अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
सीएम हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, आनंद दत्त, रांची से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी मां रूपी सोरेन (फ़ाइल फोटो)
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का बुधवार देर शाम निधन हो गया.
रूपी सोरेन बीते कई दिनों से वो बीमार थीं और रांची एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं. उनके निधन की जानकारी डॉ दीपक गुप्ता और डॉ उज्जवल राय ने दी है.
फिलहाल उनके शव को मोरहाबादी स्थिति उनके आवास पर रखा गया है. अंतिम संस्कार 8 अक्तूबर को हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में होना है.
रूपी सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के वरिष्ठ नेता रहे शिबू सोरेन की पत्नी थीं. बीते साल 4 अगस्त को शिबू सोरेन का भी निधन हो गया था.
बता दें, रूपी सोरेन का राजनीतिक जीवन भी रहा. 1999 के लोकसभा चुनाव में झामुमो ने उन्हें दुमका (एसटी) सीट से भाजपा के बाबूलाल मरांडी के खिलाफ मैदान में उतारा. वह चुनाव बेहद करीबी रहा. निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार बाबूलाल मरांडी को 2,01,141 वोट और रूपी सोरेन किस्कू को 1,96,493 वोट मिले. वह 4,648 वोटों के अंतर से चुनाव हार गईं थीं.
निधन की खबर मिलने के बाद प्रदेश के कई नेताओं ने दुःख व्यक्त किया है. पूर्व सीएम रघुबर दास ने कहा, रूपी चाची का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. उनका मुझे दिया गया पुत्रवत स्नेह सदैव मुझे उनकी याद दिलाता रहेगा. वो साक्षात ममता का स्वरूप थीं.
ब्लैक सी में भारतीय क्रू मेंबर्स वाले कमर्शियल जहाज़ पर हमला, विदेश मंत्रालय ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नाविकों की रक्षा के महत्व पर भी जोर दिया है (सांकेतिक तस्वीर)
भारत के विदेश मंत्रालय ने ब्लैक सी में कमर्शियल जहाज़ पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है.
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इन घटनाओं में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं.
मंत्रालय ने बताया कि टोगो के झंडे वाले अल्फा वतन, पलाऊ झंडे वाले एबल और लाइबेरिया के झंडे वाले अफ्रामैक्स रियो जहाज़ों पर हमले हुए हैं.
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज़ एबल पर कुल चालक दल के 18 सदस्य सवार थे, जिनमें 7 भारतीय नागरिक शामिल हैं. हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया है. बुल्गारिया के अधिकारियों की सहायता से सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें बुल्गारिया के वार्ना शहर में ठहराया गया है.
घायल भारतीय नागरिक का आवश्यक चिकित्सा उपचार किया जा रहा है. भारत सरकार ने सहायता के लिए बुल्गारियाई अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है.
मंत्रालय ने बताया कि अफ्रामैक्स रियो जहाज़ पर सवार चालक दल के सभी 23 सदस्य भारतीय नागरिक हैं और उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है.
हालांकि, अल्फा वतन जहाज़ के चालक दल के बारे में अभी जानकारी का इंतज़ार किया जा रहा है.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए गहरी चिंता का विषय हैं. भारत ने एक बार फिर ऐसे हमलों को तत्काल बंद करने की अपील की है.
मंत्रालय के अनुसार, क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए कमर्शियल जहाज़ों, नाविकों और सिविलियन इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की घटनाएं फौरन समाप्त होनी चाहिए.
भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नाविकों की रक्षा के महत्व पर भी जोर दिया है.
केमिस्ट्री का नोबेल पुरस्कार 2026 फ़्रांस और जापान के इन केमिस्ट्स को दिया गया
इमेज स्रोत, NobelPrize
इमेज कैप्शन, फ्रांस के केमिस्ट हेनरी बी. कागन और जापान के वैज्ञानिक केन्सो सोआई को संयुक्त रूप से केमिस्ट्री का नोबेल प्राइज़ देने का फ़ैसला किया गया है
रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने केमिस्ट्री के नोबेल प्राइज़ की घोषणा कर दी है. साल 2026 के लिए फ्रांस के केमिस्ट हेनरी बी. कागन और जापान के वैज्ञानिक केन्सो सोआई को संयुक्त रूप से नोबेल प्राइज़ देने का फ़ैसला किया गया है.
दोनों वैज्ञानिकों को असिमेट्रिक ऑर्गेनिक सिंथेसिस में नॉन-लीनियर प्रभावों और ऑटोकैटालिसिस की खोज के लिए नोबेल प्राइज़ दिया जाएगा.
नोबेल समिति के अनुसार, यह खोज जीवन की उत्पत्ति से जुड़े एक लंबे समय से चले आ रहे वैज्ञानिक रहस्य को समझने में बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई है.
नोबेल समिति का कहना है कि दोनों वैज्ञानिकों के शोध ने यह समझने में मदद की कि पृथ्वी पर जीवन के लिए आवश्यक जैविक अणुओं बायोलॉजिकल मॉलिक्यूल्स में एक विशेष प्रकार की केमिकल असिमेट्री कैसे विकसित हुई होगी.
राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को रिहा किया गया
इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, कुछ देर हिरासत में रखने के बाद दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रिहा कर दिया है
हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस ने राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं को रिहा कर दिया. इसके बाद राहुल गांधी को बाराखंभा पुलिस स्टेशन से बाहर निकलते हुए देखा गया.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, विपक्षी दलों के नेताओं के साथ राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं.
आज दोपहर एक निजी रेस्तरां में लंच करने के बाद राहुल गांधी विपक्षी नेताओं के साथ जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए.
विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं.
पुलिस ने विपक्षी नेताओं को जंतर-मंतर जाने की अनुमति नहीं दी. इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बोले- राहुल गांधी घुसपैठियों की लड़ाई लड़ रहे हैं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी घुसपैठियों की लड़ाई लड़ रहे हैं.
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "आज जिस तरह दिल्ली में कुछ असामाजिक तत्वों को लेकर अराजकता फैलाने का काम किया जा रहा है, मैं नेता प्रतिपक्ष से कहना चाहता हूं कि जिन घुसपैठियों को हक दिलाने की बात आप कर रहे हैं, उन्हें भारत की जनता कभी हक नहीं मिलने देगी."
उन्होंने कहा, "आप किसकी चिंता कर रहे हैं और किसकी लड़ाई लड़ रहे हैं? यदि एसआईआर की वजह से घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से कटते हैं और इसके लिए आप देश के लोकतंत्र पर सवाल उठा रहे हैं, तो कहीं न कहीं सवाल आप पर भी उठता है."
नितिन नबीन ने कहा, "मैं कह सकता हूं कि इस अराजकतावादी मानसिकता और सोच का भारत की जनता करारा जवाब देगी."
उधर, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी विपक्षी दलों के नेताओं के साथ राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं.
चुनाव आयोग का दावा- दिल्ली का कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर नहीं रहेगा
इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बुधवार को प्रेस रिलीज़ जारी कर स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोई भी इलिजिबल वोटर लिस्ट से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष नामांकन अभियान चलाया जा रहा है.
इस संबंध में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दिल्ली और चुनाव आयोग का लक्ष्य है कि हर इलिजिबल वोटर्स का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और कोई अपात्र नाम सूची में न रहे.
युवा वोटर्स के रजिस्ट्रेशन को बढ़ावा देने के लिए 7 अक्तूबर को दिल्ली के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष शिविर लगाए गए. ये शिविर 8 अक्तूबर को भी जारी रहेंगे.
शिविरों में मौजूद बीएलओ (बीएलओ) स्टूडेंट्स को फॉर्म भरने में सहायता कर रहे हैं, उनके आवेदन प्राप्त कर रहे हैं और एसआईआर से जुड़े सवालों का समाधान भी कर रहे हैं.
प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, हाल ही में कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण की वजह से विस्थापित हुए वोटर्स के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे.
जंतर-मंतर जाने की कोशिश करते विपक्ष के नेता और पुलिस आमने-सामने, देखें तस्वीरें
इमेज स्रोत, INCIndia
इमेज कैप्शन, बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने बताया कि विपक्षी सांसदों के साथ प्रोटेस्ट के लिए जंतर-मंतर जाने की कोशिश कर रहे लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ विपक्ष का प्रदर्शन बुधवार को भी जारी है.
दोपहर एक निजी रेस्तरां में लंच के बाद विपक्षी पार्टियों के इंडिया गठबंधन के सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर जंतर-मंतर जाने का फैसला किया.
लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया. मौक़े पर मौजूद बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने बताया कि विपक्षी सांसदों के साथ प्रोटेस्ट के लिए जंतर-मंतर जाने की कोशिश कर रहे लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
देखें तस्वीरें-
इमेज स्रोत, AICC/ANI Photo
इमेज कैप्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई विपक्षी सांसद बुधवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन में शामिल हुए
इमेज स्रोत, INCIndia
इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने सांसद प्रियंका गांधी की ये तस्वीर एक्स पर शेयर की है. तस्वीर में प्रियंका गांधी के चारों ओर पुलिसकर्मी खड़े नज़र आ रहे हैं, जबकि वह सड़क पर लेटी हुई दिखाई दे रही हैं
इमेज स्रोत, INCIndia
इमेज कैप्शन, पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को ज़मीन पर लेटे हुए देखा जा सकता है
इमेज स्रोत, INCIndia
इमेज कैप्शन, सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर जंतर-मंतर जाने की कोशिश करते प्रदर्शनकारी
सीमापुरी हादसा: मलबे में छह से सात लोगों के दबे होने की आशंका, स्थानीय विधायक ने क्या कहा
इमेज स्रोत, UGC
इमेज कैप्शन, शाहदरा के डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि पांच से छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है
दिल्ली के सीमापुरी इलाक़े में बुधवार को एक बहुमंज़िला इमारत गिर गई. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है. स्थानीय विधायक ने बताया कि अभी भी मलबे में छह से सात लोगों के दबे होने की आशंका है.
इस हादसे पर बीबीसी संवाददाता शुभ राणा से बात करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक वीर सिंह धींगान ने बताया कि उन्हें साढ़े तीन बजे के करीब सीमापुरी से फोन आया था कि एक इमारत ढह गई है. उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल किया और डीसीपी को भी इसकी जानकारी दी.
विधायक के मुताबिक, अब तक करीब छह से सात लोगों को मलबे से ज़िंदा निकाला जा चुका है और राहत-बचाव का काम अभी जारी है. फ़िलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है.
उन्होंने बताया कि यह करीब पांच से छह मंज़िला इमारत थी, जो लगभग 25 गज के प्लॉट पर बनी थी और करीब एक-दो साल पुरानी बताई जा रही है. उनके मुताबिक, इमारत में एक मुस्लिम परिवार रहता था.
शाहदरा डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि पांच से छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि फिलहाल बचावकार्य जारी है.
हालांकि, मलबे से निकाले गए छह से सात लोग उसी परिवार के हैं या अलग-अलग परिवार के हैं, इसकी अभी जानकारी नहीं है.
वीर सिंह धींगान ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों की मंज़ूरी के बिना ऐसी इमारत का निर्माण नहीं हो सकता.उन्होंने कहा कि इलाक़े की सभी इमारतों का सर्वे किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.
विपक्ष के प्रदर्शन पर क्या बोले दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि जंतर-मंतर क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है (फ़ाइल फ़ोटो)
जंतर-मंतर पर प्रस्तावित इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.
दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि जंतर-मंतर क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है और बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन, मार्च या धरने की इजाज़त नहीं है.
डीसीपी शर्मा ने कहा, "सांसदों और बड़ी संख्या में उनके समर्थकों के तीन बसों में जंतर-मंतर पहुंचने की सूचना मिली है. चूंकि प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं है, इसलिए वहां विरोध मार्च या प्रदर्शन नहीं किया जा सकता."
हालांकि, उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि आने वाले सभी लोग सांसद हैं, इसलिए पुलिस उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करेगी और सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि पुलिस सांसदों से अनुरोध करेगी कि वे स्वयं वहां से चले जाएं और क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
दरअसल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर जंतर-मंतर जाकर प्रदर्शन करना चाहते हैं.
कार्टून: महंगाई पर हमला
इमेज कैप्शन, रिज़र्व बैंक द्वारा रेपो रेट बढ़ाए जाने पर आज का कार्टून
सीमापुरी में एक बहुमंज़िला इमारत गिरी, पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइज़री
इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि सीमापुरी में एक बहुमंजिला इमारत ढह गई है और मौके पर राहत एवं बचाव दल काम कर रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित है. लोगों से अपील की गई है कि वे संभव हो तो इस इलाके में आने से बचें.
पीटीआई के मुताबिक, एक अधिकारी ने जानकारी दी कि इमारत का अगला हिस्सा ढह जाने के बाद कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है.
दिल्ली अग्निशमन सेवा को दोपहर करीब 3:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया. अधिकारी ने कहा कि मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है.
ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सड़क की हर खाली लेन एम्बुलेंस और राहत वाहनों को तेजी से पहुंचने में मदद करती है.
लोगों से घटना स्थल के पास रुकने, वाहन खड़ा करने या भीड़ लगाने से बचने और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
राहुल गांधी विपक्षी सांसदों के साथ जंतर-मंतर जा रहे हैं
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने बुधवार को जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन करने की बात कही
मुख्य चुनाव आयुक्त(सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विपक्ष के नेताओं के साथ जंतर-मंतर के लिए रवाना हो चुके हैं.
बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोपहर विपक्षी नेताओं को एक निजी रेस्तरां में लंच के लिए आमंत्रित किया था.
इसके बाद राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन करने की बात कही.
इंडिया गठबंधन के सांसदों के मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है.
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "इंडिया गठबंधन के सभी साथी आज जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करेंगे. जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे."
राहुल गांधी ने आज जंतर-मंतर पर जाकर प्रदर्शन करने की बात कही
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं, उन्हें इस्तीफ़ा देना ही होगा
बुधवार को लंच के बाद राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफ़ा देना ही पड़ेगा.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार दोपहर विपक्षी नेताओं को एक निजी रेस्तरां में लंच के लिए आमंत्रित किया था.
राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं.
उन्होंने कहा, "पीएम मोदी, अमित शाह और मोहन भागवत ने देश से लोकतंत्र खत्म कर दिया है. मैंने कल भी कहा था कि जिन्होंने यह काम किया है, वे देशद्रोही हैं. उन्हें इस्तीफ़ा देना पड़ेगा."
दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी परिसर में जाने को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की है. एफआईआर के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक मेडल की तरह है.
उन्होंने कहा कि हमारी सोच है कि देश के वैध प्रदर्शन स्थल जंतर-मंतर पर आज हम लोग जाएं, वहां बैठें और देश को बचाएं.
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "इंडिया गठबंधन के सभी साथी आज जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करेंगे. जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, हम प्रदर्शन करते रहेंगे."
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जो भी कर रहा है, उसके पीछे नरेंद्र मोदी हैं.
उन्होंने कहा, "मतलब मोदी जी खुद लोकतंत्र को ख़त्म करने की कोशिश कर रहे हैं. इसलिए हम सभी पार्टी के लोग मिलकर देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि उनका अधिकार छीना जा रहा है."
विराट कोहली के प्रवक्ता ने कहा, 'आस्था और श्रद्धा की वजह से आश्रम गए, पैसे लेने की बात ग़लत'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, साल 2025 में भी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के आश्रम गए थे (फ़ाइल फ़ोटो)
क्रिकेटर विराट कोहली के एक प्रवक्ता ने बुधवार को उन आरोपों को ख़ारिज कर दिया कि भारतीय बल्लेबाज़ को आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज के आश्रम की पहली यात्रा के लिए पैसे दिए गए थे.
कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के भक्त हैं और वृंदावन स्थित उनके आश्रम में कई बार जा चुके हैं.
हालांकि, फलाहारी महाराज ने हाल ही में आरोप लगाया कि कोहली को 2023 में आश्रम की पहली यात्रा के लिए 5 करोड़ रुपये मिले थे.
कोहली के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से विराट कोहली के संबंध में किए गए दावे पूरी तरह झूठे, निराधार और तथ्यों के विपरीत हैं."
प्रवक्ता ने कहा कि कोहली की आश्रम यात्राएं "महाराज जी के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा" से प्रेरित थीं.
शतक के साथ श्रेयस अय्यर टी20 रैंकिंग में इस स्थान पर पहुंचे, वैभव को मिला ये स्थान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर और युवा बैटर वैभव सूर्यवंशी
भारत के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने आईसीसी की ताज़ा टी20 बैटिंग रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाते हुए अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 7वीं रैंकिंग हासिल कर ली है.
वहीं, वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं.
अय्यर ने मंगलवार को लखनऊ में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पहले टी20 मैच में सिर्फ 43 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए थे. उनकी इस पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल थे.
उनकी अच्छी बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत ने आठ विकेट से मैच जीत लिया.
इस प्रदर्शन के बाद अय्यर को टी20 रैंकिंग में 18 स्थान का फ़ायदा मिला है.
भारतीय बल्लेबाजों में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा पहले दो स्थानों पर बने हुए हैं, जबकि तिलक वर्मा 10वें नंबर पर हैं. इस तरह भारत के चार बल्लेबाज़ टी20 रैंकिंग के टॉप-10 में शामिल हैं.
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी आठ स्थान की छलांग लगाकर 46वें स्थान पर पहुंच गए हैं.
राजपाल यादव ने सुप्रीम कोर्ट से कहा, '17 करोड़ रुपये डूब गए, जहां चाहें भेज दें, मैं तैयार हूं'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राजपाल यादव ने कोर्ट से कहा, 'दो-ढाई सौ फ़िल्में की हैं. पिछले 13 साल में दो-ढाई सौ करोड़ रुपये का नुक़सान भी कर चुका हूं'
अभिनेता राजपाल यादव ने बुधवार को अपने चेक बाउंस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट में पेश होकर ख़ुद अपनी बात रखी.
बार एंड बेंच के मुताबिक़, "इस दौरान चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत के साथ उनकी लंबी बातचीत हुई. यादव ने अपनी फ़िल्म 'अता पता लापता' से हुए आर्थिक नुक़सान, अपने करियर और क़रीब 16 साल से चले आ रहे विवाद के बारे में बात की."
सुनवाई के दौरान सीजेआई ने उनसे पूछा कि 'कुछ नया बना रहे हैं या नहीं?'
राजपाल यादव ने कहा, ''सर, प्रणाम करता हूं. दो-ढाई सौ फ़िल्में की हैं. पिछले 13 साल में दो-ढाई सौ करोड़ रुपये का नुक़सान भी कर चुका हूं. 'अता पता लापता' में मेरे 17 करोड़ रुपये डूब गए.''
यादव ने चीफ़ जस्टिस की पीठ से बातचीत के दौरान कहा, "जब चाहें, जहां भेज दें, मैं तैयार हूं. लेकिन कुल 22 करोड़ रुपये थे. एक रुपया भी नहीं कमाया. फ़िल्म एक थिएटर में भी रिलीज नहीं हो पाई."
राजपाल यादव ने 1.15 करोड़ रुपये के डिमांड ड्राफ्ट अदालत में जमा किए, जिन्हें कोर्ट रजिस्ट्री में जमा करने का निर्देश दिया गया.
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को अभिनेता राजपाल यादव के उस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया, जिसमें उन्होंने बकाया राशि चुकाने के लिए अपनी पैतृक संपत्ति बेचने की बात कही थी.
राजपाल यादव के वकील ने आज अदालत को बताया कि उनके पास 1.15 करोड़ रुपये हैं, जिन्हें वह तुरंत भुगतान करने के लिए तैयार हैं. इसके अलावा, राजपाल यादव की पैतृक संपत्ति का एक खरीदार, जो अदालत में मौजूद थे, वो 85 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में देने के लिए तैयार हैं.
क्रिकेट: चीफ़ सेलेक्टर अजीत अगरकर के कार्यकाल पर कोच गौतम गंभीर ने ये कहा
इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, टीम में बदलाव के दौर में भी अगरकर के कार्यकाल में भारतीय पुरुष टीम का प्रदर्शन काफ़ी अच्छा रहा
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल ख़त्म होने के बाद कोच गौतम गंभीर ने टिप्पणी की है.
भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को निवर्तमान चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर की सराहना करते हुए कहा कि "इतिहास उनके प्रति अधिक उदार रहेगा", जिनका "टीम फ़र्स्ट" में यकीन ही उनके कार्यकाल के दौरान देश के तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने में महत्वपूर्ण रहा.
अगरकर का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हुआ और बीसीसीआई ने मंगलवार को खाली पद को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए.
यह ऐसे समय हुआ जब कई हफ़्तों से इस बात को लेकर अटकलें चल रही थीं कि क्या उन्हें कार्यकाल विस्तार के लिए विचार किया जाएगा.
गंभीर ने एक्स पर पोस्ट किया, "प्रिय अजीत भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही. वे तीन आईसीसी ट्रॉफियां आपके विश्वास की गवाही हैं. हर चीज के लिए धन्यवाद. आपके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी दिल से शुभकामनाएं."
अगरकर के कार्यकाल के दौरान भारत ने 2024 और 2026 टी-20 विश्व कप के साथ साल 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती. इस दौरान उन्होंने एक ऐसे बदलाव को संभाला, जिसमें बल्लेबाज़ी के दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी- 20 और टेस्ट से संन्यास लिया.
सीजेपी के सौरव दास ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा होगा, तभी युवा हटेंगे'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सौरव दास ने कहा है कि वोट चोरी होना हर नागरिक का मुद्दा है
कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने दिल्ली पुलिस को 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की सूचना दी है.
उन्होंने कहा, "देश के सभी युवा, यानी सभी साथी, 10 अक्तूबर को जंतर-मंतर पहुंचने वाले हैं. हमने दिल्ली पुलिस को औपचारिक रूप से इसकी जानकारी दे दी है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखते हुए हमसे सहयोग करने का अनुरोध किया है."
सौरव दास ने कहा, "हमने सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं और अंडरटेकिंग भी दे दिया है. देश के युवा एक बार फिर सड़कों पर उतर रहे हैं और इस बार जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा नहीं हो जाता तब तक तक युवा हटेंगे नहीं."
"मैं फिर कहना चाहता हूं कि यह सिर्फ़ सीजेपी का आंदोलन या प्रदर्शन नहीं है. यह जेन ज़ी और युवाओं का प्रदर्शन है. अगर वोट चोरी हो रहा है, चुनाव छीने जा रहे हैं तो यह हर नागरिक का मुद्दा है. इसलिए देश के सभी युवाओं को इसमें शामिल होना चाहिए."
उन्होंने कहा, "हमारा नारा है, 'चलो दिल्ली'. सारे कॉकरोच एक साथ इकट्ठा हों. हमें उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग आएंगे और इसी के अनुसार हमने पुलिस को सूचना दी है."