लाइव, ओमान के पास कमर्शियल जहाज़ पर हमला, भारतीयों को लेकर आया ये अपडेट

ओमान के तट के पास रविवार को कमर्शियल जहाज़ एमटी एल गाइया पर हमला हुआ. जहाज़ पर 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें से 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • Malaysia PM
  • animal
  • पीएम मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन की शुरुआत करते हुए क्या कहा?
  • ब्रिक्स में यूपीआई पेमेंट सिस्टम अपनाने का प्रस्ताव रखा गया
  • ख़राब नेटवर्क से परेशान शख़्स टावर पर चढ़ा
  • एशिया कप फ़ाइनल में भारतीय टीम
  • 9/11 हमले में जान गंवाने वालों को इस तरह दी गई श्रद्धांजलि
  • दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति पुतिन

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. ओमान के पास कमर्शियल जहाज़ पर हमला, भारतीयों को लेकर आया ये अपडेट

    हमला

    इमेज स्रोत, MEHDI MARIZAD/FARS NEWS/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय ने जहाज़ पर हुए हमले की निंदा की है (सांकेतिक तस्वीर)

    ओमान के तट के पास रविवार को कमर्शियल जहाज़ एमटी एल गाइया पर हमला हुआ. जहाज़ पर 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें से 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है.

    विदेश मंत्रालय ने जहाज़ पर हुए हमले की निंदा की है. मंत्रालय ने बताया कि ओमान में भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नज़र रख रहा है और लापता भारतीय की तलाश और बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है.

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम पहले ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज़ एमटी एल गाइया पर हुए हमले की निंदा करते हैं. जहाज़ पर सवार 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से अब तक 13 भारतीयों को बचा लिया गया है. लापता भारतीय नागरिक की तलाश और बचाव का काम जारी है. ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर लगातार नज़र रख रहा है."

    "तलाश और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. हमारे नागरिकों को बचाने में मदद करने के लिए हम ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं."

    मंत्रालय ने कहा, "हम तनाव को तुरंत कम करने और क्षेत्र में शांति लाने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपनी अपील दोहराते हैं. क्षेत्र में कमर्शियल जहाज़ों, नाविकों और आम लोगों को निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता."

    विदेश मंत्रालय की ओर से क्षेत्र में तनाव कम करने, शांति बहाल करने और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की गई है.

  2. महिला एशिया कप में भारत की जीत पर क्या बोले पीएम मोदी

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Patrick van Katwijk/Getty Images

    इमेज कैप्शन, टीम इंडिया की इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला टीम को बधाई दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 के फ़ाइनल मुक़ाबले में श्रीलंका को 72 रन से हराकर ख़िताब अपने नाम कर लिया.

    टीम इंडिया की इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय महिला टीम को बधाई दी और इसे भारतीय क्रिकेट के लिए गौरव का पल बताया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "भारतीय क्रिकेट के लिए गौरव का पल! एशिया कप जीतने पर महिला टीम को बधाई. पूरे टूर्नामेंट में उनका आत्मविश्वास, लगातार अच्छा प्रदर्शन और शानदार जज़्बा देखने को मिला."

    उन्होंने आगे लिखा, "यह जीत देश के लाखों युवाओं को खेल खेलने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे."

    वहीं, भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया यह फ़ाइनल मुक़ाबला ट्रॉफ़ी से जुड़े विवाद को लेकर भी चर्चा में रहा.

    भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया.

  3. हूतियों का दावा- सऊदी अरब ने यमन में एयर स्ट्राइक की

    हमला

    इमेज स्रोत, Handout/Houthi Media Center via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दावा है कि हमला उस क्षेत्र में हुआ है, जहां ईरान समर्थित हूती समूह ने हाल के दिनों में सरकारी बलों के ख़िलाफ़ सैन्य बढ़त हासिल की है (सांकेतिक तस्वीर)

    हूतियों के टेलीविज़न न्यूज़ चैनल अल-मसीरा ने दावा किया कि सऊदी के सैन्य विमानों ने यमन के ताइज़ इलाक़े में हवाई हमले किए हैं.

    यह वह क्षेत्र है जहां ईरान समर्थित हूती समूह ने हाल के दिनों में सरकारी बलों के ख़िलाफ़ सैन्य बढ़त हासिल की है.

    अल-मसीरा के मुताबिक़, सऊदी विमानों ने उत्तरी यमन में हूतियों के प्रमुख गढ़ सादा में भी कई ठिकानों को निशाना बनाया.

    इससे पहले हूती सैन्य प्रवक्ता ने दावा किया था कि संगठन ने दक्षिणी सऊदी अरब में एक सैन्य अड्डे को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया. हालाँकि, इस दावे की भी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

    इस बीच, सऊदी अरब के तेल कारोबारियों और शेयरधारकों ने चेतावनी दी है कि अगर देश की प्रमुख ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन को जल्द दोबारा शुरू नहीं किया गया, तो वैश्विक तेल आपूर्ति पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है.

    उनके मुताबिक़, सऊदी अरब की ओर से पाइपलाइन को कुछ दिनों के भीतर बहाल नहीं किए जाने पर दुनिया की कुल तेल आपूर्ति में क़रीब चार फ़ीसदी तक की कमी आ सकती है.

    दरअसल, सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर हाल ही में ड्रोन हमले हुए थे, ये ड्रोन इराक़ी क्षेत्र की ओर से आए थे.

    इराक़ ने कहा था कि वह इस हमले की जांच कर रहा है, जिसके बाद सऊदी ने भी उसका समर्थन करते हुए कहा कि जवाबी कार्रवाई नहीं की जाएगी.

  4. भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को 7 विकेट से हराया, कप्तान अय्यर ने इस खिलाड़ी को बताया टीम की 'बड़ी ताक़त'

    भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर

    इमेज स्रोत, Paul Kane/Getty Images for Cricket Australia

    इमेज कैप्शन, भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने तीन मैचों की टी-20 सिरीज़ के पहले मुक़ाबले में रविवार को अफ़ग़ानिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया.

    दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुक़ाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

    पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुक़सान पर 156 रन बनाए.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 13.4 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत के लिए 157 रन बना लिए . इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सिरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली है.

    भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने तूफ़ानी पारी खेलते हुए 32 गेंदों पर 82 रन बनाए. वहीं, ईशान किशन ने 33 गेंदों पर 42 रन की पारी खेली.

    भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए. वहीं, लंबे समय बाद वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया.

    उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट हासिल किया.

    भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने बुमराह को टीम की बड़ी ताक़त बताया.

    उन्होंने कहा, "सभी खिलाड़ियों ने एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन किया. बुमराह टीम के लिए बड़ी ताक़त हैं. उन्होंने टीम के लिए मोमेंटम बनाया."

    उन्होंने कहा, "अर्शदीप ने भी शानदार गेंदबाज़ी की. वरुण ने अक्षर के साथ मिलकर उस मोमेंटम को आगे बढ़ाया. अभिषेक ने जिस तरह के शॉट खेले, वे बिल्कुल बेहतरीन थे. किशन भी शानदार फ़ॉर्म में हैं."

    सिरीज़ का दूसरा मुक़ाबला 15 सितंबर 2026 को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेला जाएगा.

  5. ब्रिटेन के पूर्व पीएम के गुजरने के कुछ देर बाद यूक्रेनी ट्रेन पर रूसी हमला, यारोस्लाव लुकीव

    ट्रेन पर हमला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक़, यह हमला याहोदीन में हुआ, जो पोलैंड की सीमा से क़रीब दो किलोमीटर दूर स्थित है (सांकेतिक तस्वीर)

    यूक्रेन में पोलैंड सीमा के पास याहोदीन इलाक़े में एक यात्री ट्रेन को रूसी ड्रोन ने निशाना बनाया. हमले में ट्रेन के इंजन को नुक़सान पहुंचा है. हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

    ख़ास बात यह है कि ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और यूरोप के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों का क़ाफ़िला इसी रेल मार्ग से एक दूसरी ट्रेन में सवार होकर हमले से कुछ समय पहले गुज़रा था.

    यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक़, यह हमला याहोदीन में हुआ, जो पोलैंड की सीमा से क़रीब दो किलोमीटर दूर स्थित है.

    बोरिस जॉनसन के साथ यूरोपीय देशों के कई राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी इसी रेल मार्ग से गुज़रे थे. इनमें ब्रिटेन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जोनाथन पॉवेल भी शामिल थे. सभी अधिकारी कीएव में आयोजित एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद लौट रहे थे.

    रूस ने भी हमले की पुष्टि की है. रूसी पक्ष के मुताबिक़, पश्चिमी यूक्रेन में रेलवे के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर हमला किया गया. हालांकि, यूक्रेन की सरकारी रेलवे कंपनी ने आशंका जताई है कि ड्रोन का वास्तविक निशाना राजनयिकों को ले जा रही ट्रेन हो सकती थी.

    रेलवे कंपनी के अनुसार, टाइमटेबल में बदलाव के चलते राजनयिक ट्रेन निर्धारित समय से पहले स्टेशन से रवाना हो गई थी. रूस की ओर से लगातार हो रहे हवाई हमलों के ख़तरे को देखते हुए ट्रेन के समय में बदलाव किया गया था.

    कंपनी ने बताया कि जिस ट्रेन पर ड्रोन हमला हुआ, उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकालने का आदेश हमले से महज़ 15 मिनट पहले दिया गया था. इसके बाद रूसी जेट-प्रोपेल्ड ड्रोन ने ट्रेन के इंजन को निशाना बनाया.

  6. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.