ नया बना रहे हैं या नहीं?'

    राजपाल यादव ने कहा, ''सर, प्रणाम करता हूं. दो-ढाई सौ फ़िल्में की हैं. पिछले 13 साल में दो-ढाई सौ करोड़ रुपये का नुक़सान भी कर चुका हूं. 'अता पता लापता' में मेरे 17 करोड़ रुपये डूब गए.''

    हालांकि लाइव लॉ के मुताबिक़ जस्टिस बागची ने यादव को दी गई सज़ा को बढ़ाए जाने की चेतावनी दी.

    यादव ने चीफ़ जस्टिस की पीठ से बातचीत के दौरान कहा, "जब चाहें, जहां भेज दें, मैं तैयार हूं. लेकिन कुल 22 करोड़ रुपये थे. एक रुपया भी नहीं कमाया. फ़िल्म एक थिएटर में भी रिलीज नहीं हो पाई."

    राजपाल यादव ने 1.15 करोड़ रुपये के डिमांड ड्राफ्ट अदालत में जमा किए, जिन्हें कोर्ट रजिस्ट्री में जमा करने का निर्देश दिया गया.

    सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को अभिनेता राजपाल यादव के उस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया, जिसमें उन्होंने बकाया राशि चुकाने के लिए अपनी पैतृक संपत्ति बेचने की बात कही थी.

    राजपाल यादव के वकील ने आज अदालत को बताया कि उनके पास 1.15 करोड़ रुपये हैं, जिन्हें वह तुरंत भुगतान करने के लिए तैयार हैं. इसके अलावा, राजपाल यादव की पैतृक संपत्ति का एक खरीदार, जो अदालत में मौजूद थे, वो 85 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में देने के लिए तैयार हैं.

  10. अब तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  11. क्रिकेट: चीफ़ सेलेक्टर अजीत अगरकर के कार्यकाल पर कोच गौतम गंभीर ने ये कहा

    गंभीर और अगरकर
    इमेज कैप्शन, टीम में बदलाव के दौर में भी अगरकर के कार्यकाल में भारतीय पुरुष टीम का प्रदर्शन काफ़ी अच्छा रहा

    भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल ख़त्म होने के बाद कोच गौतम गंभीर ने टिप्पणी की है.

    भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को निवर्तमान चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की सराहना करते हुए कहा कि "इतिहास उनके प्रति अधिक उदार रहेगा", जिनका "टीम फ़र्स्ट" में यकीन ही उनके कार्यकाल के दौरान देश के तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने में महत्वपूर्ण रहा.

    अगरकर का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हुआ और बीसीसीआई ने मंगलवार को खाली पद को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए.

    यह ऐसे समय हुआ जब कई हफ़्तों से इस बात को लेकर अटकलें चल रही थीं कि क्या उन्हें कार्यकाल विस्तार के लिए विचार किया जाएगा.

    गंभीर ने एक्स पर पोस्ट किया, "प्रिय अजीत भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही. वे तीन आईसीसी ट्रॉफियां आपके विश्वास की गवाही हैं. हर चीज के लिए धन्यवाद. आपके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी दिल से शुभकामनाएं."

    अगरकर के कार्यकाल के दौरान भारत ने 2024 और 2026 टी-20 विश्व कप के साथ साल 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती. इस दौरान उन्होंने एक ऐसे बदलाव को संभाला, जिसमें बल्लेबाज़ी के दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी- 20 और टेस्ट से संन्यास लिया.

  12. सीजेपी के सौरव दास ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा होगा, तभी युवा हटेंगे'

    सौरव दास
    इमेज कैप्शन, सौरव दास ने कहा है कि वोट चोरी होना हर नागरिक का मुद्दा है

    कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने दिल्ली पुलिस को 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की सूचना दी है.

    उन्होंने कहा, "देश के सभी युवा, यानी सभी साथी, 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पहुंचने वाले हैं. हमने दिल्ली पुलिस को औपचारिक रूप से इसकी जानकारी दे दी है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखते हुए हमसे सहयोग करने का अनुरोध किया है."

    सौरव दास ने कहा, "हमने सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं और अंडरटेकिंग भी दे दिया है. देश के युवा एक बार फिर सड़कों पर उतर रहे हैं और इस बार जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा नहीं हो जाता तब तक तक युवा हटेंगे नहीं."

    "मैं फिर कहना चाहता हूं कि यह सिर्फ़ सीजेपी का आंदोलन या प्रदर्शन नहीं है. यह जेन ज़ी और युवाओं का प्रदर्शन है. अगर वोट चोरी हो रहा है, चुनाव छीने जा रहे हैं तो यह हर नागरिक का मुद्दा है. इसलिए देश के सभी युवाओं को इसमें शामिल होना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "हमारा नारा है, 'चलो दिल्ली'. सारे कॉकरोच एक साथ इकट्ठा हों. हमें उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग आएंगे और इसी के अनुसार हमने पुलिस को सूचना दी है."

  13. पीएम मोदी ने कहा, 'आदिवासियों की सेवा की, पहाड़ों में रहा, मेरा क्या होगा सोचा ही नहीं'

    मोदी
    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा 'जीवन में क्या बनूंगा, मेरा क्या होगा, ये कभी सोचा ही नहीं'

    'विकसित भारत संकल्प सभा' को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 7 अक्तूबर 2001 को जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी तब सोचा नहीं था कि कभी ये पड़ाव भी आएगा.

    उन्होंने कहा, ''आज मुझे हेड ऑफ़ द गवर्नमेंट के तौर पर निरंतर सेवा करते हुए 25 साल हो गए.''

    पीएम मोदी ने कहा, ''आज से 25 साल पहले 50 साल की उम्र में जंगलों में आदिवासियों की सेवा करते हुए गुज़रा, पहाड़ों में ज़िंदगी बिताई और बीजेपी में संगठन की राह चुनी."

    उन्होंने कहा, "मेरा राजनीतिक रिपोर्ट कार्ड सिर्फ संगठन के काम करने वाले का ही था. मैंने चुनाव लड़ाए थे, लेकिन एक भी चुनाव नहीं लड़ा था."

    "चुनावी राजनीति में चमकने की चाहत होती तो बहुत पहले ही मैदान में उतर सकता था, लेकिन ये मेरा मिजाज नहीं था. मैं जीवन में क्या बनूंगा, मेरा क्या होगा, ये कभी सोचा ही नहीं."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे देश में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया है

  14. रेपो रेट बढ़ने के बाद कांग्रेस ने कहा, 'महंगाई मैन मोदी का कहर जारी'

    रिज़र्व बैंक
    इमेज कैप्शन, आरबीआई गवर्नर ने कहा कि कमजोर मानसून के साथ मजबूत अल नीनो का असर आगामी रबी सीजन पर पड़ सकता है

    रिज़र्व बैंक की ओर से रेपो रेट बढ़ाने की घोषणा के बाद कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है.

    कांग्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "महंगाई मैन मोदी का कहर जारी है. अब जनता की कमर और तोड़ी जाएगी. मोदी की बनाई महंगाई पर काबू पाने के इरादे से आज आरबीआई ने रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.5% कर दिया है."

    कांग्रेस पार्टी का कहना है, "मतलब अब आपके होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन और बिज़नेस लोन की ब्याज़ दरें बढ़ जाएंगी. अब आपको ज़्यादा ईएमआई चुकानी होगी और लोन चुकाने का समय भी बढ़ जाएगा. वादा 'अच्छे दिन' का था, लेकिन मिले वसूली वाले दिन."

    इससे पहले रिज़र्व बैंक ने रेपो रेट में 25 बेसिस पाइंट की बढ़ोतरी की है और यह 5.5% कर दिया गया है.

    रेपो रेट बढ़ने से बैंकों पर दबाव बढ़ता है, जिससे वे ख़ुद ब्याज़ दरें बढ़ा देते हैं. इससे बैंकों से लोन लेने वाले उपभोक्ताओं को ज़्यादा ब्याज़ चुकाना पड़ता है.

    आरबीआई ने वित्त वर्ष 2027 के लिए महंगाई के अनुमान में मामूली बढ़ोतरी भी की है और इसे 5.1 प्रतिशत कर दिया है. पहले यह अनुमान 5 प्रतिशत था.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि कई तरह की कमोडिटी की कीमतों पर दबाव अब तेजी से दिखाई देने लगा है.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि कमजोर मानसून के साथ मजबूत अल नीनो का असर आगामी रबी सीजन पर पड़ सकता है.

  15. राहुल गांधी के बाद सीजेपी के सौरव दास पहुंचे बेला एस्टेट, ज्ञानेश कुमार पर लगाए ये आरोप

    सौरव दास
    इमेज कैप्शन, सौरव दास ने आरोप लगाया कि 'एसआईआर' दुनिया का सबसे बड़ा मताधिकार छीनने का अभियान है

    कॉकरोच जनता पार्टी के सह संयोजक सौरव दास दिल्ली के बेला एस्टेट पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए.

    सौरव दास ने एक्स पर एक वीडियो जारी कर लिखा, "देखिए, ज्ञानेश कुमार के चुनाव आयोग ने कैसे सुनिश्चित किया कि दिल्ली की इस बस्ती में 909 लोगों में से एसआईआर के बाद सिर्फ एक व्यक्ति ही मतदाता सूची में बचा."

    उन्होंने लिखा, "यह दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली बेला एस्टेट बस्ती है. यह सिर्फ एक छोटा सा उदाहरण है कि ज्ञानेश कुमार ने देशभर में वास्तव में क्या किया है. भारत के लोगों के ख़िलाफ़ और यह सब एक राजनीतिक पार्टी की सेवा में किया गया."

    सौरव दास के मुताबिक़ पूरे भारत में मतदाता सूची से 13 करोड़ से ज़्यादा मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि साल 2024 में 98 करोड़ योग्य मतदाता थे.

    उन्होंने आरोप लगाया कि यह ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कहने पर किया गया दुनिया का सबसे बड़ा मताधिकार छीनने का अभियान है.

    उनका कहना है, "अब ये लोग और युवा पीढ़ी 10 अक्तूबर से ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही सुनिश्चित करेगी."

    कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी पिछले महीने के अंतिम सप्ताह में यमुना किनारे स्थित बेला स्टेट बस्ती में रहने वाले उन लोगों से मिलने पहुंचे थे, जिनके नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद वोटर लिस्ट हटा दिए गए हैं.

    राहुल गांधी के आरोपों के बाद चुनाव आयोग ने कहा था, "दिल्ली के लिए दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 30 अक्तूबर 2026 तक बढ़ा दी है."

    चुनाव आयोग ने जारी बयान में कहा कि अगर किसी पात्र मतदाता को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम नहीं मिलता है, तो वह निर्धारित घोषणा पत्र और ज़रूरी दस्तावेज़ों के साथ फॉर्म-6 भरकर खुद को नए मतदाता के रूप में पंजीकृत करा सकता है.

  16. राहुल और प्रियंका गांधी के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफ़आईआर

    प्रियंका और राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, मंगलवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अन्य नेताओं के साथ आकाशवाणी भवन में बैठ गए

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ यह एफ़आईआर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान बिना अनुमति के आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने के लिए दर्ज हुआ है.

    मंगलवार को राहुल गांधी और अन्य कई विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्श कर रहे थे. विरोध प्रदर्शन मतदाता सूचियों के विवादित एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) के ख़िलाफ़ किया जा रहा था.

    इस दौरान विपक्षी नेता चुनाव आयोग के दफ़्तर जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने उन्हें निर्वाचन आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च करने से रोक दिया था.

    इसी इलाक़े में आकाशवाणी भवन भी है, जहां वे लोग प्रदर्शन के दौरान पहुंचे थे.

  17. रिज़र्व बैंक ने बढ़ाए रेपो रेट, महंगाई बढ़ने का भी अनुमान

    रिज़र्व बैंक के गवर्नर
    इमेज कैप्शन, आरबीआई ने महंगाई दर में भी बढ़ोतरी का नया अनुमान जारी किया है

    रिज़र्व बैंक ने रेपो रेट में 25 बेसिस पाइंट की बढ़ोतरी की है और यह 5.5% कर दिया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि यह फ़ैसला मौद्रिक नीति कमेटी ने लिया है.

    उन्होंने बताया कि कमेटी ने सर्वसम्मति से रेपो रेट बढ़ाने का फ़ैसला लिया.

    कमर्शियल बैंक रिजर्व बैंक से लिए पैसों पर जिस दर से ब्याज़ चुकाते हैं, वो रेपो रेट है.

    रेपो रेट बढ़ने से बैंकों पर दबाव बढ़ता है, जिससे वे ख़ुद ब्याज़ दरें बढ़ा देते हैं. इससे बैंकों से लोन लेने वाले उपभोक्ताओं को ज़्यादा ब्याज़ चुकाना पड़ता है.

    आरबीआई ने वित्त वर्ष 2027 के लिए महंगाई के अनुमान में मामूली बढ़ोतरी भी की है और इसे 5.1 प्रतिशत कर दिया है. पहले यह अनुमान 5 प्रतिशत था.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि कई तरह की कमोडिटी की कीमतों पर दबाव अब तेजी से दिखाई देने लगा है.

    आरबीआई गवर्नर ने कहा कि कमजोर मानसून के साथ मजबूत अल नीनो का असर आगामी रबी सीजन पर पड़ सकता है.

    आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा, "आरबीआई ने वित्त वर्ष 2027 के लिए जीडीपी वृद्धि का अनुमान 40 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत किया है."

  18. रूस ने यूक्रेन पर किए हवाई हमले, दो लोगों की मौत

    यूक्रेन पुल
    इमेज कैप्शन, रूस ने यूक्रेन के ख़िलाफ़ हमले बढ़ा दिए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    यूक्रेन की राजधानी कीएव पर एक बार फिर रूस ने हवाई हमला किया है. कीएव के मेयर विताली क्लित्श्को ने बताया कि हमले में कुछ गोदामों को नुक़सान पहुंचा है.

    इस हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है.यूक्रेन की वायुसेना ने बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले की चेतावनी दी थी.

    इससे पहले राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा था कि उनके पास खुफिया जानकारी है कि रूस यूक्रेन पर बड़े हमले की योजना बना रहा है.

    सर्दियों से पहले रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा और परिवहन ढांचे पर हमले तेज कर दिए हैं.

    दूसरी तरफ रूस ने कहा है कि दुनिया कीएव में पुलों पर रूस के हमले देख रही है, लेकिन वे कितनी जल्दी भूल गए कि यूक्रेन ने रूस के नागरिक ढांचों पर हमले किए.

  19. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध पर कहा, 'पूरे बिहार में बस पांच ही वीडियो निकला?'

    सम्राट चौधरी
    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोहतास में बिहार की क़ानून-व्यवस्था पर बड़ा दावा किया

    बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया है कि लोग चाहे जो अवधारणा बनाना चाहें बना सकते हैं, लेकिन बिहार बदल चुका है.

    उन्होंने मंगलवार को रोहतास में एक कार्यक्रम के दौरान तंज किया, "मैं मीडिया के साथियों से कभी-कभी कहता हूं कि ‘पांच वीडियो निकाल पाए. पूरे बिहार में पांच ही वीडियो’ निकला."

    सम्राट चौधरी ने कहा, "हमारे यहां एक करोड़ 81 लाख बहनें काम करती हैं. मैं बिहार का मुख्यमंत्री हूं, गारंटी देता हूं कि कोई अगर शिकायत आएगी तो बिल्कुल कार्रवाई होगी. 24 घंटे के अंदर उसे जेल में बंद करूंगा. कोई रोक नहीं सकता."

    सितंबर महीने में बिहार के जमुई में छात्रा के यौन उत्पीड़न की घटना के बाद सम्राट चौधरी ने एक कार्यक्रम में अपराधियों को संबोधित करते हुए कहा था, "अपना जीवन जीयो, कोई मना नहीं करता है. लेकिन आपराधिक घटना करने से समाज का कोई हीरो नहीं हो सकता है."

    उन्होंने आगे कहा था, "आजकल रील बनाने के चक्कर में मारा जा रहा है. आज की जो घटना है आपने देखा होगा, उसने अगर रील नहीं बनाई होती तो पकड़ाता क्या. इसलिए रील बनाने के चक्कर में कितने लोग मारे जाएंगे."

    जमुई में छात्रा के साथ हुई घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने काफ़ी तुल पकड़ लिया था और इसके ख़िलाफ़ लोगों में काफ़ी आक्रोश था.

  20. अर्जेंटीना के लिए आख़िरी बार मैदान पर उतरे मेसी की आंखों में आंसू

    मेसी
    इमेज कैप्शन, अर्जेंटीना के लिए मेसी का यह आख़िरी मैच था

    लियोनेल मेसी ब्यूनस आयर्स में भावुक माहौल के बीच अर्जेंटीना के लिए अपना आख़िरी फ़टबॉल मैच खेल रहे हैं. बेनिन के ख़िलाफ़ दोस्ताना मुक़ाबला शुरू होने से पहले मेसी की आंखों में आंसू थे.

    अर्जेनटीना ने ये मैच तीन-शून्य से जीता. इस मैच में मेसी ने भी एक गोल किया

    इस तरह अपनी आख़िरी मैच में भी मेसी का जादू बरक़रार रहा और उन्होंने गोल स्कोर किया.

    मेसी अर्जेंटीना के सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी और टीम के रिकॉर्ड गोलस्कोरर हैं.

    विश्व कप फाइनल में स्पेन से हारने के छह हफ़्ते बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की थी. उन्होंने कहा था कि उनके पास देने के लिए अब कुछ नहीं बचा है.

    हालांकि, वह इंटर मियामी के साथ क्लब फुटबॉल खेलना जारी रखेंगे.